हर्षाेल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामय ढंग से मना गणतंत्र दिवस : डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल ने किया झंडा वंदन
तीनबत्ती न्यूज: 26 जनवरी 2026
सागर: गणतंत्र दिवस के अवसर पर संभागीय मुख्यालय सागर के पुलिस प्रशिक्षण ग्राउंड सागर में 77वां गणतंत्र दिवस हर्षाेल्लास, देशभक्ति एवं गरिमामयी ढंग से मनाया गया। गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने झंडा वंदन किया और परेड की सलामी ली। मुख्य अतिथि श्री शुक्ल ने कलेक्टर संदीप जी.आर. और पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल के साथ श्वेत वाहन खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। परेड की टुकड़ियों ने अनुशासन, समर्पण और देशभक्ति का शानदार प्रदर्शन किया।

उन्होंने गगन में रंग-बिरंगे गुब्बारे मुक्त किए। गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस बल की टुकड़ियों ने हर्ष फायर किया एवं राष्ट्रगान की धुन के साथ तिरंगे झंडे को सलामी देने के लिए आकर्षक मार्चपास्ट प्रस्तुत किया। परेड प्रस्तुति में राष्ट्रगान की धुन पर तीन बार हर्ष फायर किया गया। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने गणतंत्र दिवस समारोह में लोकतंत्र सेनानियों, मीसाबंदी और बुंदेली अखाड़े का प्रशिक्षण देने वाले सागर नगर के प्रबुद्ध नागरिक श्री भगवानदास रैकवार, जिन्हें पद्मश्री सम्मान से भारत सरकार द्वारा सम्मानित किया जाएगा, को भी सम्मानित किया।

गणतंत्र दिवस समारोह में पुलिस बल और सशस्त बलों द्वारा आकर्षक परेड की प्रस्तुति दी गई। जिसमें विशेष सशस्त्र बल, जेएनपीए सागर, जिला पुलिस बल (महिला एवं पुरुष), पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया, होमगार्ड, 11 एमपी बटालियन एनसीसी (सीनियर बालक), 7 एमपी बटालियन एनसीसी (सीनियर बालिका), गाइड-स्काउट तथा पुलिस बैंड के प्लाटून ने सहभागिता की। परेड समारोह में परेड का नेेतृत्व 77वीं आर.आर. बटालियन प्लाटून कंमाडर श्री दीपांशु गुप्ता ने किया वहीं परेड कमांडर का नेतृत्व उप पुलिस अधीक्षक जिला पुलिस बल सागर श्रीमती प्रतिमा जैन ने किया।

परेड में जी.एन.के.ए. सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री सुदर्शन सिंह, पुलिस प्रशिक्षण शाला मकरोनिया सागर की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री प्रणेन्द्र तिवारी, जिला पुलिस बल सागर (पुरुष) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्री जयसिंह लोधी, जिला पुलिस बल सागर (महिला) की टुकड़ी का नेतृत्व उप निरीक्षक श्रीमती प्रतिमा जैन, होमगार्ड सागर की टुकड़ी का नेतृत्व पी.सी. श्री अनिमेष राजपूत, एनसीसी गर्ल्स की टुकड़ी का नेतृत्व सीनियर अंडर ऑफिसर कु. रक्षा लोधी, एनसीसी बालिका की टुकड़ी का नेतृत्व अंडर ऑफिसर श्री सतीष अहिरवार, शौर्य दल सागर की टुकड़ी का नेतृत्व सुश्री रीना लोधी तथा पुलिस बैंड प्लाटून सागर की टुकड़ी का नेतृत्व आरक्षक विवेक जैन जेएनपीए ने किया। मार्च पास्ट के पश्चात समारोह के मुख्य अतिथि ने मार्च पास्ट में भाग लेने वाले सभी कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

गणतंत्र दिवस समारोह में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल ने मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करते हुए कहा कि भारत के 77वें गणतंत्र दिवस के मंगल अवसर पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं। आज राष्ट्र के जन-गण-मन में देशभक्ति और देश के लिए गर्व का भाव सशक्त हो रहा है।
गणतंत्र दिवस समारोह में स्कूली छात्र-छात्राओं द्वारा देशभक्ति से ओतप्रोत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी गई, जिसे दर्शकों ने काफी सराहा। गणतंत्र दिवस समारोह में सीएम राइज एमएलबी विद्यालय क्रमांक 1, वात्सल्य सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सरस्वती शिशु मंदिर मोतीनगर और केंब्रिज हाईट्स स्कूल के विद्यार्थियों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित जनसमूह की खूब सराहना बटोरी।
गणतंत्र दिवस समारोह में विभिन्न विभागों द्वारा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को दर्शाती आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। महिला एवं बाल विकास, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, स्वास्थ्य विभाग, कृषि विभाग, स्कूल शिक्षा विभाग, मत्स्य विभाग, पशु चिकित्सा विभाग, नगर निगम, जनजातीय कार्य विभाग, केंद्रीय जेल और उद्यानिकी विभाग की झांकियां विशेष आकर्षण का केंद्र रहीं। विभिन्न विभागों द्वारा निकाली गई झांकियों में विभिन्न क्षेत्रों में हुए विकास एवं नवाचारों को प्रदर्शित किया गया।

समारोह में गणतंत्र दिवस के मुख्य अतिथि उपमुख्यमंत्री श्री राजेन्द्र शुक्ल द्वारा विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। गणतंत्र दिवस समारोह में प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों और झांकियों के प्रदर्शन तथा विभिन्न सशस्त्र बलों द्वारा प्रस्तुत परेड के लिए भी पुरस्कृत किया गया। सशस्त्र परेड प्रदर्शन में प्रथम स्थान जिला पुलिस बल महिला सागर, द्वितीय स्थान पीटीएस मकरोनिया, तृतीय स्थान जेएनपीए दल को दिया गया। निशस्त्र परेड प्रदर्शन में प्रथम स्थान 7 एमपी बटालियन एनसीसी (बालक), द्वितीय स्थान पुलिस बैंड प्लाटून एवं तृतीय स्थान एनसीसी बालक शौर्य दल को मिला। सांस्कृतिक कार्यक्रम में प्रथम स्थान सरस्वती शिशु मंदिर मोतीनगर, द्वितीय स्थान केंब्रिज स्कूल एवं तृतीय स्थान वात्सल्य स्कूल सागर ने प्राप्त किया। झांकी प्रदर्शन में प्रथम स्थान स्वास्थ्य विभाग सागर, द्वितीय स्थान कृषि विभाग सागर एवं तृतीय स्थान महिला एवं बाल विकास सागर को मिला।


इस अवसर पर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेन्द्र जैन, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, पूर्व मंत्री एवं विधायक नारायण प्रसाद कबीरपंथी, सरबजीत सिंह, कमिश्नर अनिल सुचारी, आईजी श्रीमती हिमानी खन्ना, उप महानिरीक्षक श्री सचेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक विकास शाहवाल, जिला पंचायत सीईओ विवेक के वी, नगर निगम कमिश्नर श्री राजकुमार खत्री, एडीएम अविनाश रावत,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश सिन्हा, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती राजनंदनी शर्मा, एसडीएम श्री अमन मिश्रा, पत्रकार, शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों, शिक्षकों, स्कूली छात्र छात्राओं और नागरिकों ने उपस्थित रहकर समारोह की गरिमा बढ़ाई। मंच संचालन डॉ. अरविन्द जैन श्रीमती रचना तिवारी द्वारा किया गया।