वोट चोरी और संस्थागत भ्रष्टाचार के खिलाफ प्रदेश के हजारों युवा 14 दिसंबर को दिल्ली कूच करेंगे : युवा कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष यश घनघोरिया
▪️लोकतंत्र और युवाओं का भविष्य दोनों खतरे में
तीनबत्ती न्यूज: 05 दिसंबर, 2025
सागर। मध्यप्रदेश युवा कांग्रेस के अध्यक्ष यश घनघोरिया नें मीडिया से चर्चा में कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 14 दिसंबर को कांग्रेस पार्टी दिल्ली में लोकतंत्र और न्याय बचाओ रैली आयोजित करने जा रही है, जो देश के लोकतंत्र और युवाओं के भविष्य को बचाने के लिए एक निर्णायक प्रदर्शन होगा। सत्ताधारी दल भाजपा द्वारा लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं पर हमला किया जा रहा है। देश का युवा इसे 'वोट चोरी' और जनादेश का अपमान मानता है। हम सड़क से संसद तक इस 'वोट चोरी' की साजिश को सफल नहीं होने देंगे। दिल्ली की रैली भारत के संविधान और लोकतंत्र के लिए संघर्ष का शंखनाद है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर आगामी 14 दिसंबर को दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय रैली में युवा कांग्रेस का मुख्य मुद्दा देश में बढ़ रहे 'वोट चोरी' के माध्यम से लोकतांत्रिक प्रक्रिया को कमजोर करना और संस्थागत भ्रष्टाचार (SIR) रहेगा, जिसने युवाओं के भविष्य को निगल लिया है।
डबल इंजन सरकार की युवा विरोधी नीति: भर्ती परीक्षाओं में निरंतर गड़बड़ी
उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की पहचान आज भी व्यापम/PEB (प्रोफेशनल एग्जामिनेशन बोर्ड) के घोटालों से जुड़ी हुई है। हर नई भर्ती परीक्षा में गड़बड़ी और पेपर लीक हो रहे हैं। यह युवाओं के साथ धोखा नहीं, बल्कि उनके भविष्य की हत्या है। भ्रष्टाचार की यह संस्थागत पकड़, सत्ता के संरक्षण में फल-फूल रही है।मध्य प्रदेश में बेरोजगारी दर राष्ट्रीय औसत से लगातार अधिक बनी हुई है, जिससे लाखों युवा हताश हैं। प्रदेश के विभिन्न सरकारी विभागों में 1 लाख से अधिक पद खाली पड़े हैं, लेकिन सरकार भर्ती निकालने की बजाय उन्हें आउटसोर्स कर रही है।
बुंदेलखंड अंचल में हालत खराब
उन्होंने कहा कि सागर समेत बुंदेलखंड का युवा रोजगार के अभाव में यहां से लगातार पलायन कर रहा है। युवा कांग्रेस मांग करती है कि सभी भर्ती घोटालों की निष्पक्ष और समयबद्ध न्यायिक जांच हो। इसके साथ ही सरकार श्वेत पत्र जारी कर बताए कि बीते वर्षों में उसने कितने युवाओं को स्थायी सरकारी नौकरी दी? 14 दिसंबर को दिल्ली में यह संदेश स्पष्ट होगा कि देश का युवा अब और अन्याय नहीं सहेगा।"
पुलिस संरक्षण में अपराधो का तांडव : सागर की कानून व्यवस्था ध्वस्त
संभागीय मुख्यालय सागर समेत संपूर्ण बुंदेलखंड आज अपराध का केंद्र बन चुका है, और इसकी सबसे बड़ी वजह स्थानीय पुलिस प्रशासन का निकम्मापन और अपराधियों से सांठगांठ है। सागर जिले में अवैध शराब, जुआ और सट्टा का कारोबार पुलिस के सीधे संरक्षण में बेखौफ चल रहा है। यह पुलिस की निष्क्रियता नहीं, बल्कि सक्रिय भागीदारी का मामला है।अवैध कारोबार के कारण सागर में हत्याओं की दर भयावह रूप से बढ़ गई है, जिससे आम जनता भय के साए में जी रही है।हमारा अनुमान है कि पिछले छह माह में जघन्य हत्याओं व अन्य अपराधों की वारदातों में लगभग 40% की वृद्धि हुई है। पुलिस की सक्रिय भागीदारी के चलते अवैध शराब, जुआ और सट्टा का कारोबार करोड़ों रुपये को पार कर चुका है। यह पुलिस, अपराधियों की 'संरक्षक' बन गई है।" बहुत जल्दी सागर में युवाओं की समस्याओं और अन्य मुद्दों को लेकर बड़ा प्रदर्शन होगा।
ये रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष ग्रामीण भूपेंद्र सिंह मुहासा, शहर जिलाध्यक्ष महेश जाटव, युवा जिलाध्यक्ष संदीप चौधरी,शहर अध्यक्ष सागर साहू नें भी इस अवसर पर पर अपनी बात कहीं। पत्रकार वार्ता का संचालन जिला कांग्रेस मीडिया प्रभारी आशीष ज्योतिषी नें किया।आभार युवा कांग्रेस प्रदेश सचिव निखिल चौकसे नें व्यक्त किया। इस मौके पर पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, नेता प्रतिपक्ष बाबू सिंह यादव, राहुल चौबे, अवधेश तोमर, शैलेन्द्र तोमर सहित अनेक नेता मौजूद रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें