Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मकरोनिया नपा के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी से की भेंट

मकरोनिया नपा के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी से की भेंट



तीनबत्ती न्यूज : 01 अप्रैल, 2026

सागर। मकरोनिया नगर पालिका परिषद के नवनियुक्त एल्डरमैन श्रीमती सुधा शर्मा, नरेंद्र रोहित, गोकुल ठाकुर, अमित सिंह, केदार शर्मा एवं मुकेश यादव ने संभागीय भाजपा कार्यालय पहुंचकर भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत करते हुए आभार व्यक्त किया।

__________

खबर का वीडियो देखने क्लिक करे

मकरोनिया नपा के नवनियुक्त एल्डरमैनों ने जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी से की भेंट


____________

जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन गणों  को नई जिम्मेदारी के लिए मिष्ठान खिलाकर बधाई दी। इस अवसर पर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी हमेशा कार्यकर्ताओं को सम्मान और जिम्मेदारी देने का कार्य करती है। संगठन के प्रति समर्पण, सेवा भावना और जनहित के कार्यों के माध्यम से सभी नवनियुक्त एल्डरमैन नगर विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।


उन्होंने कहा कि मकरोनिया नगर पालिका परिषद में सभी नवनियुक्त एल्डरमैन भाजपा के जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरते हुए विकास कार्यों को गति देंगे और क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए प्रतिबद्ध रहेंगे।


इस अवसर पर उपस्थित पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने सभी नवनियुक्त एल्डरमैन गणों का मिठाई खिलाकर स्वागत किया तथा नई जिम्मेदारी के लिए मंगलमय शुभकामनाएं प्रेषित कीं।उक्त जानकारी जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने दी

Share:

Sagar News: 47 यात्री बसों के स्थायी परमिट निरस्त: 01 यात्री बस का पंजीयन निरस्त

Sagar News: 47 यात्री बसों के स्थायी परमिट निरस्त: 01 यात्री बस का पंजीयन निरस्त



तीनबत्ती न्यूज:  01 अप्रैल 2026

सागर: क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन, परिवहन विभाग, मंत्रालय के पत्र क्रमांक 3074/स/परि/आठ, भोपाल दिनांक 14 नबम्बर 2025 के आदेश के परिपालन में 15 वर्ष पूर्ण कर चुकी 47 यात्री बसों को स्टैज कैरिज के स्थायी अनुज्ञापत्रों से रिप्लेस कराने हेतु मध्यप्रदेश शासन, परिवहन विभाग से सूची जारी की गई थी। उक्त सूची के आधार पर ऐसी यात्री बसों के अनुज्ञापत्रधारियों को रिप्लेस कराने हेतु नोटिस जारी किये गये थे तथा दैनिक समाचार पत्रों में इस आशय की सूचना भी प्रकाशित कराई गई थी। उक्त नोटिस तथा समाचार पत्रों में प्रकाशित सूचना में दिनांक 05.12.2025 तक का समय रिप्लेसमेंट के लिए दिया गया था। किन्तु 47 अनुज्ञापत्रधारकों द्वारा दिनांक 29.12.2025 तक नवीन वाहन के मॉडल को रिप्लेस नहीं कराया गया। जिस पर कार्यवाही करते हुए क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, सागर द्वारा शेष 47 अनुज्ञापत्रधारकों को दिनांक 31.03.2026 को आदेश जारी करते हुए उनके प्रदत्त स्थायी अनुज्ञापत्रों को निरस्त कर दिया गया है। ऐसे समस्त अनुज्ञापत्र धारकों को सूचित किया गया है कि वह तत्काल प्रदत्त स्थायी अनुज्ञापत्र की प्रतियां कार्यालय सचिव, क्षेत्रीय परिवहन प्राधिकार, सागर को समर्पित कर दे। यदि उक्त वाहन संचालित पाये जाते है, तो उनके विरूद्ध कठोर वैधानिक कार्यवाही की जावेगी। यात्रियों की सुरक्षा एवं सुविधा को दृष्टिगत रखते हुए 15 वर्ष से अधिक पुरानी यात्री वाहनों का पंजीयन निरस्त करते हुए स्क्रेप करने का आदेश जारी किया है।

Share:

सागर की यामिनी मौर्य ने अंतर्राष्ट्रीय जूडो में जीता स्वर्ण पदक

सागर की यामिनी मौर्य ने अंतर्राष्ट्रीय जूडो में जीता स्वर्ण पदक


तीनबत्ती न्यूज: 01अप्रैल, 2026

सागर : सागर जिले की प्रतिभाशाली खिलाड़ी यामिनी मौर्य ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत के लिए स्वर्ण पदक जीतकर जिले और प्रदेश का नाम रोशन किया है। 28 से 29 मार्च को सेनेगल में आयोजित अंतर्राष्ट्रीय जूडो प्रतियोगिता में यामिनी मौर्य ने 57 किलोग्राम वर्ग में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया।


यामिनी की इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर सागर नरयावली क्षेत्र के विधायक श्री प्रदीप लारिया ने उनके पिता श्री हरिओम मौर्य, माता श्रीमती मिथलेश मौर्य एवं कोच दीपक कुमार को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि यामिनी की सफलता क्षेत्र के अन्य खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है।


मध्यप्रदेश जूडो एसोसिएशन के सचिव नरेश ट्टवारे, टेक्निकल चेयरमैन तथा अंतर्राष्ट्रीय रेफरी डॉ. पूनिमा विसेन सहित अन्य खेल पदाधिकारियों ने भी यामिनी और उनके कोच को शुभकामनाएं दीं।

विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि भविष्य में क्षेत्र के और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित किया जाएगा, जिससे वे अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन कर सकें। इस अवसर पर प्रभूदयाल पटेल, सौरभ केशरवानी, रामप्रसाद विश्वकर्मा, योगेश पटेल एवं आशुतोष ठाकुर सहित अनेक जनप्रतिनिधियों ने भी बधाई दी।


Share:

नगर निगम सागर का 2026-27 का 1 करोड़ 60 लाख के घाटे का बजट पारित: जनहित कोई नये कर का प्रावधान नहीं ▪️30 अप्रैल तक जलकर की एक वर्ष की अग्रिम राशि जमा करने पर मिलेगी एक माह के जलकर की छूट

नगर निगम सागर का 2026-27 का 1 करोड़ 60 लाख के घाटे का बजट पारित: जनहित कोई नये कर का प्रावधान नहीं

▪️30 अप्रैल तक जलकर की एक वर्ष की अग्रिम राशि जमा करने पर मिलेगी एक माह के जलकर की छूट


तीनबत्ती न्यूज: 31 मार्च ,2026

सागर : नगर निगम सागर का वित्तीय वर्ष 2026-27 का जनहित का एवं शहर विकास को समर्पित बजट महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी ने प्रस्तुत किया। जिसमें आम नागरिकों को कोई भी करारोपण न करते हुये विकास की योजनायें प्रस्तुत की जिसमें आय 6 अरब 4 करोड़ 75 हजार रुपए एवं व्यय 6 अरब 5 करोड़ 93 लाख 90 हजार रुपए,घाटा 1 करोड़ 60 लाख 15 हजार रूपये के बजट को प्रस्तुत करते हुये महापौर ने आशा व्यक्त करते हुये कहा कि घाटे की भरपाई संपत्तिकर, जलकर, दुकानों के किराये तथा व्यवसायिक काम्पलेक्स नंआदि से वसूली कर कर ली जावेगी। इसके साथ ही जनहित को दृष्टिगत रखते हुये जलकर की एक वर्ष की अग्रिम राशि अप्रैल माह में जमा करने पर एक माह के जलकर की छूट प्रदान की जायेगी। मंगलवार को बजट प्रस्तुत करने के दौरान निगमाध्यक्ष  वृन्दावन अहिरवार की अध्यक्षता में सभापति वित्त एवं लेखा सुश्री मेघा दुबे, निगमायुक्त राजकुमार खत्री थे। निगमाध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार ने वित्तीय वर्ष 2026-27 में किये गये प्रावधानों पर सभी पार्षदों से सुझाव लिये तथा विस्तृत चर्चा उपरांत सर्वसम्मति से बजट पारित करने की स्वीकृति प्रदान की। 


बजट शहर के विकास को समर्पित : महापौर

बजट प्रस्तुत करते हुये महापौर श्रीमति संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि सागर नगर के समग्र विकास, सुव्यवस्थित नगरीय प्रबंधन एवं नागरिकों को उच्च गुणवत्ता की आधारभूत सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026.27 का यह बजट प्रस्तुत किया जा रहा है। यह बजट शहर के सतत् विकास, स्वच्छता, हरित वातावरणए उन्नत अधोसंरचना तथा जनसहभागिता को केंद्र में रखकर तैयार किया गया है। नगर निगम का यह संकल्प है कि सागर को एक स्वच्छ, सुंदर, सुरक्षित एवं आधुनिक शहर के रूप में विकसित किया जाए। इसके अंतर्गत सड़कों के उन्नयन, जलापूर्ति व्यवस्था में सुधार, सीवरेज नेटवर्क के विस्तार, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन की प्रभावी व्यवस्था तथा डिजिटल सेवाओं को बढ़ावा देने पर विशेष ध्यान दिया गया है। इसके साथ हीए शहर के प्रमुख चौराहों, पार्कों एवं सार्वजनिक स्थलों के सौंदर्यीकरण, हरित पट्टियों के विकासए झीलों के संरक्षण एवं पर्यटन स्थलों के उन्नयन को प्राथमिकता दी गई है। नागरिकों के स्वास्थ्य एवं स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए नियमित सफाई व्यवस्था, कचरा संग्रहण एवं प्रसंस्करण प्रणाली को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar News: बिजली विभाग ने मांगा नौ लाख का बकाया बिल, बदले में नगर परिषद ने दफ्तर के गेट पर डलवा दिया कचरा

____________

बजट में शासन द्वारा संचालित एवं नगर निगम के माध्यम से क्रियान्वित की जाने वाली योजनाओं के द्वारा युवाओंए महिलाओं एवं समाज के कमजोर वर्गों के कल्याण के लिए तथा रोजगारोन्मुखी योजनाओं, कौशल विकास कार्यक्रमों तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के माध्यम से समावेशी विकास सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है इस हेतु विशेष प्रावधान किए गये है। 

महापौर ने कहा कि नगर निगम सागर का वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट आपके विश्वासए सहयोग एवं सहभागिता का प्रतिबिंब है। यह बजट केवल आय-व्यय का विवरण नहीं बल्कि हमारे शहर के उज्ज्वल भविष्य की रूपरेखा है। हमारा लक्ष्य है कि सागर को स्वच्छता, सौंदर्यीकरण और सुव्यवस्थित विकास के क्षेत्र में अग्रणी शहर बनाया जाए। इसके लिए हमने "स्वच्छ सागर सुंदर सागर" की अवधारणा को अपनाते हुए शहर के प्रत्येक वार्ड में आधारभूत सुविधाओं को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया है। इस बजट में शहर की सड़कों को बेहतर बनानेए जल निकासी की समस्या का समाधान करने, पेयजल आपूर्ति को नियमित एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने तथा आधुनिक स्ट्रीट लाइटिंग व्यवस्था लागू करने की दिशा में ठोस कदम उठा रहे हैं साथ ही शहर के उद्यानोंए ऐतिहासिक स्थलों एवं झील का संरक्षण एवं सौंदर्यीकरण हमारी प्राथमिकताओं में शामिल हैए डिजिटल इंडिया के अनुरूप नगर सेवाओं को ऑनलाइन एवं पारदर्शी बनाने की दिशा में भी और प्रभावी कार्यवाही की जा रही है जिससे नागरिकों को सुविधाजनक एवं त्वरित सेवाएँ प्राप्त हो सकें। 

बजट में यह प्रावधान किये गये

नागरिकों को सुगमता से पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने हेतु परकुल बांध परियोजना से पानी लाने हेतु बजट में 20 लाख रुपए, अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत शेष रह गये शहर के विभिन्न स्थानों पर पाईप लाईन बिछाने के लिये रू 34 करोड़ 92लाख, एवं सीवर लाईन बिछाने हेतु रू 5 करोड़ तथा राजघाट वाटर वाॅडी रिज्यूविनेशन के लिये रू 5 करोड़, मुख्यमंत्री शहरी अधोसंरचना विकास योजना चतुर्थ चरण अंतर्गत शहर के विभिन्न 18 स्थानों पर सड़क निर्माण कार्य हेतु रू 9 करोड़ 41 लाख, शहर की खेल प्रतिभाओं के प्रोत्साहन हेतु मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत पार्क एवं खेल मैदान के निर्माण हेतु रू 6 करोड़ , नगर के गरीब एवं मध्यम वर्ग के परिवार को विवाह एवं अन्य सामाजिक कार्यो हेतु मुख्यमंत्री नगरीय क्षेत्र अधोसंरचना विकास योजना के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर 7 मंगल भवन निर्माण के लिये रू. 9 करोड़, म.प्र.शासन की मंशा अनुरूप शहर में गीता भवन (आडीटोरियम) निर्माण कराने हेतु प्रावधान, मुख्यमंत्री मत्स्य समृध्दि योजनान्तर्गत विभिन्न 9 स्थानों पर रू 45 लाख की लागत से फिश पार्लर का निर्माण, अग्निशमन सेवाओं के विस्तार एवं सुदृढ़ीकरण के लिये 15 वे वित्त आयोग अंतर्गत राशि से फायर स्टेशन निर्माण हेतु रू. 2 करोड़, राजघाट जलावर्धन परियोजना, नगर की स्ट्रीट लाईट व्यवस्था सहित अन्य स्थानों पर विद्युत बिल के भार को कम करने की दृष्टि से क्लीन एनर्जीध्ग्रीन एनर्जी सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किये जाने हेतु रू 2 करोड़, नगर निगम पर भारित विद्युत बिल की राशि कम करने के लिये एनर्जी आडिट हेतु प्रावधान,झील-तालाब के उन्नयन एवं सौन्दर्यीकरण कार्य हेतु रू. 9 करोड,  स्वच्छ भारत मिशन अंतर्गत शहर के विभिन्न स्थानों पर नागरिकों को सुविधा प्रदान करने की दृष्टि से पुरूष एवं महिला सार्वजनिक शौचालयों तथा पेशाबघरों का निर्माण कराने हेतु रू. 1 करोड़ 50 लाख, जनहित को दृष्टिगत रखते हुये मार्गो पर प्रकाश व्यवस्था हेतु रू. 10 करोड़, शहर के 48 वार्डो में सुरक्षा की दृष्टि से सी.सी.टी.व्ही. केमरा सिस्टम लगाने हेतु रू. 1 करोड़, नगर निगम नवीन कार्यालय बिल्डिंग में निगम सभाकक्ष निर्माण सहित अन्य विभिन्न कार्यो हेतु रू 5 करोड़, शहर के विभिन्न चौराहों के सौन्दर्यीकरण एवं विकास कार्यो हेतु रू. 10 करोड़, पथ विक्रेताओं सहित हाथ ठेला पर व्यापार करने वाले व्यक्तियों को व्यवस्थित करने हेतु विभिन्न स्थानों पर हाकर्स जोन निर्माण कराने का प्रावधान, नेशनल क्लीन एयर प्रोग्राम अंतर्गत सागर शहर की वायु गुणवत्ता सुधार आदि कार्य हेतु प्रावधानए शहर में विभिन्न स्थानों पर महापुरूषों की प्रतिमा स्थापना हेतु रू. 3 करोड़, शहर की स्वच्छता के लिये स्वीपिंग मशीन, नालों की सफाई हेतु छोटी एवं बड़ी जे.सी.बी.मशीन, टेक्ट्रर-ट्राली एवं अन्य आवश्यक उपकरण क्रय करने हेतु रू. 2 करोड़ 50 लाख, वार्डो के विकास, सौन्दर्यीकरण एवं अन्य आवश्यक निर्माण कार्यो हेतु पार्षद निधि में रु 25 लाख , नगर निगम के अधिकारियों, कर्मचारियों के हितों को दृष्टिगत रखते हुये उनके स्वत्वों का भुगतान एवं शासन द्वारा समय.समय पर देय मंहगाई भत्ता तथा मेडीकल भत्ता देने हेतु बजट में प्रावधान किया गया है। इसके साथ ही व्यवसायिक नामांतरण प्रोसेस शुल्क की राशि रू. 5000/- पानी टेंकर रू’ 500/- मडपम्प राशि 2500/- निगम सीमा में एवं निगम सीमा से बाहर भेजने पर 4000/-करने की स्वीकृति प्रदान की गई। 

महापौर ने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026.27 में जनहित को दृष्टिगत रखते हुये किसी प्रकार के नये करों का प्रावधान नहीं किया गया है। बजट घाटे का अवश्य है परंतु घाटे की भरपाई व्यवसायिक काम्पलेक्स संपत्तिकर, जलकर, ठोस अपशिष्ट प्रबंधन शुल्कए सीवर उपभोक्ता प्रभार शुल्क एवं अन्य करों से राजस्व बसूली में वृध्दि कर पूर्ति कर ली जावेगी। 

एम.आई.सी.सदस्य  शैलेन्द्र ठाकुर ने बजट को शहर विकास एवं जनहितैषी बताते हुये महापौर जी को बधाई दी तथा परकोटा वार्ड में जलप्रदाय व्यवस्था के स्थायी समाधान हेतु एक नई पानी की टंकी का निर्माण कराने का वित्तीय प्रबंधन सुनिश्चित करने की मांग की। 

इस संबंध में एम.आई.सी.सदस्य  धर्मेन्द्र खटीक, अनूप उर्मिल, सुश्री याकृति जडिया,  शिवशंकर यादवए नीलोफर चमन, अशोक साहू चकिया, ताहिर मासाब, रिचासिंह, श्रीमति रूबी पटैल, अनीता रामू ठेकेदार, कंचन सोमेश जड़िया, रेखा नरेश यादव, देवेन्द्र अहिरवार सहित अन्य पार्षदों ने बजट में भाग लिया एवं सुझाव दिये।इस अवसर पर सहायक लेखाअधिकारी हर्ष केशरवानी, लेखापाल अभिषेक तिवारी, निगम सचिव मुन्नालाल रैकवार सहित अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित थे। 


महापौर एवं निगमाध्यक्ष ने नवनियुक्त भाजपा पदाधिकारियों का स्वागत कर बधाई दी


निगम परिषद की बैठक के अंत में भाजपा महिला मोर्चा की नवुनियुक्त पदाधिकारियों वरिष्ठ पार्षद डाॅ.याकृति जड़िया को भाजपा महिला मोर्चा का प्रदेश उपाध्यक्ष एवं श्रीमति सविता जिनेश साहू को जिलामंत्री बनाये जाने पर पुष्पगुच्छ भेंटकर सम्मान किया एवं मिठाई खिलाकर बधाई दी।

Share:

संदिग्ध खातों में भुगतान के मामले में सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य को सस्पेंड किया सागर कमिश्नर ने

संदिग्ध खातों में भुगतान के मामले में सांदीपनी विद्यालय के प्राचार्य को सस्पेंड किया सागर कमिश्नर ने  



तीनबत्ती न्यूज:  31 मार्च 2026

सागर: संभाग सागर के कमिश्नर  अनिल सुचारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार, जिला छतरपुर के विकासखंड लवकुशनगर में संदिग्ध भुगतानों के मामले में कार्रवाई करते हुए तत्कालीन प्रभारी प्राचार्य श्री आर.बी. सिसोदिया को निलंबित कर दिया गया है।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar News: बिजली विभाग ने मांगा नौ लाख का बकाया बिल, बदले में नगर परिषद ने दफ्तर के गेट पर डलवा दिया कचरा

____________

प्राप्त जानकारी के अनुसार कलेक्टर छतरपुर के प्रतिवेदन में उल्लेख है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी लवकुशनगर कार्यालय में हुए संदिग्ध भुगतानों की जांच के दौरान यह पाया गया कि शासकीय सांदीपनी उत्कृष्ट उच्च माध्यमिक विद्यालय, बारीगढ़ में पदस्थ रहते हुए श्री सिसोदिया द्वारा देयकों के साथ संलग्न सूची में कूटरचना कर गलत खातों की जानकारी प्रस्तुत की गई। यह सूची कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी/आहरण संवितरण अधिकारी को प्रेषित की गई, जिसके आधार पर संदिग्ध व्यक्तियों के खातों में राशि का अंतरण हुआ। उक्त प्रकरण में श्री सिसोदिया की संलिप्तता प्रथम दृष्टया प्रमाणित पाई गई है।


कलेक्टर, जिला छतरपुर से प्राप्त प्रस्ताव के अवलोकन एवं परीक्षण उपरांत श्री सिसोदिया प्रथम दृष्टया दोषी प्रतीत हुए हैं। उनका यह कृत्य पदीय दायित्वों के निर्वहन में स्वेच्छाचारिता एवं अनुशासनहीनता का परिचायक है तथा मध्यप्रदेश सिविल सेवा आचरण नियम 1965 के नियम 3 का उल्लंघन माना गया है। अतएव मध्यप्रदेश सिविल सेवा (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियम 1966 के नियम 9 के अंतर्गत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए संभागीय आयुक्त श्री अनिल सुचारी ने श्री आर.बी. सिसोदिया को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

Share:

विधायक प्रदीप लारिया ने मकरोनिया चौराहा व सदर से शराब दुकानें हटाने कलेक्टर को लिखा पत्र

विधायक प्रदीप लारिया ने मकरोनिया चौराहा व सदर से शराब दुकानें हटाने  कलेक्टर को लिखा पत्र


तीनबत्ती न्यूज:31 मार्च,2026

सागर: नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र की जनता की सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। उन्होंने सागर जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर मकरोनिया चौराहा और सदर (कैंट अस्पताल के समीप) स्थित अंग्रेजी शराब दुकानों को तत्काल प्रभाव से किसी गैर-रिहायशी क्षेत्र में स्थानांतरित करने की मांग की है।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar News: बिजली विभाग ने मांगा नौ लाख का बकाया बिल, बदले में नगर परिषद ने दफ्तर के गेट पर डलवा दिया कचरा

____________


मकरोनिया चौराहे पर दुर्घटनाओं और असुरक्षा का भय

विधायक लारिया ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि मकरोनिया चौराहा सागर जिले का सबसे व्यस्त व्यावसायिक केंद्र और प्रवेश द्वार है। यहाँ शराब दुकान होने के कारण असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगा रहता है, जिससे राहगीरों, विशेषकर छात्राओं और महिलाओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। रात्रि में 9 बजे के बाद चौराहे पर हेवी व्हीकल की एंट्री शुरू हो जाती है। ठीक उसी समय शराब दुकान पर भारी भीड़ उमड़ती है। वाहनों की आवाजाही और शराब के नशे में धुत लोगों की लापरवाही के कारण यहाँ कभी भी भीषण दुर्घटना हो सकती है। अनियंत्रित रूप से खड़े वाहनों के कारण आये दिन ट्रेफिक जाम की स्थिति निर्मित होती है। एम्बुलेंस और वाहनों को निकलने में भी भारी कठिनाई होती है।

अस्पताल के समीप शराब दुकान पर आपत्ति

सदर क्षेत्र का जिक्र करते हुए विधायक श्री लारिया ने कहा कि कैंट अस्पताल जैसे संवेदनशील स्वास्थ्य क्षेत्र के पास शराब दुकान का होना अत्यंत आपत्तिजनक है। दुकान के बाहर होने वाले शोर-शराबे और हुड़दंग से मरीजों की शांति भंग हो रही है और परिजनों खासकर महिलाओं को असुरक्षा और असहजता का सामना करना पड़ रहा है।

जिला आबकारी अधिकारी को निर्देश की मांग

जनभावनाओं का सम्मान करते हुए विधायक प्रदीप लारिया ने कलेक्टर से आग्रह किया है कि वे जिला आबकारी अधिकारी को इन दोनों दुकानों को वर्तमान स्थल से हटाकर अन्यत्र स्थानांतरित करने के लिए निर्देशित करें। साथ ही, उन्होंने यह भी मांग की कि आगामी नवीन आबकारी नीति के तहत इन संवेदनशील स्थानों पर पुनः शराब दुकानों का आवंटन न किया जाए।

इस पत्र की प्रतिलिपि जिला आबकारी अधिकारी, सागर को भी प्रेषित की गई है ताकि स्थल निरीक्षण कर स्थानांतरण की प्रक्रिया को यथाशीघ्र पूर्ण किया जा सके।

Share:

कलेक्टर की संवेदनशीलता से ऑटो चालकों को पूर्व निर्धारित दर पर मिलेगी LPG गैस

कलेक्टर की संवेदनशीलता से ऑटो चालकों को पूर्व निर्धारित दर पर मिलेगी LPG गैस



तीनबत्ती न्यूज:  31 मार्च 2026

सागर : कलेक्टर संदीप जी.आर. की संवेदनशीलता से ऑटो चालकों को पूर्व निर्धारित दर पर ऑटो एलपीजी गैस उपलब्ध होगी। कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. को शिकायत प्राप्त होने पर एसडीएम श्री अमन मिश्रा एवं सहायक आपूर्ति अधिकारी श्री निशांत पांडे द्वारा राहतगढ़ बस स्टैंड के समीप स्थित गो गैस पंप पर कार्रवाई की गई थी, जहां निर्धारित दर से अधिक दर पर ऑटो चालकों को गैस प्रदान की जा रही थी। एसडीएम द्वारा कार्रवाई करते हुए तत्काल प्रभाव से गैस का वितरण बंद कराया गया था एवं आवश्यक कार्रवाई की गई थी तथा संबंधित पंप संचालक को निर्देशित किया गया था कि पूर्व निर्धारित दर पर गैस का वितरण किया जाए एवं आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए जाएं, तब तक गैस का वितरण न किया जाए।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar News: बिजली विभाग ने मांगा नौ लाख का बकाया बिल, बदले में नगर परिषद ने दफ्तर के गेट पर डलवा दिया कचरा

____________



85 रुपए लीटर मिलेगी गैस

गो गैस पंप की संचालक एवं संबंधित अधिकारी आज एसडीएम अमन मिश्रा एवं जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक के समक्ष उपस्थित हुए और उन्होंने आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत किए। संबंधित द्वारा जानकारी दी गई कि मौजूदा ऑटो एलपीजी स्टॉक को ₹85.00 प्रति लीटर की दर से बेचा जाएगा। कार्यालय के निर्देशानुसार, यह घोषित किया गया कि उपलब्ध ऑटो एलपीजी का शेष स्टॉक (2500 लीटर) ₹85.00 प्रति लीटर के खुदरा बिक्री मूल्य पर बेचा जाएगा। इसके पश्चात, जब यह स्टॉक समाप्त हो जाएगा, तो नए स्टॉक पर संशोधित दर लागू करने से पूर्व ग्राहकों को 24 घंटे पूर्व सूचना प्रदान की जाएगी। उसके बाद ही नए स्टॉक की बिक्री संशोधित दर पर प्रारंभ की जाएगी।


कलेक्टर श्री संदीप जी.आर. द्वारा सभी प्रकार के गैस उपभोक्ताओं एवं पेट्रोलियम उपभोक्ताओं को आसानी से गैस, डीजल, पेट्रोल उपलब्ध हो सके, इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इसी परिप्रेक्ष्य में आगम पेट्रोल पंप पर भी एलपीजी गैस की उपलब्धता लगातार सुनिश्चित कराई जा रही है, जिससे ऑटो चालकों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो और उन्हें उचित मूल्य पर गैस उपलब्ध हो सके।






Share:

सागर की बेटी आयुषी अग्रवाल का पीटीएस में सम्मान : अंतरराष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव

सागर की बेटी आयुषी अग्रवाल का पीटीएस में सम्मान : अंतरराष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग में कांस्य पदक जीतकर बढ़ाया गौरव


तीनबत्ती न्यूज:  31 मार्च 2026

सागर: पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर में आज सागर की बेटी सुश्री आयुषी अग्रवाल के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। आयुषी अग्रवाल द्वारा हिमेजी, जापान में आयोजित एशिया-अफ्रीका पैसिफिक अंतरराष्ट्रीय पॉवर लिफ्टिंग चौंपियनशिप में 425 किलोग्राम वजन उठाकर देश को कांस्य पदक दिलाया गया। उन्हें यह पदक बेंच प्रेस इवेंट में हासिल हुआ।आयुषी सागर के सराफा व्यापारी अशोक अग्रवाल की पुत्री हैं। उन्होंने अंतरराष्ट्रीय प्रतिस्पर्धा में पदक हासिल कर न केवल अपने परिवार, बल्कि शहर और देश का मान बढ़ाया है। बुंदेलखंड के इतिहास में यह पहली बार है जब किसी महिला खिलाड़ी ने पॉवर लिफ्टिंग इवेंट में अंतरराष्ट्रीय पदक जीता है।


____________

वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar News: बिजली विभाग ने मांगा नौ लाख का बकाया बिल, बदले में नगर परिषद ने दफ्तर के गेट पर डलवा दिया कचरा

____________


आयुषी ने अपने अधिकतम 417 किलोग्राम वजन के रिकॉर्ड को भी तोड़ते हुए नया मुकाम हासिल किया। इस अवसर पर पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर की पुलिस अधीक्षक श्रीमती लवली सोनी द्वारा पुष्पगुच्छ देकर उनका स्वागत किया गया। सुश्री आयुषी अग्रवाल ने इकाई में प्रशिक्षणरत प्रशिक्षुओं को फिटनेस एवं डाइट प्लान के संबंध में जानकारी प्रदान की तथा देश के लिए कांस्य पदक जीतने हेतु किए गए परिश्रम एवं प्रयासों के अनुभव साझा किए।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्रीमती लवली सोनी द्वारा उन्हें पुष्पगुच्छ एवं मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। सम्मान समारोह में पुलिस प्रशिक्षण शाला सागर के निरीक्षक अफरोज खान, रूपाली पाण्डेय, ज्ञानेन्द्र शुक्ला, मनीषा सिंह, के.एन. अरजरिया, उपनिरीक्षक रिंको राठौर, मिनी पाठक, सहायक उपनिरीक्षक उमाशंकर दुबे, जयराम यादव, आरक्षक पवन वर्मा, दीपिका सिंह, सोबरन अहिरवार सहित समस्त पीटीएस स्टाफ एवं इकाई में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे नव आरक्षक प्रशिक्षु तथा आरक्षक प्रधान आरक्षक प्रशिक्षु उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive