Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar News : श्मशान घाट के निर्माण कार्यों का निरीक्षण : ठेकेदार को नोटिस व सख्त कार्रवाई के निर्देश

Sagar News : श्मशान घाट  के निर्माण कार्यों का निरीक्षण :  ठेकेदार को नोटिस  व सख्त कार्रवाई के निर्देश 


तीनबत्ती न्यूज : 17 फरवरी, 2026

सागर  : सागर शहर के विट्ठल नगर वार्ड स्थित श्मशान घाट के जीर्णोद्धार कार्यों में लापरवाही तथा गुणवत्ता में कमी पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पीयूष जैन पारस बिल्डकॉन के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करते हुए नोटिस जारी करने के निर्देश मंगलवार को निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार एवं निगमायुक्त राजकुमार खत्री द्वारा निरीक्षण के दौरान दिए गए। यह निरीक्षण नगर निगम सागर द्वारा श्मशान घाट के उन्नयन एवं सुविधाओं के विस्तार हेतु कराए जा रहे निर्माण कार्यों की प्रगति एवं गुणवत्ता का जायजा लेने के उद्देश्य से किया गया।

निरीक्षण के दौरान निगम अध्यक्ष एवं निगमायुक्त ने निर्माण कार्यों के विभिन्न पहलुओं का बारीकी से अवलोकन किया तथा मौके पर मौजूद अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा। निगमायुक्त श्री खत्री ने कहा कि नगर निगम द्वारा कराए जाने वाले सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों के अनुरूप गुणवत्तापूर्ण होना अनिवार्य है। यदि किसी भी कार्य में कमी या लापरवाही पाई जाती है तो संबंधित ठेकेदार के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने इंजीनियरिंग अमले को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों की सतत निगरानी सुनिश्चित की जाए तथा नियमित रूप से गुणवत्ता परीक्षण किया जाए। यदि कहीं भी त्रुटि या अनियमितता दिखाई दे तो उसकी रिपोर्ट तत्काल प्रस्तुत की जाए, जिससे समय रहते सुधारात्मक कार्रवाई की जा सके। निगमायुक्त ने यह भी कहा कि सार्वजनिक उपयोग से जुड़े स्थलों के निर्माण में विशेष सावधानी बरतना आवश्यक है, ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

निरीक्षण के समय पार्षद देवेंद्र अहिरवार, वार्ड पार्षद कन्हई पटेल, उपायुक्त एस एस बघेल, इंजीनियर दिनकर शर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Sagar News: कुत्तों की नसबंदी हेतु एजेंसी दिया प्रजेंटेशन : मधुकर शाह वार्ड से कुत्तों के बधिया करण की शुरुआत

Sagar News:  कुत्तों की नसबंदी हेतु एजेंसी दिया प्रजेंटेशन :  मधुकर शाह वार्ड से कुत्तों के बधिया करण की शुरुआत


तीनबत्ती न्यूज: 17 फरवरी ,2026

सागर :  नगर निगम क्षेत्र में कुत्तों की रोकथाम हेतु बधियाकरण एवं टीकाकरण के लिए अधिकृत एजेंसी पुणे की यारा फाउंडेशन एनजीओ द्वारा नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के समक्ष प्रस्तुतिकरण दिया। आरा फाउंडेशन के डाक्टर  पुष्पेंद्र  प्रजापति एवं उनकी टीम के सदस्यों ने बताया कि कुत्तों का बधियाकरण एवं उनका उपचार वैज्ञानिक तरीके से किया जाएगा,जिन स्थानों से मेल एवं फीमेल कुत्तों को पकड़ेंगे उनकी नसबंदी एवं एंटी रेबीज टीकाकरण के पश्चात उसी स्थान पर छोड़ा जाएगा जिससे उनकी संख्या सीमित रहेगी। कुत्तों को पकड़ने में लोहे के जाल का उपयोग नहीं किया जाएगा जिससे उन्हें किसी भी प्रकार की हानि न हो।

भारतीय पशु कल्याण बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त है एनजीओ 

कैनाइन एनिमल बर्थ कंट्रोल (ABC) एवं एंटी रैबीज़ यारा फाउंडेशन मई 2022 में पंजीकृत एनजीओ भारतीय पशु कल्याण बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त है जो वर्ष 2023 से सागर में अनेक एनिमल बर्थ कंट्रोल एवं मेडिकल कैंप आयोजित कर एंटी रैबीज़ टीकाकरण अभियान में 500 से ज्यादा सर्जरी कर चुका है तथा डॉ. पुष्पेंद्र प्रजापति को 2 हजार से ज्यादा सर्जरी का अनुभव है।सागर नगर निगम क्षेत्र में एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) कार्यक्रम सीएनवीआर प्रक्रिया के अनुसार संचालित किया जाएगा। यह कार्यक्रम एनिमल बर्थ कंट्रोल नियम 2023 के अनुसार किया जाएगा और एक स्थानीय एनिमल बर्थ कंट्रोल मॉनिटरिंग समिति गठित की जाएगी, जो कार्यक्रम की निगरानी के लिए उत्तरदायी होगी। कुत्तों को किसी क्षेत्र से पकड़ने से पहले नगर निगम के कचरा संग्रहण वाहनों एवं स्वयंसेवकों की सहायता से घोषणा/परामर्श किया जाएगा तथा किसी क्षेत्र में कम से कम 70 प्रतिशत कुत्तों की नसबंदी करने के बाद ही अगले क्षेत्र में बधिया करण की कार्रवाई की जावेगी। कुल नसबंदी किए गए कुत्तों में से कम से कम 60 प्रतिशत मादा  होंगी ।

प्रशिक्षितों की होगी नियुक्ति

रैबीज़ मुक्त शहर के साथ ही कुत्ता पकड़ने की प्रक्रिया के तहत मानवीय एवं सौम्य तरीके से पकड़ने हेतु  प्रशिक्षित डॉग कैचर्स की नियुक्ति की जाएगी। सभी डॉग कैचिंग स्टाफ को रैबीज़ का टीकाकरण अनिवार्य किया गया है। 6 माह से अधिक आयु के कुत्तों को पकड़ा जाएगा ,2 माह से कम आयु के बच्चों को दूध पिलाने वाली मादा को नहीं पकड़ा जाएगा ।

नसबंदी टीकाकरण

-मादा कुत्तियों की ओवरी एवं गर्भाशय निकालने की शल्यक्रिया (स्पे सर्जरी) जिससे हीट साइकिल एवं गर्भधारण रुकता है की जाएगी।सभी ऑपरेशन किए गए कुत्तों को एंटी-रैबीज़ टीका लगाया जाएगा।ऑपरेशन के बाद नसबंदी कुत्तों की पहचान हेतु कान पर V-आकार का निशान (ईयर-नॉच) होगा। सर्जरी के बाद न्यूनतम 3 दिन तक निगरानी में रखा जाएगा। कुत्तों के लिए बनाए गए ।ऑपरेशन थिएटर एवं केनल क्षेत्र में सीसीटीवी से निरंतर  निगरानी होगी,जहाँ से उन्हें पकड़ा गया था। पर्याप्त रूप से स्वस्थ न होने पर कुत्तों को नहीं छोड़ा जाएगा। कुत्तों को पकड़ने एवं छोड़ने की तिथि वार्ड-वार मासिक डाटा रखा जाएगा 

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने यारा फाउंडेशन द्वारा प्रस्तुति के बाद कहा कि सबसे पहले मधुकर शाह वार्ड से कुत्तों के बधिया करण का कार्य शुरू करें क्योंकि वहां पर आवारा कुत्तों ने एक बच्ची पर हमला कर दिया था।

Share:

Sagar News: खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी व गैरहाजिर शिक्षक को वेतन देने वाले सीएम राईज स्कूल का प्राचार्य सस्पेंड

Sagar News: खरीदी प्रक्रिया में गड़बड़ी व गैरहाजिर शिक्षक को वेतन देने वाले सीएम राईज स्कूल का प्राचार्य सस्पेंड



तीनबत्ती न्यूज : 17 फरवरी 2026

सागर : संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी ने क्रय की जाने वाली सामग्री के संबंध में म०प्र० भंडार क्रय नियम तथा सेवा उपार्जन नियम 2015 (यथा संशोधित 2022) के नियम 09 एवं प्रपत्र में वर्णित प्रावधान अनुसार प्रक्रिया का नियमानुसार पालन नही करने एवं सहायक शिक्षक द्वारा विद्यालय में लगातार अनुपस्थित पाये जाने पर भी वेतन देने पर प्रभारी प्राचार्य सी०एम० राईज (संदीपनी विद्यालय) बांदरी श्री देवेन्द्र कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया।

कमिश्नर कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार प्रभारी प्राचार्य सी०एम० राईज (संदीपनी विद्यालय) बांदरी श्री देवेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा की जा रही अनियमितताओं के संबंध में प्राप्त शिकायत की जांच हेतु गठित जांच समिति द्वारा प्रस्तुत जाँच प्रतिवेदन के अनुसार देवेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा विद्यालय हेतु क्रय की जाने वाली सामग्री के संबंध में म०प्र० भंडार क्रय नियम तथा सेवा उपार्जन नियम 2015 (यथा संशोधित 2022) के नियम 09 एवं प्रपत्र में वर्णित प्रावधान अनुसार प्रक्रिया का नियमानुसार पालन नही किया गया।

गैरहाजिर शिक्षक को मिला वेतन

वर्ग 03 सहायक शिक्षक विज्ञान, दिव्यांश मिश्रा के विद्यालय में लगातार अनुपस्थित पाये जाने के पश्चात् भी प्रभारी प्राचार्य सी०एम० राईज (संदीपनी विद्यालय) बांदरी जिला सागर द्वारा श्री दिव्यांश मिश्रा को वेतन भुगतान किया गया है। जांच समिति से प्राप्त जाँच प्रतिवेदन एवं संयुक्त संचालक लोक शिक्षण सागर संभाग सागर से प्राप्त अभिमत के अवलोकन एवं परिशीलन उपरांत श्री देवेन्द्र कुमार मिश्रा प्रभारी प्राचार्य सी०एम० राईज (संदीपनी विद्यालय) बांदरी जिला सागर प्रथम दृष्ट्या दोषी पाए जाने पर उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

Share:

Sagar Crime: मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार: सब्जी बेचने की आड़ में करता था रेकी : तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा

Sagar Crime: मंदिरों में सिलसिलेवार चोरी करने वाला शातिर आरोपी गिरफ्तार: सब्जी बेचने की आड़ में करता था रेकी : तीन मंदिरों की चोरी का खुलासा


तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी 2026

सागर। सागर के थाना गोपालगंज क्षेत्र में मंदिरों में लगातार हो रही दानपेटी चोरी की घटनाओं का थाना गोपालगंज पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है। आरोपी विगत कई वर्षों से योजनाबद्ध तरीके से मंदिरों को निशाना बना रहा था।

क्या है पूरा मामला : मेडिकल कालेज के शिवमन्दिर में की चोरी

बीएमसी परिसर स्थित मृत्युंजय महादेव मंदिर में 22 जनवरी 2026 की रात्रि अज्ञात व्यक्ति द्वारा मंदिर में प्रवेश कर दानपेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी दान राशि चोरी कर ली गई थी। इस संबंध में डॉ. उमेश पटेल की रिपोर्ट पर थाना गोपालगंज में अपराध धारा 331(4), 305(डी) बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई।

चोरी का अनोखा तरीका – सब्जी बेचने की आड़ में करता था रेकी

गिरफ्तार आरोपी समीर अली पिता शाहिद अली, उम्र 43 वर्ष, निवासी बाघराज प्रधानमंत्री आवास, थाना मोतीनगर, जिला सागर है। आरोपी पेशे से ठेले पर सब्जी बेचने का कार्य करता है। दिनभर शहर के विभिन्न क्षेत्रों में घूमते हुए वह सुनसान, कम निगरानी वाले मंदिरों को चिन्हित करता था। हर दो-तीन दिन में जब सब्जी समाप्त हो जाती थी तो आरोपी प्रातः लगभग 03:00 बजे स्कूटी से सब्जी मंडी जाने के लिए निकलता था।


वारदात के समय वह अपना चेहरा मास्क एवं गमछे से पूरी तरह ढंक लेता

वारदात के समय वह अपना चेहरा मास्क एवं गमछे से पूरी तरह ढंक लेता था। मंडी जाने से पहले चिन्हित मंदिर में प्रवेश कर लोहे की रॉड से दानपेटी का ताला तोड़ता और नगदी व अन्य सामान चोरी कर लेता था। चोरी के तुरंत बाद सीधे सब्जी मंडी जाकर सब्जी खरीदता और दिनभर सामान्य रूप से ठेले पर सब्जी बेचता था, जिससे किसी को उस पर संदेह न हो।

पुलिस ने कैसे पकड़ा शातिर चोर?

थाना प्रभारी गोपालगंज  घनश्याम शर्मा द्वारा विशेष टीम गठित की गई, जिसमें आरक्षक दशरथ मालवीय एवं आरक्षक नेकराम कौशल और आरक्षक अंकित तिवारी को शामिल किया गया। घटनास्थल एवं कंट्रोल रूम के सीसीटीवी फुटेज का हफ्तों तक बारीकी से विश्लेषण किया गया। संदिग्ध के मूवमेंट का रूट चार्ट तैयार किया गया। जांच में सामने आया कि वारदात के बाद आरोपी सब्जी मंडी की ओर जाता है। सब्जी मंडी एवं आसपास के दुकानदारों से पूछताछ की गई। रणनीतिक योजना के तहत पुलिस टीम ने सब्जी मंडी में खरीदार बनकर कई दिनों तक प्रातः 03:00 बजे से 06:00 बजे तक निगरानी की। सतत निगरानी के दौरान सीसीटीवी फुटेज से मेल खाते हुलिए का व्यक्ति चिन्हित किया गया। गोपनीय रूप से पीछा कर उसके निवास स्थान की पुष्टि की गई। पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर आरोपी को थाना प्रभारी गोपालगंज द्वारा पुलिस टीम गठित कर हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जहां उसने अपराध स्वीकार कर लिया।

बरामदगी


पुलिस ने आरोपी के पास से दानपेटी का ताला तोड़ने में प्रयुक्त लोहे की रॉड,वारदात के समय उपयोग किया गया मास्क,घटना में प्रयुक्त स्कूटी बरामद की है। 

इन मंदिरों की चोरी स्वीकारी

आरोपी ने हनुमानगढ़ी मंदिर चोरी स्थान: स्नेह नगर कालोनी, गोपालगंज, जिला सागर घटना दिनांक: 06.10.2025 से 07.10.2025 की दरम्यानी रात्रि चोरी गया माल: लगभग ₹800/- नगद एवं “हनुमानगढ़ी” लिखी पीतल की घंटी चुराई। इसी तरह सिद्ध बाबा मंदिर, बालक कॉम्प्लेक्स से 05 व 06 दिसंबर . की दरम्यानी रात्रि में दो दान पेटियों से लगभग ₹2500/- से ₹3000/- नगद राशि चुराना स्वीकारा।

इनका कार्य रहा सराहनीय

इस पूरी कार्रवाई में एस आई राजेश चौबे ,प्रधान आरक्षक दीपक व्यास  अनिल प्रभाकर , अयूब खान ,कैलाश सेन महिला प्रधान आरक्षक रेखा रजक , आरक्षक नेकराम कौशल दशरथ मालवीय, अंकित तिवारी , थिरबम आरक्षक चालक देवेंद्र पांडे का कार्य सराहनीय रहा।



Share:

विधायक शैलेन्द्र जैन ने आंगनवाड़ी भवन का किया लोकार्मण : एक करोड़ की सड़क निर्माण की दी स्वीकृति

विधायक शैलेन्द्र जैन ने आंगनवाड़ी भवन का किया लोकार्मण : एक करोड़ की सड़क निर्माण की दी स्वीकृति


तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी 2026 

सागर: शहर के दयानंद वार्ड में नव निर्मित आंगनवाड़ी भवन का लोकार्पण समारोह मुख्य अतिथि विधायक शैलेंद्र जैन, भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी एवं नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार की गरिमामयी उपस्थिति में संपन्न हुआ। इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए क्षेत्रवासियों ने विधायक श्री जैन का पुष्पमालाओं से स्वागत कर आभार व्यक्त किया।

पार्षद प्रतिनिधि जिनेश साहू ने कहा कि आंगनवाड़ी निर्माण कार्य सुनने में भले छोटा लगे, लेकिन उनका वार्ड घाटियों पर बसा है, जहां निर्माण सामग्री पहुंचाना अत्यंत दुर्गम कार्य था। ठेकेदार भी कार्य करने को तैयार नहीं था, किंतु विधायक श्री जैन के निरंतर प्रयास और संवाद के परिणामस्वरूप यह कार्य संभव हो सका। विधायक शैलेंद्र जैन ने  कहा कि आंगनवाड़ी एक अत्यंत महत्वपूर्ण संस्था है, जहां बच्चों के टीकाकरण, जन्मोत्सव, गोद भराई और पोषक आहार जैसे कार्यक्रम संचालित होते हैं। यह मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला है। 

एक करोड़ की सड़क की मंजूर

विधायक जैन ने बताया कि दयानंद वार्ड के विकास में धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। झूला तिराहा से लच्छू तिराहा तक लगभग 1 करोड़ रुपये की लागत से सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्रदान की जा चुकी है और शीघ्र ही निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा कि विधायक के नेतृत्व में सागर निरंतर विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाएं अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का कार्य किया जा रहा है। नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार ने नगर निगम की ओर से क्षेत्र के विकास कार्यों में पूर्ण सहयोग देने का आश्वासन दिया। कार्यक्रम का संचालन अनिल सेन ने किया एवं आभार प्रदर्शन दमयंती शर्मा ने व्यक्त किया। इस अवसर पर धनबाई रैकवार, अजित जैन, पप्पू रैकवार, अफसर राइन सहित बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।

Share:

ग्रामीण विकास में रेडियो की भूमिका अग्रणी: दीपक निषाद

ग्रामीण विकास में रेडियो की भूमिका अग्रणी: दीपक निषाद 



तीनबत्ती न्यूज: 16 फरवरी, 2026

सागर: आकाशवाणी सागर द्वारा ग्राम कनेरा मनक्याई में रेडियो किसान दिवस का आयोजन किया गया। जिसमें गांव के अनेक किसान और जिले के विभिन्न स्थानों से पधारे किसान भाइयों ने भाग लिया। कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ अतिथियों द्वारा सरस्वती पूजन व दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत सत्र में आमंत्रित कृषि विशेषज्ञों यथा डॉ.के.एस.यादव, डॉ. आशीष त्रिपाठी, डॉ.बी के शर्मा ,आर. डी.चौबे, जितेंद्र सिंह राजपूत, विपिन कुमार जैन का स्वागत आकाशवाणी सागर के कार्यक्रम प्रमुख दीपक निषाद के द्वारा शाल, श्रीफल और पुष्पहार पहनाकर किया गया और रेडियो माइक का प्रतीक चिन्ह सम्मान स्वरूप भेंट किया गया। इसके उपरांत ग्राम के प्रगतिशील कृषकों का सम्मान भी आकाशवाणी सागर की तरफ से पुष्पहार पहनाकर किया गया।

खेती पर दिए सुझाव

मनक्याई और आसपास के गांवों में खासतौर से फूलों और विभिन्न सब्जियों की खेती होती है इनकी उन्नत कृषि हेतु कृषि विशेषज्ञों ने अपने वैज्ञानिक सुझाव किसानों को कार्यक्रम में दिए। कार्यक्रम का आरंभ आकाशवाणी सागर के प्रोग्राम हेड दीपक निषाद के द्वारा स्वागत उद्बोधन और कार्यक्रम की रूपरेखा और भूमिका बताकर किया गया । श्री निषाद ने कहा कि रेडियो और किसानों का संबंध बहुत गहरा है और रेडियो किसानों के लिए एक सतत् मार्गदर्शक का कार्य कर रहा है और इससे बहुतेरे किसान भाई बहनों की खेती में आय बढ़ रही है और वे प्रगतिशील कृषक बनने की ओर अग्रसर हैं । कृषि योजनाओं के प्रसार व ग्रामीण विकास में आकाशवाणी की महती भूमिका है। स्वागत - सम्मान सत्र के बाद तकनीकी सत्र में वरिष्ठ उद्यानिकी विशेषज्ञ  आर.डी.चौबे ने कार्यक्रम में स्थानीय किसानों की सराहना करते हुए कहा कि यहां के किसान लंबे समय से संरक्षित खेती से जुड़े हुए हैं और यही इस गांव की प्रगति का राज़ है। उन्होनें बताया कि यहां ड्रिप इरिगेशन, मल्चिंग, प्याज़ स्टोरेज़, फूलों की खेती का अच्छा प्रयोग पानी की ज़्यादा उपलब्धता न होने के बावजूद हो रहा है जो दूसरे किसानों के लिए प्रेरक है।इसके बाद कार्यक्रम में पधारे वरिष्ठ पशु चिकित्सक डॉ. बी. के. शर्मा ने पशुपालन के महत्व और पशुपालन विभाग की ओर से चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी प्रदान की और आशा व्यक्त की कि जैसे यहां उद्यानिकी की फसलें लहलहा रहीं हैं वैसे ही यहां दूध की धारा भी बहे।


इसके बाद कार्यक्रम में सहायक संचालक कृषि श्री जितेंद्र सिंह राजपूत ने कृषकों को खेती में रासायनिक खाद के स्थान पर जैविक खाद के प्रयोग के लाभ बताएं और कृषि विभाग की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने ये भी बताया कि सागर ज़िले के पीटीसी मैदान में प्रति रविवार को संचालित जैविक/ प्राकृतिक कृषि हाट बाजार में अच्छी बिक्री हो रही है और जैविक- प्राकृतिक कृषि करने वाले किसान इसमें भाग ले के अपने उपज का वाजिब दाम पा सकतें हैं।कृषि विज्ञान केंद्र क्रमांक 2  देवरी से आए प्रमुख वैज्ञानिक डॉ.आशीष त्रिपाठी ने कृषकों को प्रभावी कीट नियंत्रण की जानकारी दी। उन्होंने रासायनिक खरपतवार नाशकों का उपयोग विवेकपूर्ण तरीके से करने की सलाह  किसान भाइयों को दी। कृषि विज्ञान केंद्र क्रमांक 1 सागर के प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. के.एस. यादव ने किसानों को सब्जी फसलों के उत्पादन और स्थानीय बाजार की मांग के मुताबिक समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता बताई। फूलों की उन्नत कृषि के बारें में भी आपने विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

जिज्ञासाओं का भी हुआ समाधान 

रेडियो किसान दिवस के इस कार्यक्रम में विशेषज्ञों द्वारा किसानों के कृषि संबंधी जिज्ञासाओं का भी समाधान किया गया और कुछ किसानों ने अपने रोगग्रस्त पौधे भी दिखाकर विशेषज्ञों से आवश्यक परामर्श लिए। रेडियो किसान दिवस के इस गरिमामय कार्यक्रम में मनक्याई के जनपद सदस्य मानकलाल कुशवाहा ने मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर कार्यक्रम की गरिमा बढ़ाई  । इस कार्यक्रम के आयोजन  में गांव के ही प्रगतिशील कृषक नेमीचंद कुशवाहा का विशेष सहयोग रहा । कार्यक्रम का संचालन सतीश साहू और रामकुमारी ठाकुर ने किया। कार्यक्रम में आकाशवाणी सागर की ओर से वरिष्ठ उद्घोषक जयशेखर ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया । कार्यक्रम को सफल बनाने में आकाशवाणी सागर के शैलेंद्र सिंह, सुमित दुबे, मासूम आलम, अमजद खान, नीरज सोनी, राजेन्द्र नारायण तिवारी (रज्जू भैया), संतोष पाठक, सुनील राय, परेश जैन, अन्नू ठाकुर और अनूप अहिरवार का भी विशेष सहयोग रहा। इन सभी को रेडियो किसान दिवस पर आयोजित इस कार्यक्रम में स्मृति चिन्ह भेंट कर और पुष्पहार पहनाकर सम्मानित किया गया । कार्यक्रम में हाईटेक हॉर्टिकल्चर के लिए मध्यप्रदेश के 15 किसानों के दल के साथ उद्यानिकी विभाग की तरफ से इजरायल और नीदरलैंड का दौरा कर चुके मनक्याई गांव के शोभाराम पटेल और मेहीलाल पटेल का पुष्पहार पहना के विशेष अभिनंदन किया गया। कार्यक्रम में प्रेम नारायण कुशवाहा, प्रमोद तिवारी, रजौआ, अजय सिंह ठाकुर, बरौदिया वल्लभ, नरेंद्र सिंह नेगी, मेहर, गंधर्व सिंह राजपूत, हिन्नौद, अंबिका प्रसाद उपाध्याय,रतौना, गुड्डू चौबे, बम्हौरी ढूंढ़़र, प्रदीप सूबेदार, मुकुंद देसाई, शोधार्थी श्याम सिंह ,आगर मालवा, भैरवलाल पटैल, बलीचंद पटैल, धन सिंह पटैल, बंसीलाल पटैल, राजेन्द्र पटैल, राजा पटैल, अमित पटैल, नौनेलाल पटेल सहित लगभग 100 कृषक उपस्थित रहें । सभी को महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर फलाहारी स्वल्पाहार कराया गया और अन्य लोगों ने बुंदेली व्यंजन दाल-बाटी, भर्ता का आनंद उठाया।

Share:

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत: कान्हा टाईगर रिजर्व से हुआ था शिफ्ट : सागर में दो माह में दो बाघों की मौत

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघ की मौत:  कान्हा टाईगर रिजर्व से हुआ था शिफ्ट : सागर में दो माह में दो बाघों की मौत


तीनबत्ती न्यूज : 16 फरवरी ,2026

सागर:  टाइगर स्टेट मध्यप्रदेश में बाघ और चीतों की मौत का सिलसिला जारी है। सागर जिले में वीरांगना दुर्गावती टाइगर  रिजर्व के कोर क्षेत्र में एक करीब 35 माह के बाघ का शव मिला है। बाघ की मौत से हड़कंप मचा है। इसको कान्हा टाईगर रिजर्व से पिछले महीने जनवरी में शिफ्ट किया गया था। पिछले साल दिसंबर में सागर के दक्षिण वन मंडल रेंज में एक बाघ का शव मिला था । दो महीनों में दो बाघों के शव मिलने से कई सवाल व्यवस्थाओं और सुरक्षा को लेकर खड़े हो रहे है ?

यह भी पढ़ेंऐरण और उदयपुर को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग : केंद्रीय मंत्री से मिलीं सांसद डॉ. लता वानखेड़े


टाइगर रिजर्व में मिला बाघ का शव

वीरांगना रानी दुर्गावती टाइगर रिजर्व में एक महीने पहले लाए गए करीब 35 माह उम्र के बाघ की मौत हो गई। रविवार को मोहली क्षेत्र के  मानेगांव बीट के के कक्ष क्रमांक 159 में उसका शव मिला। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। अंधेरा होने के कारण विस्तृत सर्चिग नहीं हो सकी, जिसके बाद सोमवार सुबह डॉग स्क्वॉड के साथ जांच तेज की गई। डॉक्टरों की पैनल पोस्टमार्टम कर रही है, जिससे मौत का कारण स्पष्ट होगा। शुरुआती तौर पर टेरिटरी फाइट की आशंका जताई जा रही है। इस बाघ को मध्य प्रदेश के प्रसिद्ध कान्हा टाइगर रिजर्व से  वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में बाघों का कुनबा बढ़ाने के लिए लाया गया था। वनमंडल अधिकारी के मुताबिक बाघ को 18-19 जनवरी 2026 को रेडियो कॉलर लगाकर रिजर्व के कोर वन क्षेत्र में मुक्त किया गया था। तब से ही मॉनिटरिंग दल उसकी लगातार मॉनिटरिंग कर रहे थे।

यह भी पढ़ेंHoroscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 16 फरवरी से 22 फरवरी 2026 तक ▪️पंडित अनिल पाण्डेय

वनाधिकारी के अनुसार विगत दो दिवसों से बाघ की लोकेशन एक जगह ही आ रही थी। मॉनिटरिंग दल ने नजदीक जाकर देखा तो उन्हें बाघ मृत अवस्था में मिला। अंधेरा हो जाने के कारण डॉग स्क्वायड से सर्च, अन्य अन्वेषण एवं राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण ( NTCA )के प्रोटोकॉल अनुरूप पोस्टमार्टम किया जाएगा।

रेडियो कॉलर से मिली जानकारी

वनमंडल अधिकारी ने बताया कि रेडियो कॉलर से मिली जानकारी के अनुसार, बाघ की मौत की वजह का पता लगाया जा रहा है। उन्होंने बताया कि बाघ की मौत की खबर मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पहुंच गए हैं और जांच शुरू कर दी है।

यह भी पढ़ें: सांसों के लिए दो माह के अयांश का जीवन संघर्ष: पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह की पहल से मुंबई में होगा मासूम के हार्ट का आपरेशन

पीएम के बाद अंतिम संस्कार हुआ

डॉग स्क्वॉड के ‌द्वारा मृत बाघ के आसपास के क्षेत्र में सघन सर्च की गई साथ ही उक्त मृत बाघ के शव के करीब के जल स्रोत एवं आसपास के अन्य जल स्रोतों का भी लिटमस पेपर द्वारा पीएच वैल्यू आदि की जांच भी की गई। दोनों ही जांच में कोई परिणाम नहीं मिले इसके उपरांत राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रोटोकॉल अनुरूप पन्ना टाइगर रिजर्व के वरिष्ठ वन्य प्राणी चिकित्सक डॉक्टर संजीव गुप्ता एवं रहली में पदस्थ स्थानीय पशु चिकित्सक श्री नीरज ठाकुर के द्वारा एवं राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के प्रतिनिधि डॉक्टर प्रशांत देशमुख एवं वन संरक्षक सागर श्री रिपुदमन सिंह भदोरिया के समक्ष शव का पोस्टमार्टम किया गया। बाघ की खोपड़ी बुरी तरह से छतिग्रस्त थी एवं ह‌ड्डियां टूटी हुई थी। 


तथा उन पर केनाईल के गहरे निशान भी थे। राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण के विशेषज्ञ डॉक्टर प्रशांत देशमुख एवं वरिष्ठ वन्य प्राणी चिकित्सक संजीव गुप्ता का अभीमत है, कि बाधों की लड़ाई में उक्त बाघ को अन्य बाघ ‌द्वारा मार डाला गया है। पोस्टमार्टम के पश्चात विशेषज्ञों एवं अधिकारियों की उपस्थिति में उक्त बाघ के शव को शवदाह किया गया।


    



सागर जिले में दो महीने पहले भी मिला था नर बाघ का शव

बाघों की मौत का सिलसिला  जारी है। इसी रानी दुर्गावती टाईगर रिजर्व से दो किलो मीटर दूर सागर के दक्षिण वन मंडल के अंतर्गत आने वाले ढाना परिक्षेत्र के ग्राम हिलगन के जंगल में रविवार 28 दिसंबर 2025 को एक नर बाघ मृत अवस्था में मिला था. जिसकी करंट लगने से मौत बताई गई थी। इसकी जांच के लिए वायल्ड लाइफ़ जबलपुर और पन्ना टाईगर रिजर्व का जांचदल आया था। दो महीने में बाघों के शव मिलने से वन विभाग और टाईगर रिजर्व में हड़कंप मचा है।



Share:

ऐरण और उदयपुर को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग : केंद्रीय मंत्री से मिलीं सांसद डॉ. लता वानखेड़े

ऐरण और उदयपुर को पर्यटन क्षेत्र घोषित करने की मांग : केंद्रीय मंत्री से मिलीं सांसद डॉ. लता वानखेड़े

तीनबत्ती न्यूज :  16 फरवरी 2026

सागर: पिछले दिनों सागर सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत से मुलाकात कर उन्हें सागर लोकसभा क्षेत्र के ऐतिहासिक और पुरातात्विक महत्व के स्थलों के विकास का आग्रह करते हुए बताया कि बीना विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ऐतिहासिक स्थल ऐरण तथा विदिशा जिले की कुरवाई विधानसभा के अंतर्गत ग्राम उदयपुर में स्थित प्राचीन शिव मंदिर को विशेष रूप से पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने का निवेदन किया।

सांसद ने बताया कि ऐरण गुप्तकालीन स्थापत्य कला के लिए देशभर में प्रसिद्ध है। यहां के स्तंभ, शिलालेख और प्राचीन अवशेष भारतीय इतिहास की समृद्ध विरासत को दर्शाते हैं, वहीं कुरवाई विधानसभा का ग्राम उदयपुर में बने 11वीं सदी का परमार कालीन शिव मंदिर अपनी भव्य वास्तुकला और धार्मिक आस्था के कारण हजारों श्रद्धालुओं और पर्यटकों को आकर्षित करता है।

उन्होंने मंत्री  को अवगत कराया कि इन स्थलों पर पर्यटक स्थलों की भांति  सुविधाऐ क्षेत्र में विकसित की जाए ताकि पर्यटन को नई गति मिले, और स्थानीय रोजगार के अवसर बढ़ें । केंद्रीय मंत्री ने सांसद के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।



Share:

www.Teenbattinews.com

Archive