Editor: Vinod Arya | 94244 37885

संत नामदेव जयंती पर सरकारी छुट्टी की मांग, नामदेव समाज ने विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन

संत नामदेव जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग, विधायक शैलेंद्र जैन को सौंपा ज्ञापन


तीनबत्ती न्यूज: 17 अक्टूबर, 2026

सागर। संत नामदेव जी महाराज की जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग को लेकर अखिल भारतीय नामदेव समाज संगठन के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन विधायक शैलेंद्र कुमार जैन को सौंपा। समाज के प्रतिनिधियों ने विधायक से आग्रह किया कि वे इस मांग को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उचित पहल करें।

---------

क्लिक करे

सागर के इतवारा बाजार में ना सरस्वती के मंदिर में विराजी माँ दुर्गा: दर्शनों को उमड़े श्रद्धालु


प्रतिनिधिमंडल ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज ने अपने जीवन, वाणी और उपदेशों के माध्यम से प्रेम, सद्भाव, मानवता, सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का संदेश दिया। उनके विचार भारतीय संत परंपरा की अमूल्य धरोहर हैं और आज भी समाज को एकता, भाईचारे तथा सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं।

_____

फेसबुक पर देखने क्लिक करे

संत नामदेव जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित करने की मांग,

समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि संत नामदेव जी महाराज के आध्यात्मिक, सामाजिक और सांस्कृतिक योगदान को जन-जन तक पहुंचाने तथा नई पीढ़ी को उनकी शिक्षाओं से परिचित कराने के लिए उनकी जयंती पर शासकीय अवकाश घोषित किया जाना चाहिए। इससे संत नामदेव जी के विचारों और आदर्शों को सम्मान मिलेगा तथा उनके संदेशों के प्रचार-प्रसार को प्रोत्साहन मिलेगा।

ज्ञापन के माध्यम से समाज ने प्रदेश सरकार से मांग पर सकारात्मक निर्णय लेने की अपेक्षा जताई। साथ ही विधायक शैलेंद्र कुमार जैन से इस विषय को मुख्यमंत्री के समक्ष रखने और आवश्यक पहल करने का अनुरोध किया।

ये रहे उपस्थित

ज्ञापन सौंपने वालों में राहुल नामदेव, इंजीनियर राजकुमार नामदेव, रामेश्वर नामदेव, रामगोपाल नामदेव, हरिनारायण नामदेव, बिहारी नामदेव, तिलक नामदेव, पप्पू नामदेव, संतोष नामदेव, महेश नामदेव, रिंकू नामदेव, विपिन नामदेव, इंजीनियर अंकित नामदेव, प्रतीक नामदेव, अमित नामदेव, आकाश नामदेव सहित राजनगरिया समाज के वरिष्ठजन उपस्थित रहे।

Share:

देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्थायी वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश किया

देवरी पुलिस की बड़ी कार्रवाई: स्थायी वारंटी गिरफ्तार, न्यायालय में पेश किया

तीनबत्ती न्यूज:17 अक्टूबर, 2026

सागर: सागर जिले में फरार आरोपियों और स्थायी वारंटियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत देवरी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने लंबे समय से फरार चल रहे एक स्थायी वारंटी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार थाना देवरी में पदस्थ प्रधान आरक्षक महेन्द्र अपनी टीम के साथ कस्बे में भ्रमण पर थे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक स्थायी वारंटी देवरी के कुसुम बिहार कॉलोनी, बायपास रोड क्षेत्र में देखा गया है। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया।

पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम अतुल पटेल पिता महेन्द्र पटेल, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम लिंगा पिपरिया, जिला नरसिंहपुर, हाल कुसुम बिहार कॉलोनी देवरी बताया।


जांच में पता चला कि आरोपी के विरुद्ध न्यायालय श्री दीपू शाक्य, न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी, देवरी द्वारा प्रकरण क्रमांक RCT/426/21 में स्थायी गिरफ्तारी वारंट जारी किया गया था। नियमानुसार उसकी गिरफ्तारी कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।तलाशी के दौरान मिली अवैध सामग्री के संबंध में पुलिस द्वारा नियमानुसार पृथक से वैधानिक कार्रवाई भी की गई है।


Share:

ढाई सौ साल पहले गुजरात से आए पूर्वज, सागर में आज भी गूंजते हैं उन्हीं के पारंपरिक गरबे • चकराघाट के मल्ली माता मंदिर में पीढ़ियों से दो ताली और तीन ताली के गरबों से हो रही देवी आराधना

ढाई सौ साल पहले गुजरात से आए पूर्वज, सागर में आज भी गूंजते हैं उन्हीं के पारंपरिक गरबे

• चकराघाट के मल्ली माता मंदिर में पीढ़ियों से दो ताली और तीन ताली के गरबों से हो रही देवी आराधना, आधुनिकता के बीच खेड़ावाल समाज ने सहेजी अपनी सांस्कृतिक पहचान


तीनबत्ती न्यूज:17 अक्टूबर, 2026

सागर: बदलते समय के साथ गरबा आयोजनों का स्वरूप भले ही आधुनिक संगीत, रोशनी और मनोरंजन के रंग में ढल गया हो, लेकिन सागर के चकराघाट स्थित श्री मल्ली माता मंदिर में नवरात्रि के दौरान आज भी गरबे का एक ऐसा पारंपरिक स्वरूप दिखाई देता है, जिसमें उत्सव से अधिक भक्ति और प्रदर्शन से अधिक आराधना का भाव है।

यहां गुजराती मूल के खेड़ावाल ब्राह्मण परिवारों के सदस्य अपनी आराध्य देवी की स्तुति में पारंपरिक गरबे गाते हैं और हथेलियों की दो ताली तथा तीन ताली की लय पर गरबा करते हैं। न तेज संगीत, न आधुनिक वाद्ययंत्र और न ही तड़क-भड़क—सिर्फ सामूहिक स्वर, तालियों की लय और माता की आराधना।


मंदिर के आसपास से गुजरने वाले लोग भी इस अनूठी परंपरा को देखकर कुछ क्षण ठहर जाते हैं। यहां गरबा केवल नृत्य नहीं, बल्कि पीढ़ियों से चली आ रही धार्मिक आस्था, पारिवारिक संस्कार और सांस्कृतिक विरासत की जीवंत अभिव्यक्ति है।

छत्रसाल के समय से जुड़ी है बुंदेलखंड में खेड़ावाल समाज की विरासत

खेड़ावाल गुजराती ब्राह्मण समाज की स्थानीय पारिवारिक परंपराओं के अनुसार बुंदेलखंड में इन परिवारों के आगमन का इतिहास महाराजा छत्रसाल के शासनकाल से जुड़ा है।

परिवारों की मान्यता के अनुसार सन 1737 के आसपास गुजरात से कुछ खेड़ावाल ब्राह्मण परिवार पन्ना आए। लगभग दो दशक बाद, सन 1759 के आसपास सागर के मराठा शासक गोविन्द पंत के बुलावे पर ये परिवार सागर आए और यहां नगर के विकास एवं निर्माण कार्यों से जुड़े।

इसी कालखंड में कुछ परिवार हटा, दमोह सहित बुंदेलखंड के अन्य नगरों में भी बसे। समय के साथ इन परिवारों की अगली पीढ़ियां मध्यप्रदेश के दूसरे शहरों, देश के महानगरों और विदेशों तक पहुंचीं।

भट्ट, त्रिवेदी, मेहता, धगट, पंड्या, दवे, डनायक, व्यास, सेलट और ध्यानी आदि कुलनामों से पहचाने जाने वाले इन परिवारों के बीच भौगोलिक दूरियां भले बढ़ीं, लेकिन गुजराती जड़ों, कुल परंपराओं, धार्मिक मान्यताओं और सांस्कृतिक विरासत से जुड़ाव बना रहा।


सागर का श्री मल्ली माता मंदिर इसी सांस्कृतिक निरंतरता का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। स्थानीय परंपरा के अनुसार यहां एक शताब्दी से भी अधिक समय से खेड़ावाल परिवार पारंपरिक शैली में गरबा करते आ रहे हैं।

आधुनिक दौर में भी सुरक्षित है गरबे का मूल स्वरूप

गुजरात सहित देश और दुनिया में गरबा आज एक बड़े सांस्कृतिक उत्सव का रूप ले चुका है। आधुनिक संगीत, आकर्षक परिधान, विशाल आयोजन और मनोरंजन के नए आयाम गरबे से जुड़ गए हैं।

इसके विपरीत सागर के खेड़ावाल परिवारों के गरबे में आज भी देवी स्तुति और सामूहिक आराधना की पारंपरिक लोकशैली प्रमुख है।

इन गरबों की खासियत सहज लय, सामूहिक गायन और हाथों की दो अथवा तीन तालियों से बनने वाली ताल है। यहां नृत्य कौशल दिखाने से ज्यादा महत्व माता की भक्ति और आराधना का है।


सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि परिवारों की नई पीढ़ियां भी अपने बुजुर्गों के साथ इन आयोजनों में शामिल होती हैं। वे पारंपरिक गीतों, उनकी धुनों और आराधना की विधियों को सीखती हैं। इस तरह यह परंपरा केवल स्मृतियों में नहीं, बल्कि आज भी व्यवहार में जीवित है।


लोकगीतों में समाई है देवी के प्रति गहरी आस्था

खेड़ावाल समाज में गाए जाने वाले पारंपरिक गुजराती गरबों में देवी के प्रति श्रद्धा, समर्पण और आत्मीयता के भाव दिखाई देते हैं।

परंपरागत रूप से गणेश वंदना से गरबों की शुरुआत होती है—

'गुरु गणपति ने प्रथमे पाएं लागूं रे, चंडी मां...'

इसके बाद देवी की स्तुति में अलग-अलग पारंपरिक गरबे गाए जाते हैं।

'मां तमारा छे हजार नाम, कया नामे लखिए कंकोत्री।'

अर्थात—हे मां! आपके तो हजारों नाम हैं, आपको किस नाम से निमंत्रण लिखूं?


इन पंक्तियों में भक्त और देवी के बीच के आत्मीय संबंध की सुंदर अभिव्यक्ति दिखाई देती है। देवी यहां किसी दूरस्थ शक्ति के रूप में नहीं, बल्कि परिवार की आराध्य और स्नेहमयी माता के रूप में उपस्थित हैं।


इसी तरह—

'आज मां नो गरबो घूमतो जाय...'

माता की आराधना में आनंदपूर्वक घूमते गरबे और भक्तों के बीच देवी की दिव्य उपस्थिति का भाव व्यक्त करता है।

'मां तारो गरबो झाकमझोल...'

में माता के गरबे की जगमगाती ज्योति और उससे उत्पन्न आध्यात्मिक आनंद का वर्णन मिलता है।

वहीं—

'तू तो काली ने कल्याणी मां...'


में देवी के दो स्वरूपों की आराधना है। एक ओर वे दुष्ट शक्तियों का संहार करने वाली महाकाली हैं तो दूसरी ओर भक्तों का कल्याण और संरक्षण करने वाली करुणामयी माता।

'पंखीडा तू ऊडीने जाजे पावागढ़ रे...'


जैसे लोकगीत में भक्त एक पक्षी से अपनी प्रार्थना और श्रद्धा पावागढ़ की महाकाली माता तक पहुंचाने का 8भावपूर्ण आग्रह करता है।इन गीतों की विशेषता यह है कि लोकजीवन की सहज भाषा में गहरे आध्यात्मिक भाव व्यक्त किए गए हैं।


गुजराती गरबा साहित्य को 17वीं से 19वीं शताब्दी के अनेक भक्त कवियों ने समृद्ध किया। इनमें देवीभक्त कवि वल्लभ भट्ट, जिन्हें वल्लभ मेवाड़ा के नाम से भी जाना जाता है, का विशेष उल्लेख मिलता है। उनकी रचनाओं में देवी की महिमा और शक्ति की उपासना का प्रभावशाली वर्णन मिलता है।

गरबा : नृत्य से अधिक मातृशक्ति की उपासना

गरबा शब्द का संबंध संस्कृत के 'गर्भ' शब्द से माना जाता है, जो जीवन की उत्पत्ति और सृजन का प्रतीक है।

गुजराती परंपरा में 'गरबो' उस मिट्टी के पात्र को भी कहा जाता है, जिसमें दीपक प्रज्वलित किया जाता है। यह दीपक देवी की शक्ति और जीवन-ज्योति का प्रतीक माना जाता है। इस दीप के चारों ओर गोलाकार घूमकर गरबा करना जीवन के निरंतर गतिशील चक्र की प्रतीकात्मक अभिव्यक्ति माना जाता है। केंद्र में स्थित ज्योति आद्यशक्ति और दिव्य चेतना का प्रतिनिधित्व करती है।

इस दृष्टि से पारंपरिक गरबा केवल सामूहिक नृत्य नहीं, बल्कि जीवन, सृजन और जगदंबा की शक्ति के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करने का आध्यात्मिक माध्यम भी है।

विश्व सांस्कृतिक विरासत में गरबा को मिला सम्मान

गुजरात की इस लोकपरंपरा को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी महत्वपूर्ण मान्यता मिली है। वर्ष 2023 में यूनेस्को ने गुजरात के गरबा को मानवता की अमूर्त सांस्कृतिक विरासत की प्रतिनिधि सूची में शामिल किया।

यह सम्मान गरबा की धार्मिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक महत्ता को रेखांकित करता है।

ऐसे में सागर के श्री मल्ली माता मंदिर में खेड़ावाल समाज द्वारा निभाई जा रही पारंपरिक गरबा आराधना इस विरासत के स्थानीय संरक्षण का उल्लेखनीय उदाहरण दिखाई देती है।

पीढ़ियों को अपनी जड़ों से जोड़ रही है परंपरा

सागर में बसे गुजराती मूल के खेड़ावाल परिवारों के लिए शारदीय नवरात्रि का यह आयोजन केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनी ऐतिहासिक और सांस्कृतिक पहचान से जुड़े रहने का अवसर भी है।

बुजुर्गों से सीखे गए गरबे अगली पीढ़ियों तक पहुंच रहे हैं। इनके साथ गुजराती भाषा के पुराने शब्द, लोकधुनें, पारिवारिक संस्कार और देवी आराधना की विशिष्ट परंपराएं भी सुरक्षित बनी हुई हैं।

आधुनिकता के बीच अपनी मौलिकता को बनाए रखने की यह साधना सागर की सांस्कृतिक विविधता को और समृद्ध करती है।

चकराघाट के मल्ली माता मंदिर में तालियों की सहज लय और सामूहिक स्वरों में गूंजती माता की स्तुति मानो यही संदेश देती है—सांस्कृतिक विरासत केवल इतिहास के पन्नों में नहीं होबती, वह उन पीढ़ियों में जीवित रहती है जो उसे श्रद्धा से जीती हैं।

Share:

खुरई में कलेक्टर प्रतिभा पाल का आकस्मिक निरीक्षण, अस्पताल और कन्या स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा

खुरई में कलेक्टर प्रतिभा पाल का आकस्मिक निरीक्षण, अस्पताल और कन्या स्कूल की व्यवस्थाओं का लिया जायजा


तीनबत्ती न्यूज:16 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को खुरई में सिविल अस्पताल और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने स्वास्थ्य एवं शिक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सिविल अस्पताल में स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का लिया जायजा

कलेक्टर ने सिविल अस्पताल खुरई में ओपीडी, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम, किडनी केयर डायलिसिस यूनिट और मैटरनिटी विंग का निरीक्षण किया। उन्होंने सीएमएचओ डॉ. देवेश पटेरिया से अस्पताल भवन, स्टाफ की उपलब्धता और स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। इस दौरान एसडीएम खुरई श्री सतीश वर्मा सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी मौजूद रहे।


कलेक्टर ने ऑपरेशन थिएटर को फंक्शनल करने तथा सर्जिकल केसेस, विशेषकर सी-सेक्शन डिलीवरी के लिए बीना के स्त्री रोग विशेषज्ञ की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए।

उन्होंने भर्ती मरीजों और उनके परिजनों से चर्चा कर अस्पताल में मिल रहे उपचार, दवाओं की उपलब्धता और स्टाफ के व्यवहार के संबंध में फीडबैक लिया।

एएनसी कक्ष में कलेक्टर ने गर्भवती महिलाओं के पंजीयन रजिस्टर का अवलोकन किया। उन्होंने प्रथम एएनसी जांच के दौरान हीमोग्लोबिन, बीपी, वजन सहित अन्य आवश्यक जांचों एवं परामर्श की जानकारी चिकित्सक से ली। साथ ही आपातकालीन कक्ष की व्यवस्थाओं का भी निरीक्षण किया।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि चिकित्सकों की समय पर उपस्थिति सुनिश्चित हो तथा सभी वार्डों में स्वच्छता, आवश्यक दवाओं और उपकरणों की उपलब्धता बनी रहे। डायलिसिस यूनिट की सभी मशीनों को क्रियाशील रखने, एएनसी में शत-प्रतिशत पंजीयन एवं समय पर जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने आपातकालीन सेवाएं 24 घंटे सक्रिय रखने, बायो-मेडिकल वेस्ट का नियमानुसार निपटान तथा अस्पताल परिसर में स्वच्छ पेयजल एवं साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश भी दिए।


कन्या विद्यालय में छात्राओं से किया संवाद

इसके बाद कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खुरई का भी आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी श्री अरविंद जैन, एसडीएम खुरई श्री सतीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

कलेक्टर ने कक्षा 11वीं कला वर्ग में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया। उन्होंने सामाजिक विज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे और छात्राओं द्वारा पूछे गए सवालों के जवाब दिए। उन्होंने छात्राओं को किताब पढ़ने का सही तरीका भी समझाया तथा विषय शिक्षक से अध्ययन-अध्यापन कार्य की जानकारी ली।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि कक्षा 9वीं से 12वीं तक विज्ञान, भूगोल सहित अन्य विषयों की पढ़ाई इंटरएक्टिव पैनल के माध्यम से कराई जाए। इसके लिए समय-सारणी के अनुसार रोस्टर तैयार किया जाए, ताकि सभी छात्राओं को इंटरएक्टिव पैनल की सुविधा मिल सके। उन्होंने रोस्टर तैयार कर प्रतिवेदन प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।



कलेक्टर ने छात्राओं को मेहनत और लगन से पढ़ाई करने की सलाह देते हुए उनके भविष्य की कार्ययोजना के बारे में पूछा। छात्राओं ने पुलिस, डॉक्टर, आईएएस, आईपीएस सहित विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने की इच्छा व्यक्त की।

स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं पर भी जोर

कलेक्टर ने विद्यालय परिसर, कक्षा-कक्ष और शौचालयों में नियमित साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने छात्राओं के लिए स्वच्छ पेयजल, पानी की टंकी की नियमित सफाई तथा बालिका शौचालयों में पानी और आवश्यक स्वच्छता सामग्री की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने विद्यालय परिसर में बेहतर सफाई एवं कचरा प्रबंधन व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिए।

Share:

Sagar News: आंगनबाड़ी केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण: कम बच्चे मिलने पर जताई नाराजगी

Sagar News: आंगनबाड़ी केंद्र का कलेक्टर ने किया निरीक्षण: कम बच्चे मिलने पर जताई नाराजगी

• कम वजन वाले बच्चों का फॉलोअप कर एनआरसी में भर्ती कराएं : कलेक्टर प्रतिभा पाल



तीनबत्ती न्यूज :16 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने परियोजना खुरई के सेक्टर शहरी क्रमांक-2 अंतर्गत डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड स्थित आंगनबाड़ी केंद्र का आकस्मिक निरीक्षण किया। इस दौरान एसडीएम खुरई श्री सतीश वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र के खुलने और बंद होने के समय की जानकारी ली। उन्होंने केंद्र में दर्ज बच्चों की संख्या और उनकी उपस्थिति की जानकारी कार्यकर्ता से ली। बच्चों की कम उपस्थिति मिलने पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई और बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने बच्चों का वजन कराया और वजन संबंधी रिकॉर्ड का अवलोकन किया। उन्होंने पोषण ट्रैकर पर दर्ज वजन की रीडिंग भी देखी तथा एसएएम/एमएएम श्रेणी के बच्चों की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि कम वजन वाले एवं कुपोषित बच्चों की पहचान कर उनका नियमित फॉलोअप किया जाए और आवश्यकता अनुसार उन्हें एनआरसी में भर्ती कराया जाए।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपस्थित बच्चों से बातचीत की और उनसे कविता भी सुनी। उन्होंने कार्यकर्ता से केंद्र में संचालित गतिविधियों और बच्चों की पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली।

पोषण आहार की गुणवत्ता जांची

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र पर बच्चों को वितरित किए जाने वाले ताजा पके भोजन और टीएचआर की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने केंद्र पर मौजूद महिलाओं से भी संवाद किया और उन्हें मिलने वाली पोषण सामग्री के संबंध में जानकारी ली।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता को निर्देश दिए कि सभी बच्चों के आधार पोर्टल पर अपडेट कराए जाएं, ताकि कोई भी बच्चा पोषण वितरण की सुविधा से वंचित न रहे।

उन्होंने जिला परियोजना अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री भरत सिंह राजपूत को टीएचआर वितरण व्यवस्था को और अधिक सटीक एवं बेहतर बनाने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने आंगनबाड़ी केंद्र परिसर में पोषण वाटिका विकसित करने तथा मुनगा के पौधे लगाने के भी निर्देश दिए।


Share:

Sagar News : अवैध रूप से भंडारित 7.81 लाख रुपए के 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त

Sagar News : अवैध रूप से भंडारित 7.81 लाख रुपए के 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर जब्त



तीनबत्ती न्यूज: 15 अक्टूबर, 2026

बीना। खाद्य एवं आपूर्ति विभाग ने बीना में अवैध रूप से भंडारित कमर्शियल गैस सिलेंडरों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 150 सिलेंडर जब्त किए हैं। जब्त सिलेंडरों की कुल कीमत 7 लाख 81 हजार 500 रुपए बताई गई है।

सहायक आपूर्ति अधिकारी राजेश पटेल ने 15 अक्टूबर 2026 को कृषि उपज मंडी बीना के समीप साहनी पेट्रोल पंप के सामने स्थित धर्मेंद्र अग्रवाल के गोदाम/मकान पर कार्रवाई की। यहां से बीपीसीएल कंपनी के 150 कमर्शियल गैस सिलेंडर बरामद किए गए। इनमें 19 किलोग्राम और 5 किलोग्राम क्षमता वाले सिलेंडर शामिल हैं।



जांच में सामने आया कि उक्त सिलेंडर सर्वश्रेष्ठ गैस एजेंसी, सागर से मेसर्स अग्रवाल ट्रेडर्स द्वारा मंगाए गए थे। इन सिलेंडरों को बीना रिफाइनरी में वितरित किया जाना बताया जा रहा था।

विभाग द्वारा मामले में द्रवीकृत पेट्रोलियम गैस (प्रदाय एवं वितरण विनियमन) आदेश, 2000 के तहत प्रकरण निर्मित किया गया है। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Share:

शाहगढ़ में वन विभाग की टीम पर हमला, तीन आरोपी गिरफ्तार; ट्रैक्टर जब्त

वन विभाग की टीम पर हमला करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार, जेल भेजे गए

• वन भूमि पर ट्रैक्टर चलाकर कब्जे का प्रयास रोकने पर किया था हमला, घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर जब्त



तीनबत्ती न्यूज:15 अक्टूबर 2026

सागर। वन भूमि पर अवैध रूप से ट्रैक्टर चलाकर कब्जा करने से रोकने पर वन विभाग की टीम के साथ मारपीट और शासकीय कार्य में बाधा डालने के मामले में शाहगढ़ पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर भी जब्त किया है। तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार, 12 अक्टूबर 2026 को वनरक्षक नारायण सिंह ने थाना शाहगढ़ में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट में बताया गया कि ग्राम निवाही स्थित बीट बट्टवाहा के कक्ष क्रमांक आरएफ-477, छोटा बंधा के पास कुछ लोग ट्रैक्टर चलाकर वन भूमि पर कब्जा करने का प्रयास कर रहे थे।

सूचना मिलने पर डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी वन विभाग के अन्य कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। वन भूमि पर ट्रैक्टर से जुताई करने से रोकने पर आरोपियों ने कथित तौर पर वन विभाग की टीम के साथ मारपीट की। इस घटना में डिप्टी रेंजर शैलेन्द्र तिवारी और वनरक्षक नारायण सिंह को चोटें आईं।

वनरक्षक की रिपोर्ट पर थाना शाहगढ़ में अपराध क्रमांक 315/26 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धारा 296(बी), 115(2), 118(1), 132, 151(1) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

मुखबिर की सूचना पर तीनों गिरफ्तार

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन में शाहगढ़ पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई शुरू की। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेन्द्र सोलंकी के निर्देशन तथा एसडीओपी बंडा रोहित लखारे के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर 15 अक्टूबर को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हरिराम यादव पिता जनक यादव, अमित यादव पिता हरिराम यादव और हरेन्द्र यादव पिता हरिराम यादव, सभी निवासी ग्राम निवाही, थाना शाहगढ़, जिला सागर के रूप में हुई है।

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त ट्रैक्टर को भी जब्त कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।

इन पुलिसकर्मियों की रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी शाहगढ़ उप निरीक्षक संदीप खरे, उप निरीक्षक गणपत सिंह, सहायक उप निरीक्षक राजेश खरे, प्रधान आरक्षक अमित, जानकी, जय, हरिराम एवं संतोष राय तथा आरक्षक दिनेश, लखन, रवि, आर्यन और सुनील की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

सागर जिले में अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, 12 अवैध कॉलोनाइजरों को नोटिस

सागर जिले में अवैध प्लॉटिंग करने वालों पर कलेक्टर की बड़ी कार्रवाई, 12 अवैध कॉलोनाइजरों को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज :15 अक्टूबर 2026

सागर । बिना सक्षम अनुमति के अवैध रूप से प्लॉटिंग कर कॉलोनी विकसित करने वालों के खिलाफ सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने सख्त कार्रवाई की है। कलेक्टर न्यायालय से पारित आदेशों के तहत जिले के 12 अवैध कॉलोनाइजरों को नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर अवैध कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और निर्माण हटाने के निर्देश दिए गए हैं।

निर्धारित समय सीमा में आदेश का पालन नहीं करने पर संबंधित अवैध निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही संबंधित भूमि के खसरे के कॉलम नंबर 12 में ‘अहस्तांतरणीय’ दर्ज किया जाएगा और संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बीना, रहली और राहतगढ़ में कार्रवाई

कलेक्टर न्यायालय की कार्रवाई में बीना तहसील के मौजा इटावा, रहली तहसील के ग्राम बमूराजैसिंह एवं रहलीखास तथा राहतगढ़ तहसील के मौजा मढ़ा की जमीनें शामिल हैं।

1. पटवारी हल्का नंबर 51, मौजा इटावा स्थित खसरा नंबर 512/1/9/2/1, रकबा 0.6360 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक जितेन्द्र कुमार पिता राजेन्द्र कुमार समैया, निवासी जवाहर वार्ड, बीना, तहसील बीना, जिला सागर 

2. पटवारी हल्का नंबर 51, मौजा इटावा स्थित खसरा नंबर 312/2/2, रकबा 0.20 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक रज्जन पिता मोतीलाल प्रजापति, निवासी कानूनगो वार्ड, बीना, तहसील बीना, जिला सागर 


3. पटवारी हल्का नंबर 51, मौजा इटावा स्थित खसरा नंबर 213/1/1/1/1/1/1/1/1/1/1, रकबा 0.46 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक सतीश पिता मुन्नालाल साहू, निवासी कटरा वार्ड, बीना, तहसील बीना, जिला सागर 


4. पटवारी हल्का नंबर 51, मौजा इटावा स्थित खसरा नंबर 514/3/1/1/1, रकबा 0.78 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक प्रीति पिता देवेन्द्र ठाकुर, निवासी कानूनगो वार्ड, बीना, तहसील बीना, जिला सागर 


5. पटवारी हल्का नंबर 51, मौजा इटावा स्थित खसरा नंबर 441/2/1/1/1/1/1/1/1/1/1/1/1, रकबा 0.92 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक राजेन्द्र सिंह पिता किशोर सिंह राजपूत, निवासी चन्द्रशेखर वार्ड, बीना, तहसील बीना, जिला सागर 


6. पटवारी हल्का नंबर 21, ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 9/2/2/1/1/1, रकबा 0.2310 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक भरतसिंह पिता कोमलसिंह, निवासी ग्राम सेमरामाधों, तहसील रहली, जिला सागर


7. पटवारी हल्का नंबर 21, ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 4/2/2/2/1/1/1, रकबा 0.4814 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक राकेश पिता हरिनारयण दुबे, निवासी वार्ड नंबर 09, रहली, तहसील रहली, जिला सागर


8. पटवारी हल्का नंबर 21, ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 23/2/2/2, रकबा 0.30 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक गौरवसिंह एवं कृष्णकुमार पिता किशोर सिंह ठाकुर, दोनों निवासी वार्ड नंबर 01, रहली, तहसील रहली, जिला सागर 


9. पटवारी हल्का नंबर 20, ग्राम रहलीखास, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 252/81/1/1/1, रकबा 0.408 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक महादेव पिता श्यामलाल साहू, निवासी वार्ड नंबर 04, रहली, तहसील रहली, जिला सागर 


10. पटवारी हल्का नंबर 21, ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 22/1/1/3/1/1/1/1/1/1/1, रकबा 0.1156 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक शैलेन्द्रसिंह पिता देवीसिंह ठाकुर, निवासी वार्ड नंबर 08, रहली, तहसील रहली, जिला सागर 


11. पटवारी हल्का नंबर 26, मौजा मढ़ा स्थित खसरा नंबर 8/6/1 एवं 8/6/2/2, रकबा क्रमशः 1.0115 हेक्टेयर एवं 0.6115 हेक्टेयर, कुल रकबा 1.6230 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक मोहम्मद इदरीश पिता अब्दुल हफीज एवं मोहम्मद इमदाद पिता अब्दुल हफीज, निवासी वार्ड क्रमांक 2, राहतगढ़, तहसील राहतगढ़, जिला सागर 


12. पटवारी हल्का नंबर 21, ग्राम बमूराजैसिंह, तहसील रहली स्थित खसरा नंबर 13/1/1/1/1/1/1, रकबा 2.76 हेक्टेयर भूमि पर अनावेदक महेशकुमार पिता अमृतलाल साहू, निवासी वार्ड नंबर 08, रहली, तहसील रहली, जिला सागर

जमीन की खरीद-बिक्री पर भी रोक

मध्यप्रदेश नगर पालिका (कॉलोनी विकास) नियम, 2021 के तहत संबंधित अनुविभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि संबंधित भूमि के क्रय-विक्रय पर रोक लगाने के लिए उप-पंजीयक कार्यालय को सूची भेजी जाए। निर्धारित 15 दिवस की समय-सीमा में अनाधिकृत कॉलोनी के सभी चिन्हांकन और निर्माण नहीं हटाए जाने पर नियमानुसार निर्माण हटाने की कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित खसरे के कॉलम नंबर 12 में ‘अहस्तांतरणीय’ दर्ज करने तथा संबंधित थाने में प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

कलेक्टर की इस कार्रवाई से अवैध रूप से प्लॉटिंग और कॉलोनी विकसित करने वालों में हड़कंप की स्थिति है।

Share:

सागर में भक्ति का महासागर, माता हरसिद्धि को चढ़ाई 1100 मीटर लंबी चुनरी, जयकारों से गूंजा शहर

सागर में भक्ति का महासागर, माता हरसिद्धि को चढ़ाई 1100 मीटर लंबी चुनरी, जयकारों से गूंजा शहर

• महिलाएं हाथों में चुनरी थामे पूरे रास्ते माता के जयकारे लगाती रहीं


तीनबत्ती न्यूज: 15 अक्टूबर, 2026

सागर। शारदीय नवरात्रि की पंचमी तिथी पर सागर में मां हरसिद्धि की आराधना के लिए भव्य चुनरी यात्रा निकाली गई। मां हरसिद्धि सेवा समिति, राजीव नगर वार्ड के आयोजन में 1100 मीटर लंबी चुनरी यात्रा ने शहर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए प्रसिद्ध बाघराज माता मंदिर तक का सफर तय किया। मंदिर पहुंचकर माता हरसिद्धि देवी को चुनरी अर्पित की गई।

चुनरी यात्रा के आयोजन विनोद प्रजापति ने बताया कि, यात्रा की शुरुआत राजीव नगर वार्ड स्थित हरसिद्धि माता मंदिर से हुई। इसके बाद यात्रा मोतीनगर चौराहा पहुंची और फिर चमेली चौक, रामबाग मंदिर, बड़ा बाजार, सराफा बाजार, इतवारा बाजार, केशवगंज, काकागंज, पंतनगर और संजय ड्राइव होते हुए बाघराज माता मंदिर पहुंची। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं का उत्साह देखते ही बना।


हाथों में चुनरी, जुबां पर माता के जयकारे

चुनरी यात्रा में महिलाएं और श्रद्धालु 1100 मीटर लंबी चुनरी को हाथों में थामकर आगे बढ़ते रहे। रास्तेभर माता के भजन और जयकारे गूंजते रहे। यात्रा में अखाड़े, आकर्षक झांकियां, डीजे, बैंड पार्टी, रमतूला और ढिल-ढिल घोड़ी सहित विभिन्न पारंपरिक प्रस्तुतियां आकर्षण का केंद्र रहीं। सैकड़ों श्रद्धालुओं की भागीदारी से पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।


जगह-जगह हुआ चुनरी यात्रा का स्वागत


यात्रा के दौरान शहर के विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों ने स्वागत किया। मोतीनगर चौराहे पर यशवंत करोसिया और काली कमेटी की ओर से स्वागत किया गया। मोतीनगर क्षेत्र में पम्मा कसाई और फिरदौस कुरैशी ने भी स्वागत किया। सराफा तिराहे पर अभिराज सिंह ठाकुर की ओर से स्वागत किया गया।

प्रसन्न मेडिकल, रूबी पटेल, कमल प्रजापति, भरत माते, मुन्ना लाल, काली कमेटी काकागंज, कैप्टन पटेल, महेश पटेल, श्रीगोपालन कॉलोनी, राधाकृष्ण गार्डन, गोलू रिछारिया और पवन ठाकुर हॉस्पिटल की ओर से भी चुनरी यात्रा का स्वागत किया गया।

जनप्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में लोग हुए शामिल

चुनरी यात्रा में विधायक शैलेंद्र जैन, अविराज सिंह ठाकुर, अशोक सिंह बामौरा, वैदिक वानखेड़े, अतुल नेमा, जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व विधायक सुनील जैन, प्रभुदयाल पटेल और पार्षद अनूप उर्मिल सहित अन्य लोग शामिल हुए।

आयोजन में मां हरसिद्धि सेवा समिति, राजीव नगर वार्ड की ओर से भगवती प्रसाद प्रजापति, संतोष प्रजापति, राजेश प्रजापति, विनोद प्रजापति, राजू पटेल लंबरदार, कैलाश प्रजापति, विट्टू प्रजापति, वेदांत, रोहित, अक्षत, दीपक, भूपेंद्र, राजकुमार प्रजापति, मोती प्रजापति, सचिन प्रजापति, रिंकू प्रजापति और मनोज पवार सहित अनेक श्रद्धालुओं ने सहभागिता की।

नवरात्र की पंचमी पर निकली इस भव्य चुनरी यात्रा ने सागर में आस्था, परंपरा और सामूहिक सहभागिता का विशेष दृश्य प्रस्तुत किया। बाघराज माता मंदिर में 1100 मीटर लंबी चुनरी अर्पित कर श्रद्धालुओं ने माता हरसिद्धि के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की।

Share:

भोपाल में दोहरे हत्याकांड के दोषी उपनिरीक्षक योगेश मरावी को दोहरा आजीवन कारावास

 भोपाल में दोहरे हत्याकांड के दोषी उपनिरीक्षक योगेश मरावी को दोहरा आजीवन कारावास

• पत्नी और साली की चाकू से हत्या के मामले में विशेष न्यायालय का फैसला, आर्म्स एक्ट में भी 3 साल का सश्रम कारावास



तीनबत्ती न्यूज: 15 अक्टूबर, 2026

भोपाल। पत्नी और साली की निर्मम हत्या के मामले में विशेष न्यायालय ने आरोपी उपनिरीक्षक योगेश कुमार मरावी को दोहरे आजीवन कारावास की सजा सुनाई है। 15 अक्टूबर 2026 को विशेष न्यायाधीश (ओएडब्ल्यू) श्रीमती सुचिता श्रीवास्तव की अदालत ने आरोपी को भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत दोनों हत्याओं के लिए अलग-अलग आजीवन कारावास और अर्थदंड से दंडित किया। इसके अलावा आर्म्स एक्ट के तहत तीन वर्ष के सश्रम कारावास की सजा भी सुनाई गई है। आरोपी मंडला जिले में पदस्थ था। 

शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती सुधाविजय सिंह भदौरिया ने प्रकरण में पैरवी की।

घर में घुसकर चाकू से किया था हमला

अभियोजन के अनुसार, घटना 3 दिसंबर 2024 की है। इस दिन फरियादिया आर्या मंडावी को उसकी मौसी के घर काम करने वाली महिला सेवती ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। उसने बताया कि सुबह करीब 10:30 बजे जब वह काम करने पहुंची और दरवाजा खटखटाया, तभी आरोपी योगेश मरावी चाकू लेकर घर में घुस गया। उसने महिला को अंदर आने से रोक दिया और दरवाजा बंद कर लिया।

कुछ देर बाद घर के अंदर से बचाओ-बचाओ की आवाजें सुनाई दीं। महिला ने पड़ोसियों के दरवाजे खटखटाए, लेकिन किसी ने दरवाजा नहीं खोला। बाद में आरोपी घर से बाहर निकला, दरवाजे पर ताला लगाया और वहां से चला गया।

सूचना मिलने पर आर्या मंडावी अपने परिजनों के साथ मौसी के घर पहुंची। दरवाजा खोलकर अंदर जाने पर मेघा उईके और विनीता के शव कमरे के फर्श पर पड़े मिले। दोनों के पेट और शरीर के अन्य हिस्सों पर चाकू से हमले के गंभीर निशान थे और मौके पर काफी खून फैला हुआ था।

सुसाइड नोट, सीसीटीवी और फोरेंसिक साक्ष्य बने अहम

घटना की सूचना पर ऐशबाग थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 518/24 दर्ज कर जांच शुरू की। दोनों मृतकों के संबंध में अलग-अलग मर्ग कायम किए गए। विवेचना के दौरान आरोपी योगेश कुमार मरावी को गिरफ्तार किया गया।

पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक सुसाइड नोट जब्त किया, जिसमें घटना को अंजाम देने का उल्लेख होने की बात अभियोजन ने न्यायालय में रखी। इसके अतिरिक्त घटनास्थल से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू जब्त किया गया। चाकू के प्रतिबंधित आकार-प्रकार का होने के कारण मामले में आर्म्स एक्ट की धारा 25 भी जोड़ी गई।

जांच के दौरान घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज डीवीआर सहित जब्त की गई। अभियोजन ने न्यायालय में गवाहों के बयान, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, हस्तलिपि संबंधी साक्ष्य, दस्तावेजी साक्ष्य, फोरेंसिक रिपोर्ट और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य प्रस्तुत किए।

न्यायालय ने सुनाई ये सजाएं

अभियोजन द्वारा प्रस्तुत साक्ष्यों, लिखित तर्कों और न्यायिक दृष्टांतों पर विचार करने के बाद न्यायालय ने आरोपी योगेश कुमार मरावी को दोषी ठहराया।

न्यायालय ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत दोनों हत्याओं के लिए दो अलग-अलग आजीवन कारावास की सजाएं सुनाईं। प्रत्येक मामले में 1,000 रुपये का अर्थदंड लगाया गया। वहीं, आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत तीन वर्ष का सश्रम कारावास और 1,000 रुपये का अतिरिक्त अर्थदंड लगाया गया।

इस प्रकार पत्नी और साली की हत्या के मामले में आरोपी   उपनिरीक्षक को दोहरे आजीवन कारावास सहित आर्म्स एक्ट में भी सजा सुनाई गई।

Share:

बुंदेलखंड का चमत्कारी अबार माता मंदिर! एक हजार साल पुराने मंदिर की अनोखी मान्यता, 75 फीट ऊंची चट्टान से जुड़ी है आस्था

बुंदेलखंड का चमत्कारी अबार माता मंदिर! एक हजार साल पुराने मंदिर की अनोखी मान्यता, 75 फीट ऊंची चट्टान से जुड़ी है आस्था

• मनोकामना के लिए उल्टा हाथ और मुराद पूरी होने पर सीधा हाथ रखने की परंपरा, आल्हा-ऊदल से भी जुड़ी है मंदिर की लोककथा


तीनबत्ती न्यूज: 15 अक्टूबर, 2026

सागर। बुंदेलखंड की धरती पर आस्था और लोकविश्वास की अनेक अनूठी परंपराएं देखने को मिलती हैं। इन्हीं में एक है अबार माता मंदिर, जहां करीब एक हजार साल पुराने मंदिर और 75 फीट ऊंची विशाल चट्टान से जुड़ी मान्यताएं श्रद्धालुओं को आकर्षित करती हैं। सागर-छतरपुर क्षेत्र और उत्तर प्रदेश की सीमा के आसपास प्रचलित इस धार्मिक परंपरा के प्रति लोगों में गहरी आस्था है। मान्यता है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मुराद माता रानी पूरी करती हैं। यही वजह है कि दूर-दूर से श्रद्धालु माता के दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। नवरात्रि पर देवी जी के दर्शनों के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी हुई है। 


75 फीट ऊंची चट्टान है मंदिर की खास पहचान

अबार माता मंदिर की सबसे खास विशेषता यहां मौजूद करीब 75 फीट ऊंची विशाल चट्टान है। इस चट्टान को लेकर स्थानीय लोगों के बीच एक अनोखी मान्यता प्रचलित है। कहा जाता है कि महाशिवरात्रि के अवसर पर चट्टान तिल भर बढ़ जाती है। इस दावे को लेकर लोगों में कौतूहल बना रहता है, हालांकि चट्टान के बढ़ने संबंधी मान्यता की वैज्ञानिक पुष्टि उपलब्ध नहीं है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं के लिए यह चट्टान आस्था और विश्वास का महत्वपूर्ण केंद्र बनी हुई है।

उल्टे हाथ से मांगते हैं मन्नत, सीधे हाथ से जताते हैं आभार

अबार माता मंदिर की एक और अनूठी परंपरा श्रद्धालुओं का ध्यान खींचती है। यहां मनोकामना मांगते समय चट्टान पर उल्टा हाथ रखने की मान्यता है। वहीं, जब श्रद्धालु की मुराद पूरी हो जाती है, तो वह चट्टान पर सीधा हाथ रखकर माता के प्रति आभार व्यक्त करता है।मंदिर तक पहुँचने के लिए लगभग 50 सीढ़ियाँ चढ़नी पड़ती हैं। यहाँ हर वर्ष वैशाख महीने में विशाल मेला लगता है।


स्थानीय धार्मिक विश्वास के अनुसार, इस परंपरा के माध्यम से भक्त अपनी मनोकामना माता के समक्ष रखते हैं और मुराद पूरी होने पर धन्यवाद देते हैं। निःसंतान दंपतियों के बीच भी माता के आशीर्वाद को लेकर विशेष आस्था बताई जाती है।

आल्हा-ऊदल से जुड़ी है मंदिर की स्थापना की लोककथा

बुंदेलखंड के वीर योद्धा आल्हा-ऊदल का नाम यहां की लोकगाथाओं में विशेष स्थान रखता है। अबार माता मंदिर की स्थापना को लेकर भी उनसे जुड़ी एक लोककथा प्रचलित है। कहा जाता है कि जंगल में रात्रि विश्राम के दौरान आल्हा-ऊदल को देवी के दर्शन हुए थे। इसके बाद उन्होंने यहां मंदिर का निर्माण कराया।

आस्था, लोकसंस्कृति और रहस्य का अनूठा संगम

अबार माता मंदिर केवल पूजा-अर्चना का स्थल ही नहीं, बल्कि बुंदेलखंड की लोकपरंपराओं और धार्मिक विश्वासों का भी प्रतीक है। करीब एक हजार साल पुराने मंदिर की मान्यता, विशाल चट्टान से जुड़ी लोककथा और मन्नत मांगने की अनोखी परंपरा इसे विशिष्ट पहचान देती है।

पीढ़ियों से चली आ रही इन मान्यताओं के कारण अबार माता मंदिर श्रद्धालुओं के लिए आस्था का केंद्र बना हुआ है। यहां की परंपराएं बुंदेलखंड की उस सांस्कृतिक विरासत की झलक पेश करती हैं, जिसमें लोककथाएं, धार्मिक विश्वास और जनआस्था एक-दूसरे से गहराई से जुड़े हुए हैं।

Share:

Sagar News: कलेक्टर ने सागर में निर्माण कार्यों की समीक्षा, देरी पर ठेकेदारों को नोटिस और पेनल्टी के निर्देश

निर्माण कार्यों में देरी पर ठेकेदारों को नोटिस और पेनल्टी के निर्देश

• कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्माण परियोजनाओं की समीक्षा की, गुणवत्ता से समझौता नहीं करने की हिदायत


तीनबत्ती न्यूज :15 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल ने गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में विभिन्न विभागों के डिपॉजिट वर्क्स एवं विकास परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने परियोजनाओं की वित्तीय एवं भौतिक प्रगति की जानकारी लेते हुए सभी निर्माण कार्य समय-सीमा में गुणवत्तापूर्वक पूरा करने के निर्देश दिए।

बैठक में हाउसिंग बोर्ड की धर्मश्री मंगल विहार आवासीय योजना के तहत 167 मकानों के निर्माण की जानकारी दी गई। इनमें 49 MIG-A, 54 MIG-B, 31 LIG-A और 33 EWS-B मकान शामिल हैं। वर्तमान में कॉलम फुटिंग एवं सरिया बांधने का कार्य चल रहा है। कलेक्टर ने निर्माण कार्य में गति लाने के निर्देश दिए।

खुरई रिडेंसिफिकेशन योजना के तहत पशु चिकित्सालय एवं शासकीय आवास हैंडओवर किए जा चुके हैं। तहसील एवं एसडीएम कार्यालय भवन, रेस्ट हाउस, पीडब्ल्यूडी ऑफिस, हिनौता गौशाला, बस पिकअप स्टेशन, क्रिकेट ग्राउंड एवं गुलार रोड स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण पूर्ण हो चुका है।

राहतगढ़ सीएचसी का कार्य फिनिशिंग स्टेज में है। कलेक्टर ने इसे दिसंबर 2026 तक हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। वहीं बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज के क्रिटिकल केयर ब्लॉक का 42 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। शेष रूफ स्लैब सहित लंबित कार्यों को मेडिकल कॉलेज प्रबंधन से समन्वय कर जून 2027 तक पूरा करने के निर्देश दिए गए।

देरी पर ठेकेदारों के खिलाफ कार्रवाई

कलेक्टर ने ब्लॉक पब्लिक हेल्थ यूनिट के निर्माण में हुई देरी का आकलन करने और संबंधित ठेकेदारों को कारण बताओ नोटिस जारी कर पेनल्टी लगाने के सख्त निर्देश दिए। शासकीय स्वशासी कन्या उत्कृष्टता महाविद्यालय सागर की बाउंड्री वॉल, पं. दीनदयाल उपाध्याय कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय तथा शासकीय महाविद्यालय मकरोनिया बुजुर्ग के निर्माण कार्यों को भी निर्धारित समय-सीमा में पूरा करने को कहा।

सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा के निर्माण में विलंब पर कलेक्टर ने चिंता जताते हुए स्थल निरीक्षण के निर्देश दिए। शासकीय कन्या शिक्षा परिसर केसली के स्वीकृत प्रोजेक्ट में भी तेजी लाने को कहा गया। आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल सागर के हॉस्टल, एडमिन ब्लॉक और अस्पताल ब्लॉक के निर्माण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सड़क और ओवरब्रिज परियोजनाओं की भी समीक्षा

बैठक में सेंट्रल जेल सागर रिडेंसिफिकेशन (चितौरा) के अत्याधुनिक जेल के संशोधित डीपीआर पर हुई कार्रवाई की जानकारी ली गई। एनएचएआई एवं लोक निर्माण विभाग के सड़क, ओवरब्रिज और वेस्टर्न बायपास कार्यों की भी समीक्षा की गई।

सागर-छतरपुर-कबरई मार्ग तथा बेरखेड़ी-सुनई/बेरखेड़ी-गढ़ाकोटा (सागर लिंक रोड) का लगभग 90 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने की जानकारी दी गई। कलेक्टर ने प्रचलित परियोजनाओं में भूमि अधिग्रहण एवं विवादों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य प्रभावित न हों।

सागर-लखनादौन मार्ग सुधारीकरण, व्हीकुलर अंडरपास, मसूराई टोड़ा-जैसीनगर मार्ग, बीना-बमहोरी मार्ग, धर्मश्री-भोपाल बायपास, मकरोनिया-सिविल लाइन व्हाइट टॉपिंग और पीजी रोड्स के नवीनीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों की गुणवत्ता से किसी भी स्थिति में समझौता नहीं किया जाएगा। उन्होंने निर्माण एजेंसियों को प्रत्येक परियोजना की जियो-टैग फोटो सहित साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि कार्य में अनावश्यक विलंब होने पर संबंधित ठेकेदारों और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

Share:

सागर के बाल नवाचारकर्ता अर्जुन उपाध्याय का कमाल, ‘Impact OS’ बनाया; बेंगलुरु में मिला ‘यंग इनोवेटर’ सम्मान

सागर के बाल नवाचारकर्ता अर्जुन उपाध्याय ने बनाया ‘Impact OS’, बेंगलुरु में मिला ‘यंग इनोवेटर’ सम्मान

• पानी की गुणवत्ता, वायु प्रदूषण, मौसम और जर्जर इमारतों की जानकारी एक डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने की पहल


तीनबत्ती न्यूज:15 अक्टूबर, 2026

सागर। आर्मी पब्लिक स्कूल, सागर में कक्षा छठवीं के छात्र अर्जुन उपाध्याय ने तकनीक के रचनात्मक उपयोग से शहरी समस्याओं के समाधान की दिशा में अभिनव पहल की है। अर्जुन ने ‘Impact OS’ नामक वेब पोर्टल एवं ऐप विकसित किया है। इस प्लेटफॉर्म का उद्देश्य पानी की गुणवत्ता, वायु गुणवत्ता, मौसम और जर्जर इमारतों सहित विभिन्न शहरी सुविधाओं से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियों को एक ही डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराना है।

अर्जुन के इस नवाचार को बेंगलुरु में आयोजित हैक फेस्ट में सराहना मिली, जहां उन्हें ‘यंग इनोवेटर’ सम्मान से सम्मानित किया गया।

AI की मदद से अलग-अलग स्रोतों की जानकारी एक डैशबोर्ड पर

अर्जुन के अनुसार, इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों और दिल्ली में जर्जर इमारतों से जुड़ी घटनाओं ने उन्हें इस परियोजना पर काम करने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) की मदद से विभिन्न सार्वजनिक सूचना स्रोतों से जानकारी को एक प्लेटफॉर्म पर लाने की परिकल्पना की।

‘Impact OS’ में नगर निगमों, स्थानीय प्रशासन, जल परीक्षण प्रयोगशालाओं तथा मौसम और वायु गुणवत्ता से संबंधित सार्वजनिक पोर्टलों से उपलब्ध जानकारी को एकीकृत डैशबोर्ड के रूप में प्रस्तुत करने का प्रयास किया गया है। इसका उद्देश्य नागरिकों को अपने आसपास के पर्यावरण और शहरी सुविधाओं से जुड़ी उपयोगी जानकारी आसानी से उपलब्ध कराना है।

हवा, मौसम से लेकर जर्जर भवनों तक की जानकारी

‘Impact OS’ की परिकल्पना के अनुसार उपयोगकर्ता अपने आसपास के क्षेत्र में पानी और हवा की गुणवत्ता, मौसम तथा अन्य शहरी सुविधाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त कर सकेंगे।

इसके साथ ही नगर निकायों द्वारा की जाने वाली जल आपूर्ति, ऊर्जा संसाधनों, बिजली एवं सौर ऊर्जा के उपयोग और पौधरोपण से संबंधित आंकड़ों को भी एक स्थान पर उपलब्ध कराने की योजना है।

प्लेटफॉर्म में जर्जर भवनों से संबंधित जानकारी और अलर्ट की सुविधा भी प्रस्तावित है। उदाहरण के लिए, यदि किसी नगर निकाय द्वारा किसी जर्जर भवन के संबंध में नोटिस जारी किया जाता है, तो उससे जुड़ी जानकारी उपयोगकर्ताओं तक पहुंचाने की व्यवस्था की जा सकती है।

पिता के पुराने लैपटॉप से शुरू हुआ तकनीक का सफर

अर्जुन की तकनीकी यात्रा महज आठ वर्ष की उम्र में शुरू हुई। उनके पिता ने उन्हें अपना पुराना लैपटॉप दिया था। लैपटॉप में सॉफ्टवेयर और हार्डवेयर से जुड़ी समस्याओं को ठीक करने के प्रयास के दौरान उनकी कंप्यूटर और तकनीक में रुचि बढ़ी।

इसके बाद अर्जुन ने YouTube वीडियो के माध्यम से प्रोग्रामिंग और कोडिंग सीखना शुरू किया। स्कूल की एक प्रतियोगिता के लिए ऐप बनाने के दौरान मिले प्रोत्साहन ने उन्हें इस दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

लगभग आठ महीने की मेहनत और स्कूल के शिक्षकों के सहयोग से उन्होंने ‘Impact OS’ विकसित किया। इस परियोजना को और अधिक उन्नत एवं उपयोगी बनाने के लिए लगातार काम किया जा रहा है। उनके सहपाठी अर्णव निरंजन भी इस प्रयास में सहयोग कर रहे हैं।

वैज्ञानिक परिवार से मिला प्रोत्साहन

अर्जुन के पिता डॉ. चंद्रमा प्रकाश उपाध्याय डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के जैव प्रौद्योगिकी विभाग में प्रोफेसर हैं, जबकि उनकी माता डॉ. देवांशी उपाध्याय DST वुमन साइंटिस्ट हैं।

अर्जुन ने अपने विद्यालय के प्राचार्य और शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके निरंतर सहयोग, प्रोत्साहन और मार्गदर्शन के कारण ही इस नवाचार को विकसित करना और आगे बढ़ाना संभव हो पाया।

Google Play Store पर लॉन्च करने की तैयारी

अर्जुन अब ‘Impact OS’ ऐप को Google Play Store पर उपलब्ध कराने की तैयारी कर रहे हैं। उनका यह प्रयास बताता है कि जिज्ञासा, निरंतर सीखने की इच्छा और तकनीक के रचनात्मक उपयोग से विद्यार्थी भी समाज की वास्तविक समस्याओं के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण पहल कर सकते हैं।

‘Impact OS’ इसी सोच का परिणाम है, जिसमें शहरी सुविधाओं और पर्यावरण से जुड़ी विभिन्न जानकारियों को एकीकृत डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।


Share:

बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘आरब्धि 2026’ का भव्य शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन

बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस में ‘आरब्धि 2026’ का भव्य शुभारंभ, नवप्रवेशित विद्यार्थियों को मिला मार्गदर्शन


तीनबत्ती न्यूज: 14अक्टूबर, 2026

सागर। बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के सिरोंजा परिसर में प्रथम वर्ष के बी.टेक. एवं बी.फार्मा. के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के स्वागत के लिए ‘आरब्धि 2026’ (Aarabdhih 2026) इंडक्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। 5 अक्टूबर 2026 को महाविद्यालय के सभागार में आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों को संस्थान की शैक्षणिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों से परिचित कराना और उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित करना था।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती की वंदना और दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। समारोह में बीटी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के अध्यक्ष संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’, सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन, रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह, बीटीआईपीएस के निदेशक (आर एंड डी) डॉ. संजय जैन, प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार जैन, बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश कुमार फुस्केले तथा प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सलाहकार डॉ. सचिन चौधरी सहित अन्य अतिथि उपस्थित रहे।



डिग्री के साथ कौशल और नैतिक मूल्यों पर जोर

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रानी अवंति बाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर के कुलगुरु प्रो. विनोद कुमार मिश्रा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए ज्ञानार्जन, नवाचार, अनुशासन और निरंतर सीखने की भावना अपनाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि तकनीकी एवं व्यावसायिक शिक्षा का उद्देश्य केवल डिग्री प्राप्त करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों में ज्ञान, कौशल, नैतिक मूल्यों और सामाजिक उत्तरदायित्व का विकास करना भी है। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य निर्धारित कर समर्पण और परिश्रम के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।

बीटी ग्रुप के अध्यक्ष संतोष कुमार जैन ‘घड़ी’ ने नवप्रवेशित विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए संस्थान की शैक्षणिक परंपराओं, अनुशासन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का लाभ उठाने की अपील की। उन्होंने अच्छे संस्कारों, नैतिक मूल्यों और मेहनत को सफलता का आधार बताया।

संस्थान के सचिव डॉ. सत्येंद्र जैन ने नवाचार, रचनात्मकता और व्यावहारिक ज्ञान के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में शैक्षणिक ज्ञान के साथ तकनीकी दक्षता, संचार कौशल, टीमवर्क और समस्या समाधान की क्षमता विकसित करना जरूरी है।

अनुसंधान, करियर और व्यक्तित्व विकास पर मार्गदर्शन

रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह ने विद्यार्थियों को संस्थान के नियमों एवं अनुशासन का पालन करते हुए व्यक्तित्व के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने की सलाह दी। वहीं, बीटीआईपीएस के निदेशक (आर एंड डी) डॉ. संजय जैन ने अनुसंधान, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार की महत्ता बताई।

प्रशिक्षण एवं प्लेसमेंट सलाहकार डॉ. सचिन चौधरी ने विद्यार्थियों को करियर निर्माण, उद्योगों की आवश्यकताओं और रोजगारपरक कौशल के संबंध में मार्गदर्शन दिया। उन्होंने प्रारंभ से ही करियर के प्रति जागरूक रहने और व्यक्तित्व विकास पर ध्यान देने की आवश्यकता बताई।

बीटीआईपीएस के प्राचार्य डॉ. अशोक कुमार जैन ने ‘आरब्धि 2026’ को विद्यार्थियों के जीवन की नई और सकारात्मक शुरुआत बताया। नैक प्रत्यायित तकनीकी संस्थान बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश कुमार फुस्के ने विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, कौशल विकास, अनुशासन और नवाचार के माध्यम से भविष्य संवारने के लिए प्रेरित किया।

पूर्व विद्यार्थी ने साझा किए अनुभव, सांस्कृतिक प्रस्तुति ने मोहा मन

कार्यक्रम में आईडीएमसी लिमिटेड में कंट्रोल सिस्टम्स इंजीनियर के पद पर कार्यरत संस्थान के पूर्व विद्यार्थी विकास रैकवार ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने विद्यार्थियों को निरंतर सीखने, व्यावहारिक ज्ञान अर्जित करने और उद्योगों की अपेक्षाओं के अनुरूप स्वयं को तैयार करने की सलाह दी।

इस अवसर पर प्रथम सेमेस्टर की छात्रा पूर्वी साहू ने स्वागत नृत्य प्रस्तुत किया, जिसने समारोह में सांस्कृतिक रंग भर दिए।

‘आरब्धि’ का अर्थ नई शुरुआत है। इसी भावना के अनुरूप आयोजित इस कार्यक्रम के माध्यम से नवप्रवेशित विद्यार्थियों में आत्मविश्वास, आपसी सहयोग और शैक्षणिक एवं व्यावसायिक चुनौतियों का सामना करने की तैयारी विकसित करने पर जोर दिया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. मनीष श्रीवास्तव ने किया। अंत में डॉ. रूपसी जैन ने आभार व्यक्त किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाले अतिथियों, संस्थान के पदाधिकारियों, प्राध्यापकों एवं सहयोगियों के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया।

Share:

सुरखी में 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया मंत्री-सांसद ने

सुरखी में 10 करोड़ से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन किया मंत्री-सांसद ने

तीनबत्ती न्यूज, 14 अक्टूबर 2026

सागर। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देते हुए खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने ग्राम सेमरा गोपालमन, चादौनी, करैया और जैसीनगर में 10 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इन कार्यों में सड़क एवं पहुंच मार्ग, पेयजल टंकी, नाली और चबूतरा निर्माण सहित ग्रामीण क्षेत्रों की बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्य शामिल हैं। इस दौरान जैसीनगर में आधार केंद्र का शुभारंभ भी किया गया।

इन विकास कार्यों से ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन, पेयजल आपूर्ति और जल निकासी जैसी सुविधाओं को बेहतर बनाने में मदद मिलेगी। वहीं, आधार केंद्र शुरू होने से स्थानीय लोगों को आधार संबंधी सेवाओं के लिए अतिरिक्त सुविधा उपलब्ध होगी।


विकास कार्यों से बदलेगी गांवों की तस्वीर : गोविंद सिंह राजपूत

मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार गरीबों, किसानों, महिलाओं, युवाओं और जरूरतमंद परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए काम कर रही है।


उन्होंने कहा कि सुरखी विधानसभा में हो रहे विकास कार्यों से कुछ लोगों की राजनीति प्रभावित हुई है, इसलिए भ्रमित करने वाला प्रचार किया जा रहा है। लेकिन जनता विकास कार्यों को देख रही है और योजनाओं से मिल रहे लाभ को महसूस कर रही है। उन्होंने कहा कि गांवों में सड़क, पेयजल, बिजली, आवास और स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं का विस्तार सरकार की प्राथमिकता है।


मंत्री राजपूत की सोच ने बदली सुरखी की तस्वीर : सांसद लता वानखेड़े

कार्यक्रम में सांसद लता वानखेड़े ने कहा कि मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के प्रयासों से सुरखी विधानसभा क्षेत्र में व्यापक स्तर पर विकास कार्य हो रहे हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में शहरों जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में किए जा रहे प्रयास क्षेत्र को अलग पहचान दे रहे हैं। उन्होंने कहा कि मंत्री राजपूत क्षेत्र की जनता के बीच लगातार उपलब्ध रहते हैं। जनता के साथ उनका पारिवारिक जुड़ाव और विश्वास ही विकास कार्यों को आगे बढ़ाने की ताकत है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के गांव-गांव में विकास कार्य दिखाई दे रहे हैं और भाजपा सरकार की नीतियों से सुरखी की तस्वीर बदल रही है।

सड़क, पेयजल और नाली निर्माण से ग्रामीणों को राहत

सुरखी विधानसभा के विभिन्न गांवों में कराए जा रहे निर्माण कार्यों को ग्रामीण जीवन की आवश्यकताओं से जोड़ते हुए मंत्री ने कहा कि अच्छी सड़कें किसानों को उपज बाजार तक पहुंचाने, विद्यार्थियों को स्कूल-कॉलेज आने-जाने और मरीजों को अस्पताल तक पहुंचने में सहूलियत देती हैं।मंत्री ने कहा कि विकास की सार्थकता तभी है, जब उसका लाभ आम नागरिक के दैनिक जीवन में दिखाई दे। सुरखी विधानसभा क्षेत्र में स्थानीय जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों को आगे भी प्राथमिकता दी जाएगी।

कार्यक्रम में ये रहे उपस्थित

कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रामबाबू सिंह, राजा करैया, साहब सिंह सेमरा, हरनाम सिंह, धर्मेंद्र पटेल, मंडल अध्यक्ष संतोष पटेल, उमेश गढ़ेरिया, निर्भय सिंह, नारायण पटेल, हाकम सिंह, लाखन सिंह, विश्वनाथ सिंह, सिहोनी लाल सिंह, सूरज सिंह, मदन सिंह, छोटे सिंह, गोवर्धन सिंह, डब्बू आढ़तिया, पप्पू तिवारी, प्रहलाद प्रजापति, देवेंद्र दुबे, राजकुमार सिंह, हेमंत सिंह, चंद्रभान सिंह, रामराज सिंह, राजाराम प्रजापति, निर्भय गोंड और गजभान सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी उपस्थित रहे।


Share:

सागर में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश • शाहगढ़ और बण्डा CDPO का वेतन रोकने के निर्देश, सुपरवाइजर को नोटिस

 सागर में महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा, कलेक्टर ने दिए सख्त निर्देश

• शाहगढ़ और बण्डा CDPO का वेतन रोकने के निर्देश, सुपरवाइजर को नोटिस; शत-प्रतिशत फेस रिकग्नीशन, ABHA ID, ई-केवाईसी और DBT पूर्ण करने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज:14 अक्टूबर 2026

सागर। जिले में महिला एवं बाल विकास विभाग की योजनाओं की समीक्षा बैठक कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में आयोजित हुई। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि जिले के सभी पोषण पुनर्वास केंद्र (NRC) अपनी पूर्ण क्षमता से संचालित हों और कोई भी बेड खाली न रहे। अति गंभीर कुपोषित (SAM) बच्चों की पहचान कर उन्हें तत्काल NRC में भर्ती कराने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने विभागीय कार्यों में लापरवाही और मैदानी स्तर पर प्रभावी निगरानी नहीं रखने पर शाहगढ़ एवं बण्डा के बाल विकास परियोजना अधिकारियों (CDPO) का वेतन आगामी आदेश तक रोकने के निर्देश दिए। वहीं कम वजन वाले बच्चों के सही चिन्हांकन और नियमित वजन मापने के कार्य में लापरवाही पाए जाने पर शाहगढ़ की सुपरवाइजर को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास श्री भरत सिंह राजपूत, समस्त बाल विकास परियोजना अधिकारी, सुपरवाइजर सहित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

जियो फेंसिंग क्षेत्र से ही दर्ज हो ई-उपस्थिति

कलेक्टर श्रीमती पाल ने कहा कि हितग्राहियों के स्वास्थ्य एवं पोषण की निगरानी के लिए मैदानी अमला शत-प्रतिशत होम विजिट सुनिश्चित करे। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

उन्होंने निर्देश दिए कि संपर्क ऐप पर आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की ई-उपस्थिति अनिवार्य रूप से दर्ज की जाए। कार्यकर्ता आंगनवाड़ी खुलने के समय निर्धारित जियो फेंसिंग क्षेत्र में रहकर ही उपस्थिति दर्ज करें। इसके लिए सभी कार्यकर्ताओं को उनके क्षेत्र की जियो फेंसिंग की सटीक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।

पोषण ट्रैकर पर बंद दिखाई दे रहे आंगनवाड़ी केंद्रों को तत्काल खुलवाने के लिए भी निर्देशित किया गया।

NRC में कोई बेड खाली न रहे

स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से संचालित पोषण पुनर्वास केंद्रों की बेड क्षमता और वर्तमान में उपचाररत बच्चों की स्थिति की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि सभी NRC पूर्ण क्षमता से संचालित किए जाएं और कोई भी बेड खाली नहीं रहना चाहिए।

उन्होंने अति गंभीर कुपोषित बच्चों की त्वरित पहचान कर उन्हें NRC में भर्ती कराने तथा उन्हें समय पर उपचार और पोषण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

शत-प्रतिशत बच्चों का वजन मापने के निर्देश

कलेक्टर ने आंगनवाड़ी केंद्रों के अंतर्गत आने वाले बच्चों के वजन चिन्हांकन का कवरेज तेजी से बढ़ाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों का नियमित एवं सही तरीके से वजन मापा जाए, ताकि SAM, MAM और अंडरवेट बच्चों की वास्तविक स्थिति सामने आ सके।

गर्भवती एवं धात्री माताओं तथा 6 माह से 3 वर्ष तक के बच्चों को मिलने वाले टेक होम राशन (THR) का शत-प्रतिशत वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं 3 से 6 वर्ष के बच्चों को दिए जाने वाले गर्म पके हुए भोजन (HCM) की गुणवत्ता और वास्तविक मांग के अनुसार उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ पोषण ट्रैकर पर इसकी शत-प्रतिशत रियल-टाइम प्रविष्टि करने को कहा गया।

ई-केवाईसी, DBT, फेस रिकग्नीशन और ABHA ID जल्द पूर्ण हों

कलेक्टर ने विभागीय योजनाओं के सभी हितग्राहियों की शत-प्रतिशत ई-केवाईसी, DBT, फेस रिकग्नीशन और ABHA ID का कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए।

उन्होंने लाड़ली लक्ष्मी योजना, लाड़ली बहना योजना, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना तथा चाइल्ड लाइन से संबंधित लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए पेंडेंसी शीघ्र शून्य करने के निर्देश दिए।

50 और 100 दिन से लंबित CM हेल्पलाइन शिकायतें एक सप्ताह में बंद हों

बैठक में सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने अधिकारियों को शिकायतों की निरंतर मॉनीटरिंग करने तथा 50 और 100 दिवस से अधिक समय से लंबित शिकायतों का एक सप्ताह के भीतर संतुष्टिपूर्वक निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

Share:

सागर में महिला मिलिट्री पुलिस अग्निवीर भर्ती रैली का समापन • 128 बेटियों ने दौड़ में हासिल की सफलता

सागर में महिला मिलिट्री पुलिस अग्निवीर भर्ती रैली का समापन

• 204 महिला अभ्यर्थियों ने लिया हिस्सा, 128 बेटियों ने दौड़ में हासिल की सफलता



तीनबत्ती न्यूज: 14 अक्टूबर 2026

सागर। सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर द्वारा इंदिरा गांधी इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर में आयोजित वार्षिक अग्निवीर भर्ती रैली का बुधवार को तेरहवें और अंतिम दिन महिला मिलिट्री पुलिस (WMP) भर्ती के साथ समापन हो गया। रैली में मध्यप्रदेश और छत्तीसगढ़ की बेटियों ने उत्साह, अनुशासन और जज्बे के साथ हिस्सा लिया।

महिला मिलिट्री पुलिस भर्ती के अंतिम दिन कुल 204 महिला अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। कड़ी शारीरिक परीक्षा और प्रतिस्पर्धा के बाद 128 अभ्यर्थियों ने दौड़ में सफलता हासिल की, जो कुल अभ्यर्थियों का 62.75 प्रतिशत है। सफल अभ्यर्थी भर्ती प्रक्रिया के अगले चरण में प्रवेश करेंगी।

01 अक्टूबर से शुरू हुई यह अग्निवीर भर्ती रैली 14 अक्टूबर तक चली। जिला प्रशासन सागर और सेना भर्ती कार्यालय, ग्वालियर के संयुक्त सहयोग से आयोजित रैली को पारदर्शी, सुचारू और सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया गया।


योग्यता के आधार पर होता है सेना में चयन

सेना भर्ती कार्यालय ने अभ्यर्थियों और उनके परिजनों से अपील की है कि भारतीय सेना में भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और मेरिट आधारित है। भर्ती में किसी भी प्रकार की दलाली, बिचौलियों या अनुचित साधनों का कोई स्थान नहीं है। अभ्यर्थी किसी भी व्यक्ति के झांसे में न आएं और भर्ती प्रक्रिया के संबंध में केवल अधिकृत माध्यमों से प्राप्त जानकारी पर ही भरोसा करें।

Share:

गढ़ाकोटा में बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा का भव्य स्वागत, पूर्वमंत्री गोपाल भार्गव ने की अगवानी

 गढ़ाकोटा में बागेश्वर धाम सरकार की सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा का भव्य स्वागत, पूर्वमंत्री गोपाल भार्गव ने की अगवानी

• जय श्रीराम और बागेश्वर बालाजी के जयकारों से गूंजा नगर, पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने किया पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत


तीनबत्ती न्यूज: 13 अक्टूबर, 2026

गढ़ाकोटा/सागर, 13 अक्टूबर 2026। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकाली जा रही सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा 3.0 का मंगलवार को सागर जिले के गढ़ाकोटा पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। मध्यप्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष, पूर्व मंत्री एवं स्थानीय विधायक गोपाल भार्गव ने जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों के साथ यात्रा की अगवानी की। इस दौरान पूरा नगर जय श्रीराम और बागेश्वर बालाजी महाराज के जयकारों से गूंज उठा। श्रद्धालुओं ने पुष्प वर्षा कर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का स्वागत किया।


पुष्प वर्षा और आरती से हुआ स्वागत

सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के गढ़ाकोटा पहुंचने पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिला। यात्रा मार्ग पर भगवा ध्वज, स्वागत द्वार और बैनर लगाए गए थे। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर और पुष्प वर्षा कर रथ यात्रा का स्वागत किया। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग यात्रा की एक झलक पाने के लिए एकत्रित हुए। जयकारों के बीच नगर का माहौल भक्तिमय नजर आया।




पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने की अगवानी

गढ़ाकोटा में पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं विधायक गोपाल भार्गव ने यात्रा का स्वागत कर अगवानी की। इस अवसर पर अभिषेक भार्गव, नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि मनोज तिवारी, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि दिनेश लहरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अतिथियों ने रथ का पूजन किया और आरती उतारकर संतों का अभिनंदन किया।





सामाजिक समरसता और हिंदू एकता का संदेश

पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के नेतृत्व में निकाली जा रही इस पांच दिवसीय रथ यात्रा का आयोजन 11 से 15 अक्टूबर तक किया जा रहा है। यात्रा का घोषित उद्देश्य हिंदू समाज में एकता और सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना तथा जातिगत भेदभाव, छुआछूत और ऊंच-नीच जैसी सामाजिक बुराइयों के प्रति जनजागरण करना है।

यात्रा के माध्यम से सनातन परंपराओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने, समाज को एकजुट करने और राष्ट्रभावना को मजबूत करने का संदेश दिया जा रहा है। आयोजकों की ओर से भारत को दिव्य, भव्य और हिंदू राष्ट्र बनाने की परिकल्पना के प्रति भी जनजागरण को यात्रा के उद्देश्यों में शामिल किया गया है।

दो विशेष रथ बने आकर्षण का केंद्र

रथ यात्रा में विशेष रूप से तैयार किए गए रथ श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र रहे। इनमें एक रथ पर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री सवार थे, जबकि दूसरे रथ पर बागेश्वर बालाजी महाराज विराजमान थे। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं द्वारा धार्मिक जयकारे लगाए गए। जगह-जगह हनुमान चालीसा के पाठ और संतों के प्रवचनों के माध्यम से धार्मिक संदेश दिया गया।

रहली और ढाना की ओर बढ़ी यात्रा

गढ़ाकोटा में भव्य स्वागत के बाद सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा सागर जिले के रहली और ढाना की ओर आगे बढ़ी। यात्रा को लेकर क्षेत्र के श्रद्धालुओं में उत्साह का माहौल रहा। बुंदेलखंड क्षेत्र में यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर स्वागत और धार्मिक आयोजनों के माध्यम से सनातन हिंदू एकता तथा सामाजिक समरसता का संदेश प्रसारित किया जा रहा है।

सनातन हिंदू एकता रथ यात्रा के दौरान उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़ और जगह-जगह हुए स्वागत ने गढ़ाकोटा में धार्मिक उत्साह का माहौल बना दिया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive