केंद्रीय संसदीय समिति में सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने उठाए ऊर्जा सुरक्षा और बीना रिफाइनरी से जुड़े अहम मुद्दे
तीनबत्ती न्यूज:04 अगस्त, 2026
सागर। केंद्रीय संसदीय स्थायी समिति (पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस) की बैठक में सागर लोकसभा क्षेत्र की सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने देश की ऊर्जा सुरक्षा, स्वच्छ ऊर्जा, औद्योगिक विकास, रोजगार और जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण सुझाव समिति के समक्ष रखे। उन्होंने ऊर्जा क्षेत्र को अधिक सुरक्षित, पारदर्शी और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप बनाने पर जोर दिया।
बैठक के दौरान डॉ. वानखेड़े ने वैश्विक चुनौतियों के बावजूद देशभर में पेट्रोलियम उत्पादों की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मंत्रालय तथा ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के प्रयासों की सराहना की। साथ ही भविष्य में सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों के बीच बेहतर समन्वय, आधुनिक सप्लाई प्लानिंग और प्रभावी लॉजिस्टिक्स व्यवस्था विकसित करने का सुझाव दिया, ताकि देश के किसी भी हिस्से में ईंधन की कृत्रिम कमी जैसी स्थिति न बने।
उन्होंने समिति के समक्ष "वन नेशन-वन रेट" की व्यवस्था लागू करने, ऊर्जा क्षेत्र में पारदर्शिता बढ़ाने, बीना रिफाइनरी एवं लगभग 50 हजार करोड़ रुपये की पेट्रोकेमिकल परियोजना को समयबद्ध गति देने, स्थानीय युवाओं के लिए सशुल्क औद्योगिक प्रशिक्षण की व्यवस्था करने तथा परियोजना की निगरानी के लिए संयुक्त मॉनिटरिंग एवं समन्वय समिति गठित करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण और ग्रामीण विकास के लिए कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (CSR) गतिविधियों को और प्रभावी बनाने की भी बात कही।
सांसद डॉ. वानखेड़े ने ऊर्जा सुरक्षा को राष्ट्रीय सुरक्षा का अभिन्न हिस्सा बताते हुए रणनीतिक पेट्रोलियम भंडारण क्षमता बढ़ाने, एथेनॉल, बायोफ्यूल, कंप्रेस्ड बायोगैस (CBG), ग्रीन हाइड्रोजन और प्राकृतिक गैस जैसे स्वच्छ ऊर्जा स्रोतों को बढ़ावा देने पर बल दिया। उन्होंने AI आधारित राष्ट्रीय ऊर्जा प्रबंधन प्रणाली विकसित करने, ईंधन आपूर्ति श्रृंखला में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एवं ब्लॉकचेन तकनीक का उपयोग बढ़ाने, किसानों को जैव-ऊर्जा अर्थव्यवस्था से जोड़ने, छोटे शहरों और ग्रामीण क्षेत्रों तक स्वच्छ ईंधन की पहुंच सुनिश्चित करने, ऊर्जा क्षेत्र की साइबर सुरक्षा मजबूत करने तथा महिलाओं और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने का सुझाव भी दिया।
बैठक में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने सांसद डॉ. लता वानखेड़े के सुझावों की सराहना करते हुए उन्हें व्यावहारिक और भविष्य की ऊर्जा आवश्यकताओं के अनुरूप बताया। उन्होंने मंत्रालय के अधिकारियों को इन सुझावों का गंभीरता से परीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक के बाद सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने कहा कि उनका उद्देश्य केवल सागर लोकसभा क्षेत्र ही नहीं, बल्कि देश की ऊर्जा व्यवस्था को अधिक सुरक्षित, आत्मनिर्भर और आधुनिक बनाना है। उन्होंने विश्वास जताया कि समिति के माध्यम से दिए गए सुझाव ऊर्जा क्षेत्र में प्रभावी नीति निर्माण और जनहित में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।







