Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर का स्मार्ट बच्चा: अनय गौतम : गजब की याददाश्त : कई भाषाओं के वर्णमाला की जानकारी

सागर का स्मार्ट बच्चा : अनय गौतम : गजब की याददाश्त : कई भाषाओं के वर्णमाला की जानकारी


तीनबत्ती न्यूज:  24 अगस्त 2025 

सागर: सागर का नन्हा बालक अनय गौतम, उम्र सिर्फ 7 साल, लेकिन इन जनाब के कारनामें आप देखेंगे और सुनेंगे, तो दांतों तले उंगलियां दबा लेंगे. क्योंकि इतनी कम उम्र में इनका आईक्यू लेवल सामान्य बच्चों से कहीं ज्यादा है. इनकी मेमोरी ऐसी है कि एक बार जो पढ़ ले, तो साल भर जस का तस याद रखते हैं. दुनिया के नक्शे वाली पजल में कुछ ही देर में सभी देशों को उनकी सही जगह पर फिट कर देते हैं. इतना ही नहीं किसी भी देश का फ्लैग दीजिए, अनय उसे सही जगह पर फिट कर देते हैं. ऐसे बच्चों को गिफ्टेड चाइल्ड (प्रतिभावान) कहा जाता है.

अपनी उम्र के बच्चों से हटकर हैं अनय गौतम

सामान्य बच्चों की तरह नजर आने वाले अनय असल में अपनी उम्र के बच्चों से ज्यादा एक्टिव, ज्यादा आईक्यू लेवल और शार्प मेमोरी के लिए जाने जाते हैं. इनकी खासियत आप सुनेंगे, तो लगेगा कि ये बच्चा जन्मजात जीनियस है. अनय की खासियत ये है कि इनको अंग्रेजी के अलावा मंगोलियन और अरेबिक अल्फाबेट आते हैं. अनय के पिता फिजिक्स के टीचर हैं और वो जब बच्चों को पढ़ाते हैं और फिजिक्स के डेरिवेशन बताते हैं, तो अनय पिता के साथ दूसरे बोर्ड या कॉपी पर तुरंत डेरिवेशन को हूबहू उतार देता है. अनय को भारत के सभी राज्यों की राजधानी जबानी याद है. अगर अनय को किसी देश का फ्लैग दिया जाए, तो वो दुनिया के नक्शे पर कुछ ही सेकंड में उस फ्लैग को वहीं लगा देते हैं, जहां उस देश का नक्शा है. ड्राइंग और क्ले मॉडलिंग अनय को बेहद पसंद है.


स्कूल जाने लगा अनय तब पता चली खासियत

अनय की मां दीक्षा गौतम बताती हैं कि "जब तक अनय स्कूल नहीं गया, तो हम लोगों को पता नहीं चला कि यह अपनी उम्र के बच्चों से हटकर है. इसका एडमिशन जब केंद्रीय विद्यालय- 3 में हुआ था, तो वहां के टीचर्स ने बताया कि आपका बच्चा हाइपर एक्टिव बच्चा है. ये स्कूल में बैठता नहीं है और कुछ न कुछ करता रहता है. इसका आईक्यू लेवल अपने साथ के बच्चों से ज्यादा है." स्कूल के स्पेशल एजुकेटर ने हमें बताया कि "ये सामान्य बच्चों से अलग है और क्रिएटिव भी है.

अनय की हाइपर एक्टिविटी को कंट्रोल में करना हमारे लिए काफी चुनौतीपूर्ण था, लेकिन हमें जानकारी मिलने के बाद हमने अनय को हमेशा ऐसी एक्टिविटी की तरफ बढ़ाया कि उसका ध्यान न भटके और वो कोई गलत एक्टिविटी न करे." दीक्षा गौतम बताती हैं कि "इसकी मेमोरी काफी शार्प है. जो एक बार सीखता है, वो 8 महीने से साल भर तक ज्यों का त्यों याद रहता है. इसके अलावा ड्राइंग पेंटिंग का काफी शौक है, लेकिन कोई भी एक्टिविटी में उसका ज्यादा देर तक मन नहीं लगता है."

क्या कहते हैं अनय के पिता

अनय के पिता अखिलेश गौतम शासकीय स्कूल में फिजिक्स के टीचर हैं और घर पर भी बच्चों को ट्यूशन पढाते हैं. अखिलेश गौतम बताते है कि "मैंने देखा कि जब मैं घर पर 12वीं के बच्चों को फिजिक्स पढ़ाता था और बोर्ड पर कोई भी डेरिवेशन हल करता था, तो मैंने कई बार देखा कि मेरा किया हुआ डेरिवेशन अनय ज्यों का त्यों बोर्ड पर कर देता था. हालांकि मैं इसे सामान्य मानता था. इसके अलावा मैनें देखा कि क्ले से इसने कई चीजें बनाई. इसके अलावा अनय को अलग-अलग भाषा के अल्फावेट भी आते हैं. ये सब देखने के बाद मैंने सोचा कि ये कुछ हटकर है.

इसके बाद मेरी मुलाकात स्पेशल एजुकेटर दीपक ठाकुर से हुई और उन्होंने बताया कि असल में अनय गिफ्टेड चाइल्ड है और सामान्य बच्चे से इसका आईक्यू लेवल, मेमोरी और एक्टिविटी ज्यादा है." एक अभिभावक के तौर पर अखिलेश बताते हैं कि "हमें अनय को अन्य बच्चों की अपेक्षा थोड़ा ज्यादा ध्यान रखना होता है. हमें इसके साथ इन्वॉल्व रहना पड़ता है. उसको घुमाने के लिए पार्क ले जाना होता है और उसकी एक्टिविटी पर नजर रखनी होती है."

इसके साथ ही इनकी याद रखने की क्षमता अन्य बच्चों से ज्यादा होती है. इन बच्चों के साथ परेशानी ये होती है कि इनके एनर्जी लेवल को आप कंट्रोल कैसे करेंगे. इनके एनर्जी लेवल को कंट्रोल करने के लिए कई तरह की एक्टिविटी प्लान करनी होती है कि ये हमेशा व्यस्त रहें. अगर ये व्यस्त नहीं रहेंगे, तो आक्रामक होंगे और हाइपर होकर गलतियां करेंगे."

12 साल की उम्र तक रखना होगा विशेष ध्यान

दीपक ठाकुर बताते हैं कि "अगर इन बच्चों पर ध्यान नहीं दिया जाए, तो बच्चे हाइपर होने लगते हैं. उनका मानना है कि ऐसा कुछ ही बच्चों में होता है और इसका कारण आनुवंशिक और घर का वातावरण भी होता है. इन बच्चों पर 12 साल की उम्र तक विशेष नजर रखनी होती है और इन्हें अलग-अलग एक्टिविटी में व्यस्त रखना होता है. नहीं तो ये अपने आईक्यू और एनर्जी लेवल का गलत उपयोग कर सकते हैं."

________________

____________________________

___________
Editor: Vinod Arya
संपादक :विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे





Share:

सेवा संकल्प और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिवस

सेवा संकल्प और प्रेरणा से परिपूर्ण रहा भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिवस


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त,2025

सागर। रविवार को भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का जन्मदिवस सेवा संकल्प और प्रेरणा के साथ पार्टी पदाधिकारी कार्यकर्ताओं द्वारा भरपूर उत्साह के साथ मनाया गया। संपूर्ण जिले से पार्टी कार्यकर्ता विशिष्ट जन एवं स्नेही जनों ने जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी से भेंट कर शुभकामनाएँ दी। सोशल मीडिया के प्रमुख प्लेटफॉर्म शुभकामना संदेशों से भरे रहें। आयोजनों में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ जनों ने श्याम तिवारी को समर्पित कार्यकर्ता के रूप में आशीर्वाद दिया और कार्यकर्ताओं ने अपनापन का भाव खूब दिखाया। 


जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने जन्मदिवस पर परिवार के साथ भूतेश्वर महादेव मंदिर पहुंचकर विधिवत पूजा अर्चना की।डॉ.भीमराव अम्बेडकर मंडल के पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ सीता राम रसोई पहुंचकर वृद्धजनो को भोजन कराया एवं आशिर्वाद प्राप्त किया। श्री तिवारी ने वृद्धाश्रम पहुँचकर निवासरत् वृद्ध जनों का कुशलक्षेम जाना एवं उन्हें आवश्यकता अनुसार सामग्री वितरित कर आशिर्वाद प्राप्त किया साथी उन्होंने जिला अस्पताल पहुंचकर मरीजों का कुशलक्षेम जाना एवं उन्हें खाद्य साम्रगी भेंट की। श्री तिवारी ने अटल पार्क में पूर्व प्रधानमंत्री श्रद्धेय अटल विहारी वाजपेयी जी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें नमन किया एवं पार्क परिसर में वृहद स्तर पर पौधारोपण किया जिनके संरक्षण का संकल्प पालक के रूप में स्थानीय कार्यकर्ताओं ने लिया। 



जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि संभागीय भाजपा कार्यालय पहुंचने पर जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी का पदाधिकारी कार्यकर्ताओं ने जमकर आतिशबाजी एवं पुष्पवर्षा करते हुए भव्य स्वागत किया। कार्यालय परिसर में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने पं.दीनदयाल उपाध्याय जी एवं श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यालय परिसर में उपस्थित पदाधिकारी कार्यकर्ताओं के साथ पौधारोपण किया। तत्पश्चात श्री तिवारी ने आगंतुकों से भेंट की। जिलाअध्यक्ष श्याम तिवारी ने सभी शुभचिंतकों व स्नेही जनों का आभार व्यक्त किया है।

ये हुए शामिल

कार्यक्रम में विधायक शैलेंद्र कुमार जैन,इंजी.प्रदीप लारिया,निर्मला स्प्रे, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, नगर पालिका अध्यक्ष मिहिलाल अहिरवार,लता सिकरवार,पूर्व जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया,हरिराम सिंह,जाहर सिंह,अरविंद सिंह, अविराज सिंह,आकाश सिंह, जिला पदाधिकारी,मंडल अध्यक्ष,विभिन्न सामाजिक संगठनों के सदस्य,पत्रकार एवं पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ आमजन शामिल हुए।

________________

____________________________

___________
Editor: Vinod Arya
संपादक :विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे




Share:

Sagar: अलग अलग मामलों में दो लग्जरी वाहनों से दो लाख की अवैध शराब जब्त

Sagar: अलग अलग मामलों में दो लग्जरी वाहनों से दो लाख की अवैध शराब जब्त


तीनबत्ती न्यूज: 24 अगस्त ,2025

सागर: जिले में पुलिस अधीक्षक सागर  विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में नशे के विरुद्ध सतत अभियान चलाया जा रहा है।

बीना  के आगासौद में मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि ग्राम धंसरा के एक खलिहान में सफेद रंग की स्कार्पियो कार क्रमांक एम.पी. 04 टी.ए. 2957 खड़ी हहै।  जिसमें अवैध शराब रखी गई है। सूचना पर थाना प्रभारी आगासौद नितिन पाल के नेतृत्व में टीम गठित कर तत्काल मौके पर दबिश दी गई। तलाशी के दौरान कार से अलग-अलग ब्रांड की कुल 153 लीटर अवैध अंग्रेजी शराब (17 पेटियाँ) बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत ₹1,50,660/- है। साथ ही वाहन स्कार्पियो जिसकी कीमत लगभग ₹2,50,000/- आंकी गई, कुल मिलाकर ₹4,00,660/- (चार लाख साठ हजार छह सौ रुपये) का माल जप्त किया गया।


मौके पर आरोपी न मिलने से कार एवं शराब को धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत जप्त कर अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी उप निरीक्षक प्रदीप कुमार जाटव, प्रआर  सुशील सिंह चौहान, प्रआर- रमानीवास शुक्ला, आर- नीरज राठौर, आर रोहित विश्वकर्मा एवं आर गजेन्द्र सिंह की सराहनीय भूमिका रही।

होंडा सेंट्रो कार से शराब जब्त


मोतीनगर थाना क्षेत्र में  मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है। सूचना पर थाना प्रभारी मोतीनगर निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में टीम गठित कर रजौआ रोड, बालाजी मंदिर के आगे घेराबंदी की गई। कुछ समय बाद संदिग्ध कार क्रमांक एमपी 04 एचसी 5543 (होंडा सेन्ट्रो) आती दिखाई दी, जिसे रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर कार सवार भागने लगे, जिनमें से एक व्यक्ति अंधेरे का फायदा उठाकर भाग गया, जबकि कार में बैठे व्यक्ति को पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम अंकित पिता मुकेश जैन, उम्र 31 वर्ष, निवासी चंपाबाग सागर बताया। समक्ष गवाहन कार की तलाशी लेने पर डिक्की से 07 कार्टून में 350 पाव (63 लीटर) देशी मसाला शराब बरामद की गई, जिसकी कीमत लगभग ₹35,000/- आंकी गई। साथ ही परिवहन में प्रयुक्त कार की कीमत लगभग ₹1,00,000/- है। कुल मिलाकर ₹1,35,000/- की संपत्ति जप्त की गई। आरोपी से शराब रखने एवं परिवहन का लाइसेंस मांगा गया, जो वह प्रस्तुत नहीं कर सका। आरोपी का कृत्य धारा 34(2) आबकारी एक्ट के तहत दंडनीय पाए जाने पर मौके से अवैध शराब एवं कार जप्त कर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। थाना मोतीनगर में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है।

इस कार्यवाही में निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत थाना प्रभारी मोतीनगर,प्रआर राजेश लोधी,  प्रआर वीरेन्द्र शर्मा,  प्रआर नदीम शेख,आर अखिलेश कुशवाहा. आर सत्येन्द्र सिंह, आर संजय जोनवार की भूमिका सराहनीय रही।


________________

____________________________

___________
Editor: Vinod Arya
संपादक :विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे



Share:

प्रदेश के कृषि यंत्र निर्माता खुरई में उद्योग लगाएं : भूपेन्द्र सिंह ▪️मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ ने किया भूपेन्द्र सिंह का सम्मान

प्रदेश के कृषि यंत्र निर्माता खुरई में उद्योग लगाएं :  भूपेन्द्र सिंह

▪️मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ ने किया  भूपेन्द्र सिंह का सम्मान


तीनबत्ती न्यूज : 24 अगस्त ,2025

खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने मध्यप्रदेश से आये कृषि यंत्र निर्माताओं से आग्रह किया है कि खुरई में आकर उद्योग लगायें। खुरई में उद्योग स्थापना की सभी अधोसंरचना उपलब्ध हैं, यहां आदर्श स्थिति है और यह शांति का टापू है। यहां आपको उद्योग लगाने में सभी सुविधाएं उपलब्ध करायेंगे। उन्होंने मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ के 8 सूत्रीय मांग पत्र पर आवश्यक कार्यवाही कराने का आश्वासन दिया। मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ की वार्षिक आम सभा के अवसर पर पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक  भूपेन्द्र सिंह का संघ द्वारा सम्मान किया गया।

______________

देखने क्लिक करे :

मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ ने किया भूपेन्द्र सिंह का सम्मान

______________

इस अवसर पर संबोधित करते हुए श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि इस आयोजन से खुरई, प्रदेश और देश के विकास पर मंथन होगा। खुरई में लगभग 75 छोटे बड़े कृषि यंत्र निर्माण के कारखाने हैं। खुरई इस क्षेत्र में न केवल मध्यप्रदेश बल्कि देश का एक हब है। हम चाहते हैं कि खुरई देश में एक ऐसा केन्द्र बने कि पूरे देश में खुरई के कृषि यंत्रों की अधिक से अधिक मांग हो। श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि भविष्य का खुरई एग्रीकल्चर में मध्यप्रदेश का महत्वपूर्ण केन्द्र बनने वाला है। तब सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं बल्कि पूरे देश में खुरई के कृषि यंत्रों की और मांग बढ़ेगी। हम सब जानते हैं कि खुरई, बीना की कृषि भूमि बहुत उपजाऊ है। खुरई विधानसभा क्षेत्र को सिंचाई परियोजना के क्षेत्र में तीन बड़ी उपलब्धि बीना नदी परियोजना, उल्दन बांध, हनोता परियोजना मिली हैं। जिनसें खुरई, बीना क्षेत्र में 70 हजार हेक्टेयर में सिंचाई होगी। केन-बेतवा परियोजना से बुंदेलखंड के 10 जिलों को लाभ होगा। जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र आर्थिक रूप से समृद्ध होगा और बुंदेलखंड में खुरई के कृषि यंत्रों की मांग बढ़ेगी। आने वाले तीन साल में कम से कम दो सौ इंडस्ट्री खुरई में होंगी। 


 भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अगर एप्रोच की दृष्टि से देखें तो आज खुरई के चारों तरफ सागर, बीना, एनएच से कनेक्टीविटी है। अभी दिल्ली में केन्द्रीय मंत्री श्री गड़करी से मिलकर अनुरोध किया है कि खिमलासा-राहतगढ़ रोड़ को एनएच में शामिल किया जाये। खुरई के आस पास अनेक ओवर ब्रिज बन चुके हैं बाकी जल्द ही पूरे हो जायेंगे। हमारे यहां 50 हजार करोड़ की रिफायनरी बीना में बनी हुई है और एक और रिफायनरी का काम चल रहा है। बीना रिफायनरी का जो भी विस्तार होगा उसका लाभ खुरई को मिलेगा। इस तरह औद्योगिक, और रोजगार, कनेक्टिविटी, एजुकेशन, एग्रीकल्चर आदि की दृष्टि से उपयुक्त खुरई में आकर लोग उद्योग लगायेंगे। उन्होंने कहा कि खुरई मध्य प्रदेश का ऐसा पहला विधानसभा क्षेत्र है, जहां पर हमने लैंड बैंक बनाया है। खुरई क्षेत्र में जितनी शासकीय भूमि उपलब्ध है उतनी सागर जिले में कहीं पर नहीं है। इस तरह जो भी इंडस्ट्री आना हैं वह खुरई में आना है। छोटे कारखानों के लिए भी हमने 35 प्लॉट बनाये है। हमारी योजना है कि एक बड़े क्षेत्र को इंडस्ट्रीयल एरिया बनायें। उद्योग लगाने सारी सुविधाओं के साथ जमीन उपलब्ध करायें। 


श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई रेलवे स्टेशन पर अभी डम्पिंग रैक की सुविधा नहीं है जिसके लिये उन्होंने रेल मंत्री से अनुरोध किया है। इससे खुरई मंड़ी में और आवक बढ़ेगी। उन्होंने कहा कि एक जिला एक उत्पाद सरकार की योजना है। उसमें हमारे खुरई का कृषि यंत्र निर्माण शामिल किया गया है। हमने बीना-खुरई-सागर को इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर घोषित कराया है। सड़क के किनारे जितनी भी जमीनें है वे इंडस्ट्रीयल कॉरिडोर के लिये आरक्षित हैं। खुरई में 24 घंटे पावर सप्लाई है, बीना नदी परियोजना से भी पावर जनरेट होना हैं। पावर सेक्टर में मध्यप्रदेश सरप्लस है। कृषि यंत्र निर्माण में वेट पहले ही फ्री करा दिया है। खुरई में कच्चे लोहे का डिपो बन जाए इसके लिये भी हम प्रयास कर रहे हैं। इससे छोटे कृषि यंत्र निर्माताओं को सहूलियत होगी और कृषि यंत्र कुछ सस्ते होंगे। उन्होंने कहा कि औद्योगिक विकास के लिये अधोसंरचना के साथ एक और जरूरी चीज जो होती है वह है कानून व्यवस्था। आज हम ये कह सकते हैं कि हमारा खुरई शांति का टापू है। उद्योग स्थापना की दृष्टि से खुरई में एक आदर्श स्थिति है। हमारी यह भी योजना है कि साल दो साल में खुरई, बीना में हवाई पट्टी बनायें। इससे हमारे यहां पर और तेजी से औद्योगिक निवेश आयेगा। 


पूर्व गृहमंत्री एवं वरिष्ठ विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई क्षेत्र में विकास की दृष्टि से जो संभावनायें हैं, वे अन्य क्षेत्र में नहीं है। खुरई का एक नाम है, एक ब्रांड है। उन्होंने कहा कि देश आत्मनिर्भरता की ओर आगे बढ़ रहा है। हमें खुशी है कि रक्षा सहित कई क्षेत्रों में हम आत्मनिर्भर हो गये हैं, आने वाला समय भारत का है। इसलिये हमें विदेशी चीजों से निर्भरता छोड़कर स्वदेशी टेक्नोलॉजी को आगे बढ़ाना है। जो देश स्वदेशी उत्पाद को आगे बढ़ाता है वहीं आर्थिक प्रगति करता है।

कार्यक्रम में मध्यप्रांत कृषि यंत्र निर्माता संघ के पदाधिकारी ओ. पी. चौकसे अध्यक्ष, चन्द्रप्रताप सिंह अध्यक्ष, विजय जैन, बाबू भाई, हरीश लालवानी, विकास समैया सहित प्रदेश भर से आये संघ के सदस्य, गणमान्य नागरिक उपस्थित थे। 

________________

____________________________

___________
Editor: Vinod Arya
संपादक :विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे






Share:

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 25 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक ▪️पंडित अनिल पांडेय

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : जानिए कैसा रहेगा यह सप्ताह : 25 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक

▪️पंडित अनिल पांडेय


Astrology   | Horoscope

Astrology Forecast 

Horoscope Weekly

तीनवती न्यूज: 24 अगस्त,2025


किसी भी व्यक्ति के लिए कितनी लंबी जिंदगी है यह मुख्य बात नहीं है । मुख्य बात यह है कि हम अपनी जिंदगी किस तरह से जी रहे हैं  ।  इस पूरी जिंदगी में सुख का एक पल भी काफी है ।  मैं पंडित अनिल पाण्डेय आज आपको यह बताने का प्रयास करूंगा की 25 अगस्त से 31 अगस्त 2025 तक के सप्ताह में आपके सुख के पल कब कब  हैं । मैं यह भी बताने का प्रयास करूंगा कि आपको जिंदगी के किस तरफ से सुख मिलेगा और जिंदगी के किस पहलू में आपको सावधान रहना है । अगर आपको तकलीफ की मात्रा ज्यादा लगे तो आपको चाहिए कि आप मेरी पुस्तक नासे रोग हरे सब पीरा में दिए गए हनुमान चालीसा के मंत्रों का संपुट पाठ करें और हनुमान जी की कृपा से अपने दुखों को समाप्त कर सुख प्राप्त करें ।

 इस सप्ताह सूर्य सिंह राशि में, मंगल कन्या राशि में, गुरु मिथुन राशि में ,  शुक्र कर्क राशि में , वक्री शनि मीन राशि  में , और बक्री राहु कुंभ राशि में गोचर करेंगे । बुद्ध प्रारंभ में कर्क राशि में रहेगा 30 तारीख के शाम के 5:36 से सिंह राशि में प्रवेश करेगा ।

 आईये अब हम राशिवार राशिफल की चर्चा करते हैं । 

 मेष राशि-

 इस सप्ताह आपका , आपके जीवनसाथी का और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा  ।  भाग्य से इस सप्ताह आपको मामूली मदद मिल सकती है  ।  भाई बहनों के साथ संबंध थोड़ा कम ठीक रहेंगे  ।  कचहरी के कार्यों में सतर्कता बरतें  ।   इस सप्ताह आपको अपने संतान से सुख प्राप्त होगा । इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त होगा । छात्रों की पढ़ाई ठीक चलेगी  । इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 अगस्त लाभदायक है । 30 और 31 अगस्त को आप दुर्घटनाओं से बच जाएंगे  ‌। 25  , 26 और 27 अगस्त को आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गाय को हरा चारा खिलाएं  ।  सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

 वृष राशि -

 इस सप्ताह आपके प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी  ।  धन आने की मात्रा में थोड़ी कमी हो सकती है  ।  कार्यालय में आपको वाद विवाद में नहीं फंसना चाहिए  ।  भाई बहनों के साथ संबंध तनावपूर्ण हो सकते हैं  ।  भाग्य से थोड़ी मदद मिल सकती है । इस सप्ताह आपके लिए 25  , 26 और 27 अगस्त थोड़ा ठीक है  ।  बाकी सभी दिनों में आपको सावधान रहकर कार्य करना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है ।

 मिथुन राशि-

 इस सप्ताह आपका अपने भाई बहनों के साथ अच्छा संबंध रहेगा ।  शासकीय कार्यों में आपकी स्थिति ठीक रहेगी  ।  आपको अपने कार्यालय में सहयोगियों से मदद की प्राप्ति हो सकती है  ।  भाग्य से आपको कोई सहयोग प्राप्त नहीं होगा  ।  व्यापार में कमी आ सकती है  ।  इस सप्ताह आपके लिए 25   , 26 और 27 अगस्त कार्यों को करने के लिए उचित हैं  ।  30 और 31 अगस्त को आपको पुराने रोग से आराम मिल सकता है ।  आपके प्रयासों से आपके पुराने कई शत्रु भी समाप्त हो सकते हैं । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन चावल का दान करें और शुक्रवार को मंदिर में जाकर सफेद वस्त्रो का दान दें । सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है । 

 कर्क राशि-

 इस सप्ताह आपके जीवनसाथी का और माताजी तथा पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा ।  भाग्य से आपको मदद मिल सकती है ।  धन आने की अच्छी उम्मीद है  ।  भाई बहनों के साथ तनाव हो सकता है  ।  अगर आप अस्थमा के रोगी हैं तो  आपका रोग बढ़ सकता है  ।   दुर्घटनाओं से बचने का प्रयास करें  ।  इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख शुभ है  ।  30 और 31 तारीख को आपके संतान को लाभ हो सकता है  ।  सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है ।

 सिंह राशि -

 इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आपका आपके माताजी और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा  । धन आने की उम्मीद कम है  ।  कचहरी के कार्यों में सतर्क रहें अन्यथा नुकसान हो सकता है  ।  व्यापार में भी आपको सतर्क रहना चाहिए  ।  दुर्घटनाओं से आपको बचने का प्रयास करना चाहिए  ।  इस सप्ताह भाग्य  आपका साथ दे सकता है  । इस सप्ताह आपके लिए 25  ,26 और 27 तारीख थोड़ा ठीक है  ।  30 और 31 तारीख को आपको अपने प्रतिष्ठा को बचाने का प्रयास करना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें तथा रुद्राष्टक का पाठ करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

 कन्या राशि-

 इस सप्ताह आपके द्वारा प्रयास करने पर कचहरी के कार्यों में सफलता मिल सकती है  ।  आपके जीवनसाथी का और माता जी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा  ।  अगर आप डायबिटिक या ब्लड प्रेशर के रोगी हैं तो आपको इस सप्ताह सतर्क रहना चाहिए  ।  आपको अपने शत्रुओं से भी सतर्क रहना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपके लिए 25 , 26 और 27 तारीख फलदाई हैं  ।  30 और 31 अगस्त को आपके भाई बहनों को लाभ हो सकता है । इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें  ।   सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।

 तुला राशि-

 इस सप्ताह आपका,  आपकी माता जी का और आपके जीवन साथी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा  ।  इस सप्ताह आपकी कुंडली के गोचर में शत्रुहन्ता योग बन रहा है । इस योग के कारण आपके थोड़े से प्रयास में ही आपके शत्रु परास्त हो जाएंगे  ।  धन आने की अच्छी उम्मीद है  ।  इस सप्ताह आपको अपने संतान का कम सहयोग प्राप्त होगा । भाग्य से आपको मदद नहीं मिल पाएगी  ।  इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 अगस्त कार्यों को करने के लिए हितवर्धक हैं । 25 26 और 27 तारीख को आपको सावधान होकर कार्यों को करना चाहिए  । 30 और 31 अगस्त को आपको धन के मामले में सतर्कता से कार्य करना चाहिए ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन  शुक्रवार है ।

 वृश्चिक राशि-

 इस सप्ताह आपको अपने कार्यालय में अच्छा सहयोग प्राप्त होगा  ।  उच्च अधिकारी आप पर प्रसन्न रहें रहेंगे  ।  आपका ,आपके जीवनसाथी का और पिताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा ।  भाग्य से आपको कोई विशेष सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा  ।  संतान का थोड़ा बहुत सहयोग आपको मिल सकता है  ।  आपके थोड़े से प्रयासों से ही आपके शत्रु पराजित हो सकते हैं । इस सप्ताह आपके लिए 25,  26 और 27 तारीख थोड़े ठीक हैं  ।  28 और 29 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए  ।  30 और 31 तारीख को आपको अपने स्वास्थ्य के प्रति सतर्क रहना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षर स्त्रोत का तीन बार पाठ करें  ‌। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

 धनु राशि-

 इस सप्ताह भाग्य से आपको अच्छी मदद मिलेगी । आपके कुछ कार्य जो भाग्य के कारण रुके हुए हैं वे इस सप्ताह हो सकते हैं  ।  इस सप्ताह आपको दुर्घटनाओं से बचने का प्रयास करना चाहिए  ।  अगर आप अविवाहित हैं तो इस  वर्ष आपका विवाह हो सकता है  ।  आपका स्वास्थ्य ठीक रहेगा  ।  आपके जीवन साथी के पेट में थोड़ी समस्या हो सकती है  ।  इस सप्ताह आपके लिए 25 26 और 27 तारीख कार्यों को करने के लिए  लाभदायक है  ।  30 और 31 तारीख को कचहरी के कार्यों में प्रयास करने पर आपको सफलता मिल सकती है  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन शिव पंचाक्षरी मंत्र का जाप करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है ।

 मकर राशि-

 अविवाहित जातकों के लिए यह सप्ताह उत्तम है । आपके विवाह की बात चल सकती है ।  आपको विवाह के नए-नए प्रस्ताव प्राप्त होंगे  । भाई बहनों के साथ सामान्य संबंध रहेगा  ।  भाग्य से कोई विशेष आशा न करें  ।  गलत रास्ते से धन आ सकता है  ।  व्यापार के प्रति सतर्क  रहें ।   आपके पेट में कुछ समस्या हो सकती है  ।  इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 अगस्त कार्यों को करने के लिए उत्तम है  ।  30 और 31 अगस्त को आपको धन के मामले में सतर्क रहना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवारहै ।

 कुंभ राशि-

  इस सप्ताह आपका , आप के जीवनसाथी का , आपके पिताजी और माताजी का स्वास्थ्य ठीक रहेगा  ।  भाग्य से सामान्य सहयोग ही प्राप्त हो पाएगा  ।  दुर्घटनाओं से आपको बचाने का प्रयास करना चाहिए  । शत्रुओं से आपको सतर्क रहना चाहिए  ।  इस सप्ताह आपको अपने संतान से कोई विशेष सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा  ।  इस सप्ताह आपके लिए 28 और 29 तारीख ठीक-ठाक है  ।  25 , 26 और 27 तारीख को आपको सावधान रहना चाहिए  ‌। 30 और 31 तारीख को आपको कार्यालय के कार्यों को बड़े सतर्कता के साथ करना चाहिए  ‌। इस सप्ताह आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले कुत्ते को रोटी खिलाएं  ।  सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है । मीन राशि-

  इस सप्ताह आप अपने शत्रुओं को बड़े आसानी से पराजित कर सकते हैं ।  कार्यालय में आपको अपने साथियों का सहयोग प्राप्त हो सकता है  ।  आपका स्वास्थ्य सामान्यतया ठीक रहेगा  ।   परंतु गर्दन या कमर में दर्द हो सकता है  ।  छात्रों के पढ़ाई में इस सप्ताह बाधा पड़ सकती है  ।  इस सप्ताह आपके लिए 25 ,26 और 27 तारीख उपयोगी है  ।  इस तारीख में किए गए आपके अधिकांश कार्य सफल होंगे  ।  28 और 29 तारीख को आपको सचेत रहना चाहिए  ।  30 और 31 तारीख को आपको कोई भी कार्य भाग्य के सहारे नहीं छोड़ना चाहिए  ।  इस सप्ताह  आपको चाहिए कि आप प्रतिदिन काले उड़द का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर शनि देव का पूजन करें  ।  सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।

ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है  । अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्वाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए । मां शारदा से प्रार्थना है या आप सदैव स्वस्थ सुखी और संपन्न रहें।


जय मां शारदा।

 निवेदक:-

पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय

सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता

प्रश्न कुंडली  और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ

साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया , 

सागर  (मध्य प्रदेश) , पिन कोड:-470004

मोबाइल नंबर :-8959594400

________________

____________________________

___________
Editor: Vinod Arya
संपादक :विनोद आर्य
________
+91 94244 37885
________
तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने   सोशल मीडिया प्लेटफार्म से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे




Share:

www.Teenbattinews.com

Archive