Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मानवता की सर्वोच्च सेवा: सुगंधी बाई जैन ने मरणोपरांत किया नेत्रदान और देहदान : गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित

मानवता की सर्वोच्च सेवा: सुगंधी बाई जैन ने मरणोपरांत किया नेत्रदान और देहदान : गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित


​तीनबत्ती न्यूज: 22 अप्रैल, 2026 

सागर: मोतीनगर क्षेत्र की निवासी 72 वर्षीया श्रीमती सुगंधी बाई जैन के निधन ने पूरे शहर को शोकाकुल कर दिया, किंतु उनके पीछे छूटे पदचिन्हों ने मानवता को एक नई राह दिखाई है। भाग्योदय अस्पताल में उपचार के दौरान अंतिम सांस लेने वाली सुगंधी बाई ने अपनी मृत्यु के पश्चात न केवल दो लोगों की दुनिया रोशन की, बल्कि चिकित्सा विज्ञान के शोध हेतु अपनी देह भी समर्पित कर दी।

--------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में श्रीमती सुगंधी जैन ने मरणोपरांत किया नेत्रदान व देहदान : गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित

-----------------

दो अंधियारी जिंदगियों में उजियारा 

अपनी माता की अंतिम इच्छा का मान रखते हुए पुत्र नितिन जैन, निशांत जैन और पुत्री नेहा जैन, दामाद सुरेन्द्र जैन, देवर चक्रेश सिंघई ने तत्काल 'आई बैंक' से संपर्क किया। बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय की टीम ने सफलतापूर्वक कोर्निया संरक्षित किया।


​नेत्रदान के पश्चात, परिजनों ने दिवंगत सुगंधी बाई के पार्थिव शरीर को बीएमसी के एनाटॉमी विभाग को सौंप दिया। यह चिकित्सा छात्रों के प्रशिक्षण के लिए अत्यंत सहायक सिद्ध होगा।

गार्ड ऑफ ऑनर से सम्मान

मीडिया प्रभारी डॉ सौरभ जैन ने बताया कि शासन के विशेष प्रोटोकॉल के तहत, इस महान त्याग के लिए उन्हें 'गार्ड ऑफ ऑनर' दिया गया। यह बीएमसी सागर में इस श्रेणी का छठा देहदान है।

​बुंदेलखंड चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. पी.एस. ठाकुर ने कहा कि शोक की इस घड़ी में जैन परिवार का यह निर्णय अनुकरणीय है। देहदान से बड़ा कोई दान नहीं है, क्योंकि एक मृत शरीर भविष्य के कई डॉक्टरों को जीवन बचाने की शिक्षा देता है। पूरा महाविद्यालय परिवार इस पुण्य कार्य के लिए सदैव आभारी रहेगा।

चिकित्सा टीम का योगदान

​इस पूरी प्रक्रिया को आई बैंक इंचार्ज डॉ. सारिका चौहान, डॉ. रोशी जैन, डॉ. आयुषी मोदी और उनकी समर्पित टीम ने अत्यंत संवेदनशीलता के साथ संपन्न कराया। अस्पताल प्रशासन ने परिजनों की इस पहल को समाज के लिए एक "प्रेरणापुंज" बताया है।

Share:

Sagar News: महिला को फांसी के फंदे तक पहुंचने से पहले डायल 112 ने बचाया सुरक्षित

Sagar News: महिला को फांसी के फंदे तक पहुंचने से पहले डायल 112 ने बचाया सुरक्षित


तीनबत्ती न्यूज:  22 अप्रैल 2026

सागर ; कहते हैं कि सही समय पर मिली मदद किसी भी जिंदगी को नया मौका दे सकती है, और सागर में यह बात एक बार फिर साबित हुई। ‘डायल 112’ की त्वरित कार्रवाई से एक महिला को आत्मघाती कदम उठाने से ऐन वक्त पहले बचा लिया गया। इस घटना ने न केवल एक जान बचाई, बल्कि एक परिवार को टूटने से भी बचा लिया।

 क्या है मामला

पुलिस कंट्रोल रूम को इवेंट आईडी 5712 के माध्यम से सूचना मिली कि मोतीनगर थाना क्षेत्र की धर्मश्री कॉलोनी निवासी रानी अहिरवार (30) ने खुद को कमरे में बंद कर लिया है और फांसी लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास कर रही हैं।

--------------

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर में श्रीमती सुगंधी जैन ने मरणोपरांत किया नेत्रदान व देहदान : गार्ड ऑफ ऑनर देकर किया सम्मानित

-----------------

मिनटों में मौके पर पहुंची पुलिस

मामले की गंभीरता को समझते हुए कंट्रोल रूम ने तुरंत एफआरवी (मोतीनगर) को रवाना किया। टीम कुछ ही मिनटों में मौके पर पहुंच गई, लेकिन कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था और कोई प्रतिक्रिया नहीं मिल रही थी।एएसआई नरवध सिंह और पायलट साजिद खान ने बिना देर किए पड़ोसियों की मदद से दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर महिला दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या की कोशिश कर रही थी। पुलिस टीम ने तुरंत हस्तक्षेप कर महिला को सुरक्षित बचा लिया और उसे मानसिक रूप से संभाला।

इनकी रही अहम भूमिका

इस कार्रवाई में एसआई नरवध सिंह पायलट साजिद खान की सराहनीय भूमिका रही। घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों ने पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई की जमकर प्रशंसा की। स्थानीय लोगों का कहना था कि अगर कुछ मिनट की भी देरी होती, तो बड़ा हादसा हो सकता था।

पुलिस की अपील

सागर पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि जीवन अनमोल है और किसी भी समस्या का समाधान आत्महत्या नहीं है। किसी भी संकट की स्थिति में तुरंत डायल 112 पर संपर्क करें।


Share:

PWD के तीन अफसर ढाई लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई

PWD के तीन अफसर ढाई लाख की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, लोकायुक्त की बड़ी कार्रवाई


तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल, 2026

इंदौर। मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार के खिलाफ कार्रवाई का सिलसिला लगातार जारी है। इसी कड़ी में इंदौर में लोकायुक्त टीम ने लोक निर्माण विभाग (PWD) के तीन अधिकारियों को रिश्वत लेते हुए रंगेहाथ पकड़कर बड़ी कार्रवाई की है।

जानकारी के मुताबिक, धार निवासी ठेकेदार राजपाल सिंह पंवार ने लोकायुक्त कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनकी फर्म द्वारा वर्ष 2023 में करीब 4 करोड़ 73 लाख रुपये का सड़क निर्माण कार्य लिया गया था, जिसे लगभग 4 करोड़ 51 लाख 72 हजार रुपये में पूरा किया गया।

अंतिम बिल के भुगतान के एवज में मांगी रिश्वत

आरोप है कि PWD के अधिकारियों ने अंतिम बिल जारी करने के बदले 3 लाख 50 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। शिकायत की पुष्टि होने के बाद लोकायुक्त ने जाल बिछाया।

ढाई लाख रुपये लेते पकड़े गए कार्रवाई के दौरान

कार्यपालन यंत्री जयदेव गौतम को उनके सरकारी आवास पर 1.50 लाख रुपये लेते हुए।अनुविभागीय अधिकारी टी.के. जैन को कार्यालय परिसर में 1 लाख रुपये लेते हुए रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपी उपयंत्री अंशु दुबे ने राशि कम होने का हवाला देकर पैसे लेने से इंकार कर दिया, लेकिन जांच में उसकी भूमिका सामने आने पर उसे भी आरोपी बनाया गया है।

इन धाराओं में केस दर्ज

तीनों आरोपियों के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 2018 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) 2023 की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त की इस कार्रवाई से विभागीय अधिकारियों में हड़कंप मच गया है और एक बार फिर सरकारी तंत्र में व्याप्त भ्रष्टाचार पर सवाल खड़े हो गए हैं।


Share:

ऑटो में छूटी 3 लाख की मशीन, सागर पुलिस ने 6 घंटे में तलाशा : रोते युवक के चेहरे पर आई मुस्कान

ऑटो में छूटी 3 लाख की मशीन, सागर पुलिस ने 6 घंटे में तलाशा : रोते युवक के चेहरे पर आई मुस्कान


तीनबत्ती न्यूज : 21 अप्रैल 2026

सागर: सागर पुलिस की तत्परता और संवेदनशीलता का एक सराहनीय उदाहरण सामने आया है। ऑटो में छूटी करीब 3 लाख रुपये की पीएफटी (पल्मोनरी फंक्शन टेस्ट) मशीन को पुलिस ने महज 6 घंटे में बरामद कर उसके मालिक को सुरक्षित लौटा दिया।

------------------

वीडियो देखने क्लिक करे

ऑटो में छूटी 3 लाख की मशीन, #सागर पुलिस ने 6 घंटे में तलाशा : रोते युवक के चेहरे पर आई मुस्कान

_

---------------------------------


जानकारी के अनुसार, सिप्ला कंपनी में ‘ब्रीथ फ्री एजुकेटर’ के रूप में कार्यरत पंकज दुबे मंगलवार सुबह कंट्रोल रूम पहुंचे और बताया कि मकरोनिया से मेडिकल कॉलेज जाते समय उनका बैग ऑटो में छूट गया। बैग में उनकी महंगी पीएफटी मशीन थी, जो उनके रोजगार का एकमात्र साधन है। कम आय होने के कारण मशीन खोना उनके लिए बड़ा संकट था।

मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के निर्देशन में कंट्रोल रूम प्रभारी आरकेएस चौहान और टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। सीसीटीवी फुटेज खंगालकर ऑटो की पहचान की गई और जानकारी को वायरलेस व सोशल मीडिया के माध्यम से शहरभर में प्रसारित किया गया।

पुलिस की सक्रियता का असर यह हुआ कि ऑटो चालक को जब मामले की जानकारी मिली तो उसने बैग सुरक्षित होने की पुष्टि की। इसके बाद उसे थाना गोपालगंज बुलाया गया, जहां जांच के बाद मशीन सही हालत में पाई गई और पंकज दुबे को सौंप दी गई।

सुबह रोते हुए कंट्रोल रूम पहुंचे युवक के चेहरे पर मशीन वापस मिलने के बाद खुशी साफ झलक रही थी। उन्होंने सागर पुलिस का आभार जताया।

इस पूरी कार्रवाई में कंट्रोल रूम टीम, जिसमें रेखा रजक और आरक्षक योगेश सहित अन्य स्टाफ शामिल रहे, की अहम भूमिका रही।


Share:

पेंशन प्रकरण में गलत जन्मतिथि अंकित करने पर सहायक संचालक मत्स्य उद्योग पन्ना को नोटिस जारी करने के कमिश्नर ने दिए निर्देश

पेंशन प्रकरण में गलत जन्मतिथि अंकित करने पर सहायक संचालक मत्स्य उद्योग पन्ना को नोटिस जारी करने के कमिश्नर ने दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज:  21 अप्रैल 2026

सागर : कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी ने सेवा निवृत्त शासकीय कर्मचारियों के पेंशन प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश संयुक्त संचालक पेंशन को दिए हैं। कमिश्नर ने निर्देशित करते हुए कहा है कि सागर संभाग में पेंशन प्रकरणों के निराकरण के काफी प्रकरण लंबित हैं, वहीं परिवार पेंशन के भी प्रकरण लंबित हैं। कमिश्नर ने निर्देश दिए हैं कि पेंशन प्रकरणों और परिवार पेंशन प्रकरणों के लंबित प्रकरणों का निराकरण सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ कराएं।

कमिश्नर ने पन्ना जिले में सहायक संचालक मत्स्य उद्योग द्वारा पेंशन प्रकरण के निराकरण के मामले में सेवा निवृत्त कर्मचारी के पेंशन प्रकरण की फाइल में गलत जन्मतिथि अंकित करने के कारण पेंशन प्रकरण का निराकरण समय पर नहीं होने पर कड़ी नाराजगी व्यक्त की है तथा सहायक संचालक पन्ना को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं।

कमिश्नर ने संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा को भी निर्देश दिए हैं कि वे सागर संभाग में लंबित लगभग 713 वेतन निर्धारण के प्रकरणों का 1 सप्ताह की समय अवधि में निराकरण कर इसकी सूचना उन्हें दें। कमिश्नर ने उक्त निर्देश आज कोष एवं लेखा, सामाजिक न्याय विभाग, उद्योग विभाग, एमपीआरडीसी के कार्यों की समीक्षा बैठक में अधिकारियों को दिए।

बैठक में पेंशन प्रकरणों के निराकरण की जिलेवार समीक्षा करते हुए कमिश्नर ने संयुक्त संचालक पेंशन को निर्देश दिए कि वे ऐसे आहरण एवं संवितरण अधिकारियों को जानकारी उपलब्ध कराएं, जिनके कार्यालयों में काफी लंबे समय से पेंशन प्रकरण लंबित हैं। कमिश्नर ने कहा कि पेंशन प्रकरणों के निराकरण में रुचि नहीं रखने वाले आहरण एवं संवितरण अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

बैठक में कमिश्नर ने उद्योग विभाग द्वारा संचालित योजनाओं की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सागर संभाग की सभी औद्योगिक इकाइयों में जल संवर्धन अभियान के अंतर्गत पौधरोपण कराने के लिए कार्य योजना बनाएं तथा वर्षा काल में वृहद स्तर पर पौधरोपण कराएं।

बैठक में कमिश्नर ने निर्देश दिए कि सागर संभाग के सभी औद्योगिक प्रशिक्षण इकाइयों में प्रशिक्षण के लिए छात्र-छात्राओं को प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि सागर संभाग की सभी औद्योगिक इकाइयों एवं संस्थानों में शत-प्रतिशत प्रशिक्षुओं को प्रवेश मिलना चाहिए। बैठक में कमिश्नर ने सामाजिक न्याय विभाग द्वारा संचालित मुख्यमंत्री कन्या अभिभावक योजना, कल्याणी पेंशन योजना, मुख्यमंत्री अविवाहित योजना, मुख्यमंत्री दिव्यांग पेंशन योजना की भी समीक्षा की गई।
Share:

नारी शक्ति का 'वंदन' नहीं, भाजपा राज में हो रहा है 'दमन' : प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी


नारी शक्ति का 'वंदन' नहीं, भाजपा राज में हो रहा है  'दमन'  : प्रदेश कांग्रेस महासचिव रेखा चौधरी


तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल ,2026

सागर :  लोकतंत्र और संविधान की रक्षा के लिए संसद में मिली जीत का स्वागत करती है। मोदी सरकार ने महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन के माध्यम से सत्ता पर एकाधिकार जमाने की जो साज़िश रची थी, विपक्ष की एकजुटता ने उसे विफल कर दिया है। संसद में महिला आरक्षण से जुड़े संशोधन विधेयक पर हुए मतदान ने स्पष्ट कर दिया है कि देश अब विभाजनकारी राजनीति को स्वीकार नहीं करेगा।

यह बात मध्यप्रदेश कांग्रेस कमेटी की प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने मंगलवार को संभागीय मुख्यालय सागर में आयोजित पत्रकार वार्ता के दौरान कही। जिला कांग्रेस कार्यालय राजीव गांधी भवन में आयोजित इस पत्रकार वार्ता का आयोजन जिला कांग्रेस अध्यक्ष द्वय भूपेंद्र सिंह मुहासा व महेश जाटव ने संयुक्त रूप से किया। पत्रकार वार्ता का संचालन प्रदेश मीडिया विभाग के डॉ संदीप सबलोक व आभार संगठन महासचिव आशीष ज्योतिषी ने व्यक्त किया।

पत्रकार वार्ता में नगर निगम पार्षद नीलोफर चमन अंसारी, रोशनी वसीम खान, ऋचा सिंह गोंड, सुलेखा राकेश राय, सीमा चौधरी, संगीता अहिरवार के साथ ही महिला कांग्रेस प्रदेश पदाधिकारी रेखा सोनी किरण लता सोनी, पार्षद ताहिर खान की विशेष रूप से उपस्थिति रही। 

प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि संसद में महिला आरक्षण की आड़ में परिसीमन से संबंधित संशोधन विधेयक पर हुए मतदान में कुल 528 मतों में से विधेयक के पक्ष में केवल 230 वोट पड़े, जबकि विरोध में 298 मत पड़े, जिसके फलस्वरूप यह असंवैधानिक संशोधन गिर गया है।

उन्होंने कहा कि इस घटना से देश की लोकसभा व विधानसभाओं में महिलाओं को आरक्षण देने के मामले में भाजपा का "महिला विरोधी चरित्र" एक बार फिर सामने आ गया है। भाजपा सरकार की 'महिला विरोधी' नीतियों के चलते आरक्षण के नाम पर देश की आधी आबादी को 'संवैधानिक धोखे' में रखा जा रहा है। भाजपा के लिए नारी सम्मान केवल एक चुनावी इवेंट है, जबकि हकीकत में उनका हाथ हमेशा 'शोषकों' के साथ रहा है। भाजपा सरकार में महिलाओं का सम्मान केवल विज्ञापनों तक सीमित है, जबकि धरातल पर सत्ता के संरक्षण में महिलाओं की अस्मत को रौंदा जा रहा है।

रेखा चौधरी ने सीधा आरोप लगाया कि मोदी सरकार ने जानबूझकर महिला आरक्षण को 'परिसीमन' और 'जनगणना' की उलझनो  में फंसाया है। सरकार की मंशा महिलाओं को अधिकार देना नहीं, बल्कि परिसीमन के बहाने बिना जातिगत जनगणना के मनमाने तरीके से चुनावी गणित को अपने पक्ष में मोड़ना था। सरकार ने महिला आरक्षण और परिसीमन को एक साथ मिलाकर संविधान के ढांचे को बदलने और सारी 'Executive Power' अपने हाथ में लेने का प्रयास किया। यह सीधे तौर पर लोकतंत्र और देश की अखंडता पर हमला था। रेखा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस महिला आरक्षण के पक्ष में 100% एकजुट है। हमने सितंबर 2023 में 'नारी शक्ति वंदन अधिनियम' का समर्थन किया था और आज भी हमारी मांग स्पष्ट है—महिलाओं को उनका हक तुरंत मिलना चाहिए।

आरक्षण: 2029 की 'तारीख' का धोखा

पत्रकारों से चर्चा करते हुए प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि कांग्रेस ने 1989 से पंचायती राज के माध्यम से महिलाओं को शक्ति देने का काम शुरू किया था। लेकिन मोदी सरकार परिसीमन और जनगणना की शर्त लगाकर इस हक को 2029 तक टाल रही है। हमारी मांग है कि 33% आरक्षण तत्काल प्रभाव से लागू हो। OBC महिलाओं के लिए आरक्षण के भीतर आरक्षण सुनिश्चित हो। जुमलेबाजी बंद हो और संसद में महिलाओं की भागीदारी तत्काल शुरू हो।"

ये रहे शामिल

इस अवसर पर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, कमलेश तिवारी, दीनदयाल तिवारी, चमन अंसारी, वसीम खान, आनंद हेला, हेमराज रजक कमल चौधरी हेमलता कुर्मी, ज्योति मलैया, रेखा अहिरवार, महेश अहिरवार, अजय अहिरवार, संजय सराफ आदि की उपस्थिति रही।

Share:

निगम कमिश्नर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती: कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के निर्देश, दरोगा को नोटिस

निगम कमिश्नर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती: कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के निर्देश, दरोगा को नोटिस


तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल। 2026

सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए तथा कई स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन वार्ड में सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने पर निगमायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। संबंधित कर्मचारी सुजीत को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए गए, वहीं क्षेत्र के सफाई दरोगा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


निगमायुक्त ने सभी जोन प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने हर वार्ड में “स्वच्छता पंचायत” आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों को शामिल किया जाए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

बस स्टैंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान शराब दुकान के पास गंदगी मिलने पर संबंधित दुकानदार को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।

इसके अलावा शहर में दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध पोस्टर-पंपलेट लगाए जाने पर भी निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि “स्वच्छ सागर, सुंदर सागर” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।

Share:

संतकंवरराम वार्ड में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया विधायक व महापौर ने

संतकंवरराम वार्ड में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया विधायक व महापौर ने 


तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल, 2026

सागर। शहर के संतकंवरराम वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी और वार्ड पार्षद रोमा कैलाश हसानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।60 लाख की लागत से 5 गलियों का निर्माण होगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।

महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि संतकंवरराम वार्ड में इस सड़क का निर्माण लंबे समय से लंबित था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की स्वच्छता व सौंदर्य में भी सुधार होगा।



महापौर ने स्वच्छता को प्राथमिकता बताते हुए नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर निगम की कचरा गाड़ी को दें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। साथ ही व्यापारियों से दुकानों के सामने डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का आग्रह किया।

वार्डवासियों की मांग पर विधायक निधि से धर्मशाला के शेष निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही युवाओं के लिए मिनी स्पोर्ट्स सेंटर बनाने की घोषणा की, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और बच्चे खेलों से जुड़ें।


कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive