संतकंवरराम वार्ड में सीसी रोड निर्माण का भूमिपूजन किया विधायक व महापौर ने
तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल, 2026
सागर। शहर के संतकंवरराम वार्ड में नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए सीसी रोड निर्माण कार्य का भूमिपूजन किया गया। कार्यक्रम गरिमामय माहौल में सम्पन्न हुआ, जिसमें विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, महापौर संगीता सुशील तिवारी, निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा पैनलिस्ट रिशांक तिवारी और वार्ड पार्षद रोमा कैलाश हसानी विशेष रूप से उपस्थित रहे।60 लाख की लागत से 5 गलियों का निर्माण होगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने कहा कि क्षेत्र में विकास कार्य लगातार जारी हैं और नागरिकों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाने में जनसहभागिता की आवश्यकता पर जोर दिया।
महापौर संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि संतकंवरराम वार्ड में इस सड़क का निर्माण लंबे समय से लंबित था, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। सड़क बनने से क्षेत्रवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी और क्षेत्र की स्वच्छता व सौंदर्य में भी सुधार होगा।
महापौर ने स्वच्छता को प्राथमिकता बताते हुए नागरिकों से स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान में सक्रिय भागीदारी की अपील की। उन्होंने कहा कि गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग एकत्र कर निगम की कचरा गाड़ी को दें और सार्वजनिक स्थानों पर कचरा न फैलाएं। साथ ही व्यापारियों से दुकानों के सामने डस्टबिन रखने और कचरे का उचित निस्तारण करने का आग्रह किया।
वार्डवासियों की मांग पर विधायक निधि से धर्मशाला के शेष निर्माण हेतु 10 लाख रुपए की घोषणा की। साथ ही युवाओं के लिए मिनी स्पोर्ट्स सेंटर बनाने की घोषणा की, जिससे वे स्वस्थ जीवनशैली अपनाएं और बच्चे खेलों से जुड़ें।
कार्यक्रम के अंत में वार्डवासियों ने सड़क निर्माण कार्य शुरू होने पर जनप्रतिनिधियों का आभार जताया। इस मौके पर बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें