निगम कमिश्नर की सफाई व्यवस्था में लापरवाही पर सख्ती: कर्मचारी की सेवा समाप्त करने के निर्देश, दरोगा को नोटिस
तीनबत्ती न्यूज: 21 अप्रैल। 2026
सागर। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने मंगलवार को शहर की सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 को ध्यान में रखते हुए उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को सख्त निर्देश दिए तथा कई स्थानों पर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान सिविल लाइन वार्ड में सफाई व्यवस्था में गंभीर लापरवाही सामने आने पर निगमायुक्त ने कड़ा रुख अपनाया। संबंधित कर्मचारी सुजीत को सेवा से पृथक करने के निर्देश दिए गए, वहीं क्षेत्र के सफाई दरोगा को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए गए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि स्वच्छता कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
निगमायुक्त ने सभी जोन प्रभारियों को निर्देशित किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित निगरानी रखें और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करें। उन्होंने हर वार्ड में “स्वच्छता पंचायत” आयोजित करने के निर्देश देते हुए कहा कि इसमें नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और व्यापारियों को शामिल किया जाए, ताकि स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।
बस स्टैंड क्षेत्र के निरीक्षण के दौरान शराब दुकान के पास गंदगी मिलने पर संबंधित दुकानदार को तत्काल सफाई कराने के निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि व्यावसायिक प्रतिष्ठानों की जिम्मेदारी है कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखें।
इसके अलावा शहर में दीवारों और सार्वजनिक स्थलों पर अवैध पोस्टर-पंपलेट लगाए जाने पर भी निगमायुक्त ने नाराजगी जताई और संबंधित अधिकारियों को संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि “स्वच्छ सागर, सुंदर सागर” के लक्ष्य को हासिल करने के लिए नगर निगम लगातार प्रयास कर रहा है, लेकिन इसमें नागरिकों की सहभागिता बेहद जरूरी है।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें