Editor: Vinod Arya | 94244 37885

क्षत्रिय महासभा के कन्या विवाह समारोह : 18 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, सभी को 1 लाख 1 हजार और सामग्रियों भेंट ▪️पूर्वमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सपरिवार पांव पखारे

क्षत्रिय महासभा के कन्या विवाह समारोह : 18 जोड़े परिणय सूत्र में बंधे, सभी को 1 लाख 1 हजार और सामग्रियों भेंट

▪️पूर्वमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने सपरिवार पांव पखारे


तीनबत्ती न्यूज: 20 अप्रैल , 2026

सागर। सामूहिक विवाह विवेकपूर्ण समाज की पहचान है और समय की आवश्यकता है। इस सफल आयोजन के बाद क्षत्रिय महासभा अगले वर्ष के अक्षय तृतीया पर्व पर समाज की 101 कन्याओं का विवाह समारोह आयोजित करेगा। यह उद्गार पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक  भूपेन्द्र सिंह ने अक्षय तृतीया के पर्व पर रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में क्षत्रिय महासभा जिला सागर द्वारा आयोजित कन्या विवाह समारोह-2026 में अपने संबोधन में व्यक्त किए। सागर जिले की क्षत्रिय समाज में इस तरह के इस पहले आयोजन में समाज की 18 कन्याओं का भव्य व्यवस्थाओं के साथ विवाह संपन्न हुआ। 

___________

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर : क्षत्रिय महासभा का कन्या विवाह समारोह: पूर्व मंत्री #भूपेंद्रसिंह ने सपरिवार पांव पखारे :

___________

क्षत्रिय समाज के वरिष्ठ संरक्षक पूर्व गृह मंत्री एवं खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह ने परिवार सहित वर-वधु के पैर पाखरे क्षत्रिय महासभा की ओर से वरिष्ठ जनों ने सभी कन्याओं को 1 लाख 1 हजार की नगद राशि और अन्य उपहार सामग्रियां भेंट कीं।


पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने समारोह को सम्बोधित करते हुए कहा कि अक्षय का अर्थ है जिसका कभी क्षय (नाश) न हो। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इस शुभ दिन पर किए गए दान, तप, जप और सत्कर्मों का फल अनंत और स्थायी होता है। इसी पुण्य पर्व पर कृष्ण-सुदामा का मिलन हुआ था, सूर्यदेव ने द्रौपदी को एक ’अक्षय पात्र’ प्रदान किया था। इसी दिन देवी पार्वती ने मां अन्नपूर्णा के रूप में अवतार लिया था। उन्होंने बताया कि वेद व्यास और गणेशः महर्षि वेद व्यास ने इसी शुभ दिन पर भगवान श्री गणेश को ’महाभारत’ सुनाना प्रारंभ किया था। आदि शंकराचार्य ने इस दिन कनकधर स्तोत्रम की रचना की थी। 


पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि कन्या घर की लक्ष्मी और कुल का गौरव है। कन्यादान केवल एक रस्म नहीं, बल्कि माता-पिता द्वारा किया गया दुनिया का सबसे बड़ा त्याग है। वेदों में स्त्री यज्ञीय है अर्थात् यज्ञ समान पूजनीय हैं और कन्या का विवाह हजारों यज्ञ के समान माना गया है। ऋषि पाराशर ने बताया है कि कलियुग में कन्यादान ही वह एकमात्र पुण्य है जो मनुष्य के समस्त पापों का शमन कर सकता है। क्षत्रिय कुल शिरोमणि महाराणा प्रताप ने कहा था कि पुत्री का विवाह और उसका कन्यादान दान क्षत्रिय धर्म की वह मर्यादा है जो संबंधों को अटूट बनाती है। ’कन्यादान’ को संसार के समस्त दानों में सर्वश्रेष्ठ और ’महादान’ माना गया है, क्योंकि इसमें केवल वस्तु का नहीं बल्कि जीवन की सबसे प्रिय पूंजी (संतान) का दान किया जाता है। उन्होंने कहा कि हथेली पर रखकर कलेजा जो सौंप दे, उस पिता के साहस का नाम है कन्यादान। यह कार्य केवल एक पिता ही कर सकता है, इसीलिए इसे शास्त्रों में ’अश्वमेध यज्ञ’ से भी बड़ा फल देने वाला बताया गया है। 


सहयोगकर्ताओं का मंच से सम्मान हुआ

पूर्व गृहमंत्री श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अपनी बेटी की शादी में लाखों खर्च कर वाह-वाही लूटने से बेहतर है कि वह धन उसके भविष्य के काम आए। सामूहिक विवाह सम्मेलन विवेकपूर्ण समाज की पहचान हैं। साहित्यकार मुंशी प्रेमचंद ने लिखा है कि कर्ज लेकर विवाह करना अपनी गरिमा को गिरवी रखना है और सामूहिक विवाह सम्मान का मार्ग है। उन्होंने कहा कि आज के व्यस्तताओं से भरे युग में क्षत्रिय समाज में सामूहिक विवाह समारोह बड़ी आवश्यकता बनते जा रहे हैं। पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि अगले वर्ष अक्षय तृतीया पर्व पर ही क्षत्रिय महासभा जिला सागर के अगले कन्या विवाह समारोह-2027 की घोषणा करते हुए कहा है कि अगले वर्ष क्षत्रिय समाज की 101 कन्याओं का और भी भव्य और बड़े आयोजन के साथ विवाह समारोह आयोजित किया जाएगा। पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह और समाज के सभी वरिष्ठ सदस्यों ने समाज के उन सभी लोगों का मंच से प्रशस्ति पत्र के साथ सम्मान किया जिन्होंने इस आयोजन में आर्थिक तथा सामग्री के रूप में सहयोग दिया। इन सभी सहयोगकर्ताओं के नामों और सहयोग राशि की सूची को पुस्तिका रूप में आयोजन स्थल पर सभी को वितरित किया गया तथा मंच से पढ़ा गया। इस आयोजन के लिए समाज जनों की ओर से सहयोग के रूप में लगभग 40 लाख रुपए की सहयोग राशि एकत्रित हुई है। 




क्षत्रिय समाज में सामूहिक विवाह की नई पहल हुई,अगली अक्षय तृतीया को समाज की 101 कन्याओं के विवाह का संकल्प लिया

भव्य समारोह का आयोजन

ऐसे में क्षत्रिय महासभा जिला सागर की इस पहल को एक बड़ी शुरुआत माना जा रहा है। इस विवाह समारोह के लिए रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में आलीशान व्यवस्थाएं और सुविधाएं जुटाई गईं। सामने स्टेडियम में बारात उठाने के लिए जनवासा था। यहां से डीजे, आतिशबाजी,दुददुल घोड़ी, गाजे बाजे के साथ घुड़बग्घी, घोड़े पर हर दूल्हे की बारात लगी। सामने रुद्राक्ष धाम मंदिर प्रांगण में विवाह स्थल पर  समाज के वरिष्ठ जन द्वारचार के लिए मौजूद थे। 18 ब्लाक्स में सभी 18 जोड़ों, वर वधु के लिए उनका अलग विवाह मंडप था जिन पर वर-वधु के नाम के फ्लेक्स लगे थे। आम के पत्तों और सभी पारंपरिक रिवाजों के अनुसार निर्धारित वृक्षों की लकड़ियों से बनाए मड़वे और खाम, पंडित जी, नेंग दस्तूर के लिए आवश्यक लोग सभी उपलब्ध कराए गए थे। वधुओं को सजाने और वर माला के लिए मंच पर लाने का काम क्षत्रिय महासभा की महिला विंग की अध्यक्ष श्रीमती प्रीति सिंह और उनकी टीम ने संभाला हुआ था। मंच के साइड में आर्केस्ट्रा पार्टी का अलग मंच था। वरमाला के बाद प्रत्येक वर-वधु को समाज के वरिष्ठ जनों ने जाल में सजा कर एक लाख एक हजार की राशि से तिलक किया। क्षत्रिय समाज के अनेक परिवारों ने कूलर, डिनर सेट, साड़ी आदि सामग्री भेंट में दीं। कन्याओं की पांव पखराई की पारंपरिक रस्म में भी समाज जनों ने हिस्सा लिया। आयोजन स्थल पर सुबह से ही स्वल्पाहार की व्यवस्था थी और दोपहर एक बजे से पांच बजे तक सभी के लिए भोजन की व्यवस्था रखी गई। इतना ही नहीं विदाई के टिपारे और सभी बारातियों घरातियों के लिए भोजन सामग्री की पठौनी रखी गई थी। व्यवस्थाओं में कोई चूक नहीं रहे इसलिए पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह के मार्गदर्शन में , महासभा के अध्यक्ष लखन सिंह के नेतृत्व में समाज जनों की विभिन्न टीमों को जिम्मेदारियों का विभाजन किया गया था इसलिए इतना बड़ा आयोजन बड़ी ही सुविधा और सुगमता के साथ संपन्न हुआ।

कार्यक्रम का संचालन अभिषेक सिंह गौर और राहुल सिंह चौरा ने किया। आयोजन में हजारों की संख्या में क्षत्रिय समाज के गणमान्यों की उपस्थिति रही।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive