Editor: Vinod Arya | 94244 37885

Sagar News: फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश की अगुवाई में 13 संगठनों की संयुक्त बैठक, एकता और व्यापारिक हितों पर मंथन

फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश की अगुवाई में सागर में एकता का मंत्र, 13 संगठनों की संयुक्त बैठक

तीनबत्ती न्यूज: 07 सितम्बर, 2026

सागर। फेडरेशन ऑफ मध्य प्रदेश की अगुवाई में टेंट, कैटरिंग, इवेंट मैनेजमेंट, डीजे साउंड, बैंड, फोटोग्राफी, डेकोरेशन, एलईडी लाइटिंग, गार्डन, होटल, हलवाई एवं शहनाई से जुड़े 12 संगठनों की संयुक्त बैठक सागर में आयोजित की गई। बैठक में फेडरेशन के राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों सहित विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम में फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष विपुल सिंघल एवं राष्ट्रीय चेयरमैन राम कृष्ण प्रोहित की गरिमामयी उपस्थिति रही। उनके साथ राष्ट्रीय महासचिव करतार सिंह कोयर, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राजकुमार गौतम, दिल्ली के पदाधिकारी कृष्ण कुमार चौहान एवं जितेंद्र कुमार, उत्तर प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल, छत्तीसगढ़ प्रदेश अध्यक्ष अमरजीत सिंह दुआ, पूर्वी दिल्ली प्रदेश अध्यक्ष रमाशंकर चड्डा, प्रदेश अध्यक्ष विजय मान, मध्यप्रदेश अध्यक्ष राजीव जैन गट्टू, प्रदेश महासचिव सतनाम सिंह होरा, प्रदेश कोषाध्यक्ष राजेश भावसार, समन्वय समिति संयोजक रणवीर सिंह चावला, समन्वय समिति सदस्य राजेश उपाध्याय एवं सुरेश पाटीलिया सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।

नेता और टेंट व्यापारियों का चोली-दामन का साथ : प्रदीप लारिया

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नरयावली विधायक प्रदीप लारिया ने कहा कि नेता और टेंट व्यापारियों का चोली-दामन का साथ है। आयोजनों से जुड़े सभी व्यापारियों और व्यवसायियों के हितों के लिए मध्यप्रदेश सरकार की ओर से जो भी यथासंभव मदद होगी, वह निश्चित रूप से की जाएगी।

उन्होंने मंच से घोषणा करते हुए कहा कि आयोजनों से जुड़े समस्त व्यापारी अपनी समस्याओं और मांगों का एक ड्राफ्ट तैयार कर उन्हें दें। वे इन समस्याओं को विधानसभा में प्रश्न के रूप में उठाएंगे और सरकार के समक्ष रखेंगे। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए वे हरसंभव प्रयास करेंगे।




सभी संगठनों की एकजुटता समय की आवश्यकता : अखिलेश मौनी केशरवानी

कैटरिंग एसोसिएशन सागर के संरक्षक अखिलेश मौनी केशरवानी ने कहा कि आयोजन से जुड़े सभी व्यवसाय एक-दूसरे के पूरक हैं। सभी संगठनों की एकजुटता से व्यवसाय से जुड़े लोगों की समस्याओं का बेहतर समाधान संभव है।

उन्होंने कहा कि सागर में राष्ट्रीय एवं प्रदेश स्तर के पदाधिकारियों की उपस्थिति स्थानीय व्यवसायियों के लिए गौरव और प्रेरणा का विषय है।


टेंट व्यवसायी समाज का बहुत महत्वपूर्ण अंग : शैलेन्द्र जैन

 विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि टेंट व्यवसायी समाज का बहुत महत्वपूर्ण अंग हैं। हमारे शादी-विवाह, अन्य मांगलिक आयोजनों एवं सामाजिक कार्यक्रमों में टेंट व्यवसायी एक परिवार के सदस्य की तरह अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए सहयोग प्रदान करते हैं। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार समाज के प्रत्येक वर्ग की अपनी समस्याएं और आवश्यकताएं होती हैं, उसी प्रकार टेंट एवं इवेंट व्यवसायियों की भी अपनी समस्याएं हैं।


विधायक जैन ने कहा कि टेंट एवं इवेंट व्यवसायियों की समस्याओं के निराकरण के लिए हम संकल्पित हैं। उन्होंने प्रदेशभर से आए प्रतिनिधियों से कहा कि वे अपनी समस्याओं और अपेक्षाओं से अवगत कराएं तथा यह बताएं कि किस प्रकार शासन एवं प्रशासन के स्तर पर उनका सहयोग किया जा सकता है। उनकी समस्याओं के समाधान के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा।


व्यवसाय से जुड़े सभी लोगों को एक मंच पर लाना उद्देश्य : सतनाम सिंह होरा

फेडरेशन के महासचिव सतनाम सिंह होरा ने कहा कि फेडरेशन का उद्देश्य विभिन्न संगठनों को एक मंच पर लाकर आपसी समन्वय बढ़ाना और व्यवसाय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए सामूहिक रूप से प्रयास करना है। उन्होंने सागर में आयोजित संयुक्त बैठक की सराहना की।

संगठनों के हित में निरंतर कार्य करेगी सागर इकाई : दिनेश दक्ष

सागर जिला इकाई के अध्यक्ष दिनेश दक्ष ने कहा कि सागर में विभिन्न संगठनों की यह संयुक्त बैठक आपसी एकता और समन्वय की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। सागर जिला इकाई फेडरेशन के साथ मिलकर सभी संबंधित संगठनों के हितों और व्यवसाय के विकास के लिए निरंतर कार्य करेगी।

बैठक में विभिन्न संगठनों की समस्याओं, आपसी समन्वय, संगठन की मजबूती एवं व्यवसाय के विकास को लेकर महत्वपूर्ण विचार-विमर्श किया गया।

कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पुरुषोत्तम नेमा एवं नीरज अग्रवाल ने राष्ट्रीय, प्रदेश एवं जिला स्तर के सभी पदाधिकारियों, अतिथियों और विभिन्न संगठनों से आए प्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive