बंडा-शाहगढ़ शराब कांड पर CM मोहन यादव सख्त, एक दर्जन मौतों के बाद 3 आबकारी अधिकारी और दो पुलिस अधिकारी निलंबित; 7 शराब दुकानें सील
• विधायक शैलेंद्र जैन ने किया मटकी फोड़ कार्यक्रम स्थगित
• भाजपा जिला अध्यक्ष,सांसद और विधायक पहुंचे बीएमसी
• कांग्रेस ने की सख्त कार्रवाई की मांग
तीनबत्ती न्यूज: 06 सितम्बर, 2026
सागर। मध्यप्रदेश के सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में संदिग्ध जहरीली/नकली शराब के सेवन से हुई मौतों के मामले में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सख्त रुख अपनाया है। मुख्यमंत्री ने घटना को बेहद दुःखद और दुर्भाग्यपूर्ण बताते हुए कहा है कि मामले की तत्काल जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
प्रशासन के अनुसार बंडा तहसील के गोगरा खुर्द, नौरोज और पाटन गांवों में शराब सेवन के बाद एक दर्जन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि कुछ लोगों का उपचार अस्पताल में चल रहा है। घटना के बाद प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर स्थिति की निगरानी कर रहे हैं।
डिप्टी CM जगदीश देवड़ा ने ली जानकारी
उप-मुख्यमंत्री एवं आबकारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने भी वरिष्ठ अधिकारियों से घटना की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र में तत्काल जांच के साथ पीड़ितों के उपचार और राहत की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने कहा कि बंडा में जहरीली शराब से कुछ लोगों की मृत्यु हुई है और कुछ लोग उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में भर्ती हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
7 शराब दुकानें सील, सैंपलिंग के निर्देश
घटना के बाद प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाते हुए प्रभावित क्षेत्र की 7 शराब दुकानों को सील कर दिया है। साथ ही शराब के सैंपल लेने के निर्देश दिए गए हैं। प्रशासन ने अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की बात कही है।
तीन आबकारी अधिकारी निलंबित, दो पुलिस अधिकारी भी
शराब कांड को लेकर राज्य शासन ने बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई की है। 10 लोगों की मौत की घटना को गंभीरता से लेते हुए तीन आबकारी अधिकारियों को निलंबित किया गया है।
इनमें सहायक आयुक्त आबकारी सागर कीर्ति दुबे, सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिलीप खंडाते और आबकारी उप निरीक्षक वृत्त बंडा प्रोशनी उरेती शामिल हैं ।इसके अलावा उपायुक्त एवं संभागीय फ्लाइंग स्क्वाड प्रभारी नीरजा श्रीवास्तव को मुख्यालय ग्वालियर अटैच किया गया है।
इसके अतिरिक्त गूगरा चौकी प्रभारी तथा बंडा थाना प्रभारी को भी निलंबित किया गया है।
मौके पर पहुंचे कमिश्नर, IG, कलेक्टर और SP
घटना की गंभीरता को देखते हुए सागर संभाग के कमिश्नर, आईजी, कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक सहित वरिष्ठ अधिकारी प्रभावित गांवों में पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पताल में भर्ती मरीजों के इलाज एवं चिकित्सा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
प्रशासन की लोगों से अपील
प्रशासन ने शराब का सेवन करने वाले लोगों से विशेष सावधानी बरतने की अपील की है। यदि किसी व्यक्ति को उल्टी, सिरदर्द, बुखार या अन्य स्वास्थ्य संबंधी लक्षण महसूस हो रहे हैं, तो वह तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या अस्पताल पहुंचकर जांच और उपचार कराए।प्रशासन का कहना है कि घटना की जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ये रही मृतको की सूची
1. गोलू उर्फ चमन लोधी पिता साहब सिंह उम्र 45 वर्ष निवासी ग्राम गूगरा खुर्द (इसे कैंसर की शिकायत भी थी )
2. दिग्विजय पिता देवेंद्र लोधी उम्र 28 ग्राम नौराज
3. करतार सिंह पिता जोधन लोधी उम्र 30 ग्राम नौराज
4. उजयार सिंह पिता विजय सिंह लोधी उम्र 56 निवासी ग्राम गुगरा खुर्द
5. रोशन लोधी पिता जगन्नाथ उम्र 30 निवासी ग्राम पाटन थाना विनायका
6. राजेंद्र पिता मूरत लोधी उम्र 32 ग्राम नौराज गूगरा
7. हरनाम पिता घनश्याम राय उम्र 42 ग्राम चौका
8. उत्तम नत्थू नायक उम्र 42 ग्राम ग्राम दलपतपुर
9. सुमेर सिंह दांगी पिता पूरन उम्र 47 ग्राम बमूरा
10. राजकुमार लोधी पिता नन्नई लोधी उम्र 47 ग्राम बमूरा
11. सुरेंद्र अहिरवार पिता शुख़लाल उम्र 35 ग्राम लिधौरा (बमूरा में शराब शेवन की)
सागर बीएमसी अस्पताल रेफर:-
1. धनसिंह पिता पद्म आदिवासी उम्र 30 ग्राम हिनौता
2. मख्खन पिता अनरथ गुगरा
3. मंगल रजक पिता अनरथ रजक उम्र 40 ग्राम गूगरा खुर्द
4. परम आदिवासी पिता रणसिंह आदिवासी ग्राम हिनौता
5. चंद्राभान पिता भगुंत लोधी उम्र 48 ग्राम नौराज
6. अजय पिता नत्थू लोधी उम्र 30 नौराज
7. विनोद पिता कलू उम्र 50 गुगरा
8. राघवेंद्र पिता किशोर लोधी उम्र 32 ग्राम नौराज
बंडा की दुखद घटना के पीड़ितों के बीच पहुंचे भाजपा जिला अध्यक्ष, सांसद, विधायक एवं जिला पंचायत अध्यक्ष
बंडा क्षेत्र में कथित रूप से अवैध शराब के सेवन के बाद हुई दुखद जनहानि की घटना की जानकारी मिलते ही भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन, नरयावली विधायक इंजी. प्रदीप लारिया एवं जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत भाजपा पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं के साथ बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज सागर पहुंचे। यहां उन्होंने उपचाररत पीड़ितों से मुलाकात कर उनका हाल जाना तथा परिजनों को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जनप्रतिनिधियों एवं भाजपा पदाधिकारियों ने चिकित्सकों और अस्पताल प्रबंधन से उपचाररत मरीजों की स्वास्थ्य स्थिति एवं चल रहे उपचार की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने सभी पीड़ितों को बेहतर से बेहतर उपचार एवं आवश्यक चिकित्सकीय सुविधाएं प्राथमिकता के साथ उपलब्ध कराने हेतु निर्देशित किया।
इस दौरान सभी जनप्रतिनिधियों एवं पदाधिकारियों ने घटना में दिवंगत नागरिकों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोकाकुल परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की। उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति, शोक संतप्त परिवारों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति तथा उपचाररत लोगों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कांग्रेस की बयानबाजी पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा, “जब परिवार अपनों को खोने के दुःख से जूझ रहे हों, तब संवेदनशीलता दिखाने के बजाय राजनीतिक अवसर तलाशना दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस को समझना चाहिए कि हर त्रासदी राजनीति का मंच नहीं होती। यह समय आरोप-प्रत्यारोप का नहीं, बल्कि पीड़ित परिवारों के आंसू पोंछने और उनके साथ मजबूती से खड़े होने का है।”श्री तिवारी ने कहा कि घटना की जानकारी मिलते ही भाजपा के जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता पीड़ितों के बीच पहुंचे हैं। शासन-प्रशासन पूरी गंभीरता और संवेदनशीलता के साथ आवश्यक कदम उठा रहा है। भाजपा संगठन दुःख की इस घड़ी में प्रत्येक प्रभावित परिवार के साथ खड़ा है और पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने के लिए व दोषियों को कठोर सजा दिलाने प्रतिबद्ध है।
विधायक शैलेंद्र जैन ने किया मटकी फोड़ कार्यक्रम स्थगित
बंडा में दूषित शराब पीने से मौत पर शैलेन्द्र कुमार जैन ने आज छह सितंबर को होने वाला मटकी फोड़ प्रति को स्थगित कर दिया है। विधायक ने मृतकों के प्रति गहरी शोक संवेदना व्यक्त करते हुए उनके परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं प्रकट की हैं। इस दुखद घटना को देखते हुए आज तीन बत्ती पर आयोजित होने वाला मटकी फोड़ कार्यक्रम निरस्त कर दिया गया है।
बंडा जहरीली शराब कांड पर कांग्रेस नेताओं ने सरकार को घेरा, कलेक्टर-एसपी हटाने की मांग
बंडा में जहरीली शराब से 11 लोगों की मौत और कई लोगों के अस्पताल में भर्ती होने की घटना को लेकर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी और पूर्व सांसद डॉ. आनंद अहिरवार ने सरकार और प्रशासन पर तीखा हमला बोला है।
-------------------
बीएमसी में कांग्रेस नेताओं ने पीड़ितो के हाल जाने
----------------
सुरेंद्र चौधरी ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से घटना की उच्चस्तरीय एवं निष्पक्ष जांच कराने तथा सागर कलेक्टर और एसपी सहित जिम्मेदार पुलिस-आबकारी अमले को तत्काल हटाने की मांग की। उन्होंने कहा कि घटना मुख्यमंत्री की ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति के प्रभावी क्रियान्वयन पर गंभीर सवाल खड़े करती है।
वहीं, डॉ. आनंद अहिरवार ने मुख्यमंत्री से दुबई दौरा छोड़कर तत्काल बंडा पहुंचने की मांग की। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार गरीब बस्तियों के आसपास शराब के ठेके बढ़ा रही है और लंबे समय से पानी, दूध, दवाइयों, खाद्य सामग्री और शराब में मिलावट जैसी गंभीर समस्याएं सामने आ रही हैं।
अहिरवार ने मृतकों के परिजनों को पांच-पांच करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की मांग करते हुए कहा कि इस हृदयविदारक घटना के खिलाफ आम जनता को आवाज बुलंद करने की जरूरत है। उन्होंने प्रशासन से संवैधानिक और नैतिक जिम्मेदारी निभाने की अपील की।












0 comments:
एक टिप्पणी भेजें