हजारों होर्डिंग और जनसैलाब के बीच मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन, दिव्यांग बच्चों के साथ बांटी खुशियां
• भगवान शिव का महाभिषेक कर प्रदेश की खुशहाली की कामना, जगह-जगह हुआ भव्य स्वागत; कार्यकर्ताओं और शुभचिंतकों ने दी जन्मदिन की बधाई
तीनबत्ती न्यूज: 4 सितंबर 2026
सागर : खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री एवं कैबिनेट मंत्री गोविंद सिंह राजपूत का जन्मदिन शुक्रवार को सागर शहर और सुरखी विधानसभा क्षेत्र में उत्साह, आत्मीयता और जनसेवा के भाव के साथ मनाया गया। जन्मदिन के अवसर पर शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों और सार्वजनिक स्थानों पर मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं देने वाले होर्डिंग, बैनर और संदेश नजर आए। दिनभर अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं, समर्थकों, शुभचिंतकों और क्षेत्रवासियों की मौजूदगी से जन्मदिन का माहौल उत्सव में बदल गया।
सुबह से ही मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं देने के लिए लोगों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया, जो देर शाम तक जारी रहा। बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं, इष्ट-मित्रों, माताओं-बहनों, युवाओं और क्षेत्रवासियों ने उनसे मुलाकात कर स्वस्थ, दीर्घायु एवं सफल जीवन की कामना की।
पूजा-अर्चना और गौसेवा के साथ दिन की शुरुआत
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने अपने जन्मदिन की शुरुआत सुबह करीब 11 बजे निज निवास पर पूजा-अर्चना और गौसेवा के साथ की। उन्होंने प्रदेश और क्षेत्रवासियों के सुख, शांति, समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद दोपहर 12 बजे मंत्री राजपूत भूतेश्वर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने भगवान भूतेश्वर महादेव का विधि-विधान से महाभिषेक किया और विशेष पूजा-अर्चना की। भगवान भोलेनाथ को 56 भोग अर्पित किए गए। मंत्री राजपूत ने सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे प्रदेश की सुख-समृद्धि, खुशहाली और निरंतर विकास की कामना करते हुए भगवान शिव का आशीर्वाद लिया।
बीएमसी के पूर्व छात्रों ने किया आत्मीय स्वागत
दीनदयाल चौराहे पर बीएमसी के पूर्व छात्र भीमसेन यादव और उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का आत्मीय स्वागत किया। इस दौरान केक काटकर जन्मदिन की शुभकामनाएं दी गईं। मित्रों और शुभचिंतकों ने उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
होटल में उमड़ा जन सैलाब
दोपहर से शाम तक होटल रॉयल पैलेस में मंत्री राजपूत ने कार्यकर्ताओं, इष्ट-मित्रों और शुभचिंतकों से मुलाकात की। बड़ी संख्या में लोग यहां पहुंचे और उन्हें जन्मदिन की बधाई दी। इस दौरान पूरे परिसर में उत्साह और उमंग का माहौल दिखाई दिया।
दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन कर मनाया जन्मदिन
जन्मदिन के अवसर पर मंत्री राजपूत ने दृष्टिबाधित एवं दिव्यांग बच्चों के साथ भोजन किया। उन्होंने बच्चों को पुरस्कार और उपहार वितरित किए तथा उनके साथ जन्मदिन की खुशियां साझा कीं। इस अवसर पर मंत्री राजपूत ने कहा कि समाज के हर वर्ग के चेहरे पर मुस्कान लाना ही जन्मदिन मनाने की वास्तविक सार्थकता है।
प्रजापति समाज ने 63 मटकियों में दूध-दही भरकर दी शुभकामनाएं
मंत्री राजपूत के जन्मदिन को समर्थकों और विभिन्न सामाजिक संगठनों ने अपने-अपने अंदाज में मनाया। प्रजापति समाज के लोगों ने विशेष रूप से 63 मटकियों में दूध, दही और मक्खन भरकर मंत्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
समाज के लोगों ने इस आयोजन के जरिए मंत्री राजपूत के प्रति अपनी आत्मीयता व्यक्त की। वहीं कई समर्थकों और शुभचिंतकों ने अपने-अपने क्षेत्रों में साथियों के साथ जन्मदिन मनाया। जो लोग प्रत्यक्ष रूप से सागर नहीं पहुंच सके, उन्होंने भी अपने क्षेत्र में कार्यक्रम आयोजित कर शुभकामनाएं दीं।
युवाओं के बीच मटकी फोड़ प्रतियोगिता का शुभारंभ
युवा शक्ति संगठन द्वारा आयोजित भव्य मटकी फोड़ प्रतियोगिता का मंत्री राजपूत ने शुभारंभ किया। प्रतियोगिता में युवाओं ने उत्साह के साथ भाग लिया। इस दौरान युवाओं में खासा जोश और उत्साह देखने को मिला तथा उन्होंने मंत्री राजपूत को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं।
होटल रॉयल पैलेस से निज निवास के लिए रवाना होते समय मोतीनगर चौराहे पर भाजपा नेता नेवी जैन, छुट्टन तिवारी एवं उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का भव्य स्वागत किया। यहां केक काटकर उन्हें जन्मदिन की बधाई दी गई। इसके बाद पद्माकर सभागार में हिमांशु घोषी एवं उनकी मित्र मंडली ने मंत्री राजपूत का स्वागत और अभिनंदन किया। इस दौरान केक काटकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की गई।
होर्डिंग्स से लेकर जनसैलाब तक दिखा उत्साह
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत के जन्मदिन पर सागर शहर का नजारा खास रहा। प्रमुख चौराहों और मार्गों पर लगाए गए जन्मदिन की शुभकामनाओं के होर्डिंग और बैनर लोगों के आकर्षण का केंद्र रहे। सुबह से ही शहर के विभिन्न हिस्सों में मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं देते संदेश दिखाई दिए।
दूसरी ओर, दिनभर अलग-अलग स्थानों पर बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी और लगातार मिल रही शुभकामनाओं से जन्मदिन का आयोजन जनउत्सव जैसा नजर आया। कई स्थानों पर लोगों ने केक काटकर, पुष्पगुच्छ भेंट कर और आत्मीय स्वागत कर मंत्री राजपूत को शुभकामनाएं दीं।
मोदी के नेतृत्व और डॉ. मोहन यादव के सुशासन में विकास को आगे बढ़ाना संकल्प: गोविंद सिंह राजपूत
जन्मदिन के अवसर पर मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने प्रदेश एवं क्षेत्र की जनता, कार्यकर्ताओं, शुभचिंतकों, इष्ट-मित्रों तथा प्रत्यक्ष-अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश को विकसित और आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में निरंतर काम कर रही है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश विकास, जनकल्याण और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ रहा है। सरकार की प्राथमिकता समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना है।राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र की जनता उनके लिए केवल मतदाता नहीं, बल्कि उनका अपना परिवार है। क्षेत्र की जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। जन्मदिन के अवसर पर जिस आत्मीयता और प्रेम के साथ लोगों ने शुभकामनाएं दीं, उसके लिए वे सभी के हृदय से आभारी हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने तथा सुरखी विधानसभा क्षेत्र के विकास को नई ऊंचाइयों तक ले जाने के लिए वे निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
जनता के नाम मंत्री राजपूत का संदेश
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि जन्मदिन के अवसर पर प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से शुभकामनाएं देने वाले सभी कार्यकर्ताओं, माताओं-बहनों, युवाओं, बुजुर्गों, इष्ट-मित्रों एवं समस्त क्षेत्रवासियों का वे हृदय से आभार व्यक्त करते हैं। उन्होंने कहा कि जनता का प्रेम, स्नेह और आशीर्वाद उनके लिए ईश्वर के आशीर्वाद के समान है। यह विश्वास उन्हें जनसेवा के पथ पर और अधिक समर्पण के साथ कार्य करने की प्रेरणा देता है।
उन्होंने कहा कि उनका संकल्प है कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र सहित प्रदेश की जनता के हित में पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करते रहें। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में चल रहे विकास एवं जनकल्याण के कार्यों को आगे बढ़ाने में वे अपना सर्वश्रेष्ठ योगदान देते रहेंगे।
इन नेताओं और जनप्रतिनिधियों ने दी शुभकामनाएं
मंत्री गोविंद सिंह राजपूत को जन्मदिन की बधाई देने वालों में भाजपा जिला अध्यक्ष पं. श्याम तिवारी, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक वीरेंद्र सिंह लंबरदार, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष गौरव सिरोठिया, बंडा के पूर्व विधायक हरवंश सिंह राठौर, नारायण कबीरपंथी, वरिष्ठ जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, पूर्व जनपद अध्यक्ष गुलाब सिंह राजपूत, वरिष्ठ भाजपा नेता डॉ. सुखेदव मिश्रा, डॉ. वीरेंद्र पाठक, नेता कृष्णा सिंह महुआखेड़ा, हरिराम सिंह कैथोरा, नगरपालिका अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा नेता नेवी जैन, राहुल साहू, यश अग्रवाल, संध्या भार्गव, याकृति जड़िया, जगन्नाथ गुरैया सहित हजारों कार्यकर्ता, समर्थक, अधिकारी-कर्मचारी एवं शुभचिंतक शामिल रहे।











0 comments:
एक टिप्पणी भेजें