Editor: Vinod Arya | 94244 37885

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर 12 सितंबर को खुरई आएंगे, 21.11 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

खुरई में 12 सितंबर को आएंगे विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा का करेंगे अनावरण

• 21.11 करोड़ रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी होगा


तीनबत्ती न्यूज:03 सितम्बर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री नरेन्द्र सिंह तोमर 12 सितंबर को खुरई के दौरे पर आएंगे। अपने करीब ढाई घंटे के प्रवास के दौरान वे डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की भव्य प्रतिमा का अनावरण करने के साथ ही कुल 21.11 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे।

प्रस्तावित कार्यक्रम के अनुसार विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर भोपाल से रवाना होकर दोपहर 12:30 बजे खुरई पहुंचेंगे। यहां वे 10.22 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित मिडवे रिट्रीट का लोकार्पण करेंगे।

इसके अलावा 8.12 करोड़ रुपए की लागत से निर्मित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी मुख्य नगरपालिका भवन (जनकल्याण सुविधा केंद्र) का भी लोकार्पण प्रस्तावित है। वहीं 30 लाख रुपए की लागत से निर्मित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी की प्रतिमा एवं पार्क का अनावरण और लोकार्पण किया जाएगा।

नए निर्माण कार्यों का भूमिपूजन

विधानसभा अध्यक्ष द्वारा खुरई के नवीन बस स्टैंड पर 1.70 करोड़ रुपए की लागत से बनने वाली 70 दुकानों एवं स्थल विकास कार्य का भूमिपूजन भी किया जाएगा।

इसके साथ ही भगत सिंह वार्ड में 25 दुकानों के निर्माण एवं स्थल विकास कार्य का भूमिपूजन भी प्रस्तावित कार्यक्रम में शामिल है।

विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर करीब ढाई घंटे खुरई में रहेंगे। कार्यक्रम के बाद वे दोपहर 3 बजे खुरई से सागर होते हुए छतरपुर-पन्ना की ओर प्रस्थान करेंगे।

कुल 21.11 करोड़ रुपए के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमिपूजन से खुरई को नगरीय सुविधाओं एवं विकास के क्षेत्र में कई नई सौगातें मिलने की उम्मीद है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive