Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में 24 जुलाई को 'युगप्रवर्तक डॉक्टर हेडगेवार' नाटक का मंचन, पद्माकर सभागार में होगी 55वीं प्रस्तुति

सागर में 24 जुलाई को होगा नाटक 'युगप्रवर्तक डॉक्टर हेडगेवार' का मंचन, पद्माकर सभागार में 

तीनबत्ती न्यूज: 15 जुलाई, 2026

सागर। नादब्रह्म संस्था द्वारा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के संस्थापक डॉ. केशव बलिराम हेडगेवार के जीवन पर आधारित नाटक 'युगप्रवर्तक डॉक्टर हेडगेवार' का मंचन 24 जुलाई 2026 (शुक्रवार) को शाम 6:30 बजे पद्माकर सभागार, सागर में किया जाएगा। इस आयोजन को लेकर बुधवार को आयोजित प्रेस वार्ता में संस्था के पदाधिकारियों ने कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी।



नादब्रह्म संस्था के प्रचार-प्रसार संयोजक रविंद्र सहस्त्रबुद्धे ने बताया कि संस्था अब तक देश के विभिन्न राज्यों में इस नाटक की 54 सफल प्रस्तुतियां दे चुकी है और सागर में इसका 55वां मंचन होगा। उन्होंने कहा कि इस नाटक को दर्शकों का देशभर में भरपूर स्नेह और सराहना मिली है।

कार्यक्रम संयोजक अरविंद्र उपाध्ये ने बताया कि नाटक की पहली प्रस्तुति 1 अप्रैल 2025 को नागपुर में एक प्रयोग के रूप में की गई थी, जिसके बाद लगातार विभिन्न शहरों में इसका मंचन हो रहा है। सागर के बाद जबलपुर और सतना में भी इस नाटक का प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि मध्य प्रदेश संस्कृति संचालनालय के सहयोग से प्रदेश के विभिन्न शहरों में यह आयोजन किया जा रहा है।

उन्होंने यह भी बताया कि सागर में आयोजित इस कार्यक्रम में संस्कार भारती सहयोगी संस्था के रूप में सहभागिता निभा रही है।



संस्कार भारती के जिला संयोजक डॉ. मनीष बोहरे ने सागर शहर के नागरिकों से परिवार सहित कार्यक्रम में शामिल होने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यह नाटक अपने आप में एक अनूठा प्रयोग है, क्योंकि इसकी पूरी प्रस्तुति रिकॉर्डेड प्ले के रूप में तैयार की गई है, जो दर्शकों को फिल्म जैसा अनुभव कराती है। लगभग 2 घंटे 15 मिनट की अवधि वाला यह नाटक अपनी प्रस्तुति और प्रभावशाली मंचन के कारण दर्शकों को अंत तक बांधे रखता है।



प्रेस वार्ता में आनंद बालापूरे (रंग व्यवस्थापक, नागपुर), नगर कार्यवाह जीवन उपाध्याय तथा जिला शारीरिक प्रमुख जय मिश्रा सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

मोबाइल शॉर्ट फिल्म 'सच की कीमत' को राष्ट्रीय प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज़ रैंक, डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग की उपलब्धि

मोबाइल से बनी 'सच की कीमत' ने दिलाया राष्ट्रीय सम्मान, डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय की फिल्म को ब्रॉन्ज़ रैंक




तीनबत्ती न्यूज: 15 जुलाई, 2026

सागर। डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों द्वारा मोबाइल फोन से निर्मित लघु फिल्म ‘सच की कीमत’ को राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित टॉकिंग फिल्म्स ऑनलाइन (TFO) की 6वीं एनुअल स्मार्टफोन शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता में ब्रॉन्ज़ रैंक प्राप्त हुई है। प्रतियोगिता के परिणाम 27 जून 2026 को ऑनलाइन घोषित किए गए। विजेता टीम को ब्रॉन्ज़ रैंक के साथ ऑनलाइन प्रमाण-पत्र भी प्रदान किया गया।

यह उपलब्धि विश्वविद्यालय के पत्रकारिता विभाग के विद्यार्थियों की रचनात्मक क्षमता और सीमित संसाधनों में उत्कृष्ट फिल्म निर्माण कौशल का प्रमाण मानी जा रही है।



'टॉकिंग फिल्म्स ऑनलाइन' (TFO) शिक्षकों, विद्यार्थियों, शोधकर्ताओं और सिनेमा प्रेमियों का ऑनलाइन मंच है, जिसकी स्थापना वर्ष 2020 में महामारी और लॉकडाउन के दौरान सिनेमा पर सार्थक संवाद एवं लेखन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से की गई थी। संस्था की सह-संस्थापक गीता विश्वनाथ और निखिला एच. हैं। यह मंच प्रतिवर्ष राष्ट्रीय स्तर पर स्मार्टफोन शॉर्ट फिल्म प्रतियोगिता आयोजित करता है।

अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर आधारित है फिल्म

'सच की कीमत' फिल्म अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता (Freedom of Speech and Expression) जैसे महत्वपूर्ण सामाजिक विषय पर आधारित है। पूरी फिल्म केवल मोबाइल फोन के माध्यम से तैयार की गई है। प्रभावशाली कहानी, निर्देशन और प्रस्तुति के कारण फिल्म ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी अलग पहचान बनाई।



फिल्म में धर्मेंद्र लोधी, राधा लोधी, मोहम्मद ज़ैद, मोहम्मद जुबेर और रितेश कुशवाहा ने मुख्य भूमिकाएं निभाईं। वहीं श्रेया, अनीश, आराध्य, साक्षी, सक्षम और निहारिका ने सहयोगी कलाकार के रूप में अभिनय किया।

फिल्म की कहानी आशुतोष क्षत्रि एवं राधा लोधी ने लिखी है। संगीत और निर्देशन का दायित्व भी आशुतोष क्षत्रि ने निभाया।

शिक्षकों के मार्गदर्शन में मिली सफलता

फिल्म निर्माण में पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के विद्यार्थियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पूरी टीम को विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विवेक कुमार जायसवाल और डॉ. अलीम अहमद खान का मार्गदर्शन प्राप्त हुआ। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय एवं विभाग में हर्ष का वातावरण है।

Share:

सागर में जिला कांग्रेस सेवा दल और यंग ब्रिगेड की बैठक संपन्न, 23 जुलाई दिल्ली सम्मेलन की तैयारियों पर चर्चा

सेवादल कांग्रेस की रीढ़, पंचायत स्तर तक संगठन मजबूत करना होगा: भूपेंद्र सिंह मोहासा

▪️जिला कांग्रेस सेवा दल ग्रामीण एवं यंग ब्रिगेड की बैठक संपन्न, 23 जुलाई दिल्ली सम्मेलन की तैयारियों पर हुई चर्चा


तीनबत्ती न्यूज :14 जुलाई, 2026

सागर। जिला कांग्रेस सेवा दल ग्रामीण एवं जिला कांग्रेस सेवा दल यंग ब्रिगेड की संयुक्त बैठक मंगलवार को जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण कार्यालय, पद्मा नगर मकरोनिया में आयोजित की गई। बैठक में संगठन विस्तार, पंचायत एवं वार्ड स्तर पर कांग्रेस सेवा दल को मजबूत बनाने तथा 23 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस सेवा दल के सम्मेलन की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा की गई।

बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी सागर ग्रामीण के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मोहासा ने कहा कि "सेवा दल कांग्रेस की रीढ़ है। यदि कांग्रेस संगठन को मजबूत बनाना है तो सेवा दल को पंचायत और वार्ड स्तर तक सशक्त करना होगा। संगठन जितना मजबूत होगा, कांग्रेस उतनी ही प्रभावी होगी।"

जिला कांग्रेस सेवा दल सागर ग्रामीण के मुख्य संगठक बी.डी. पटेल ने संगठनात्मक गतिविधियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि आगामी समय में सागर ग्रामीण जिले में संगठनात्मक स्तर पर महत्वपूर्ण बदलाव देखने को मिलेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि 23 जुलाई को नई दिल्ली में आयोजित कांग्रेस सेवा दल के सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर संगठन की ताकत का प्रदर्शन करें।


बैठक को कांग्रेस सेवा दल के प्रदेश मुख्य संगठक अवनीश भार्गव, संभागीय प्रभारी हरिशंकर राय तथा यंग ब्रिगेड के प्रदेश अध्यक्ष गजानंद तिवारी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित किया और संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया।

बैठक का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ। इस दौरान महात्मा गांधी, नेताजी सुभाष चंद्र बोस एवं डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्रों पर माल्यार्पण किया गया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।

बैठक का संचालन कार्यालय प्रभारी मनोज पवार ने किया, जबकि आभार प्रदर्शन जिला यंग ब्रिगेड अध्यक्ष संजय रोहिदास ने व्यक्त किया।

इस अवसर पर नरयावली विधानसभा प्रभारी लक्ष्मण सिंह, वरिष्ठ कांग्रेस नेता सुरेंद्र सुहाने, संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी, जिला कांग्रेस उपाध्यक्ष अभिषेक गौर, अरविंद लोधी, हनुमत सिंह यादव, मुकेश अहिरवार, राकेश शुक्ला, इंद्र भूषण तिवारी, चंदन सुहाने, दीपक कुर्मी, यशपाल लोधी सहित अनेक पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।

बैठक में संतोष यादव, शरद तिवारी, अनिल सोनी, कैलाश कुर्मी, राजू दीक्षित, धर्मेंद्र कुर्मी, हरिओम कुर्मी, नवल सेन, अमित लोधी, विकास सिंह दांगी, कन्हैया लाल अहिरवार, लक्ष्मीनारायण सिंह लोधी, दिनेश कुर्मी, यशपाल सिंह लोधी, शुभम शुक्ला, शाकिर राइन, राकेश कुर्मी, अंतेश यादव, मुकेश यादव, शेर सिंह अहिरवार, सुखलाल अहिरवार, प्रमोद राय, प्राण सिंह लोधी, राजपाल लोधी, अरविंद सिंह लोधी, सीमा चौधरी सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share:

सीएम डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’, पंचायत ऑडिट और भुगतान प्रक्रिया होगी डिजिटल

सीएम डॉ. मोहन यादव ने लॉन्च किया ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’, पंचायत ऑडिट प्रक्रिया होगी पूरी तरह डिजिटल



तीनबत्ती न्यूज: 14 जुलाई, 2026

भोपाल। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने पंचायत स्तर पर वित्तीय ऑडिट प्रक्रिया को अधिक प्रभावी, पारदर्शी और समयबद्ध बनाने के लिए विकसित ‘दृष्टि ऑनलाइन प्लेटफॉर्म’ का शुभारंभ किया। इसके साथ ही उन्होंने पंचायत दर्पण पोर्टल पर पेमेंट गेटवे सुविधा भी लॉन्च की। मंत्रालय में मंत्रिपरिषद की बैठक के दौरान हुए इस शुभारंभ को पंचायतों के डिजिटल वित्तीय प्रबंधन की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। मौके पर पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल मौजूद रहे।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इन नवाचारों से पंचायत स्तर पर सेवाओं में पारदर्शिता आएगी, कार्यों का समयबद्ध निस्तारण होगा और ग्रामीण प्रशासन में जवाबदेही मजबूत होगी। उन्होंने बताया कि ‘दृष्टि’ प्लेटफॉर्म पंचायतों के पूर्णतः डिजिटल रिमोट वित्तीय ऑडिट की दिशा में देश की अभिनव पहल है।

पंचायत स्तर पर अधिक प्रभावी होगी ऑडिट प्रक्रिया

केंद्रीय वित्त आयोग से प्राप्त अनुदान राशि के लिए त्रिस्तरीय पंचायतों का समयबद्ध ऑडिट अनिवार्य है। इसी उद्देश्य से भारत के महालेखाकार के निर्देशन में पंचायती राज संचालनालय ने एनआईसी के तकनीकी सहयोग से ‘दृष्टि’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म विकसित किया है।

इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से ऑडिटर अपने घर या कार्यालय से ही किसी भी पंचायत के आय-व्यय संबंधी अभिलेखों को ऑनलाइन देख सकेंगे और उनकी जांच कर सकेंगे। इससे प्रदेश की 23,011 ग्राम पंचायतों के वित्तीय ऑडिट को तेज, सरल और पारदर्शी बनाया जा सकेगा।

सरकार के अनुसार, इस प्रणाली से सीमित कर्मचारियों के माध्यम से भी सभी पंचायतों का ऑडिट समय पर किया जा सकेगा। साथ ही समय और संसाधनों की बचत होगी तथा वित्तीय जवाबदेही और सुशासन को मजबूती मिलेगी।

पंचायत दर्पण पोर्टल पर पेमेंट गेटवे सुविधा

मुख्यमंत्री ने पंचायत दर्पण पोर्टल पर शुरू की गई पेमेंट गेटवे सुविधा का भी शुभारंभ किया। यह सुविधा पंचायती राज संचालनालय द्वारा एनआईसी, जल निगम और यूनियन बैंक ऑफ इंडिया के सहयोग से विकसित की गई है।

इसके माध्यम से पंचायतें नागरिकों के बिल जनरेट कर सकेंगी और नागरिक घर बैठे ऑनलाइन भुगतान कर सकेंगे। भुगतान के बाद उन्हें तुरंत ऑनलाइन रसीद भी प्राप्त होगी। इससे लोगों के समय और श्रम की बचत होगी तथा पंचायत का अभिलेख स्वतः तैयार होता रहेगा।

सुशासन और पारदर्शिता को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का मानना है कि ‘दृष्टि’ ऑनलाइन प्लेटफॉर्म और पंचायत दर्पण पोर्टल की पेमेंट गेटवे सुविधा से पंचायतों की कार्यप्रणाली अधिक पारदर्शी, जवाबदेह और तकनीक आधारित बनेगी। इन नवाचारों से ग्रामीण प्रशासन में सुशासन को बढ़ावा मिलेगा और पंचायत स्तर पर वित्तीय प्रबंधन मजबूत होगा।

Share:

सागर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, इस्कॉन ने तैयार किया ऐतिहासिक रथ

सागर में 16 जुलाई को निकलेगी भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा, इस्कॉन ने तैयार किया ऐतिहासिक रथ




तीनबत्ती न्यूज: 14 जुलाई, 2026

सागर। अंतरराष्ट्रीय कृष्णभावनामृत संघ (इस्कॉन) सागर द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी की भव्य एवं ऐतिहासिक रथयात्रा का आयोजन 16 जुलाई 2026 (गुरुवार) को किया जाएगा। यह रथयात्रा दोपहर 12 बजे से शाम 6 बजे तक शहर के प्रमुख मार्गों से होकर निकलेगी। आयोजन को लेकर इस्कॉन सागर ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं।इस्कान के परम पूज्य महामन प्रभुजी (जोनल सचिव, म.प्र.) और  पूज्य कृष्णा अर्चन प्रमुजी (अध्यक्ष, इस्कॉन सागर) ने मीडिया को जानकारी दी 

इस वर्ष की रथयात्रा का प्रमुख आकर्षण परम पूज्य हिज ग्रेस महाभागवत प्रभुजी की पावन उपस्थिति रहेगी। वहीं वृंदावन से हिज ग्रेस असित कृष्ण प्रभु भी विशेष रूप से इस महोत्सव में शामिल होंगे। रथयात्रा का नेतृत्व इस्कॉन सागर के अध्यक्ष हिज ग्रेस कृष्णचंद्र दास प्रभुजी करेंगे। उनके साथ देश-विदेश से आए वैष्णव भक्त एवं हजारों श्रद्धालु इस आध्यात्मिक उत्सव में भाग लेंगे।

स्थाई रथ हुआ तैयार

आयोजकों के अनुसार इस बार भगवान श्री जगन्नाथ के लिए विशेष रूप से एक भव्य एवं आकर्षक रथ तैयार किया गया है। इस रथ का निर्माण इंदौर के अनुभवी शिल्पकारों ने उज्जैन और भोपाल की प्रसिद्ध रथ परंपरा से प्रेरित होकर किया है। रथ में आधुनिक हाइड्रोलिक कैनोपी प्रणाली लगाई गई है, जिससे आवश्यकता अनुसार इसकी ऊंचाई कम या अधिक की जा सकेगी। रथ के शीर्ष पर सुसज्जित सुदर्शन चक्र, आकर्षक कलात्मक सजावट तथा भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव और सुभद्रा महारानी के लिए निर्मित दिव्य सिंहासन इसकी भव्यता को और बढ़ाते हैं।

रथयात्रा का मार्ग

रथयात्रा सनराइज टावर से प्रारंभ होकर इस्कॉन मंदिर, रामझरिया, तहसीली, लाल स्कूल, झंडा चौक, बस स्टैंड होते हुए रवीन्द्र भवन पहुंचेगी।

रवीन्द्र भवन में होंगे सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम

शाम 6 बजे रवीन्द्र भवन में भव्य सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्री जगन्नाथ की आरती से होगा। इसके बाद महाभागवत प्रभुजी एवं कृष्णचंद्र दास प्रभुजी श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश देंगे। साथ ही बाल कलाकारों द्वारा भगवान श्री जगन्नाथ की लीलाओं पर आधारित मनोहारी नृत्य प्रस्तुति भी दी जाएगी।

कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित सभी श्रद्धालुओं को भगवान श्री जगन्नाथ का महाप्रसाद वितरित किया जाएगा।

निर्माणाधीन मंदिर का काम तेजी से

इस्कॉन सागर ने बताया कि वृंदावन पहाड़ी, ग्राम मैनपानी (सागर) में निर्माणाधीन श्री श्री राधा गोपीनाथ मंदिर का कार्य तेजी से चल रहा है। शीघ्र ही यह मंदिर क्षेत्र के श्रद्धालुओं के लिए आध्यात्मिक आस्था का प्रमुख केंद्र बनेगा।

इस्कॉन सागर ने शहरवासियों से परिवार सहित रथयात्रा एवं सांस्कृतिक महोत्सव में शामिल होने का आग्रह करते हुए कहा है कि भगवान श्री जगन्नाथ, बलदेव एवं सुभद्रा महारानी के दर्शन कर आध्यात्मिक आनंद और महाप्रसाद का लाभ प्राप्त करें तथा भक्ति और प्रेम के इस दिव्य उत्सव के सहभागी बनें।

Share:

RGPV B.Tech First Semester Result 2026: BTIRT सागर के विद्यार्थियों का शानदार प्रदर्शन

आरजीपीवी बी.टेक. प्रथम सेमेस्टर परीक्षा परिणाम में बीटीआईआरटी के विद्यार्थियों का उत्कृष्ट प्रदर्शन



तीनबत्ती न्यूज: 14 जुलाई, 2026

सागर। सागर संभाग के प्रतिष्ठित NAAC मान्यता प्राप्त तकनीकी संस्थान बाबूलाल ताराबाई इंस्टीट्यूट ऑफ रिसर्च एंड टेक्नोलॉजी (BTIRT), सागर के बी.टेक. प्रथम सेमेस्टर के विद्यार्थियों ने राजीव गांधी प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (RGPV), भोपाल द्वारा घोषित परीक्षा परिणाम में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान का गौरव बढ़ाया है।

विभिन्न शाखाओं के विद्यार्थियों ने शानदार SGPA प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस एंड मशीन लर्निंग (AI & ML) शाखा में तनिष्क श्रीवास्तव ने 8.43 SGPA के साथ सर्वोच्च प्रदर्शन किया। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में नीलेश काछी ने 8.33 SGPA, साइबर सिक्योरिटी में अंशिका तिवारी एवं यामिनी विश्वकर्मा ने संयुक्त रूप से 8.05 SGPA, कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में संस्कृति तिवारी ने 7.90 SGPA, सिविल इंजीनियरिंग में प्रगति कुर्मी ने 7.81 SGPA तथा इलेक्ट्रिकल एंड इलेक्ट्रॉनिक्स (EX) में कृष्णा विश्वकर्मा ने 6.95 SGPA प्राप्त कर अपनी-अपनी शाखाओं में प्रथम स्थान हासिल किया।

अन्य प्रमुख स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों में कंप्यूटर साइंस एंड इंजीनियरिंग में मनीषा चौरसिया (7.71 SGPA) द्वितीय तथा अक्षय डांगी (7.57 SGPA) तृतीय रहे। मैकेनिकल इंजीनियरिंग में लक्ष्मण सिंह लोधी (7.24 SGPA) द्वितीय और नीरज राठौर (6.52 SGPA) तृतीय स्थान पर रहे। सिविल इंजीनियरिंग में भागवत काछी (7.29 SGPA) द्वितीय तथा जितेन्द्र लोधी (6.19 SGPA) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

AI & ML शाखा में रागिनी लोधी (8.14 SGPA) द्वितीय तथा नीतेश कुमार पटेल (8.00 SGPA) तृतीय रहे। साइबर सिक्योरिटी में दिव्यांशा मिश्रा (7.76 SGPA) द्वितीय और संकेत साहू (7.29 SGPA) तृतीय स्थान पर रहे। वहीं इलेक्ट्रिकल इंजीनियरिंग में साहिल पटेल (6.67 SGPA) ने द्वितीय तथा जाहिद खान (6.14 SGPA) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर बीटी समूह के चेयरमैन श्री संतोष कुमार जैन "घड़ी" ने सभी सफल विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि उत्कृष्ट परिणाम विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के मार्गदर्शन एवं संस्थान के गुणवत्तापूर्ण शैक्षणिक वातावरण का प्रतिफल है। समूह के सचिव डॉ. सत्येन्द्र कुमार जैन ने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं। वहीं रजिस्ट्रार डॉ. तरुण कुमार सिंह ने अनुशासन एवं नियमित अध्ययन को सफलता की कुंजी बताया।

बीटीआईआरटी के प्राचार्य डॉ. वीरेश कुमार फुसकेले ने कहा कि संस्थान गुणवत्तापूर्ण तकनीकी शिक्षा, नवाचार आधारित शिक्षण एवं विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए निरंतर प्रयासरत है। उन्होंने सभी विभागाध्यक्षों, संकाय सदस्यों, विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को इस उत्कृष्ट परिणाम पर बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

Share:

एमपी कैबिनेट के बड़े फैसले: 10,800 करोड़ के विकास प्रस्ताव मंजूर, किसानों और शहरों को बड़ी सौगात

प्रदेश के बुनियादी ढांचे और जन-कल्याण के लिए 10 हजार 800 करोड़ रूपये की स्वीकृति

▪️कुण्डलिया वृहद सिंचाई परियोजना 2031 तक निरंतर रखने के लिए 245 करोड़ 45 लाख रूपये की स्वीकृति
▪️मूंग उपार्जन के लिए 1,587 करोड़ रूपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति उपलब्ध कराए जाने का निर्णय
▪️नगरीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास के लिए 8 हजार 445 करोड़ रूपये की स्वीकृति
▪️टेक-होम राशन के उत्पादन एवं प्रदाय की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किये जाने का निर्णय

▪️मुख्यमंत्री डॉ. यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक में लिए गए निर्णय


तीनबत्ती न्यूज: 14 जुलाई, 2026

भोपाल: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की अध्यक्षता में मंत्रि-परिषद की बैठक मंगलवार को मंत्रालय में सम्पन्न हुई। मंत्रि-परिषद की बैठक में मध्यप्रदेश के बुनियादी ढांचे और जन-कल्याण के लिए 10 हजार 800 करोड़ रुपये के विभिन्न विकास प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। राज्य सरकार ने शहरों के कायाकल्प के लिए नगरीय अधोसंरचना विकास मद में 8 हजार 445 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है। इसके साथ ही कैबिनेट ने किसानों के हित में मूंग उपार्जन के लिए 1,587 करोड़ रुपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति और सिंचाई सुविधाओं के विस्तार के लिए कुण्डलिया परियोजना को निरंतर रखने जैसे कई दूरगामी और ऐतिहासिक निर्णयों पर मुहर लगायी है।

कुण्डलिया वृहद सिंचाई परियोजना की निरंतरता के लिए 245 करोड़ 45 लाख रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने राजगढ़ में जल संसाधन विभाग की कुण्डलिया वृहद सिंचाई परियोजना को 16वें केन्द्रीय वित्त आयोग की अवधि 1 अप्रैल 2026 से 31 मार्च 2031 तक निरन्तर संचालन के लिए 245 करोड़ 45 लाख रूपये की स्वीकृति दी है। राजगढ़ जिले में निर्मित यह एक वृहद सिंचाई परियोजना है। परियोजना का मुख्य उद्देश्य बांध निर्माण कर सूक्ष्म सिंचाई प्रणाली के माध्यम से राजगढ़ और आगर-मालवा जिले के 1,39,600 हैक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई क्षमता विकसित करना है।

मूंग उपार्जन के लिए 1,587 करोड़ रूपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति उपलब्ध कराए जाने का निर्णय

मंत्रि-परिषद ने रबी वर्ष 2023-24 विपणन वर्ष 2024-25 में भारत सरकार की प्राईस सपोर्ट स्कीम अन्तर्गत लक्ष्य से अधिक उपार्जित मूंग के लिए 1,587 करोड़ रूपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति उपलब्ध कराए जाने का निर्णय लिया है। निर्णय अनुसार पंजाब नेशनल बैंक से ली गई साख सीमा में 19 जुलाई 2026 से 18 जनवरी 2027 तक 6 माह की अवधि के लिए शेष राशि 396 करोड़ रूपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति और भारतीय स्टेट बैंक से ली गई साख सीमा में 3 जुलाई 2026 से 2 जुलाई 2027 तक 1 वर्ष की अवधि के लिए शेष राशि 1,191 करोड़ रूपये की निःशुल्क शासकीय प्रत्याभूति उपलब्ध कराई जायेगी।

टेक-होम राशन के उत्पादन एवं प्रदाय की व्यवस्था महिला एवं बाल विकास विभाग को हस्तांतरित किये जाने का निर्णय

मंत्रि-परिषद ने टेक-होम राशन के उत्पादन एवं प्रदाय की व्यवस्था मध्यप्रदेश राज्य आजीविका फोरम से वापस लेते हुए महिला एवं बाल विकास विभाग को तत्काल हस्तांतरित किये जाने का निर्णय लिया है। तत्कालिक रूप से अन्तरिम व्यवस्था के रूप में स्व सहायता समूह से पूरक पोषण आहार प्रदाय के लिए विभाग को अधिकृत किया गया है। अन्तरिम व्यवस्था तत्काल प्रारंभ किए जाने के साथ ही भारत सरकार के नवीन दिशा निर्देश जारी होने एवं नवीन निर्देश अनुसार व्यवस्था स्थापित होने तक के लिए टेक होम राशन की व्यवस्था, अल्प कालीन निविदा के माध्यम से किए जाने के लिए विभाग को अधिकृत किया गया है। भारत सरकार के नवीन दिशा निर्देश जारी होने के बाद विभाग स्थायी व्यवस्था स्थापित करेगा।

नगरीय क्षेत्रो में अधोसंरचना विकास के लिए 8 हजार 445 करोड़ रूपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने वाणिज्य कर विभाग के तहत पालिका अधिनियम अंतर्गत पंजीयन एवं मुद्रांक शुल्क के अधिभार से प्राप्त राशि का निधि में अंतरण से संबंधित योजना के आगामी 5 वर्षों तक संचालन के लिए 8 हजार 445 करोड़ रूपये की स्वीकृति दी है।

पालिका अधिनियम अंतर्गत मुदांक शुल्क के साथ म.प्र. नगर पलिका/नगर निगम अतिरिक्त शुल्क के रूप में उद्ग्रहीत की गई राशि को नगरीय विकास विभाग को अंतरित किया जाता है। इस राशि का उपयोग नगर निगम, नगर पलिका तथा नगर परिषद द्वारा नगरीय क्षेत्रों में अधोसंरचना विकास परियोजनाओं के क्रियान्वयन तथा ऐसी परियोजनाओं के लिए निकायों द्वारा लिए गये ऋण पुनर्भुगतान के लिए किया जाता है।

वाणिज्यिक कर विभाग के कार्यालय संचालन के लिए 521 करोड़ 4 लाख रुपये की स्वीकृति

मंत्रि-परिषद ने वाणिज्यिक कर विभाग के अंतर्गत संचालित तीन स्थापना योजनाओ को आगामी 5 वर्षों की अवधि यानि वित्तीय वर्ष 2026-27 से वर्ष 2030-31 तक के लिए निरंतर संचालन के लिए कुल राशि 521 करोड़ 4 लाख रुपये की स्वीकृति दी है। स्वीकृति अनुसार मुख्यालय संचालन के लिए 60 करोड़ 81 लाख रूपये जिला कार्यालय संचालन के लिए 434 करोड़ 81 लाख रूपये और परिक्षेत्रीय कार्यालय के संचालन के लिए 25 करोड़ 42 लाख रूपये स्वीकृत किए गए है। इन योजनाओं के तहत कर्मचारियों के वेतन-भत्ते, कार्यालय व्यय, व्यावसायिक सेवाओं का भुगतान और मशीन/फर्नीचर/वाहनों का संधारण किया जाता है।


Share:

सागर: नवोदित कला संगीत महाविद्यालय में ‘अभिनव प्रयोग’ का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने दी शानदार प्रस्तुतियां

वोदित कला संगीत महाविद्यालय में ‘अभिनव प्रयोग’ का शुभारंभ, विद्यार्थियों ने बिखेरा शास्त्रीय संगीत और कथक का जादू


तीनबत्ती न्यूज:11 जुलाई 2026

सागर। नवोदित कला संगीत महाविद्यालय, सागर द्वारा ‘श्रुति मंडल’ सांगीतिक बैठक के अंतर्गत शनिवार को ‘अभिनव प्रयोग’ श्रृंखला का शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जुगल किशोर नामदेव, तबला विभाग प्रमुख आकाश जैन, गायन विभाग प्रमुख कु. तृप्ति सेन एवं कथक विभाग प्रमुख श्रीमती उर्मिला नामदेव ने दीप प्रज्वलित कर एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण कर किया।

कार्यक्रम की शुरुआत सामूहिक ‘वंदे मातरम्’ गायन से हुई। प्रथम आयोजन होने के कारण सभागार खचाखच भरा रहा और बड़ी संख्या में अभिभावक, कला प्रेमी एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।



कार्यक्रम की पहली प्रस्तुति में प्रथम वर्ष के छात्र भास्कर साहू ने राग बिहाग में विलंबित ख्याल, मध्यलय बंदिश एवं तराना प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। उनकी प्रस्तुति में तबले पर आकाश जैन और हारमोनियम पर तृप्ति सेन ने संगत दी।

इसके बाद मात्र 13 वर्षीय छात्र सार्थक सैनी ने एकल तबला वादन प्रस्तुत किया। उन्होंने पेशकार, कायदा, रेला एवं विभिन्न घरानों की आकर्षक रचनाओं का प्रभावशाली प्रदर्शन कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। हारमोनियम पर सृजन मिश्रा ने उनका साथ दिया।


अंतिम प्रस्तुति में कथक विभाग की छात्रा माधवी अहिरवार ने तीनताल में आमद और विभिन्न तोड़ों की सुंदर प्रस्तुति देकर दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।

महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जुगल किशोर नामदेव ने बताया कि ‘अभिनव प्रयोग’ का उद्देश्य नवोदित कलाकारों को मंचीय प्रशिक्षण देना, नियमित मंच उपलब्ध कराना और शास्त्रीय संगीत, लोकसंगीत, तबला वादन एवं कथक जैसी कलाओं के संरक्षण और संवर्धन को नई दिशा देना है। यह कार्यक्रम अब प्रत्येक शनिवार नियमित रूप से आयोजित किया जाएगा।कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के  साथ हुआ।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive