Editor: Vinod Arya | 94244 37885

नगरीय प्रशासन एवं संसदीय कार्य विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक: विधायक शैलेंद्र जैन ने नगर निगम सीमा विस्तार व अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाया ▪️09 स्मार्ट फिश पार्लर बनेंगे

नगरीय प्रशासन एवं संसदीय कार्य विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक: विधायक शैलेंद्र जैन ने नगर निगम सीमा विस्तार व अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाया

▪️09 स्मार्ट फिश पार्लर बनेंगे


तीनबत्ती न्यूज : 19 फरवरी, 2026

भोपाल।मध्य प्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं संसदीय कार्य विभाग की परामर्शदात्री समिति की बैठक कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय की अध्यक्षता में आयोजित की गई। बैठक में प्रदेश के विभिन्न नगरीय विषयों पर विस्तार से चर्चा करते हुए जनप्रतिनिधियों ने अपने-अपने क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण सुझाव एवं परामर्श प्रस्तुत किए।

बैठक में सागर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने नगर निगम सागर के सीमा विस्तार का विषय प्रमुखता से उठाते हुए कहा कि शहर के निरंतर विस्तार को देखते हुए प्रशासनिक सीमा का पुनर्निर्धारण आवश्यक है, उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में विकास हेतु स्वीकृत निर्माण कार्यों के लिए भूमि उपलब्ध नहीं है, सीमा विस्तार जरूरी है जिससे नागरिकों को बेहतर नगरीय सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।


रेरा की स्वीकृतियों में अत्यधिक समय लगने की समस्या

विधायक जैन ने शासकीय एवं अशासकीय परियोजनाओं में नगर तथा ग्राम निवेश एवं रेरा की स्वीकृतियों में अत्यधिक समय लगने की समस्या भी उठाई। उन्होंने कहा कि लंबी प्रक्रियाओं के कारण विकास कार्य प्रभावित होते हैं तथा निवेशकों और आम नागरिकों को अनावश्यक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।

बढ़ती अवैध कालोनियां

उन्होंने नगर क्षेत्र में बड़ी संख्या में विकसित हो रही अवैध कॉलोनियों का मुद्दा उठाते हुए कहा कि कम कीमत पर प्लॉट खरीदने के बाद नागरिक मूलभूत सुविधाओं सड़क, नाली, बिजली एवं पेयजल की मांग जनप्रतिनिधियों और शासन से करते हैं। जिससे नगर निकायों पर अतिरिक्त वित्तीय दबाव उत्पन्न होता है। इस विषय पर प्रभावी नीति बनाकर अवैध कॉलोनियों पर नियंत्रण आवश्यक बताया गया। बैठक में मंत्री श्री विजयवर्गीय ने सभी सुझावों पर गंभीरता से विचार करने तथा संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही हेतु निर्देश देने की बात कही।

इस अवसर पर राज्य मंत्री प्रतिमा बागरी, विधायक इंदु तिवारी, सुरेश राजे, राकेश गोलू शुक्ला, सोहनलाल वाल्मीकि, नगरीय प्रशासन विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव संजय दुबे, संसदीय कार्य विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव अनुपम राजन सहित दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।


बजट सत्र में उठाया फिश पार्लर संचालन का मुद्दा

विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने प्रश्नकाल के अंतर्गत मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास विभाग से संबंधित फिश पार्लर/स्मार्ट फिश पार्लर संचालन विषय पर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया। विधायक जैन ने राज्य सरकार द्वारा संचालित योजनाओं, हितग्राहियों को मिलने वाले लाभ तथा सागर नगर में फिश पार्लर स्थापना की स्थिति की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

मछुआ कल्याण एवं मत्स्य विकास राज्य मंत्री नारायण सिंह पंवार ने विधानसभा में उत्तर देते हुए बताया कि राज्य शासन द्वारा विभाग अंतर्गत मुख्यमंत्री मछुआ समृद्धि योजना संचालित की जा रही है, जिसका उद्देश्य मत्स्य व्यवसाय को बढ़ावा देना, रोजगार के अवसर सृजित करना तथा आधुनिक मत्स्य विक्रय केंद्रों की स्थापना करना है।

मंत्री श्री पंवार ने जानकारी दी कि सागर नगर में वर्ष 2022-23 एवं 2023-24 में फिश पार्लर स्थापना हेतु कोई राशि स्वीकृत नहीं की गई थी, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में 9 फिश पार्लर स्थापना के लिए कुल 45 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई है।

उन्होंने बताया कि योजना के अंतर्गत फिश पार्लर संचालकों को मत्स्य संरक्षण, स्वच्छता, पैकेजिंग एवं विपणन संबंधी प्रशिक्षण प्रदान करने का प्रावधान है। सागर नगर में जिला स्तर पर 45 हितग्राहियों को प्रशिक्षण दिया जा चुका है।

राज्य मंत्री ने यह भी अवगत कराया कि नगर निगम सागर को वर्ष 2024-25 में 9 स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण हेतु 45 लाख रुपये की राशि पत्र क्रमांक 337 दिनांक 26 मार्च 2025 के माध्यम से नगर निगम के बैंक खाते में जमा कराई गई है तथा वर्तमान में स्मार्ट फिश पार्लर निर्माण कार्य प्रक्रियाधीन है।

विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा उठाए गए इस प्रश्न से सागर नगर में मत्स्य व्यवसाय को संगठित एवं आधुनिक स्वरूप मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर सृजित होने की संभावना व्यक्त की जा रही है।

राजघाट बांध क्षेत्र के पर्यटन विकास का मुद्दा

बजट सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने प्रश्नकाल के अंतर्गत राजघाट बांध के समीप पर्यटन स्थल की स्थापना से जुड़े विषय को प्रमुखता से उठाया। प्रश्न क्रमांक 573 के माध्यम से उन्होंने पर्यटन विभाग से पूर्व में दी गई जानकारी एवं वर्तमान स्थिति में अंतर को स्पष्ट करने की मांग की।

पर्यटन राज्य मंत्री धर्मेन्द्र भाव सिंह लोधी ने विधानसभा में उत्तर देते हुए बताया कि  भूमि ग्राम सलैयागांजी, जिला सागर स्थित खसरा क्रमांक 11/4 रकबा 4.46 हेक्टेयर निजी निवेशक ज्ञानोदय सागर ग्रुप को 10 करोड़ रुपए की लागत से रिसोर्ट स्थापना हेतु लीज पर प्रदान की गई है।

मंत्री श्री लोधी ने यह भी स्पष्ट किया कि राजघाट बांध को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किए जाने संबंधी अभी कोई शासकीय कार्यवाही वर्तमान में प्रचलन में नहीं है। विधानसभा में विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा उठाए गए इस विषय से राजघाट बांध क्षेत्र में पर्यटन विकास योजनाओं की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हुई है तथा क्षेत्र के पर्यटन संभावनाओं को लेकर भविष्य में ठोस नीति निर्माण की आवश्यकता भी सामने आई है।

Share:

विधानसभा में जिला अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकरोनिया में मर्ज करने का सुझाव दिया विधायक प्रदीप लारिया ने

विधानसभा में जिला अस्पताल को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मकरोनिया में मर्ज करने का सुझाव दिया विधायक प्रदीप लारिया ने



तीनबत्ती न्यूज: 19 फरवरी, 2026

भोपाल:  मध्यप्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के चतुर्थ दिवस नरयावली विधायक इंजीनियर प्रदीप लारिया ने क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं और विकास योजनाओं को लेकर सदन में पैरवी की। स्वास्थ्य, शिक्षा और सिंचाई जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित उनके प्रश्नों ने न केवल सरकार का ध्यान आकृष्ट किया, बल्कि क्षेत्र की दशकों पुरानी मांगों को भी नया बल दिया।

विधायक श्री लारिया ने लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री से जिला चिकित्सालय सागर के बुन्देलखण्ड मेडिकल कॉलेज (BMC) में विलय के संबंध में विस्तृत जानकारी चाही। उन्होंने विकल्प सुझाते हुए कहा कि यदि तकनीकी कारणों से यह संभव न हो, तो जिला चिकित्सालय को शासकीय शहरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, मकरोनिया में मर्ज कर उसे सिविल अस्पताल का दर्जा प्रदान किया जाए, ताकि मकरोनिया क्षेत्र के सघन आबादी सहित जिले के नागरिकों को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना

किसानों के हित में विधायक लारिया ने जल संसाधन मंत्री से कड़ान मध्यम सिंचाई परियोजना के पुनरीक्षित प्राक्कलन को साधिकार समिति की माह दिसम्बर 2024 की बैठक में सम्मिलित किया गया के संबंध में जानकारी मांगी। इसके अतिरिक्त विधायक श्री लारिया ने पिपरिया जसराज जलाशय योजना की स्वीकृति की वर्तमान स्थिति स्पष्ट करने का अनुरोध किया। गढ़ौली सेवरा, हनोता पारीक्षित और सेवरा जलाशय योजनाओं की साध्यता एवं लंबित स्वीकृतियों पर अतारांकित प्रश्न के माध्यम से सरकार से जवाब मांगा। क्षेत्रीय स्कूलों पर प्रश्न करते हुए श्री लारिया ने स्कूल शिक्षा मंत्री से राहतगढ़ एवं सागर विकासखंड के अंतर्गत स्वयं के भवनों में संचालित हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी स्कूलों की जानकारी ली। उन्होंने छात्र संख्या के मान से स्कूलों में अतिरिक्त कक्षों की स्वीकृति की आवश्यकता पर जोर दिया ताकि पठन-पाठन का सुचारू वातावरण सुनिश्चित हो सके।

जरूवाखेड़ा में नवीन पुलिस थाना

विधायक लारिया ने क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से ग्राम जरूवाखेड़ा में नवीन पुलिस थाना स्थापित करने की मांग दोहराई। साथ ही, उन्होंने ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व के ग्राम भापेल मेला को 'म.प्र. मेला प्राधिकरण' में सम्मिलित करने का प्रस्ताव रखा, जिससे इस पारंपरिक आयोजन को सरकारी संरक्षण प्राप्त हो सके।

नगर परिषद कर्रापुर के लिए उन्होंने पशु कल्याण की दृष्टि से गौशाला एवं डॉग हाउस के निर्माण की मांग भी प्रमुखता से उठाई। विधायक लारिया के इन जनसरोकारी प्रश्नों पर संबंधित मंत्रियों ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए नियमानुसार कार्रवाई का आश्वासन दिया है।

Share:

पूर्वी, उत्तर-पूर्वी एवं उत्तरी क्षेत्रों के लिए अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का भव्य आयोजन 20 फरवरी को

पूर्वी, उत्तर-पूर्वी एवं उत्तरी क्षेत्रों के लिए अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का भव्य आयोजन 20 फरवरी को


तीनबत्ती न्यूज : 19 फरवरी। 2026

नई दिल्ली : गृह मंत्रालय के अधीन राजभाषा विभाग द्वारा त्रिपुरा की राजधानी अगरतला में पूर्वी, उत्तर-पूर्वी एवं उत्तरी क्षेत्रों के लिए अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन का भव्य आयोजन 20 फरवरी 2026 को किया जा रहा है। यह सम्मेलन हपानिया स्थित अंतर्राष्ट्रीय इंडोर प्रदर्शनी केंद्र में आयोजित होगा।

सम्मेलन में केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। उनके साथ अनेक गणमान्य व्यक्तियों, वरिष्ठ अधिकारियों एवं विभिन्न मंत्रालयों तथा संस्थानों के प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति रहेगी। सम्मेलन का उद्देश्य राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन को प्रोत्साहित करना तथा विभिन्न क्षेत्रों में किए जा रहे उत्कृष्ट कार्यों का आदान-प्रदान करना है।


कार्यक्रम के अंतर्गत राजभाषा कार्यान्वयन के क्षेत्र में विभिन्न संगठनों द्वारा किए गए उल्लेखनीय कार्यों को प्रदर्शित करने हेतु एक विशेष प्रदर्शनी का आयोजन भी किया जाएगा, जो सम्मेलन को और अधिक आकर्षक एवं सार्थक बनाएगी।

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की महत्वपूर्ण सहभागिता

इस अवसर पर आयुष मंत्रालय के अंतर्गत अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान (AIIA) की महत्वपूर्ण सहभागिता रहेगी। संस्थान के निदेशक प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति के नेतृत्व में दिल्ली से आई वरिष्ठ आयुष चिकित्सकों की टीम देशभर से आए प्रतिभागियों एवं आगंतुकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण एवं चिकित्सकीय परामर्श प्रदान करेगी।


साथ ही, केंद्रीय आयुर्वेदिक विज्ञान अनुसंधान  परिषद (सीसीआरएएस ), आयुष मंत्रालय के क्षेत्रीय आयुर्वेद अनुसंधान केन्द्र, अगरतला द्वारा दवा वितरण एवं स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की गई है, जिसमें  अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान तकनीकी एवं चिकित्सकीय सहयोग प्रदान कर रहा है ।


कार्यक्रम से पूर्व देशभर से आए प्रतिभागियों को “नित्यसेवी आयुर किट” का वितरण भी अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा किया गया, जिससे दैनिक स्वास्थ्य संरक्षण एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली को बढ़ावा मिल सके।


सम्मेलन स्थल पर प्रकृति परीक्षण एवं नाड़ी परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिससे प्रतिभागियों को अपनी स्वास्थ्य स्थिति एवं आयुर्वेदिक दृष्टिकोण से शरीर-प्रकृति की जानकारी प्राप्त हो सके।

इसी अवसर पर प्रो. (वैद्य) राजाराम महतो द्वारा लिखित एवं संपादित मधुमेह विषयक पुस्तक “प्रमेह योग संग्रह” का विमोचन केंद्रीय गृह मंत्री श्री अमित शाह के करकमलों द्वारा किया जाएगा। यह पुस्तक आयुर्वेद के माध्यम से मधुमेह प्रबंधन के पारंपरिक एवं व्यावहारिक आयामों पर आधारित है।

अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान की ओर से डीन प्रो. (डा.) महेश व्यास, एम.एस. योगेश बड़वे, डा. रमाकांत यादव सहित अनेक वरिष्ठ चिकित्सक उपस्थित रहकर आयुर्वेद आधारित चिकित्सा सेवाएं प्रदान करेंगे। संस्थान के विशेषज्ञ कार्यक्रम स्थल पर आयोजित हिंदी प्रदर्शनी तथा स्वास्थ्य परिचर्चा आधारित वाद-विवाद कार्यक्रम में भी सहभागिता करेंगे।

राजभाषा विभाग की सचिव श्रीमती अंशुली आर्या ने कहा कि प्रधानमंत्री की ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ पहल से प्रेरित होकर राजभाषा विभाग ने आयुष मंत्रालय के सहयोग से आयुष शिविर एवं योग सत्र का आयोजन किया है, जिससे आमजन को भारत की पारंपरिक चिकित्सा पद्धति, ज्ञान-विज्ञान, संस्कृति और इतिहास से जोड़ते हुए उनके स्वास्थ्य का संवर्धन किया जा सके।

निदेशक प्रो. (वैद्य) प्रदीप कुमार प्रजापति ने कहा, “राजभाषा सम्मेलन जैसे राष्ट्रीय मंच पर आयुर्वेद की सहभागिता हमारे लिए अत्यंत गर्व का विषय है। अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान का उद्देश्य केवल उपचार प्रदान करना ही नहीं, बल्कि जनसामान्य में स्वास्थ्य संरक्षण एवं आयुर्वेदिक जीवनशैली के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना भी है। अगरतला में आयोजित इस सम्मेलन के माध्यम से हम राजभाषा संवर्धन के साथ-साथ ‘स्वस्थ भारत’ के संकल्प को सुदृढ़ करने की दिशा में सार्थक योगदान दे रहे हैं। आयुर्वेद की वैज्ञानिकता, प्रामाणिकता और व्यवहारिकता को जन-जन तक पहुंचाना हमारी प्राथमिकता है।”

यह सम्मेलन राजभाषा संवर्धन एवं जनस्वास्थ्य जागरूकता के समन्वित प्रयास का एक महत्वपूर्ण मंच सिद्ध होगा, जिसमें प्रशासनिक उत्कृष्टता और पारंपरिक चिकित्सा पद्धति का प्रभावी समागम देखने को मिलेगा।

Share:

आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं : मुख्य सचिव अनुराग जैन ▪️बालिका शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं : क्षतिग्रस्त शाला भवनों की मरम्मत सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ कराएं

आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत प्रतिशत बच्चों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं : मुख्य सचिव अनुराग जैन

▪️बालिका शौचालयों का निर्माण प्राथमिकता के साथ पूर्ण कराएं : क्षतिग्रस्त शाला भवनों की मरम्मत सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ कराएं


तीनबत्ती न्यूज:  19 फरवरी 2026

सागर: मुख्य सचिव मध्यप्रदेश शासन श्री अनुराग जैन ने प्रदेश की आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश कलेक्टरों को दिए हैं। उन्होंने कहा है कि बच्चों को प्राथमिक स्तर की शिक्षा मुहैया कराना आवश्यक है। इसके लिए आंगनवाड़ी केन्द्रों में शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित होना चाहिए। उन्होंने कहा है कि आंगनवाड़ी केन्द्रों में बच्चों की शत प्रतिशत उपस्थिति सुनिश्चित कराने के लिए शिक्षा विभाग और महिला एवं बाल विकास विभाग संयुक्त रूप से कार्य करें। उन्होंने कहा कि अप्रैल माह से चालू होने वाले नवीन शिक्षा सत्र में शत प्रतिशत छात्र-छात्राओं को स्कूलों में प्रवेश दिलाने के लिए कार्य योजना तैयार करें। उन्होंने कहा कि स्कूलों में प्रवेश से वंचित छात्र-छात्राओं की संख्या नगण्य हो। इसके सतत प्रयास किए जाएं तथा शैक्षणिक कैलेंडर का पालन सुनिश्चित किया जाए। उक्त निर्देश प्रदेश के मुख्य सचिव अनुराग जैन ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी कलेक्टरों एवं प्रमुख अधिकारियों को दिए।

शौचालयों के निर्माण की प्रगति

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने स्कूलों में बालिकाओं के लिए बनाए जा रहे बालिका शौचालयों के निर्माण की प्रगति की जिलेवार समीक्षा करते हुए कहा कि बालिका शौचालयों का निर्माण सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ किया जाए तथा यह कार्य मार्च माह के अंत तक पूर्ण हो जाना चाहिए।

क्षतिग्रस्त भवनों की सर्वाेच्च प्राथमिकता

मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि वे क्षतिग्रस्त भवनों की सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ मरम्मत करना सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि स्कूल भवनों में किसी भी प्रकार की दुर्घटना न हो, यह सभी कलेक्टर सुनिश्चित करें।


वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में उद्योग विभाग द्वारा संचालित प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना की जिलेवार समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत लोगों को कुटीर उद्योग स्थापित करने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना के अधिक से अधिक प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित कराएं तथा हितग्राहियों को बैंकों के माध्यम से ऋण मुहैया कराकर कुटीर उद्योग स्थापित कराने के लिए सतत रूप से प्रोत्साहित करें।


मुख्य सचिव ने कहा कि कलेक्टर्स शासन द्वारा संचालित स्वारोजगार योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित कराएं और लोगों की आमदनी बढ़ाने के सतत प्रयास करें। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए मुख्य सचिव ने प्रदेश के सभी कलेक्टरों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री कृषक मित्र सूर्य योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं तथा इस योजना के संबंध में किसानों को समुचित जानकारी मुहैया कराएं तथा किसानों को इस योजना से लाभ उठाने के लिए सतत रूप से प्रोत्साहित करें।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने रूफटॉप सौर योजना की भी जिलेवार समीक्षा की तथा इस योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने, योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा योजना का लाभ लोगों को दिलाने के भी निर्देश प्रदेश के सभी कलेक्टरों को दिए।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव ने प्रदेश के कलेक्टरों को निर्देश दिए कि लोक सेवा प्राधिकरण के तहत लोगों को सहजता से सेवाएं मुहैया कराएं। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में मुख्य सचिव द्वारा अन्य योजनाओं की भी समीक्षा की गई। वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी सहित अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Share:

Sagar Police : फर्जी डीएसपी और दो आरक्षक गिरफ्तार : नौकरी का झांसा देकर ठगने वाला गिरोह का पर्दाफाश : होमगार्ड में नौकरी दिलाने मांगे एक लाख

Sagar Police : फर्जी डीएसपी और दो आरक्षक गिरफ्तार : नौकरी का झांसा देकर ठगने वाला गिरोह का पर्दाफाश : होमगार्ड में नौकरी दिलाने मांगे एक लाख


तीनबत्ती न्यूज: 18 फरवरी, 2026

सागर : सागर पुलिस ने फर्जी डीएसपी  बनकर नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस अधीक्षक सागर विकाश कुमार शाहवाल के नेतृत्व में थाना शाहगढ़ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपियों में शिवम चतुर्वेदी, राजकुमार ठाकुर और सतीश सिंह ठाकुर शामिल हैं। ये तीनों आरोपी फर्जी पुलिस अधिकारी बनकर लोगों को नौकरी दिलाने का प्रलोभन देकर ठगी करते थे। पुलिस ने बताया कि आरोपियों ने फरियादी से होमगार्ड में नौकरी लगवाने के नाम पर 01 लाख रुपये की मांग की थी।

यह भी पढ़ेंJain News : मुक्तागिरी में मुनि दीक्षा 19 फरवरी को : मोक्ष मार्ग के लिए लाखों के पैकेज छोड़ें इंजीनियर व सीए ने ▪️दीक्षा ले रहे मुनिराजो में 04 सागर जिले के


यह था मामला

फरियादी द्वारा  पुलिस को सूचना दी गई कि शिवम चतुर्वेदी, जो स्वयं को जबलपुर में पदस्थ डीएसपी बताता था  ने होमगार्ड में नौकरी लगवाने के एवज में एक लाख रुपए की मांग की है।  आज बुधवार को को शिवम चतुर्वेदी अपने दो साथियों के साथ पुलिस वर्दी में एक बिना नंबर की नई बोलेरो वाहन से ‘चायगढ़ कैफे’ शाहगढ़ पहुंचा।

फरियादी को तीनों के फर्जी होने का संदेह होने पर तत्काल थाना शाहगढ़ पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी और तीनों संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। जांच में पाया गया कि वे वास्तविक पुलिस अधिकारी/कर्मचारी नहीं हैं, बल्कि सुनियोजित तरीके से लोगों को ठगने का प्रयास कर रहे थे।

यह भी पढ़ेंSagar News: डायल 112 ने बचाया कुएं में गिरे हिरण के शावक को

गिरफ्तार आरोपी जबलपुर के

पुलिस द्वारा गिरफ्तार किए गए आरोपी शिवम चतुर्वेदी,फर्जी DSP, दो फर्जी आरक्षक राज कुमार ठाकुर औरसतीश सिंह ठाकुर निवासी बरही, जबलपुर के है। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्यवाही कर रही है।

पुलिस टीम का सराहनीय योगदान

इस महत्वपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक संदीप खरे, सउनि लोकविजय सिंह, प्रधान आरक्षक हरिराम, संतोष कुमार, खूबसिंह यादव, आरक्षक दिनेश साहू, सुरेन्द्र लोधी, लखन पटैल, दुर्गेश, बॉबी, उमाशंकर, अभिषेक एवं महिला आरक्षक सुष्मा का विशेष एवं प्रशंसनीय योगदान रहा।


सतर्क रहने की अपील

पुलिस  ने आम जनता से अपील की है कि नौकरी दिलाने के नाम पर किसी भी व्यक्ति द्वारा मांगी गई राशि या प्रलोभन के झांसे में न आएं। किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल नजदीकी पुलिस थाने को दें।



Share:

Sagar News: डायल 112 ने बचाया कुएं में गिरे हिरण के शावक को

Sagar News: डायल 112 ने बचाया कुएं में गिरे हिरण के शावक को 


तीनबत्ती न्यूज : 18 फरवरी 2026

सागर: डायल 112 को भोपाल स्थित राज्य स्तरीय कंट्रोल रूम से सूचना प्राप्त हुई कि जैसीनगर क्षेत्र के  देवलचौरी, सेमरा घाट रोड, खेरई  में एक कुएं में हिरण का शावक गिर गया है। सूचना के अनुसार शावक जीवित था तथा कुएं में पानी भरा होने से उसकी जान को गंभीर खतरा था। सूचना मिलते ही सागर कंट्रोल रूम द्वारा तत्काल थाना मोतीनगर क्षेत्र की क्पंस 112 एफआरवी को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। टीम ने मौके पर पहुंचकर बिना समय गंवाए रेस्क्यू ऑपरेशन प्रारंभ किया।

_____________

वीडियो देखने क्लिक करे

सागर : डायल 112 ने बचाया कुएं में गिरे हिरण के शावक को

____________


112 का पायलट उतरा कुएं में

 जोखिमपूर्ण परिस्थितियों में अदम्य साहस का परिचय देते हुए पायलट साजिद खान स्वयं कुएं में उतरे और स्थानीय ग्रामीणों के सहयोग से हिरण के शावक को सुरक्षित बाहर निकाला। तत्पश्चात वन विभाग को सूचना देकर शावक को सुरक्षित सुपुर्द किया गया। चिकित्सकीय परीक्षण उपरांत शावक पूर्णतः स्वस्थ पाया गया।

रेस्क्यू ऑपरेशन में प्रभारी 112 आर.के.एस. चौहान, आरक्षक महेंद्र, आरक्षक पवन दीपक एवं पायलट साजिद खान का विशेष योगदान रहा। 

Share:

Jain News : जैन सिद्ध क्षेत्र मुक्तागिरी में मुनि दीक्षा 19 फरवरी को : मोक्ष मार्ग के लिए लाखों के पैकेज छोड़ें इंजीनियर व सीए ने ▪️दीक्षा ले रहे मुनिराजो में 04 सागर जिले के

Jain News: जैन सिद्ध क्षेत्र मुक्तागिरी में मुनि दीक्षा 19 फरवरी को : मोक्ष मार्ग के लिए लाखों के पैकेज छोड़ें इंजीनियर व सीए ने

▪️दीक्षा ले रहे मुनिराजो में 4 सागर जिले के 



तीनबत्ती न्यूज : 18 फरवरी, 2026

सागरआचार्य श्री विद्यासागर महाराज की समाधि के बाद आचार्य श्री समय सागर महाराज के द्वारा पहली बार मुनि दीक्षा 19 फरवरी को दी जा रही है। लाखों रुपए का पैकेज छोड़ा और वैराग्य के मार्ग पर चलने के लिए आतुर 22 मुनिराजो की मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र की बॉर्डर पर स्थित प्रसिद्ध जैन तीर्थक्षेत्र मुक्तागिरी जिला बैतूल में दीक्षा हो रही है। इन दीक्षाथियों में से पांच दीक्षार्थी सागर जिले के निवासी हैं।

ये है दीक्षार्थी

मुनि सेवा समिति के सदस्य मुकेश जैन ढाना ने बताया कि वर्तमान में आचार्य संघ में ऐलक और छुल्लक महाराज के रूप में दीक्षित 22 साधु मुक्तागिरी में दीक्षा का इंतजार कर रहे हैं। इनमें उच्च शिक्षित 2 सीए, 8 सॉफ्टवेयर इंजीनियर,1 प्रोफेसर, 1 कंपनी सेक्रेट्री, 2 एमबीए के अलावा लगभग सभी दीक्षार्थी ग्रेजुएट और पोस्ट ग्रेजुएट है। सागर के एक दीक्षार्थी ने बीएसएनएल की सरकारी इंजीनियर की नौकरी छोड़ी, तो 8 सॉफ्टवेयर इंजीनियर थे, दो सीए, एक कंपनी सेक्रेट्री, 2 एमबीए शिक्षित वैराग्य के मार्ग पर चलने के लिए लाखों रुपए के पैकेज का वेतन और घर द्वार छोड़कर के मुनि दीक्षा लेने मध्यप्रदेश और महाराष्ट्र की बॉर्डर पर स्थित प्रसिद्ध जैन तीर्थ क्षेत्र मुक्तागिरी जिला बैतूल पहुंच चुके हैं।

मुक्तागिरी में आचार्य श्री ने दी दीक्षा 

मुक्तागिरी की यह पावन भूमि 11 फरवरी 1998 को आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के कर कमलों से 10 मुनि दीक्षाओं के साथ पवित्र हुई थी । अब 27 साल बाद पुनः आचार्य श्री विद्यासागर महाराज के परम प्रभावक शिष्य विद्या शिरोमणि आचार्य श्री समय सागर महाराज के कर कमलो से लगभग 24 मुनि दीक्षाएं होने जा रही हैं। इन 20 से अधिक दीक्षा में चार  दीक्षार्थी सागर के रहने वाले हैं इनके अलावा इंदौर, गुना, जबलपुर, भोपाल, सतना,विदिशा, कटंगी, दमोह, गोटेगांव, गंजबासौदा, के अलावा फिरोजपुर पंजाब, फिरोजाबाद उत्तर प्रदेश, वर्धा महाराष्ट्र, अमरावती महाराष्ट्र, सहारनपुर, पटना बिहार, आदि स्थानों के है। सभी दीक्षार्थियो के परिवारजन और रिश्तेदार सहित देशभर से लोग मुक्तागिरी पहुंच रहे हैं। बाल ब्रह्मचारी प्रतिष्ठाचार्य विनय भैया बंडा भी इन दीक्षार्थियों को विधि विधान से दीक्षित करने में सहयोगी बनेंगे।

सागर जिले के ये है दीक्षार्थी


ऐलक श्री औचित्य सागर महाराज 


घर का नाम: राहुल जैन 

जन्म:  9 सितंबर ,1988

शिक्षा : बीई

नौकरी : इंजीनियर कॉग्निजेंट कंपनी पुणे

ब्रह्मचर्य व्रत 2011 में , छुल्लक दीक्षा 2022 में कुंडलपुर महोत्सव आचार्य श्री विद्या सागर महाराज द्वारा

ऐलक दीक्षा आचार्य समय सागर जी द्वारा कुंडलपुर में 2025 में 

ग्रहस्थ अवस्था के भाई वसंत जैन सीहोरा ने बताया कि ग्रहस्थ अवस्था के बड़े भाई मनीष जैन आचार्य श्री विद्या सागर महाराज से 16 अक्टूबर 2014 को दीक्षित हुए मुनि श्री श्रमण सागर महाराज की प्रेरणा से वैराग्य की ओर उनका मन बढ़ता गया।

छुल्लक श्री गहन सागर महाराज 



इंजी राजेश जैन‌ , एसडीओ बीएसएनएल सागर 

जन्मतिथि 28 मई 1980

शिक्षा : एम टैक

आजीवन ब्रह्मचर्य व्रत 10/5/2009

घर त्याग 12/8/20

छुल्लक दीक्षा: 20/2/22

ऐलक दीक्षा :30/3/25

उनके ग्रहस्थ अवस्था के बड़े भाई शासकीय शिक्षक महेंद्र जैन ने बताया कि 28 मई 1980 को हमारे घर आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का पडगाहन हुआ था और शाम 7:10 पर  राजेश जी का जन्म हुआ था। युवावस्था से ही वैराग्य का मन था और आचार्य श्री के आशीर्वाद से उन्हें निर्यापक मुनि श्री समय सागर महाराज जी के संघ में ब्रह्मचारी भैया के रूप में शामिल किया गया। आचार्य श्री विद्यासागर महाराज का उपकार पूरे परिवार पर रहा है।

छुल्लक श्री स्वरूप सागर महाराज 


इंजी पुनीत जैन‌ , सॉफ्टवेयर इंजीनियर 24 लाख का पैकेज छोड़ा 

जन्मतिथि 18 नवंबर 1989 शाहगढ 

शिक्षा : बीई 

आजीवन ब्रह्मचर्य व्रत : 30 मई 2018

घर त्याग :27/9/2022

छुल्लक दीक्षा : 21/12/22

उनके ग्रहस्थ अवस्था के के पिता स्टेट बैंक से रिटायर्ड डिप्टी मैनेजर हरिश्चंद्र जैन ने बताया कि युवावस्था से ही वैराग्य का मन था और आचार्य श्री के आशीर्वाद से उन्हें ब्रह्मचारी भैया के रूप संघ में शामिल किया गया। छुल्लक दीक्षा के बाद मुनि श्री प्रमाण सागर महाराज के साथ कुछ समय पूर्व तक संघस्थ रहे हैं।

ऐलक श्री उचित सागर महाराज 

नाम : मयूर जैन

जन्म: 25 जून 1993 सुरखी (सागर) 

शिक्षा:  बी काम 

आजीवन: ब्रह्मचर्य व्रत

19 फरवरी 2019

घर त्याग और संघ में प्रवेश 14/10/2020

छुल्लक दीक्षा 20/2/22

ऐलक दीक्षा

30/3/25

वैराग्य का कारण : युवावस्था से ही धर्म के प्रति रुचि थी सुरखी ग्राम से मुनि संघ और आर्यिका संघो के विहार के दौरान सुरखी में प्रवासरत रहते थे सभी संघो की सेवा करने में मयूर भैया बहुत आगे रहते थे। वर्तमान में उनका परिवार बाहुबली कॉलोनी सागर में निवास रहे थे।



Share:

Sagar Police : कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु पुलिस-सीआरपीएफ का संयुक्त फ्लैग मार्च

Sagar Police : कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु पुलिस-सीआरपीएफ का संयुक्त फ्लैग मार्च


तीनबत्ती न्यूज : 17 फरवरी, 2026

सागर। शहर में शांति, सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाए रखने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सागर  विकाश कुमार शाहवाल के निर्देशन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सागर  लोकेश कुमार सिंहा के मार्गदर्शन में थाना कैंट क्षेत्र के अंतर्गत पुलिस एवं सीआरपीएफ द्वारा संयुक्त फ्लैग मार्च/पैदल गश्त का आयोजन किया गया।

_____________

खबर का वीडियो देखने क्लिक करे

Sagar : कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रखने हेतु पुलिस-सीआरपीएफ का संयुक्त फ्लैग मार्च

_____________


30 अधिकारियों कर्मचारियों की टुकड़ी का मार्च

इस संयुक्त कार्रवाई में सीआरपीएफ के डिप्टी कमांडेंट श्री दीपक कुमार अपने लगभग 30 अधिकारी/कर्मचारियों की सुसज्जित टुकड़ी के साथ उपस्थित रहे। थाना प्रभारी कैंट एवं स्थानीय पुलिस बल के साथ समन्वय स्थापित करते हुए सदर बाजार, 12 मोहन, कजली वन, झांसी बस स्टैंड, भगवानगंज, स्टेशन टपरिया, कछियाना सहित अन्य संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में सघन भ्रमण किया गया।

संयुक्त फ्लैग मार्च का उद्देश्य संवेदनशील क्षेत्रों में पुलिस की दृश्यमान उपस्थिति बढ़ाना।असामाजिक एवं शरारती तत्वों में कानून का सख्त संदेश देना।आमजन एवं व्यापारियों में सुरक्षा एवं विश्वास की भावना सुदृढ़ करना।संभावित आपात परिस्थितियों में त्वरित संयुक्त प्रतिक्रिया हेतु समन्वय स्थापित करना। सीआरपीएफ बल को क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति, प्रमुख मार्गों एवं संवेदनशील पॉकेट की रणनीतिक जानकारी प्रदान करना

भ्रमण के दौरान पुलिस अधिकारियों द्वारा सीआरपीएफ के अधिकारियों को थाना कैंट क्षेत्र के महत्वपूर्ण मार्गों, संभावित संवेदनशील बिंदुओं, भीड़ प्रबंधन स्थलों एवं आपातकालीन प्रतिक्रिया प्वाइंट्स से विस्तारपूर्वक अवगत कराया गया, ताकि आवश्यकता पड़ने पर त्वरित एवं प्रभावी संयुक्त कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

आमजन से किया संवाद

फ्लैग मार्च के दौरान अधिकारियों ने नागरिकों, व्यापारियों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों से संवाद स्थापित कर उन्हें आश्वस्त किया कि जिला पुलिस सागर हर परिस्थिति में शांति एवं सौहार्द बनाए रखने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। संयुक्त पुलिस-सीआरपीएफ की इस प्रभावी कार्रवाई से क्षेत्र में सुरक्षा का सकारात्मक संदेश गया तथा आमजन में विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive