Editor: Vinod Arya | 94244 37885

विकास का रहस महोत्सवः रहली, गढ़ाकोटा को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, ख़ेजरा-शाहपुर- मोकलपुर फ्लाईओवर सहित कृषि उपज मंडी का उन्नयीकरण ▪️बीड़ी उद्योग व तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका : सीएम डॉ मोहन यादव ▪️रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान : गोपाल भार्गव

विकास का रहस महोत्सवः रहली, गढ़ाकोटा को स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स, ख़ेजरा-शाहपुर- मोकलपुर फ्लाईओवर सहित कृषि उपज मंडी का उन्नयीकरण

▪️बीड़ी उद्योग व तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका : सीएम डॉ मोहन यादव

▪️रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान : गोपाल भार्गव 


तीनबत्ती न्यूज :  26 फरवरी 2026

सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गढ़ाकोटा में ऐतिहासिक रहस मेले का भव्य शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने न केवल बुंदेलखंड के वीरों के पुरुषार्थ को नमन किया, बल्कि मध्यप्रदेश के अन्नदाताओं और बच्चों के भविष्य के लिए सरकार द्वारा इस वर्ष बजट के माध्यम से लिए क्रांतिकारी निर्णयों को भी रखा। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार का संकल्प हर खेत तक पानी पहुँचाना और किसानों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

___________

वीडियो देखने क्लिक करे

गोपाल भार्गव बोले : हम बुंदेलखंड के लोग हैं। हम गरीब हो सकते हैं, परेशान हो सकते हैं। लेकिन हम कभी गद्दार नहीं हो सकते...

___________


मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव आज गढ़ाकोटा में आयोजित रहस लोकोत्सव 2026 एवं बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन समारोह कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने गणेश प्रतिमा के समक्ष दीप प्रज्ववलित कर गढ़ाकोटा रहस मेले का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि यह रहस मेला नही रहस्य मेला है। यहा आकर ऐंसा लगा ऐंसे आज ही सारे त्योहार मन गए। लोगों का उत्साह देखकर मन आल््हादित हो गया।


बुंदेलखंड की वीरता को प्रणाम

मुख्यमंत्री ने मेले के 217 साल पुराने गौरवशाली इतिहास को याद करते हुए और उनके शौर्य को प्रणाम करते हुए कहा कि" बड़े लडैया महोबा वाले,जिन की मार सही ना जाये।एक को मारे दोई मर जावे,तीजा खौफ खाये मर जाये।। ऐसी वीरता और पराक्रम का लोहा मनवाने वाले मातृभूमि पर सर्वस्व न्योछावर करने वाले महान योद्धाओं की भूमि को कोटिशः नमन।


अन्नदाताओं के लिए एक लाख करोड़ का सुरक्षा चक्र

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राज्य सरकार इस वर्ष किसानों के कल्याण के लिए 1 लाख करोड़ रुपये से अधिक का बजट समर्पित कर रही है। उन्होंने जोर देकर कहा, हमारा संकल्प प्रत्येक किसान तक सिंचाई का पानी पहुंचाना है, जिससे प्रदेश के सिंचाई रकबे में ऐतिहासिक वृद्धि होगी। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने कहा कि प्रदेश में खाद्य प्रसंस्करण संस्करण उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए फूड पार्क स्थापित किए जा रहे हैं। कृषि आधारित उद्योगों के उत्थान और किसानों को उनकी फसल के सही दाम प्राप्त हों इसके लिए सरकार ने वर्ष 2026 को कृषि कल्याण वर्ष घोषित किया है। किसानों के कल्याण के लिए इस साल के बजट में एक लाख करोड़ रुपए से अधिक का बजट रखा गया है। उन्होंने कहा कि पशु पालन और दुग्ध उत्पादन में वृद्धि के लिए सरकार के द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।

रहली विधानसभा के लिए अनेक घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने रहली विधासभा क्षेत्र के बुनियादी ढांचे को मजबूती देते हुए खेजरा-शाहपुर-मोकलपुर फ्लाईओवर के निर्माण की स्वीकृति  दी। उन्होंने रहली एवं गढ़ाकोटा कृषि उपज मंडी के उन्नयन के लिए 5-5 करोड़ रुपए एवं शाहपुर उपमंडी के विकास हेतु एक करोड़ रुपए की स्वीकृति दी जिससे स्थानीय किसानों को अपनी उपज का सही दाम और आधुनिक सुविधाएं मिल सकें इसके साथ ही उन्होंने रहली रमखरिया, सिमरिया नायक बहेरिया मढ़ि ( लगभग 22 किलोमीटर) मार्ग के उन्नयन और चौड़ीकरण की भी घोषणा की।  


बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, आजीविका है

मुख्यमंत्री ने कहा है कि बुंदेलखंड में बीड़ी उद्योग और तेंदूपत्ता संग्रहण केवल व्यापार नहीं, बल्कि लाखों परिवारों की जीविका रहा है। यहां बीड़ी, तेंदूपत्ते और हस्तकला आधारित लघु इकाइयों को मिलेगा प्रोत्साहन दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि बीड़ी बनाने वाले एवं तेंदूपत्ता का संग्रहण करने वाले व्यक्तियों के उन्नयन के लिए सांसद, विधायक एवं स्थानीय जनप्रतिनिधि एक कमेटी बनाकर निर्णय लें तथा निर्णय से मुझे अवगत कराएं जिस पर कार्यवाही की जाएगी। इसके साथ ही क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए स्पोर्ट्स एवं स्टेडियम कॉम्प्लेक्स का निर्माण होगा। इसी प्रकार ढाना में शासकीय महाविद्यालय में वाणिज्य संकाय और इतिहास के नए विषय खोलने को भी मंजूरी दी।


कार्यक्रम की शुरुआत में मुख्यमंत्री ने सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश के 32.78 लाख से अधिक हितग्राहियों के बैंक खातों में 196.72 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। इसमें सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया गया।


यशोदा योजना- बच्चों की सेहत के लिए टैट्रा पैक दूध

मुख्यमंत्री ने कहा कि शिक्षा और पोषण को जोड़ते हुए सरकार ने यशोदा योजना की शुरुआत की है। इसके तहत अब कक्षा 1 से 8वीं तक के सरकारी स्कूली बच्चों को स्कूलों में पौष्टिक टैट्रा पैक दूध उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे नौनिहालों के स्वास्थ्य में सुधार होगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हो रहा है। शासकीय विद्यालयों में पढ़ने वाले बच्चों को सरकार के माध्यम से पुस्तकें, साईकिल, गणवेश, भोजन, छात्रवृत्ति प्रदान की जा रही है और स्कूलों में टॉप करने वाले बच्चों को स्कूटी प्रदान की जार रही है।


रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान है यह हमेशा चलता रहेगा : गोपाल भार्गव

पूर्व मंत्री एवं रहली विधायक  गोपाल भार्गव ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि हमारे क्षेत्र के शासक राजा मर्दन सिंह के राज्यारोहण की स्मृति में यह मेला प्रतिवर्ष आयोजित होता आ रहा है। यह रहस मेला बुंदेलखंड की धरोहर और पहचान है यह हमेशा चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विश्व की चौथी अर्थव्यवस्था बनाया है। इसी प्रकार मध्यप्रदेश सरकार प्रदेश के विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। सरकार द्वारा इस वर्ष के बजट में कृषि, सिंचाई, युवा, किसान, गरीब, महिला, निवेश, उद्योगों समेत सभी क्षेत्रों के विकास के लिए योजनाएं बनाई हैं और पर्याप्त बजट प्रदान किया है।

ऐतिहासिक संदर्भः सन् 1809 में शुरू हुए इस मेले की नींव वीर बुंदेला महाराज के पौत्र राजा मर्दन सिंह जूदेव के राज्यारोहण की स्मृति में पड़ी थी। ब्रिटिश काल में यह मेला केवल व्यापारिक केंद्र नहीं, बल्कि क्रांति का गुप्त अड्डा था। पशुओं की खरीद-बिक्री के बहाने विभिन्न रियासतों के राजा यहाँ जुटते थे और अंग्रेजों के खिलाफ सैन्य रणनीतियां तैयार करते थे। इसी रणनीतिक रहस्य के कारण इसका नाम रहस मेला पड़ा।


ये हुए शामिल

इस अवसर पर विधायक रहली  गोपाल भार्गव, सांसद दमोह संसदीय क्षेत्र राहुल सिंह लोधी, सांसद सागर संसदीय क्षेत्र श्रीमती लता वानखेडे, विधायक खुरई  भूपेन्द्र सिंह, विधायक नरयावली  प्रदीप लारिया, विधायक सागर श्री शैलेन्द्र जैन, विधायक देवरी श्री बृजबिहारी पटेरया, विधायक बण्डा  वीरेन्द्र सिंह लोधी, विधायक हटा श्रीमति उमादेवी खटीक,  श्रीमति रानी पटेल, श्री श्याम तिवारी, जिला प्रभारी सागर ग्रामीण सदानंद गौतम, महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी जिला पंचायत अध्यक्ष सागर हीरा सिंह राजपूत, जिला पंचायत अध्यक्ष दमोह श्रीमति रंजीता गौरव पटेल,  नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार,  जाहर सिंह,  अभिषेक भार्गव,  मनोज तिवारी, श्री सुरेश कपश्या, श्री संजय दुबे,  महेश कोरी एवं कमिश्नर अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक श्रीमती हिमानी खन्ना, कलेक्टर  संदीप जी आर, पुलिस अधीक्षक श्री विकास शाहवाल, अपर कलेक्टर श्री अविनाश रावत सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद थे।


मुख्यमंत्री ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के लाभार्थियों को किया हितलाभ अंतरित

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गढ़ाकोटा जिला सागर में आयोजित गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव-2026, बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन समारोह में शामिल होते हुए कार्यक्रम के मंच से ही राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक सुरक्षा पेंशन योजनाओं के कुल 3278735 हितग्राहियों को प्रतिमाह राशि रु. 600/- के मान से कुल 196.72 करोड़ से अधिक की राशि का अंतरण सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में किया। इस दौरान सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि का अंतरण किया गया।



सांदीपनि विद्यालय गढ़ाकोटा में विंग-बी भवन का लोकार्पण

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव ने गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव 2026 में शामिल होते हुए मंच से मध्यप्रदेश शासन स्कूल शिक्षा विभाग के अंतर्गत शासकीय सांदीपनि साबूलाल विद्यालय गढ़ाकोटा में 1450 लाख रुपए की लागत राशि से निर्मित विंग-बी (ब्लाक-एफ) के भवन का लोकार्पण किया।



रहस मेले में जनकल्याणकारी योजनाओं की आकर्षक प्रदर्शनी

गढ़ाकोटा में राजा मर्दन सिंह जूदेव की राज्यारोहण की स्मृति में आयोजित 3 दिवसीय रहस लोकोत्सव 2026 केवल सांस्कृतिक और मनोरंजन का उत्सव नहीं, बल्कि विकास और जनकल्याणकारी योजनाओं का मेला बना हुआ है। पारंपरिक आस्था, लोक संस्कृति और ऐतिहासिक विरासत से जुड़े इस मेले में इस वर्ष शासन की विभिन्न जनहितकारी योजनाओं की व्यापक प्रदर्शनी लगाई गई है जो आमजन के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।


मेले में मनोरंजन के विभिन्न आयामों झूले, सांस्कृतिक कार्यक्रम, लोक संगीत और पशु मेले के साथ-साथ किसानों, महिलाओं, युवाओं और ग्रामीणों के लिए उपयोगी योजनाओं की जानकारी देने हेतु विभागीय स्टॉल लगाए गए हैं। इन स्टॉलों पर संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मेले में आए लोगों को योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया, लाभ एवं आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दे रहे हैं।


रहस मेला में आयुष विभाग, मत्स्योद्योग विभाग, खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग, जिला शिक्षा केन्द्र, पशुपालन एवं डेयरी विभाग, जनजाति कार्य एवं अनुसूचित जाति कल्याण विभाग, जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र, क्षेत्रीय कृषि अनुसंधान केन्द्र सागर, कृषि विज्ञान केन्द्र देवरी, उद्यानिकी महाविद्यालय रहली, उद्यानिकी एवं खाद्य प्रसंस्करण विभाग तथा किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग द्वारा योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की गई। इसी प्रकार राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, सूक्ष्म एवं लघु उद्योग विभाग, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना सहित अन्य योजनाओं से संबंधित जानकारी जनसंपर्क विभाग के माध्यम से प्रदर्शित की गई। प्रदर्शनी के माध्यम से स्वरोजगार, कृषि उन्नयन, महिला सशक्तिकरण, पोषण, शिक्षा, पशुपालन, मत्स्य पालन एवं उद्यानिकी से जुड़ी योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जा रहा है।

किसानों के लिए आधुनिक कृषि तकनीकों, उन्नत बीज, फसल संरक्षण उपायों और जैविक खेती से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। वहीं युवाओं को स्वरोजगार एवं उद्योग स्थापना से जुड़ी योजनाओं के बारे में मार्गदर्शन दिया जा रहा है। महिलाओं को स्व-सहायता समूहों के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित सहित जनसंपर्क विभाग द्वारा प्रदर्शनी लगाई है।

मेले में आए ग्रामीणों और आमजनों ने बताया कि इस प्रकार की प्रदर्शनी से उन्हें शासन की योजनाओं की प्रत्यक्ष जानकारी मिल रही है और वे अपने अधिकारों एवं संभावित लाभों के प्रति जागरूक हो रहे हैं।



Share:

नगर निगम सागर की महिला ब्रिगेड द्वारा नागरिकों से जमा कराया बकाया संपत्ति व अन्य कर

नगर निगम सागर की महिला ब्रिगेड द्वारा नागरिकों से जमा कराया बकाया संपत्ति व अन्य कर


तीनबत्ती न्यूज: 26 फरवरी, 2026

सागर :   नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री द्वारा बकाया करों की राशि की वसूली सुनिश्चित करने हेतु गठित महिला ब्रिगेड द्वारा शहर के विभिन्न वार्डों में सक्रिय रूप से अभियान चलाया जा रहा है। महिला ब्रिगेड की टीम बकायादारों से सीधे संपर्क कर उन्हें संपत्ति कर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क तथा दुकानों के किराये की लंबित राशि जमा करने के लिए प्रेरित कर रही है।  महिला ब्रिगेड द्वारा शास्त्री वार्ड, संतकंवर राम वार्ड, मोतीनगर बाहुबली कालोनी, कटरा वार्ड में बकायादारों से संपर्क किया गया तथा मौके पर ही कई नागरिकों ने कर की राशि जमा कराई । इस दौरान टीम द्वारा नागरिकों को वित्तीय वर्ष 2025–26 के संपत्तिकर को 31 मार्च के पूर्व जमा करने के लिए जागरूक किया गया। साथ ही यह भी जानकारी दी गई कि शासन के निर्देशानुसार 31 मार्च के बाद बकाया संपत्तिकर पर अधिभार लगने के कारण देय राशि बढ़कर दोगुनी हो जाएगी जिससे नागरिकों पर अतिरिक्त आर्थिक भार पड़ेगा।


निगमायुक्त ने की अपील

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने नगर निगम क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील करते हुए कहा है कि वे संपत्तिकर, जलकर, कचरा प्रबंधन शुल्क, दुकानों का किराया सहित अन्य सभी देय करों को वित्तीय वर्ष समाप्त होने के पूर्व 31 मार्च तक अनिवार्य रूप से जमा कर नगर निगम को सहयोग प्रदान करें। उन्होंने कहा कि समय पर कर जमा करने से नागरिकों को अधिभार से बचने में भी सुविधा होगी तथा शहर के विकास कार्यों को गति मिल सकेगी।

महिला ब्रिगेड में सहायक प्रभारी श्रीमती जया श्रीवास्तव, श्रीमती नीता श्रीवास्तव, स्वदेश राजा बुंदेला, श्रीमती विजया श्रीवास्तव सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित थीं।

Share:

शासकीय सेवकों के चिकित्सा देयकों का भुगतान न होने पर संभाग कमिश्नर ने जताई नाराजगी: संबंधित क्लर्क को शोकॉज नोटिस जारी

शासकीय सेवकों के चिकित्सा देयकों का भुगतान न होने पर संभाग कमिश्नर ने जताई नाराजगी: संबंधित क्लर्क को शोकॉज नोटिस जारी


तीनबत्ती न्यूज:  26 फरवरी 2026

सागर: संभाग कमिश्नर श्री अनिल सुचारी ने संवेदनशीलता के साथ समस्त शासकीय सेवाकों के लंबित चिकित्सा देयकों का समय सीमा में भुगतान न करने पर संयुक्त संचालक स्वास्थ्य एवं कोष एवं लेखा को चेतावनी देने हुए संबंधित क्लर्कों को सोकॉज नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर संयुक्त कमिश्नर  वियन द्विवेदी, संयुक्त संचालक स्वास्थ्य डॉ नीना गिड़ियन, संयुक्त संचालक कोष एवं लेखा श्रीमती हेमलता पटैल मौजूद थीं।


संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी ने स्पष्ट रूप से निर्देश दिए कि सभी शासकीय सेवकों के सभी प्रकार के चिकित्सा देयक समय सीमा में निराकृत हो, निराकरण में किसी भी प्रकार की लेटलतीफी बर्दाश्त नहीं  होगी। लंबित समस्त देयक एक सप्ताह में निराकरण न होने पर संबंधित जेडी के खिलाफ कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि चिकित्सा देयकों का भुगतान हमारी पहली प्राथमिकता होनी चाहिए  और इसमें किसी भी प्रकार की देरी बर्दाश्त नहीं होगी।

Share:

सागर में शासकीय जमीन अतिक्रमण का मुद्दा उठाया विधायक शैलेन्द्र जैन ने

सागर में शासकीय जमीन अतिक्रमण का मुद्दा उठाया विधायक शैलेन्द्र जैन ने

तीनबत्ती न्यूज: 26 फरवरी, 2026

सागर :  मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा सागर विधानसभा क्षेत्र में शासकीय भूमियों पर अतिक्रमण एवं उनके उपयोग से संबंधित महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया गया, जिस पर राजस्व विभाग की ओर से लिखित उत्तर प्रस्तुत किया गया।




राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने प्रश्न क्रमांक 1643 के उत्तर में बताया कि तहसील सागर नगर अंतर्गत विधानसभा क्षेत्र सागर में मौजा कनेरादेव, तिलीमाफी, पिपरिया, उदयपुरा, धर्मश्री एवं वामनखेड़ी में शासकीय भूमि उपलब्ध है तथा वर्तमान में उक्त भूमि शासन के अधिपत्य में है। इन भूमियों का विस्तृत विवरण विधानसभा पुस्तकालय में परिशिष्ट के रूप में उपलब्ध कराया गया है।

मंत्री श्री वर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि विगत तीन वर्षों में सागर विधानसभा क्षेत्र के मौजा सागरखास, कनेरादेव, ललईटौरी, करीला एवं धर्मश्री स्थित शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया है। शासकीय भूमि के संरक्षण हेतु मध्यप्रदेश भू-राजस्व संहिता 1959 (संशोधित 2018) के अंतर्गत आवश्यक कानूनी प्रावधान लागू हैं, हालांकि इसके लिए पृथक बजट प्रावधान नहीं किया गया है।

इसके अतिरिक्त मंत्री ने स्पष्ट किया कि रिक्त पड़ी शासकीय भूमियों का निराकरण म.प्र. नजूल निर्वतन निर्देश 2020 के अंतर्गत किया जाता है तथा वर्तमान प्रावधानों में पी.पी.पी. मॉडल के माध्यम से भूमि उपयोग का प्रावधान शामिल नहीं है।

विधानसभा में उठाए गए इस प्रश्न को सागर शहर में शासकीय भूमि संरक्षण, अतिक्रमण नियंत्रण एवं भविष्य की विकास योजनाओं के दृष्टिकोण से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

Share:

MP: भू-अर्जन अधिकारी को एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा लोकायुक्त पुलिस ने

MP: भू-अर्जन अधिकारी को एक लाख की रिश्वत लेते पकड़ा लोकायुक्त पुलिस ने 


तीनबत्ती न्यूज : 26 फरवरी, 2026

सीधी : सीधी जिले में लोकायुक्त पुलिस रीवा की टीम ने गुरुवार को एक बड़ी कार्रवाई करते हुए सहायक परियोजना भू-अर्जन अधिकारी भूपेन्द्र पांडेय को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया।

शिकायत पर हुई कार्रवाई

शिव बहोर तिवारी निवासी सदला ने शिकायत दर्ज कराई थी कि राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच) फोरलेन सड़क चौड़ीकरण में उनकी भूमि अधिग्रहित हुई है। कुल 27 लाख रुपये के मुआवजे में से 50 प्रतिशत राशि देने की मांग भू-अर्जन अधिकारी द्वारा की जा रही थी।

रिश्वत लेते पकड़ाया

लोकायुक्त टीम ने भू-अर्जन शाखा कार्यालय में कार्रवाई करते हुए भू-अर्जन अधिकारी को एक लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा। आरोप है कि एक लाख रुपये पूर्व में एडवांस के रूप में लिए जा चुके थे, जबकि एक लाख रुपये की राशि ट्रैप के दौरान ली जा रही थी।


दूसरी दफा पकड़ाया गया

लोकायुक्त थाना प्रभारी एसआर मरावी ने जानकारी देते हुए बताया कि टीम को शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले का सत्यापन किया गया था। सत्यापन में तथ्य सही पाए जाने पर गुरुवार को आरोपी को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी लोकायुक्त पुलिस द्वारा आपराधिक प्रकरण दर्ज किया जा चुका है।


Share:

सीएम डॉ मोहन यादव गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव में शामिल होंगे 26 फरवरी को

सीएम डॉ मोहन यादव गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव में शामिल होंगे 26 फरवरी को 


तीनबत्ती न्यूज , 25 फरवरी 2026

सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव 26 फरवरी 2026, गुरुवार को सागर जिले के प्रवास पर रहेंगे। प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सागर जिले के तहसील मुख्यालय रहली के गढ़ाकोटा में आयोजित रहस मेले के शुभारंभ समारोह में शामिल होंगे। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जबलपुर डुमना एयरपोर्ट से दोपहर 3.30 बजे हेलीकॉप्टर द्वारा प्रस्थान कर सायं 4.05 बजे सागर जिले रहली तहसील के गढ़ाकोटा हेलीपैड पहुंचेंगे, जहां स्थानीय कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। कार्यक्रम उपरांत मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सायं 5.10 बजे गढ़ाकोटा हेलीपैड से हेलीकॉप्टर द्वारा डुमना एयरपोर्ट, जबलपुर के लिए रवाना होंगे।




गढ़ाकोटा रहस लोकोत्सव 2026 के अंतर्गत 26 फरवरी 2026, गुरुवार को सायं 4 बजे रहस मेला मैदान, गढ़ाकोटा में बुंदेलखंड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण-शहरी आजीविका समूहों का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इस सम्मेलन में प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर किसानों और आजीविका समूहों को संबोधित करेंगे।

पूर्व मंत्री और वरिष्ठ विधायक गोपाल भार्गव ने बताया कि सपूर्ण बुन्देलखण्ड सहित रहली विधानसभा क्षेत्र के विकास से जुड़ी योजनाओं का लोकार्पण भूमि पूजन भी होगा। 

किसान भाईयों के लिए सिंचाई सुविधाओं के विस्तार हेतु कोपरा मध्यन परियोजना, आपचंद मध्यम परियोजना, कैथ मध्यम परियोजना मिडवासा मध्यम परियोजना जैसी सिंचाई परियोजना को गति प्रदान करने वाले सुनार नदी को नर्मदा नदी से जोड़ने की स्वीकृति प्रदान करने वाले, कोपटरा मध्यम परियोजना को केन बेतवा परियोजना से लिंक करने की स्वीकृति देने वाले, सागर-गढ़ाकोटा-दमोह मार्ग को फोरलेन की स्वीकृति देने वाले रहली विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न शहरी एवं ग्रामीण विकास व निर्माण योजनाओं को स्वीकृति एवं गति देने वाले ष्विकास पुरुषष् तथा ष्कृषि कल्याण वर्षष् में किसानों की आय बढ़ाने के लिए भावांतर योजना, उड़द प्रोत्साहन योजना, प्राईस सपोर्ट स्कीम लागू करने वाले किसानों के हितेषी, तथा शहरी एवं ग्रामीण आजीविका मिशन के द्वारा महिलाओं की जिन्दगी में रोशनी लाने वाले एवं प्रदेश भर की लाडली बहिनों के लाडले भैया प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव बुन्देलखण्ड स्तरीय किसान एवं ग्रामीण-शहरी आजीविका समूहों के सम्मेलन को संबोधित करने के लिए पधार रहे है।

रहली विधायक एवं पूर्व मंत्री श्री गोपाल भार्गव ने क्षेत्र के सभी किसान भाइयों एवं आजीविका समूहों की बहनों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाएं।


सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि सिंगल क्लिक के माध्यम से करेंगे हस्तांतरित

मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव 26 फरवरी को गढ़ाकोटा में आयोजित रहस मेला के शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होते हुए सामाजिक सुरक्षा पेंशन की राशि का हस्तांतरित सिंगल क्लिक के माध्यम से करेंगे। राज्य शासन द्वारा संचालित विभिन्न पेंशन योजनाओं की जिनमें वृद्ध, विधवा (कल्याणी) एवं दिव्यांगजनों के लिये पेंशन योजना के अंतर्गत 
हितग्राहियों को राशि रुपये 196.72 करोड़ का सिंगल क्लिक के माध्यम से वितरण किया जाएगा। इस दौरान सागर जिले के 200688 पेंशन लाभार्थियों को 12.03 करोड़ रुपये की राशि का हस्तांतरण किया जाएगा। 

गढ़ाकोटा में 26 फरवरी को ड्रोन एवं अन्य उड़ान गतिविधियों पर प्रतिबंध

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 26 फरवरी 2026 को जिला सागर अंतर्गत कस्बा गढ़ाकोटा में प्रस्तावित कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने कानून एवं सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने हेतु प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 की धारा 163 के अंतर्गत विशिष्ट अतिथियों की सुरक्षा श्रेणी में संभावित खतरों को ध्यान में रखते हुए कस्बा गढ़ाकोटा एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून एवं अन्य फ्लाइंग ऑब्जेक्ट की उड़ान पर प्रतिबंध लगाने का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया था।

उक्त प्रस्ताव के आधार पर प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए 25 फरवरी 2026 की रात्रि 8 बजे से 26 फरवरी 2026 की रात्रि 10 बजे (कार्यक्रम समाप्ति तक) ग्राम/कस्बा गढ़ाकोटा एवं कार्यक्रम स्थल के आसपास के क्षेत्र में ड्रोन, पैराग्लाइडर, हॉट एयर बैलून एवं अन्य किसी भी प्रकार की उड़ान गतिविधि को प्रतिबंधित किया गया है। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध  वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।


मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर गढ़ाकोटा क्षेत्र में उत्खनन कार्यों पर अस्थायी प्रतिबंध

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 26 फरवरी 2026 को तहसील गढ़ाकोटा, जिला सागर में प्रस्तावित आगमन कार्यक्रम को दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर श्री संदीप जी आर ने दूरसंचार एवं इंटरनेट/ॅप-थ्प सेवाओं के सुचारू संचालन हेतु विशेष निर्देश जारी किए गए हैं।

उक्त आदेशानुसार नेशनल हाईवे सागर-बण्डा-शाहगढ़-हीरापुर-बड़ा मलहरा-छतरपुर, सागर-सीहोरा-राहतगढ़-ग्यारसपुर-विदिशा, सागर-परसोरिया-गढ़ाकोटा-दमोह, सागर-रहली-गढ़ाकोटा-पथरिया-दमोह, सागर-नरयावली-जरूआखेड़ा-खुरई-बीना-मेहलुवा मार्गों सहित अनुभाग सागर, खुरई, बीना, बण्डा, रहली, देवरी, राहतगढ़, मालथौन एवं जैसीनगर क्षेत्र में किसी भी प्रकार के भूमि उत्खनन संबंधी कार्यों को 25.02.2026 से कार्यक्रम समाप्ति तक तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित किया गया है।

आवश्यक सेवाओं के रखरखाव अथवा मरम्मत हेतु एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग, एमपीईबी, सेतु निर्माण, स्मार्ट सिटी, आरएडीए, नगरीय निकाय, जल संसाधन विभाग, ग्राम पंचायतों तथा समस्त दूरसंचार सेवा प्रदाताओं को संबंधित अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) से पूर्व स्वीकृति प्राप्त करने के उपरांत ही उत्खनन कार्य करने की अनुमति होगी। संबंधित अधिकारी यह सुनिश्चित करेंगे कि उक्त कार्यों से नेटवर्क अथवा संचार सेवाओं में किसी प्रकार का व्यवधान उत्पन्न न हो। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
Share:

Sagar News : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : कुलपति निवास में जलाया कचरा :नगर निगम ने जारी किया नोटिस ▪️सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट लगाने वालों पर होगी कार्रवाई ▪️शौचालयों में पदस्थ तीन केयरटेकर की सेवाएं समाप्तजोन प्रभारी को नोटिस

Sagar News : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : कुलपति निवास में जलाया कचरा :नगर निगम ने जारी किया नोटिस

▪️सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट लगाने वालों पर होगी कार्रवाई

▪️शौचालयों में पदस्थ तीन केयरटेकर की सेवाएं समाप्त:  जोन प्रभारी को नोटिस



तीनबत्ती न्यूज  25 फरवरी 2026

सागर: नगर निगम सागर आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को लेकर व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। निगम की टीम द्वारा लगातार वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।

बुधवार को सागर के सिविल लाइन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कुलपति निवास परिसर में कचरा जलाकर प्रदूषण फैलाते पाए जाने पर  कुलपति को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।




स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत ने बताया कि सिविल लाइन स्थित कुलपति निवास पर कचरा जलाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है। यह कृत्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का उल्लंघन है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने की स्थिति में नियमानुसार  कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा जलाने जैसी गतिविधियों से बचें तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।

सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट लगाने वालों पर संपत्ति विरूपण की  कार्रवाई के साथ ही चालानी कार्रवाई होगी

 नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि शहर की स्वच्छता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत को निर्देशित किया है कि सभी 8 जोनों के अंतर्गत आने वाले वार्डों में ज़ोन प्रभारी नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी सार्वजनिक दीवार, शासकीय भवन या पेंटिंग की गई दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट न लगाए जाएं। यदि निरीक्षण के दौरान किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा पोस्टर या पंपलेट लगाए जाना पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई भी की जाए।


शौचालयों में पदस्थ 3 केयरटेकर की सेवाएं समाप्त, जोन प्रभारी को नोटिस जारी

सागर /ननि/ 25 फरवरी 2026/ स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार शहर की स्वच्छता को लेकर द्रुत गति से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्वच्छता अधिकारी श्री राजेश सिंह राजपूत ने बाघराज वार्ड का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजघाट चौराहा स्थित शौचालय, छत्रसाल नगर तथा बाघराज मंदिर स्थित सार्वजनिक शौचालय का अवलोकन किया। इस दौरान तीनों शौचालयों में प्लेसमेंट पर पदस्थ केयरटेकर सुनील, भाग्यश्री एवं जितेंद्र अनुपस्थित पाए गए।

स्वच्छता अधिकारी ने तीनों शौचालयों के केयरटेकर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जोन प्रभारी श्री आशुतोष सोलंकी एवं सहायक जोन प्रभारी श्री अजय रैकवार को कार्य में लापरवाही बरतने पर वेतन-वृद्धि रोकने की कार्रवाई हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनज़र किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।


Share:

विधानसभा : सागर में उद्योग स्थापना : रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के निवेश प्रस्तावों की स्थिति स्पष्ट

विधानसभा : सागर में उद्योग स्थापना : रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के निवेश प्रस्तावों की स्थिति स्पष्ट


तीनबत्ती न्यूज: 25 फरवरी, 2026

सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा सागर जिले में उद्योगों की स्थापना एवं निवेश प्रस्तावों (इंटेंशन टू इन्वेस्ट)की प्रगति को लेकर महत्वपूर्ण प्रश्न उठाया गया। विधायक श्री जैन ने औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग से वर्ष 2024 में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव के अंतर्गत हुए निवेश समझौतों (एमओयू) की वर्तमान स्थिति की जानकारी मांगी थी।

विधायक श्री जैन ने प्रश्न के माध्यम से जानना चाहा कि 27 दिसंबर 2024 को सागर में आयोजित रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव में किन-किन कंपनियों द्वारा निवेश प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए, कितनी राशि के एमओयू हस्ताक्षरित हुए तथा उनमें से कितनी इकाइयों को भूमि आवंटन कर स्थापना की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।




मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की ओर से अधिकृत औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन मंत्री श्री चेतन्य कश्यप ने लिखित उत्तर में बताया कि निवेशकों के सभी प्रस्ताव विभाग के ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से प्राप्त किए जाते हैं तथा रीजनल इंडस्ट्री कॉन्क्लेव, सागर अंतर्गत प्राप्त निवेश प्रस्तावों की जानकारी परिशिष्ट में उपलब्ध कराई गई है। निवेश प्रस्तावों पर चरणबद्ध रूप से भूमि आवंटन एवं औद्योगिक इकाइयों की स्थापना की कार्यवाही प्रगति पर है।

प्राप्त जानकारी अनुसार सागर जिले में प्रमुख औद्योगिक निवेश प्रस्ताव

पैरामाउंट केबल निर्माण यूनिट द्वारा लगभग 250 करोड़ रुपए की लागत से उद्योग स्थापना प्रस्तावित है, जिससे 375 लोगों को रोजगार प्राप्त होगा।

मध्य भारत एग्रो प्रोडक्ट्स लिमिटेड द्वारा अपनी वर्तमान औद्योगिक इकाई के विस्तार का प्रस्ताव प्रस्तुत किया गया है।

उद्योग एवं व्यापार कल्याण संघ द्वारा आईआईडी बीना में विभिन्न उत्पादों के निर्माण हेतु लगभग 100 करोड़ रुपए की लागत से औद्योगिक इकाइयों के लिए भूखंड बुक किए गए हैं, जिनसे लगभग 500 लोगों को रोजगार प्रस्तावित है।

वीपी ब्रॉडबैंड प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 1700 करोड़ रुपए की लागत से डाटा प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित की जा रही है, जिसमें 850 लोगों को रोजगार मिलने का अनुमान है।

विधानसभा में उठाए गए इस प्रश्न के माध्यम से सागर जिले में औद्योगिक निवेश, रोजगार सृजन एवं औद्योगिक अधोसंरचना विकास की दिशा में हो रही वास्तविक प्रगति की स्थिति स्पष्ट हुई है। इन निवेश प्रस्तावों के क्रियान्वयन से सागर जिला औद्योगिक विकास के नए केंद्र के रूप में उभरने की ओर अग्रसर माना जा रहा है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive