Editor: Vinod Arya | 94244 37885

विधानसभा: विधायक शैलेन्द्र जैन के सवाल पर सागर खेल परिसर के जीर्णोद्धार को मिली गति : 3.94 करोड़ रुपये का रिनोवेशन प्रस्ताव तैयार ▪️फ्लाई एश ब्रिक्स पर प्रतिबंध लगाने का दिया सुझाव

विधानसभा: विधायक शैलेन्द्र  जैन के सवाल पर सागर खेल परिसर के जीर्णोद्धार को मिली गति : 3.94 करोड़ रुपये का रिनोवेशन प्रस्ताव तैयार

▪️फ्लाई एश ब्रिक्स पर प्रतिबंध लगाने का दिया सुझाव


तीनबत्ती न्यूज: 24 फरवरी, 2026

सागर।मध्य प्रदेश विधानसभा के बजट सत्र के दौरान विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन द्वारा पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में शहर के खेल परिसर भवन के रिनोवेशन एवं मरम्मत कार्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है। लंबे समय से खेल परिसर के उन्नयन की मांग को विधायक श्री जैन लगातार विधानसभा में उठाते रहे हैं।

विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के उत्तर में खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने बताया कि खेल परिसर भवन के रिनोवेशन एवं मरम्मत कार्य हेतु मध्यप्रदेश भवन विकास निगम, भोपाल द्वारा संशोधित नवीन प्राक्कलन तैयार कर विभाग को प्रस्तुत कर दिया गया है।

मंत्री श्री सारंग ने जानकारी देते हुए बताया कि खेल परिसर के उन्नयन के लिए लगभग 3.94 करोड़ रुपये की लागत का प्राक्कलन तकनीकी स्वीकृति सहित प्राप्त हुआ है। इस प्रस्ताव में भवन की मरम्मत, विद्युत कार्य (इलेक्ट्रिकल वर्क) तथा परिसर से संबंधित सड़क निर्माण एवं सुधार कार्य शामिल किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्राप्त प्रस्ताव का विभागीय स्तर पर परीक्षण किया जा रहा है। परीक्षण प्रक्रिया पूर्ण होने के पश्चात प्रस्ताव को सक्षम समिति के समक्ष अनुमोदन के लिए प्रस्तुत किया जाएगा, जिसके बाद निर्माण कार्य प्रारंभ किए जाने की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।

फ्लाई एश ब्रिक्स पर प्रतिबंध लगाने का उठाया मुद्दा

बजट सत्र के दौरान सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन ने निर्माण कार्यों में उपयोग हो रही फ्लाई एश ब्रिक्स की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इनके उपयोग पर प्रतिबंध लगाने का सुझाव दिया।

उन्होंने कहा कि सागर विधानसभा क्षेत्र में फ्लाई एश ब्रिक्स से निर्मित कई भवन कम समय में ही जर्जर हो गए हैं। इसके स्थान पर मिट्टी की ईंटों के उपयोग को बढ़ावा दिया जाना चाहिए, जिससे निर्माण की गुणवत्ता बेहतर होगी तथा प्रजापति समाज को रोजगार के अवसर भी प्राप्त होंगे।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive