पं दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक मजबूत करेगा : लोकेन्द्र पाराशर , प्रदेश मंत्री
▪️प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता निर्माण की पहली सीढ़ी : पूर्व गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह
तीनबत्ती न्यूज : 28 फरवरी, 2026
सागर। प्रशिक्षण केवल जानकारी देने का माध्यम नहीं, बल्कि कार्यकर्ता के व्यक्तित्व निर्माण की प्रक्रिया है। इससे संगठन की कार्यपद्धति में एकरूपता आएगी और सेवा, समर्पण तथा राष्ट्रहित की भावना और अधिक प्रखर होगी। यह प्रशिक्षण महाअभियान कार्यकर्ताओं में वैचारिक स्पष्टता, अनुशासन और कार्यकुशलता को नई दिशा देगा। बूथ स्तर तक सक्रिय और प्रशिक्षित कार्यकर्ता ही संगठन की वास्तविक शक्ति होते हैं। यह महाअभियान कार्यकर्ताओं को पार्टी की रीति-नीति, सेवा कार्यों और जनसंपर्क अभियान से जोड़ते हुए उन्हें अधिक प्रभावी बनाएगा। व्यापक प्रशिक्षण महाअभियान से संगठन और अधिक सुदृढ़ होगा तथा राष्ट्र निर्माण के संकल्प को नई ऊर्जा मिलेगी यह बात भाजपा प्रदेश मंत्री एवं सागर जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने सागर में आयोजित "पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान 2026 की जिला स्तरीय" कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए कही। कार्यशाला को पूर्व मंत्री एवं खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह, प्रशिक्षण अभियान संभागीय टोली सदस्य सदानंद गौतम,जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने भी सम्बोधित किया।
कार्यशाला में सागर विधायक शैलेन्द्र कुमार जैन,जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, प्रशिक्षण अभियान संभागीय टोली सदस्य जाहर सिंह जिला टोली सदस्य जगन्नाथ गुरैया,जयंती मौर्य मंचासीन रहीं।प्रशिक्षण अभियान जिला टोली संयोजक देवेंद्र कटारे ने प्रेजेंटेशन के माध्यम से प्रशिक्षण अभियान से संबंधित विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। कार्यशाला का संचालन पूर्व मंडल अध्यक्ष मनीष चौबे ने किया।
कार्यशाला में जिला प्रभारी लोकेन्द्र पाराशर ने कहा पंडित दीनदयाल उपाध्याय के विचारों पर आधारित यह प्रशिक्षण कार्यकर्ताओं को राष्ट्रहित,सामाजिक समरसता और सेवा भाव की दिशा में और अधिक सजग बनाता है। संगठन का प्रत्येक कार्यकर्ता जब विचार से दृढ़ और व्यवहार से विनम्र होगा,तभी भाजपा की शक्ति समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचेगी।यह महाअभियान संगठनात्मक एकजुटता को और मजबूत करेगा तथा आगामी दायित्वों के निर्वहन में कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और स्पष्टता प्रदान करेगा।उन्होंने कहा कि यह महाअभियान भाजपा को बूथ स्तर तक और अधिक संगठित, सक्रिय और प्रभावी बनाएगा।
उन्होंने पं. दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के कार्यक्रम की जानकारी देते हुए बताया कि 11मार्च से 14 अप्रैल तक मंडल स्तर पर और 15 अप्रैल से 20 मई तक जिला स्तर पर प्रशिक्षण कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा। इन कार्यशालाओं में संगठन की कार्यपद्धति, वैचारिक आधार, जनसंपर्क तंत्र और आगामी कार्यक्रमों की रणनीति पर विस्तृत मार्गदर्शन दिया जाएगा,ताकि बूथ-मंडल से जिला स्तर तक संगठनात्मक मजबूती सुनिश्चित हो सके।
कार्यशाला में पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि प्रशिक्षण वर्ग कार्यकर्ता निर्माण की पहली सीढ़ी है जिसके माध्यम से भविष्य में एक आदर्श कार्यकर्ता का निर्माण होता है। प्रशिक्षण वर्गों के माध्यम से निकले आदर्श भाजपा कार्यकर्ता की पहचान देश और समाज में एक सेवाभावी, राष्ट्र भक्त, अनुशासित, चरित्रवान और संस्कार युक्त कार्यकर्ता के रूप में है। ऐसे कार्यकर्ताओं के कारण ही आज भाजपा दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। उन्होंने कहा कि हमारा कार्यकर्ता कभी अपने सिद्धांतों, वैचारिक स्पष्टता, उद्देश्य, और चरित्र से नहीं भटकता क्योंकि वह ऐसे प्रशिक्षणों से तैयार होता है। ऐसा कार्यकर्ता एक दिन में नहीं बनता बल्कि वर्षों में बनता है। उन्होंने कहा कि भाजपा में सबसे बड़ा पद आदर्श कार्यकर्ता का पद है जो स्थायी होता है। पार्टी कार्यकर्ताओं के दायित्वों का निर्धारण करती है। हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी भी सबसे पहले एक कार्यकर्ता हैं। कार्यकर्ता भाव ही भाजपा की विशेषता है।
पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि आज दुनिया में तकनीकी परिवर्तन हुआ है, डिजिटल क्रांति का युग है। प्रशिक्षण वर्ग से कार्यकर्ता तथ्यों और तर्कों की दृष्टि से भी परिपक्व होगा। पं दीनदयाल उपाध्याय जी के अंत्योदय का संकल्प और समाजसेवा का उद्देश्य हम कार्यकर्ता हमेशा पूरा करते हैं। प्रशिक्षण हम सभी कार्यकर्ताओं को रीचार्ज करता है। सादगी, समर्पण, समाज के अनुसार उपयुक्त वेशभूषा, व्यवस्थित और अनुशासित जीवन, बूथ स्तर तक के कार्यकर्ताओं को नामों से पहचानना ऐसी अनेक बातें समझने का अवसर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षण में मिलेगा। उन्होंने कहा कि 11 मार्च से आयोजित मंडल स्तरीय प्रशिक्षण वर्गों का ठीक ढंग से आयोजन हो, जिला प्रशिक्षण कार्यशाला में जैसा बताया जाए उसका पालन सभी कार्यकर्ता करेंगे ऐसी मैं अपेक्षा करता हूं।
कार्यशाला में संभागीय टोली सदस्य सदानंद गौतम ने प्रशिक्षण कार्यक्रम से सम्बंधित प्रमुख बिंदुओं पर विस्तृत जानकारी दी।
![]() |
कार्यशाला को सम्बोधित करते हुए जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कहा एक समर्पित कार्यकर्ता के लिए ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम संगठनात्मक विचारधारा को समझने और उसे जमीनी स्तर पर लागू करने का सशक्त माध्यम होते हैं। उन्होंने कहा कि प्रशिक्षण महाअभियान 2026 के माध्यम से कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा, सकारात्मक सोच और जनसेवा के प्रति समर्पण की भावना सुदृढ़ होंगी । यह अभियान राष्ट्र निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। कार्यशाला में अपेक्षित जनप्रतिनिधि पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहें।










0 comments:
एक टिप्पणी भेजें