Sagar News : स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 : कुलपति निवास में जलाया कचरा :नगर निगम ने जारी किया नोटिस
▪️सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट लगाने वालों पर होगी कार्रवाई
▪️शौचालयों में पदस्थ तीन केयरटेकर की सेवाएं समाप्त: जोन प्रभारी को नोटिस
तीनबत्ती न्यूज 25 फरवरी 2026
सागर: नगर निगम सागर आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत शहर की स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण को लेकर व्यापक स्तर पर गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। निगम की टीम द्वारा लगातार वार्डों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का निरीक्षण एवं आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है।
बुधवार को सागर के सिविल लाइन क्षेत्र में सफाई व्यवस्था के निरीक्षण के दौरान कुलपति निवास परिसर में कचरा जलाकर प्रदूषण फैलाते पाए जाने पर कुलपति को नोटिस जारी करने की कार्रवाई की गई।
स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत ने बताया कि सिविल लाइन स्थित कुलपति निवास पर कचरा जलाया जा रहा था, जिससे पर्यावरण प्रदूषण हो रहा है। यह कृत्य ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियम 2016 का उल्लंघन है। नोटिस में उल्लेख किया गया है कि निर्धारित समयावधि में संतोषजनक जवाब प्रस्तुत न करने की स्थिति में नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने नागरिकों से अपील की है कि वे कचरा जलाने जैसी गतिविधियों से बचें तथा ठोस अपशिष्ट प्रबंधन नियमों का पालन करते हुए शहर को स्वच्छ एवं प्रदूषणमुक्त बनाए रखने में सहयोग करें।
सार्वजनिक दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट लगाने वालों पर संपत्ति विरूपण की कार्रवाई के साथ ही चालानी कार्रवाई होगी
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार स्वच्छ सर्वेक्षण 2025–26 के अंतर्गत नगर निगम द्वारा शहर की स्वच्छता और सौंदर्यीकरण को बेहतर बनाने के लिए निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। निगमायुक्त ने स्वच्छता व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगमायुक्त ने स्पष्ट कहा है कि शहर की स्वच्छता को नुकसान पहुंचाने वाले किसी भी व्यक्ति या संस्था को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्वच्छता अधिकारी राजेश सिंह राजपूत को निर्देशित किया है कि सभी 8 जोनों के अंतर्गत आने वाले वार्डों में ज़ोन प्रभारी नियमित निरीक्षण करें और यह सुनिश्चित करें कि किसी भी सार्वजनिक दीवार, शासकीय भवन या पेंटिंग की गई दीवारों पर पोस्टर-पंपलेट न लगाए जाएं। यदि निरीक्षण के दौरान किसी संस्था या व्यक्ति द्वारा पोस्टर या पंपलेट लगाए जाना पाया जाता है तो संबंधित के विरुद्ध संपत्ति विरूपण अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए चालानी कार्रवाई भी की जाए।
शौचालयों में पदस्थ 3 केयरटेकर की सेवाएं समाप्त, जोन प्रभारी को नोटिस जारी
सागर /ननि/ 25 फरवरी 2026/ स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 के अंतर्गत नगर निगम आयुक्त श्री राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार शहर की स्वच्छता को लेकर द्रुत गति से गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में बुधवार को स्वच्छता अधिकारी श्री राजेश सिंह राजपूत ने बाघराज वार्ड का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था एवं सार्वजनिक शौचालयों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उन्होंने राजघाट चौराहा स्थित शौचालय, छत्रसाल नगर तथा बाघराज मंदिर स्थित सार्वजनिक शौचालय का अवलोकन किया। इस दौरान तीनों शौचालयों में प्लेसमेंट पर पदस्थ केयरटेकर सुनील, भाग्यश्री एवं जितेंद्र अनुपस्थित पाए गए।
स्वच्छता अधिकारी ने तीनों शौचालयों के केयरटेकर की सेवाएं तत्काल प्रभाव से समाप्त करने के निर्देश दिए। साथ ही जोन प्रभारी श्री आशुतोष सोलंकी एवं सहायक जोन प्रभारी श्री अजय रैकवार को कार्य में लापरवाही बरतने पर वेतन-वृद्धि रोकने की कार्रवाई हेतु नोटिस जारी करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि सार्वजनिक शौचालयों की नियमित मॉनिटरिंग सुनिश्चित की जाए तथा स्वच्छ सर्वेक्षण के मद्देनज़र किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।








0 comments:
एक टिप्पणी भेजें