Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करने एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था से नाराज कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव : पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा कांग्रेसियों को

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द करने एवं बिगड़ती कानून व्यवस्था से नाराज कांग्रेसियों ने कलेक्ट्रेट का घेराव : पुलिस ने वाटर कैनन से खदेड़ा कांग्रेसियों को 


तीनबत्ती न्यूज: 15 जून,2026

सागर: लगातार जिले में बिगड़ रही कानून व्यवस्था से आक्रोशित होकर बड़ी संख्या में कांग्रेस जनों के साथ जिला कलेक्ट्रेट का घेराव कर कलेक्टर के नाम तहसीलदार राहुल गोंड को ज्ञापन सौंपकर कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द किए जाने एवं कुंभकरण की नींद में सोए पुलित प्रसासन को जगाने की मांग की ।

---------------

वीडियो देखने क्लिक करे

मीनाक्षी नटराजन का नामांकन रद्द होने और बिगड़ती कानून व्यवस्था पर कांग्रेस का कलेक्ट्रेट का घेराव: वाटर कैनन से खदेड़ा कांग्रेसियों को

-------------+


शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि भाजपा सरकार देश की दशा और दिशा बिगाड़ने का काम कर रही है देश की संवैधानिक संस्थाओं की कार्यशैली पर सवालिया निशान उठ रहे हैं एवं सागर शहर में कानून व्यवस्था चरमरा गई है पुलिस के अधिकारी कुंभकरण की नींद में सोए हैं और धृतराष्ट्र की तरह उन्हें कुछ दिखाई नहीं दे रहा है । पूरे शहर में हत्या, लूट ,जुआ, सट्टा ,अवैध शराब , नशीली दवाओं की बिक्री, कटरवाजी, अवैध परिवहन,काला बजारी, का कारोबार चरम सीमा पर है और आज जब आज कांग्रेस जनता की आवाज बनकर कलेक्ट्रेट पर मांग उठने आई तो पुलिस रोक रही है पानी की बौछार से कांग्रेस के होंसले नहीं टूटेंगे लेकिन पुलिस को कुछ दिखाई नहीं दे रहा है । पुलिस की निष्क्रियता से लोगों में दहशत का माहौल है लोग घर से डर की वजह से निकल नहीं पा रहे हैं आठ बजे के बाद बाजार में शांति छा जाती हैं ।

जिला ग्रामीण कांग्रेस के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा ने  जिला प्रशासन से सड़कों पर उतरने की मांग की बड़े अधिकारी ए.सी. कमरों में बैठे हैं । तन्खाह आने का इंतजार करते रहते हैं ।शहर में पहले पुलिस बीट प्रभारियों के माध्यम से गली मोहल्ले में चेकिंग किया करती थी जो अब बंद हो गई है। उसे चालू किया जाए पुलिस का खुफिया तंत्र पूर्णतः  फेल हो चुका हैं अगर पुलिस ने अपनी कार्य शैली नहीं सुधारी तो जिला शहर कांग्रेस गृहमंत्री का पुतला जलाएगी ।शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरीके से फैल हो चुकी है । ट्रैफिक पुलिस ने इसे धंधा बनाकर रख दिया है सिर्फ चालानी कार्रवाई में ही मगन है शहर में जगह-जगह बैरीगेट लगाकर अवैध वसूली कर रही है ट्रैफिक पुलिसकर्मी जनता की जेब पर डाका डालने का काम किया जा रहा है। और शहर में जनता ट्रैफिक से परेशान है ट्रैफिक होने की वजह से लोग समय पर अपने गंतव्य को नहीं पहुंच पाते  है। 

कांग्रेस प्रदेश महासचिव रेखा चौधरी ने कहा कि लगातार पुलिस प्रशासन से कई बार कांग्रेस के माध्यम से लगातार ज्ञापन दिए जा रहे हैं विरोध दर्ज किया जा रहा है लेकिन ऐसा प्रतीत होता है कि पुलिस प्रशासन कमीशन खोरी के चलते अपराधियों पर नियंत्रण नहीं कर पा रही है शहर की शराब की दुकानों के बाजू में अवैध तरीके से अवैध अहाते चलाए जा रहे हैं जिससे वहां से निकलने वाली महिलाओं के लिए भी खतरा उत्पन्न हो गया है आबकारी एक्ट के तहत ऐसे अवैध अहाते  बंद कराई जावे।ज्ञापन का वाचन जगदीश यादव एवं आभार आनंद हेला ने माना ।

ये हुए शामिल

इस अवसर पर पूर्व विधायक सुनील जैन,  पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे,राकेश राय ,जितेंद्र रोहन, , सेवा दल अध्यक्ष सिंटू कटारे,संदीप सबलोक , प्रशांत समैया,संदीप चौधरी, हेमराज रजक ,नरेंद्र मिश्रा, वीरेंद्र राजे ,कमलेश तिवारी, युवा कांग्रेस अध्यक्ष सागर साहू ,चक्रेश सिंघई, शरद पुरोहित मोंटी यादव, शेरु खान, चक्रेश रोहित, आनंद अहिरवार, रोहित मांडले, संजय रोहिताश, चमन अंसारी, निलेश अहिरवार, आदिल राइन,पीयूष अवस्थी, दीनदयाल तिवारी, गोपाल तिवारी, लीलाधर सूर्यवंशी,भैयन पटेल, बाबू मछंदर,जय रैकवार, विनोद रैकवार,मयंक ठक्कर, हीरालाल चौधरी, पवन पटेल, पार्षद रोशनी वसीम खान, आदित्य चौधरी, किरण लता सोनी, रेखा सोनी, ज्योति मलैया, आंचल आठिया,प्रेम नारायण विश्वकर्मा, मानसिंग चौधरी, गोपी यादव, गब्बर पठान,अर्चना कनौजिया, रोहित अहिरवार ,कुंजीलाल लाडिया, श्री दास रैकवार, तोता यादव, उमेश यादव, वीरू चौधरी, बंटी कोरी, संजय बमदेरे, तन्नु कोरी,ऋषभ जैन, विनीत जैन ताले वाले, भूरे खटीक ,राहुल खटीक ,प्रशांत सोनी ,अशोक नागवानी, पप्पू गोस्वामी ,सुरेश पंजवानी, पवन यादव, प्रभात भंडारी, सुनील पाहवा ,अनिल दक्ष, राहुल रजक, राहुल अहिरवार,  सुनील ठाकुर, रितेश रोहित, रमेश कोरी, टीकाराम दीवान, जीशान मजहर, नौशाद अब्बासी, फिरोज ,राजेश चौधरी, सुमित तिवारी अरविंद पंथीसहित बड़ी संख्या में कांग्रेस जन मौजूद थे 


Share:

राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमों की जानकारी और अनुपालन आवश्यक : कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर ▪️नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति, सागर की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक

राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए नियमों की जानकारी और अनुपालन आवश्यक : कुलपति प्रो. वाय.एस. ठाकुर

▪️नगर राजभाषा कार्यान्‍वयन समिति, सागर की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक


तीनबत्ती न्यूज : 15 जून 2026 सागर : कार्यालयीन कार्यों में राजभाषा हिंदी के प्रभावी प्रयोग को सुनिश्चित करने के लिए राजभाषा नियमों की समुचित जानकारी तथा उनका शत-प्रतिशत अनुपालन अत्यंत आवश्यक है। राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा प्रतिवर्ष जारी किए जाने वाले वार्षिक कार्यक्रम का पालन सभी सरकारी कार्यालयों का नैतिक दायित्व है। यह बात नगर राजभाषा कार्यान्वयन समिति (नराकास), सागर की वर्ष 2026-27 की प्रथम छमाही समीक्षा बैठक में समिति के अध्यक्ष एवं डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. यशवंत सिंह ठाकुर ने अपने अध्यक्षीय उद्बोधन में कही।



सागर में आयोजित इस बैठक में क्षेत्रीय कार्यान्वयन कार्यालय (मध्य), राजभाषा विभाग, गृह मंत्रालय, भारत सरकार के उप निदेशक (कार्यान्वयन) श्री नरेंद्र सिंह मेहरा विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने सदस्य कार्यालयों को राजभाषा नियमों की विस्तृत जानकारी देते हुए उनके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए महत्वपूर्ण सुझाव प्रदान किए। उन्होंने कहा कि भारत सरकार की राजभाषा नीति प्रेरणा एवं प्रोत्साहन पर आधारित है और इसका उद्देश्य कार्यालयों में हिंदी के उपयोग को बढ़ावा देना है।

बैठक में नराकास सागर के सदस्य-सचिव एवं डॉ. हरीसिंह गौर विश्वविद्यालय के संयुक्त कुलसचिव तथा राजभाषा अधिकारी श्री संतोष सोहगौरा ने सदस्य कार्यालयों की छमाही प्रगति रिपोर्ट की समीक्षा प्रस्तुत की। उन्होंने विभिन्न कार्यालयों में राजभाषा संबंधी नियमों के अनुपालन की स्थिति का विस्तृत लेखा-जोखा समिति के समक्ष रखा तथा अधिकारियों से चर्चा कर राजभाषा कार्यान्वयन में आने वाली समस्याओं का समाधान भी किया।



उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यालयों को मिला सम्मान

बैठक में अक्टूबर 2025 से मार्च 2026 की अवधि में राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु विभिन्न श्रेणियों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कार्यालयों को सम्मानित किया गया।

बैंक श्रेणी

प्रथम पुरस्कार – यूनियन बैंक ऑफ इंडिया, सागर

द्वितीय पुरस्कार – इंडियन ओवरसीज बैंक, सागर

तृतीय पुरस्कार – यूको बैंक, सागर

उपक्रम श्रेणी

प्रथम पुरस्कार – भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, बीना

द्वितीय पुरस्कार – नेशनल इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, सागर

तृतीय पुरस्कार – यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस कंपनी लिमिटेड, सागर

कार्यालय श्रेणी

प्रथम पुरस्कार – मौसम विज्ञान कार्यालय, सागर

द्वितीय पुरस्कार – पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-03, सागर

तृतीय पुरस्कार – पीएमश्री केंद्रीय विद्यालय, ढाना



40 से अधिक केंद्रीय कार्यालयों की सहभागिता

बैठक में भारतीय स्टेट बैंक, पंजाब नेशनल बैंक, सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ महाराष्ट्र, केनरा बैंक, पंजाब एंड सिंध बैंक, पावरग्रिड कॉर्पोरेशन ऑफ इंडिया लिमिटेड, बीना, भारतीय खाद्य निगम, भारत संचार निगम लिमिटेड, भारतीय जीवन बीमा निगम, आकाशवाणी सागर, मुख्य डाकघर सागर, कर्मचारी भविष्य निधि संगठन, राष्ट्रीय सांख्यिकीय कार्यालय, जवाहर नवोदय विद्यालय, केंद्रीय विद्यालय संगठन तथा अन्य अनेक केंद्रीय कार्यालयों सहित 40 से अधिक संस्थानों के प्रमुख एवं राजभाषा अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम में विश्वविद्यालय के सांस्कृतिक सचिव डॉ. राकेश सोनी ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी। आभार प्रदर्शन श्री दीपक निषाद (आकाशवाणी, सागर) ने किया, जबकि कार्यक्रम का संचालन विश्वविद्यालय के राजभाषा प्रकोष्ठ के हिंदी अनुवादक अभिषेक सक्सेना ने किया। आयोजन को सफल बनाने में राजभाषा प्रकोष्ठ के उच्च श्रेणी लिपिक श्री विनोद रजक का विशेष सहयोग रहा।

बैठक के माध्यम से राजभाषा हिंदी के प्रभावी क्रियान्वयन, विभिन्न कार्यालयों के बीच समन्वय तथा भारत सरकार की राजभाषा नीति के सफल अनुपालन की दिशा में महत्वपूर्ण चर्चा और समीक्षा की गई।


-----------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

इंस्टाग्राम : teenbattinews
---------------

---------------

Share:

लोकायुक्त पुलिस सागर ने 4 हजार की रिश्वत लेते हाउसिंग बोर्ड का लेखापाल रंगे हाथों किया गिरफ्तार

लोकायुक्त पुलिस सागर ने 4 हजार की रिश्वत लेते हाउसिंग बोर्ड का लेखापाल रंगे हाथों किया गिरफ्तार


छतरपुर|तीनबत्ती न्यूज,15 जून,2926

भ्रष्टाचार के खिलाफ चलाई जा रही मुहिम के तहत सागर लोकायुक्त पुलिस की टीम ने सोमवार को छतरपुर में एक बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। टीम ने हाउसिंग बोर्ड विभाग में पदस्थ एक लेखापाल (अकाउंटेंट) को ₹4,000 की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।

यह भी पढ़ें: Sagar Crime : पति को छोड़ भानेज दामाद के साथ रह रही महिला का मिला शव : सुसाइड नोट में बेवफाई का जिक्र; हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस





​विभागीय काम के बदले मांगी थी घूस

​जानकारी के अनुसार, लोकायुक्त पुलिस को शिकायत मिली थी कि हाउसिंग बोर्ड कार्यालय में पदस्थ लेखापाल विभागीय काम करने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग कर रहा है। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त टीम ने प्राथमिक जांच की, जिसमें आरोप सही पाए गए। इसके बाद आरोपी को रंगे हाथों पकड़ने के लिए एक सुनियोजित जाल बिछाया गया।

यह भी पढ़ें: Sagar News: नामांतरण के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने

​योजना के तहत लोकायुक्त ने दबोचा

​सोमवार को तय रणनीति के मुताबिक, शिकायतकर्ता रिश्वत की राशि ₹4,000 लेकर लेखापाल के पास पहुंचा। जैसे ही आरोपी लेखापाल ने रिश्वत के पैसे अपने हाथ में लिए, वहां पहले से ही मुस्तैद लोकायुक्त सागर की टीम ने उसे मौके पर ही दबोच लिया। अचानक हुई इस कार्रवाई से कार्यालय में हड़कंप मच गया।

यह भी पढ़ें: सागर में CBI का बड़ा एक्शन: रेलवे के डिप्टी चीफ इंजीनियर 1 लाख की रिश्वत लेते गिरफ्तार

​कार्यालय में दस्तावेजों की जांच शुरू

​लोकायुक्त अधिकारी कार्रवाई के बाद आरोपी को हाउसिंग बोर्ड कार्यालय के भीतर ले गए, जहां उससे संबंधित फाइलों और अन्य दस्तावेजों की गहनता से जांच की गई। लोकायुक्त अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े सभी तथ्यों और सबूतों को खंगाला जा रहा है, जिसके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

यह भी पढ़ें: जमीन सीमांकन के बदले 80 हजार की रिश्वत लेते राजस्व निरीक्षक गिरफ्तार: लोकायुक्त की ट्रैप कार्रवाई

​इन अधिकारियों के नेतृत्व में हुई कार्रवाई

​यह पूरी कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देशों तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में अंजाम दी गई। ट्रैप की इस सफल कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक मंजू किरण तिर्की एवं निरीक्षक कमल सिंह उइके ने लोकायुक्त पुलिस सागर की टीम के साथ किया।

यह भी पढ़ें: पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते लोकायुक्त पुलिस सागर ने रंगे हाथों पकड़ा

​फिलहाल, लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।


-----------



---------

एडिटर : विनोद आर्य

________

+91 94244 37885

तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
 -----------------------

---------------
--------------------
------------------------


--------------

इंस्टाग्राम : teenbattinews
---------------

---------------

Share:

Sagar Crime : पति को छोड़ भानेज दामाद के साथ रह रही महिला का मिला शव : सुसाइड नोट में बेवफाई का जिक्र; हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस

Sagar Crime : पति को छोड़ भानेज दामाद के साथ रह रही महिला का मिला शव : सुसाइड नोट में बेवफाई का जिक्र; हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस


तीनबत्ती न्यूज : 15 जून ,2026

​सागर। सागर के मकरोनिया के दीनदयाल नगर से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक किराए के मकान के किचन में 35 वर्षीय महिला सोनाली पटेल का खून से लथपथ शव बरामद हुआ है। मृतका पिछले डेढ़ साल से अपने पति खरगराम पटेल को छोड़कर अपने भानेज दामाद (प्रेमी) सुंदर पटेल के साथ रह रही थी। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय

​सुसाइड नोट में प्रेमी की बेवफाई का जिक्र, पुलिस मान रही सुसाइड

​पुलिस के मुताबिक, प्रथम दृष्टया यह मामला फांसी लगाकर आत्महत्या का लग रहा है। मौके से एक सुसाइड नोट भी बरामद हुआ है, जिसमें प्रेमी की बेवफाई से क्षुब्ध होकर आत्मघाती कदम उठाने की बात लिखी गई है। मकरोनिया थाना प्रभारी रवींद्र चौहान ने बताया कि सुसाइड नोट में प्रेम-प्रसंग के चलते प्रेमी से बेवफाई का जिक्र है। पुलिस को मौके से एक रस्सी भी मिली है। मृतका के हाथ-पैर में कांच लगने से खून निकला था और सिर में भी चोट के निशान थे। पुलिस मामले की जांच हत्या और आत्महत्या दोनों ही एंगल से कर रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।



​पति ने लगाया हत्या का आरोप: "पैसों के लिए मार डाला"

​मृतका के पति खरगराम पटेल ने सुंदर पटेल पर हत्या का सीधा आरोप लगाया है। पति के अनुसार:

  • ​उनकी शादी 2014 में हुई थी और उनका एक 9 साल का बेटा भी है।
  • ​वर्ष 2024 में वे सागर आए थे, जिसके बाद भानेज दामाद सुंदर पटेल उसकी पत्नी सोनाली को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था।
  • 18 लाख रुपये का विवाद: सोनाली के पास करीब 18-20 लाख रुपये कैश थे, जो खरगराम ने मकान खरीदने के लिए रखे थे। पति का आरोप है कि सुंदर ने उन्हीं पैसों से जेसीबी खरीदी और पैसे खत्म होने के बाद सोनाली की हत्या कर शव को फांसी पर लटका दिया।
  • मौत से एक दिन पहले आया था फोन: खरगराम ने बताया कि शव मिलने के एक दिन पहले सोनाली का फोन आया था, जिसने कहा था— "मैं मर जाऊंगी।" जब पति ने उसे ढांढस बंधाया और पैसे भेजने की बात कही, तो अगले ही दिन पुलिस का फोन आ गया।


    ​प्रेमी सुंदर का दावा: "मैं अपने घर पर था"

    ​दूसरी ओर, भानेज दामाद सुंदर पटेल ने पुलिस पूछताछ में खुद को बेकसूर बताया है। टैंकर चालक सुंदर का कहना है कि वह बीना से आकर अपने घर चला गया था। उसने पुलिस को बताया कि सोनाली का फोन आया था कि "घर क्यों चले गए? अब न मिलूंगी।" सुंदर के अनुसार उसके पास इस बातचीत की मोबाइल रिकॉर्डिंग भी है। उसने यह भी दावा किया कि सोनाली पिछले 4 महीने से यहां किराए पर रह रही थी और उसे पहले भी खुद हाथ-पैर में चोट पहुंचाने की आदत थी।

    ​मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग

    ​शनिवार की रात हुई इस घटना की सूचना सुंदर पटेल ने ही पुलिस को दी थी, जिसके बाद रविवार को पति और परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया गया। मृतका के पति और परिजनों ने सुंदर पटेल और उसके परिवार पर हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस से उच्च स्तरीय और निष्पक्ष जांच कराने की मांग की है। पुलिस फिलहाल मामले के हर पहलू को खंगाल रही है।

Share:

खूब लड़ी मर्दानी वो तो..,' गाकर सीएम डॉ. मोहन ने 1.25 करोड़ बहनों को दी राशि, कांग्रेस को लताड़ा ▪️गौरझामर और केसली बनेगी नगर पंचायत : 190 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन

'खूब लड़ी मर्दानी वो तो..,' गाकर सीएम डॉ. मोहन ने 1.25 करोड़ बहनों को दी राशि, कांग्रेस को लताड़ा

▪️गौरझामर और केसली बनेगी नगर पंचायत : 190 करोड़ से अधिक लागत के विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन


तीनबत्ती न्यूज: 14 जून, 2026

सागर। 'बुंदेले हरबोलों के मुंह हमने सुनी कहानी थी, खूब लड़ी मर्दानी वो तो झांसी वाली रानी थी...' बहनों ने हर काल में जान की बाजी लगाकर देश के मान-सम्मान में बड़ी भूमिका अदा की है। आज यहां मौजूद बहनों की संख्या देखकर मेरा उत्साह 4 गुना बढ़ गया। मैं उनका अभिनंदन करता हं। आज सावन से पहले लाड़ली बहनों को योजना की 37वीं किस्त की राशि उनके खातों में भेजी जा रही है।' यह बात मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सागर जिले केसली में आयोजित कार्यक्रम में कही।

--------------

देखे वीडियो,क्लिक करे

सागर: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के मुख्य आतिथ्य में केसली, जिला सागर में लाड़ली बहना योजना अंतर्गत आयोजित लाड़ली बहनों के खाते में राशि अंतरण एवं विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन व लोकार्पण कार्यक्रम।

--------------

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की प्रदर्शनी, योग दिवस (21 जून) तक आयोजित लाड़ली बहना खेल सप्ताह का शुभारंभ किया। इसके अलावा उन्होंने सागर जिले के लिए 190 करोड़ से अधिक लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण और भूमि-पूजन किया। उन्होंने प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों के खातों में राशि ट्रांसफर की। साथ ही, बोर्ड परीक्षाओं में 75 प्रतिशत से अधिक अंक हासिल करने वाली छात्राओं को स्कूटी प्रदान की। 


पीएम के 12 साल और 12 राशि

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि हमारे जीवन में 12 वर्ष का बड़ा महत्व होता है। 12 महीने, 12 राशियां और हर 12वें वर्ष सिंहस्थ होता है। अब यही 12 का आंकड़ा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी संबद्ध हो गया है। उनके कार्यकाल के 12 वर्षों में देश ने स्वर्णिम काल देखा। गैर कांग्रेसी परिवार से निकलकर उन्होंने उच्च पद तक का सफर तय किया। उन्होंने कहा कि हम तो इस बात के लिए भी सौभाग्यशाली हैं कि l की धरती के गरीब परिवार से निकलकर भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी ने 6 साल तक प्रधानमंत्री के रूप में तीन बार हमारा नेतृत्व किया। स्व. अटल के बाद पीएम मोदी के 12 वर्ष के काल्यकाल को देखकर लगता है कि वाकई देश में एक-एक क्षेत्र में विकास हो रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने अपने शासन के उच्चतम मापदंडों के बलबूते पर कई उपलब्धियां हासिल कीं। 

पूरे हुए गरीबों के सपने

सीएम डॉ. यादव ने कहा कि हमने महर्षि वाल्मीकि की रामायण के माध्यम से राम राज्य के बारे में सुना है। रामायण का राम राज्य और विक्रमादित्य का सुशासन हमने अतीत की गौरव गाथा में महसूस किया है। लेकिन, आज अपने सामने हमने 12 साल में होने वाला बदलाव देखा। सच में, कभी सोच नहीं सकते थे कि गरीब आदमी का अपना स्वयं का मकान होगा। यह पहली बार किसी की सरकार में हुआ है तो वो मोदी सरकार में हुआ है। अपनी छत सपना होती थी। पीएम मोदी ने माताओं-बहनों के कष्ट को अंदर से महसूस किया। इसलिए उन्होंने उनके लिए घर, शौचालय, गैस, फ्री-राशन की व्यवस्था की। यह पीएम मोदी की भावना है। उन्होंने कहा कि कांग्रेसियों ने 60 साल सरकार चलाई, लेकिन, उसने गरीब का, उसके मान-सम्मान का ख्याल नहीं रखा। कांग्रेस ने सत्ता में रहते जो लापरवाही की, उन सबका हिसाब मांगने का समय आया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने लौकतंत्र को गौरवांवित किया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी बहनों को 30 फीसदी अधिकार देने के लिए नारी वंदन अधिनियम लेकर आए थे, लेकिन नारी हूं लड़ सकती हूं कहने वाली प्रियंका गांधी, उसका भाई और कांग्रेस का पूरा कुनबा  इसके खिलाफ अड़ गया। देश और दुनिया ने महिलाओं के अधिकारों पर डाका डालते, नारी वंदन अधिनियम को गिरते और प्रधानमंत्री मोदी की भावना को तार-तार होते देखा। अगर ये अधिकार मिलता, तो बहनों को उनका हक मिलता। उन्होंने कहा कि ये वे ही लोग हैं जो कहते थे लाड़ली बहना योजना का पैसा कहां से लाओगे, पैसा है ही नहीं, बीजेपी वाले झूठ बोल रहे हैं, मुझे इस बात का गर्व है कि यह योजना अब तीसरे साल में प्रवेश कर रही है। रक्षाबंधन साल में एक बार आता है, लेकिन हमारी सरकार हर महीने 15 तारीख से पहले अपना वादा पूरा करती है। राज्य सरकार जो कहती है, वो करके दिखाती है। हमारी बहनें त्याग और समर्पण की मूर्ति है। अपनी परवाह किए बिना पूरे परिवार का ख्याल रखती हैं।

कांग्रेस ने रचा षडयंत्र

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि तेलंगाना में कांग्रेस की सरकार है। वहां कांग्रेस नेत्री बहन के साथ दुराचार हुआ। वो थाने गई, लेकिन आरोपी कांग्रेस नेता के खिलाफ रिपोर्ट नहीं लिखी गई। फिर वो हार कर प्रदेश प्रभारी मीनाक्षी नटराजन के पास गई। लेकिन, उन्होंने भी पीड़िता की कोई मदद नहीं की। फिर उसने न्यायालय की शरण ली और नोटिस भिजवाया। एक नोटिस मीनाक्षी नटराजन को मिला। उन्होंने उसका जबाव भी कोर्ट को दिया। अब समझ लीजिए कहां कौन गलती कर रहा है। कांग्रेस ने चालाकी से यह प्रकरण चुनाव प्रक्रिया में छिपा लिया, क्योंकि इससे कांग्रेस की सरकार और उनकी बदनामी हो जाती, कौन वोट देता। जो दो-तीन और नेता जो उम्मीदवारी की लाइन में थे, वे भी सामने आ जाते। यह पूरा षड्यंत्र कांग्रेस ने रचा है। नामांकन रद्द होने पर कांग्रेसी जानबूझकर चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट गए। लेकिन चुनाव प्रक्रिया के बीच में सुप्रीम कोर्ट कुछ नहीं करता है। ये जानबूझकर उल्टे काम करते हैं।



सीएम डॉ. यादव की प्रमुख घोषणाएं

- मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि देवरी में आज लगभग 200 करोड़ के विकास कार्यों के लोकार्पण और भूमि-पूजन किए गए हैं। 

- केसली में सांदीपनि विद्यालय बनेगा। चिरचिटा में हाईस्कूल का उन्नय किया जाएगा। शासकीय हाईस्कूल देवरी का उन्नयन। कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंती बाई लोधी के नाम पर होगा। देवरी में 100 बेड का बड़ा अस्पताल बनेगा।   

- केसली ब्लॉक में 563 करोड़ लागत से नया जलाशय बनेगा। राज्य सरकार ने प्रदेश में सिंचाई का रकबा 44 लाख हेक्टेयर से बढ़ाकर 65 लाख हेक्टेयर तक पहुंचाया है। अगले ढाई वर्ष में यह रकबा 100 लाख हेक्टेयर किया जाएगा।

- देवरी में लहसुन और प्याज की मंडी बनेगी। देवरी शासकीय महाविद्यालय में कला और वाणिज्य के संकाय शुरू किए जाएंगे। 

- देवरी का नाम देवपुरी करने का प्रस्ताव आने पर विचार किया जाएगा।

- देवखंडेरा मंदिर का जीर्णोद्धार किया जाएगा। 

- गौरझांवर पंचायत को नगर पंचायत बनाया जाएगा। 

- केसली को नगर पंचायत बनाया जाएगा।


प्रदेश में रिकॉर्ड गेहूं खरीदी

खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री गोविन्द सिंह राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लाड़ली बहनों से जो वादा किया था, वह निभाया है। कृषक कल्याण वर्ष में किसानों का कल्याण किया जा रहा है, उनकी उपज को सरकारी दाम पर खरीदा जा रहा है। इस वर्ष 104 लाख मीट्रिक टन गेहूं की खरीदी की गई। उन्होंने कहा कि पहली बार मध्यप्रदेश में किसानों की भूमि का अधिग्रहण होने पर उसका चार गुना मुआवजा किसानों को मिलेगा। इसी प्रकार मध्यप्रदेश सहित बुन्देलखंड में औद्योगिक विकास किया जा रहा है। उन्होंने शबरी माता के नाम पर माता शबरी कन्या शिक्षा परिसर के भूमिपूजन पर आभार भी प्रकट किया।


सांसद दमोह संसदीय क्षेत्र श्री राहुल सिंह लोधी ने कहा कि यह कार्यक्रम केवल केसली का नहीं, बल्कि पूरे मध्यप्रदेश का कार्यक्रम है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश देश में गेहूं खरीदने में प्रथम स्थान पर है। मुख्यमंत्री सुगम परिवहन सेवा के अंतर्गत प्रदेश के 1064 मार्गों पर 5,200 से अधिक बसों का संचालन किया जाएगा। इससे उन मार्गों पर आवागमन की सुविधा उपलब्ध होगी, जिन मार्गों से प्राइवेट बस संचालक बसों का संचालन नहीं करते हैं।



सरकार की योजनाओं का लाभ उठाए : ब्रज बिहारी पटेरिया

मुख्यमंत्री के देवरी विधानसभा में पहली बार आगमन पर देवरी विधायक  ब्रज बिहारी पटेरिया ने मुख्यमंत्री का आभार प्रकट किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री एवं प्रधानमंत्री के नेतृत्व में चलाई जा रही योजनाओं के माध्यम से गरीब, महिला, किसान, युवा का कल्याण हो रहा है। आवासहीनों को आवास, भूमिहीनों को भूमि के पट्टे मिल रहे हैं और महिलाओं को संबल मिल रहा है। लाड़ली बहना योजना के माध्यम से महिलाओं की समाज एवं परिवार में स्थिति मजबूत हुई है। धरती आबा योजना के माध्यम से जनजातीय समाज में सकारात्मक परिवर्तन आ रहा है। उपस्थित महिलाओं से कहा कि सरकार द्वारा आपके लिए अनेक योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनकी जानकारी लीजिए और पात्रता अनुसार उनका लाभ उठाइए।



मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के हितग्राहियों के खातों में सिंगल क्लिक से अंतरित की 37वीं किस्त

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंच से ही रिमोट से सिंगल क्लिक के माध्यम से प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक लाड़ली बहनों को 1835 करोड़ रुपए राशि अंतरित की। इनमें सागर की 4 लाख 15 हजार से अधिक लाड़ली बहनें शामिल हैं जिनके बैंक खातों में  61.14 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की गई। हितग्राही बहनों को उनके बैंक खातों में 37वीं किस्त के रूप में 1500 रुपए की सौगात मिली है।



जनसामान्य में दिखा अपार उत्साह, मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों पर की पुष्पवर्षा


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सागर जिले के देवरी विधानसभा अंतर्गत केसली ब्लॉक में यह पहला और महत्वपूर्ण आगमन था। मुख्यमंत्री बनने के बाद इस क्षेत्र में उनका यह पहला दौरा था, जिसे लेकर स्थानीय जनता और प्रशासन में भारी उत्साह देखने को मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रैंप से लाड़ली बहनों के बीच पहुंचकर पुष्पवर्षा की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर कार्यक्रम में उपस्थित लाड़ली बहनों में उत्साह एवं उल्लास देखने को मिला। इस अवसर पर महिलाओं ने धन्यवाद लाड़ले भैया लिखे प्लेकार्ड प्रदर्शित कर मुख्यमंत्री के प्रति अपना आभार व्यक्त किया।



ये रहे शामिल

इस अवसर पर सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, पूर्व मंत्री एवं विधायक रहली गोपाल भार्गव, पूर्व मंत्री एवं विधायक खुरइ  भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक  शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया, बंडा विधायक  वीरेन्द्र सिंह लोधी, बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार, श्रीमती रानी कुशवाहा, संभागायुक्त  अनिल सुचारी, डीआईजी  एस एस चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल पुलिस अधीक्षक  अनुराग सुजानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री द्वारा की गईं प्रमुख घोषणाएं

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं की। उन्होंनेे केसली में सांदीपनि विद्यालय सेकण्ड फेस का कार्य प्रारंभ करने, शासकीय हाई स्कूल चिरचिटा सुखजू में हायर सेकण्डरी स्कूल तक उन्नयन करने, शासकीय हाई स्कूल देवरी, नाहरमऊ, नन्ही देवरी का उन्नयन करने, कृषि उपज मंडी केसली का नाम रानी अवंतिबाई के नाम पर रखने, देवरी में 100 बिस्तरों का अस्पताल स्टाफ सहित प्रारंभ करने की घोषणा की। वहीं मुख्यमंत्री ने केसली क्षेत्र में थावरी जलाशय (लागत लगभग 550 करोड़) की योजना को स्वीकृति दी तथा कहा कि किसानों की इस  बहुप्रतीक्षित मांग से क्षेत्र में कृषि के क्षेत्र में क्रांति आएगी। मुख्यमंत्री ने देवरी में प्याज और लहसुन की खरीदी के लिए मंडी में खरीदी केन्द्र बनाने की घोषणा की। शासकीय महाविद्यालय देवरी में विज्ञान संकाय तथा कला संकाय में राजनीति विषय का आरंभ करने, केसली महाविद्यालय में कला एवं वाणिज्य संकाय में स्नातकोत्तर कक्षाएं प्ररंभ करने, देवरी नगर का नाम देवपुरी करने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि क्षेत्र को लोगों की मांग की अनुरूप देवखंडेराव मंदिर का पर्यटन स्थल के रूप में विकास किया जाएगा। वहीं मुख्ममंत्री ने ग्राम पंचायत गौरझामर एवं ग्राम पंचायत केसली को नगर पंचायत बनाने की घोषणा की। 

 


 प्रदर्शनियों का किया अवलोकन


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के केसली आगमन पर कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न शासकीय विभागों द्वारा विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं और स्थानीय उत्पादों पर आधारित आकर्षक प्रदर्शनियां लगाई गईं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सभा स्थल पहुंचकर इन सभी प्रदर्शनियों का बारीकी से अवलोकन किया और विभागों के प्रयासों की सराहना की।


जल निगम द्वारा देवरी-केसली समूह जल प्रदाय योजना का भव्य मॉडल प्रदर्शित किया गया। अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को योजना की प्रगति से अवगत कराते हुए बताया कि इस महत्वाकांक्षी योजना का मुख्य जल स्रोत सोनपुर बांध है, जिसकी स्वीकृत लागत 496.25 करोड़ रुपये है। योजना के दायरे में कुल 368 ग्राम आएंगे, जिनमें देवरी के 198 और केसली के 170 ग्राम शामिल हैं। इसकी जल प्रदाय क्षमता 38 एमएलडी है, जिसके तहत 118 उच्च स्तरीय पानी की टंकियों का निर्माण और 1664.66 किलोमीटर लंबी पाइपलाइन बिछाई जा रही है। इस पूरी योजना से 34,989 घरेलू नल कनेक्शन दिए जाएंगे, जिससे क्षेत्र के 2 लाख 89 हजार 276 लोगों को शुद्ध पेयजल मिलेगा।


उद्यानिकी विभाग की प्रदर्शनी में मुनगा (सहजन) आधारित विभिन्न उत्पाद, ऑयल, बेकरी आइटम्स और कैचप प्रदर्शित किए गए। इसके साथ ही आधुनिक खेती को बढ़ावा देने वाला शेडनेट मॉडल और चिया सीड्स व अश्वगंधा जैसी औषधीय फसलों की प्रदर्शनी भी लगाई गई। कृषि विभाग द्वारा स्थानीय किसान श्री राघवेंद्र उइके द्वारा तैयार किए गए जैविक उत्पादों को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। इसके अलावा इफको के आधुनिक कृषि उत्पाद जैसे नैनो जिंक, नैनो यूरिया, नैनो डीएपी, नैनो एनपीके, नैनो कॉपर और बायो डीकम्पोजर (जैव अपघटक) का प्रदर्शन कर किसानों को जागरूक किया गया।


राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत 'देवश्री फार्मर्स प्रोड्यूसर कंपनी' द्वारा तैयार पशु आहार सहित डेयरी उत्पाद जैसे दूध, पनीर, घी, दही और छाछ के स्टॉल लगाए गए, जो ग्रामीण आत्मनिर्भरता की कहानी बयां कर रहे थे। इसी प्रकार वन विभाग द्वारा क्षेत्र में मिलने वाली विभिन्न हर्बल मेडिसिन (औषधीय पौधे) और तेंदूपत्ता संग्रहण की प्रक्रिया को प्रदर्शित किया गया। आदिम जाति कल्याण विभाग द्वारा शिक्षा परिसर केसली के आगामी स्वीकृत भवन का मॉडल प्रदर्शित किया गया और साथ ही माता शबरी के त्यागपूर्ण जीवन और उनके व्यक्तित्व के चित्रों की एक प्रेरक प्रदर्शनी भी लगाई गई।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने स्थानीय स्तर पर हो रहे इन विकास कार्यों और स्व सहायता समूहों के उत्पादों की सराहना करते हुए अधिकारियों को इन्हें और अधिक बढ़ावा देने के निर्देश दिए।


कलेक्टर की पहल और अभिनव नवाचार: सागर जिले में 21 जून तक मचेगी पारंपरिक खेलों की धूम; ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर होंगी प्रतियोगिताएं

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने आज सागर जिले के केसली में एक बेहद अनूठे और उत्साहपूर्ण कार्यक्रम में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री ने यहाँ लाड़ली बहनों के साथ हमारे पारंपरिक खेल सितोलिया (पिट्ठू) खेलकर 'लाड़ली बहना खेल सप्ताह' का भव्य शुभारंभ किया।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने न केवल कार्यक्रम की शुरुआत की, बल्कि खुद मैदान में उतरकर खेलों में सक्रिय सहभागिता की। मुख्यमंत्री को अपने बीच पाकर और उन्हें बच्चों व युवाओं की तरह पारंपरिक खेल खेलते देख वहाँ मौजूद महिलाओं और लाड़ली बहनों का उत्साह दोगुना हो गया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने सभी को स्वस्थ, जागरूक और सक्रिय जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।

यह खेल सप्ताह कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के द्वारा महिलाओं के लिए किया गया एक अभिनव नवाचार है। इस विशेष आयोजन का मुख्य उद्देश्य  लाड़ली बहनों के शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को बेहतर बनाने के लिए खेल गतिविधियों से जोड़ना है। साथ ही आधुनिकता के दौर में पीछे छूट रहे पारंपरिक और मनोरंजक खेलों को पुनर्जीवित करना और उनका संवर्धन करना है। इन खेलों के माध्यम से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में महिलाओं के बीच आपसी जुड़ाव और सामाजिक समरसता की भावना कोभी सुदृढ़ होगी।

तीन स्तरों पर आयोजित होंगी प्रतियोगिताएं

यह आयोजन आज 14 जून से शुरू होकर आगामी 21 जून 2026 तक पूरे उत्साह के साथ जारी रहेगा। खेल सप्ताह की रूपरेखा को बेहद सुव्यवस्थित बनाया गया है जिसके अंतर्गत ग्राम, ब्लॉक (जनपद) और जिला स्तर पर विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। सप्ताह भर चलने वाले इस आयोजन में महिलाओं के लिए कई पारंपरिक, मनोरंजक और शारीरिक क्षमता बढ़ाने वाले खेलों को शामिल किया गया है।

 इन खेल प्रतियोगिताओं और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से महिलाओं को दैनिक जीवन में खेलकूद और योग को शामिल करने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जो उनके स्वास्थ्य संवर्धन में एक मील का पत्थर साबित होगा।

  


मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव का केसली हेलीपेड पर हुआ गरिमामय स्वागत

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का सागर जिले के केसली स्थित हैलीपेड पहुंचने पर गरिमामय स्वागत किया गया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका आत्मीय स्वागत किया गया।इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत, सागर सांसद डॉ. लता वानखेड़े, दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी, रहली विधायक श्री गोपाल भार्गव, खुरई विधायक श्री भूपेंद्र सिंह, सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया, देवरी विधायक श्री ब्रज बिहारी पटेरिया, बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, श्रीमती रानी कुशवाहा,  संभागायुक्त श्री अनिल सुचारी, डीआईजी श्री एस एस चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल,  पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।


मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ, मेधावी विद्यार्थियों का किया सम्मान

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मुख्य कार्यक्रम में विभिन्न हितग्राहियों को मंच से लाभान्वित किया। कार्यक्रम में शिक्षा, आजीविका संवर्धन एवं प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े हितग्राहियों को सामग्री एवं प्रोत्साहन राशि के प्रमाण पत्र वितरित किए गए।

कार्यक्रम में शासकीय उत्कृष्ट माध्यमिक विद्यालय केसली के छात्र कुशकुमार धनोरिया को कक्षा 12वीं में 96.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर विधायक प्रोत्साहन से स्कूटी प्रदान की गई। इसी प्रकार शासकीय कन्या माध्यमिक विद्यालय गौरझामर की छात्रा श्रद्धा लोधी को 12वीं परीक्षा में 95.2 प्रतिशत अंक प्राप्त करने पर स्कूटी प्रदान की गई। आकांक्षा साहू एवं दीपा घोसी को विधायक स्वेच्छानुदान मद से 12वीं कक्षा में 75 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने पर 3,100 रुपये की प्रोत्साहन राशि का प्रमाण पत्र प्रदान किया गया। साथ ही वनोपज आधारित आजीविका को बढ़ावा देने के तहत श्रीमती ललिता रैकवार को 388 टन बांस उत्पादन के विक्रय पर 5.51 लाख रुपये की प्रोत्साहन राशि प्रदान कर सम्मानित किया गया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का ढोल-नगाड़ों की गूंज से पारंपरिक अंदाज में हुआ स्वागत 

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के आज सागर जिले के केसली आगमन पर बुन्देलखण्ड की समृद्ध लोक परंपराओं के अनुरूप भव्य एवं आत्मीय स्वागत किया गया। मुख्यमंत्री के आगमन पर ढोल-नगाड़ों एवं रमतूला की गूंज से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया। कलाकारों द्वारा आकर्षक वेश-भूषा एवं नृत्य प्रस्तुत कर पारंपरिक संस्कृति की मनोहारी झलक दिखाई गई। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों तथा बड़ी संख्या में नागरिकों ने उपस्थित होकर मुख्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम स्थल पर जनसमूह में विशेष उत्साह एवं उल्लास देखा गया।


Share:

संवैधानिक संस्थाओं को कठपुतली की तरह नचाया जा रहा है : कांग्रेस

संवैधानिक संस्थाओं को कठपुतली की तरह नचाया जा रहा है : कांग्रेस


तीनबत्ती न्यूज: 14 जून, 2026

सागर:  जिला शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष महेश जाटव  और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने  भाजपा पर कांग्रेस की अधिकृत प्रत्याशी पूर्व सांसद व गांधीवादी बहन मीनाक्षी नटराजन के नामांकन को रद्द करने के लिए भाजपा को दोषी ठहराया है। आज कांग्रेस ने सागर में मीडिया से चर्चा की।

शहर अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि देश में जनता की और विपक्ष की आवाज अब संवैधानिक संस्थाएं भी नहीं सुन रही हैं वह भाजपा के इसारे पर कठपुतली की तरह नाच रही हैं मीनाक्षी नटराजन जी का नामांकन निरस्त होना एक उम्मीदवार के साथ अन्याय का मामला नहीं है बल्कि लोकतांत्रिक प्रक्रिया निष्पक्ष चुनाव और संवैधानिक मूल्यों पर भी कड़ा प्रहार है । जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग संघार, कांग्रेस महासचिव व प्रभारी हरीश चौधरी वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खाव अभिषेक मनु सिंघवी  सहित अनेक नेता इस मांग को उठा रहे हैं की जिस निजी परिवाद का उल्लेख किया जाता है उसमें नटराजन जी अभियुक्त नहीं है उन्हें प्रतिवादी के रूप में दर्शाया गया है और दोनों की स्थिति कानून अलग मानता है एवं जन प्रतिनिधित्व  अधिनियम की धारा 33 ए और फॉर्म 26 की व्यवस्था का उद्देश्य उन आपराधिक मामलों की जानकारी प्राप्त करना है जिसमें उम्मीदवार के विरुद्ध विधिवत अपराधिक कार्यवाही चल रही हो लेकिन चुनाव आयोग की रणनीति प्रावधानों की भावना और व्याख्या से मेल नहीं खा रही है महेश जाटव ने कहा कि चुनाव आयोग के कृत्य से किसी भी उम्मीदवार के लिए अनिश्चिता और मनमानी की स्थिति पैदा कर सकता है 

पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि लोकतंत्र केवल मतदान की प्रक्रिया का नाम नहीं है लोकतंत्र का अर्थ सभी राजनीतिक दलों और उम्मीदवारों को समान अवसर निष्पक्ष व्यवहार और कानून की समक्ष समान संरक्षण प्रदान करना होता है । अभी आपने बंगाल में किस तरह जनमत लूटा गया देखा और उन चुनाव में जिन ईवीएम मशीनों का उपयोग किया गया वह जहां रखी थी उनमें आग लगा दी गई।

पूर्व अध्यक्ष जगदीश यादव ने कहा कि मीनाक्षी नटराजन जैसी साफ सुथरी छवि वैचारिक प्रतिबद्धता और जन सेवा के लिए समर्पित नेता को चुनावी प्रक्रिया से बाहर किया जाना लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है बड़े आश्चर्य की बात है कि नामांकन रद्द होने पर चुनाव आयोग कोर्ट यहां तक की राष्ट्रपति तक से बात रखने का मौका नहीं दिया जा रहा है

वरिष्ठ नेता सुरेंद्र सुहाने ने कहा कि संविधान लोकतंत्र और निष्पक्ष चुनाव की रक्षा के लिए कांग्रेस पार्टी का संघर्ष ऐसे ही जारी रहेगा क्योंकि लोकतंत्र केवल चुनाव से नहीं बल्कि निष्पक्ष चुनाव से चलता है ।


आई टी सेल का वारियर अभियान

इंदौर से पधारे आईटी सेल के प्रदेश उपाध्यक्ष अविरल हरि जैन ने बताया कि प्रदेश भर में सोशल मीडिया वॉरियर्स प्रोग्राम शुरू हुआ है संभवत है यह बढ़ाया भी जा सकता है इसका उद्देश्य जनमानस में कांग्रेस की विचारधारा के साथ-साथ जिन लोगों को चाहे वह किसी भी उम्र के हो वह अच्छे फोटोग्राफर हो या ययासाठी खबरें लिखना जानती हो वीडियो बनाना जानते हो उनकी प्रतिमाओं को निखारने एवं मंच देने का कार्य किया जाएगा।पत्रकार वार्ता का संचालन युवा कांग्रेस नेता राहुल चौबे एवं आभार प्रवक्ता कमलेश तिवारी ने माना।

ये रहे शामिल

इस अवसर पर पुरुषोत्तम मुन्ना चौबे, सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे, ब्लॉक अध्यक्ष हेमराज रजक, वीरेंद्र राजे,आनंद हैला, नरेंद्र मिश्रा, नीलेश अहिरवार, निखिल चौकसे,पीयूष अवस्थी,लकी रजक, महेश अहिरवार,ऋषभ जैन शहर अनेक कांग्रेस जन उपस्थित थे ।

 

Share:

Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह ▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर ▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय


Horoscope Weekly : साप्ताहिक राशिफल : 08 जून से 04 जून 2026 तक कैसा रहेगा आपका सप्ताह 

▪️ जानिए सभी 12 राशियों का भविष्यफल, करियर, व्यापार, स्वास्थ्य और पारिवारिक जीवन पर क्या होगा असर 

▪️ज्योतिष विश्लेषण : पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज : 14 जून ,2026

जय श्री राम!

​वर्तमान समय में गुरु ग्रह कर्क राशि में गोचर कर रहे हैं, यानी वे अपनी उच्च राशि में हैं। उच्च के गुरु का यह प्रभाव कई लोगों के लिए भाग्यशाली और सुखद रहेगा, तो वहीं कुछ राशियों को इस दौरान थोड़ी सावधानी बरतनी होगी।

​किसी भी प्रकार के अनिष्ट से बचने और सुख-समृद्धि की प्राप्ति के लिए श्री हनुमान जी की आराधना अचूक है। हनुमान जी के भक्तों पर कोई भी ग्रह बुरा प्रभाव नहीं डाल पाता।

आज की विशेष हनुमान चालीसा चौपाई:

संकट तें हनुमान छुड़ावै | मन क्रम बचन ध्यान जो लावै ||


​इस चौपाई के संपुट पाठ से जातक सभी प्रकार के संकटों से मुक्त रहता है। हनुमान चालीसा की चौपाइयों से संबंधित सभी उपायों की विस्तृत जानकारी "नाशे रोग हरे सब पीरा" नामक पुस्तक में उपलब्ध है, जिसे आप हमारे केंद्र से प्राप्त कर सकते हैं।


​🌌 इस सप्ताह का ग्रह गोचर (planetary Positions)

  • बुध: मिथुन राशि में
  • गुरु और शुक्र: कर्क राशि में
  • शनि: मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में
  • सूर्य: प्रारंभ में वृष राशि में, 15 जून की रात 8:01 बजे से मिथुन राशि में प्रवेश करेंगे।
  • मंगल: प्रारंभ में मेष राशि में, 20 जून की रात 10:48 बजे से वृष राशि में प्रवेश करेंगे।

​♈ मेष राशि (Aries)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा और पराक्रम में वृद्धि होगी। भाई-बहनों के साथ संबंध मधुर रहेंगे। भाग्य का सहयोग मिलेगा और अच्छे कार्यों में धन खर्च होने के योग हैं।
  • पारिवारिक व स्वास्थ्य: जीवनसाथी को रक्त संबंधी समस्याएं (जैसे ब्लड प्रेशर या डायबिटीज) परेशान कर सकती हैं। संतान पक्ष से अच्छा सहयोग मिलेगा। अदालती या कचहरी के मामलों में अत्यधिक सावधानी बरतें।
  • शुभ दिन व तारीखें: आपके लिए 17, 18 और 19 जून कार्यों की सफलता के लिए बेहद अनुकूल हैं। सप्ताह के अन्य दिन सामान्य रहेंगे।
  • उपाय: प्रतिदिन चावल का दान करें और शुक्रवार को किसी मंदिर में जाकर सफेद वस्त्रों का दान करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

​♉ वृष राशि (Taurus)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: आर्थिक दृष्टिकोण से यह सप्ताह शानदार है, धन आगमन के मजबूत योग हैं। व्यापार में उन्नति होगी और कोर्ट-कचहरी के मामलों में सफलता मिलेगी। आपके पराक्रम में वृद्धि होगी, लेकिन प्रतिष्ठा यथावत रहेगी।
  • कर्म व स्वास्थ्य: इस सप्ताह भाग्य के भरोसे बैठने के बजाय अपने कर्मों पर विश्वास करना होगा। आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। शत्रुओं को परास्त करने के लिए थोड़ी अधिक मेहनत करनी पड़ सकती है, लेकिन अंततः विजय आपकी होगी।
  • शुभ दिन व तारीखें: 19 जून की दोपहर के बाद से लेकर 20 और 21 जून का समय हर कार्य में सफलता दिलाने वाला है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर मंत्र' (ॐ नमः शिवाय) का विधिपूर्वक जाप करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

-----------------

देखे वीडियो : क्लिक करे

सागर के मकरोनिया में महिंद्रा फाइनेंस दफ्तर के अंदर युवक ने खुद को लगाई आग, हालत नाजुक!

----------------

♊ मिथुन राशि (Gemini)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह आपका आत्मविश्वास सातवें आसमान पर रहेगा। व्यापार में बेहतरीन मुनाफा और धन आने की प्रबल संभावनाएं हैं। भाई-बहनों से रिश्ते मजबूत होंगे।
  • नौकरी व भाग्य: नौकरीपेशा जातकों और अधिकारियों के लिए समय सामान्य है। अपने अधीनस्थ कर्मचारियों (जूनियर्स) से थोड़ा सतर्क रहें। इस सप्ताह भाग्य की ओर से विशेष सहायता नहीं मिलेगी।
  • शुभ दिन व तारीखें: आपके लिए 15, 16 और 17 जून विशेष रूप से लाभकारी और उपयोगी साबित होंगे।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव के सम्मुख 'रुद्राष्टक' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

यह भी पढ़े :एम्स भोपाल में  3 साल के मासूम को दवा की जगह लगा दिया 'शवों को सुरक्षित रखने वाला' इंजेक्शन ▪️ बीना के बालक की मौत

♋ कर्क राशि (Cancer)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह आपकी कुंडली के गोचर में बेहद शुभ 'गजकेसरी योग' का निर्माण हो रहा है, जो आपको कई बड़े कार्यों में सफलता दिलाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए समय शानदार है, कार्यस्थल पर मान-सम्मान और प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
  • धन व संतान: कचहरी के मामलों में थोड़ा पैसा खर्च करने के बाद सफलता हासिल होगी। भाग्य के बजाय अपने कड़े परिश्रम पर भरोसा रखें। संतान की ओर से बेहतरीन सहयोग मिलेगा।
  • शुभ दिन व तारीखें: 17, 18 और 19 जून आपके लिए विशेष लाभदायक हैं। वहीं 15, 16 और 17 जून की दोपहर तक का समय थोड़ा सतर्क रहकर काम करने का है।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और शनिवार को दक्षिणमुखी हनुमान मंदिर जाकर कम से कम 3 बार हनुमान चालीसा का वाचन करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

यह भी पढ़ें: सीएम डॉ. यादव केसली से करेंगे लाड़ली बहनों के खातों में राशि अंतरित 14 जून को ▪️केसली में 190.85 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की देगें सौगात


♌ सिंह राशि (Leo)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह घर में किसी मांगलिक या शुभ कार्य का आयोजन हो सकता है, जिसमें धन का बड़ा व्यय होगा। व्यापार में अच्छी उन्नति और धन लाभ के योग हैं। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा, शेयर बाजार आदि में निवेश के लिए समय अनुकूल है।
  • स्वास्थ्य व प्रतिष्ठा: वाहन चलाते समय या राह चलते दुर्घटनाओं से बेहद सावधान रहें। पेट से संबंधित पीड़ा हो सकती है। संतान से सहयोग मिलेगा और समाज में आपकी प्रतिष्ठा बढ़ेगी।
  • शुभ दिन व तारीखें: 20 और 21 जून विभिन्न मामलों में शुभ फलदायी रहेंगे, जबकि 17, 18 और 19 जून को आपको अत्यधिक सजग रहने की आवश्यकता है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गणेश अथर्वशीर्ष' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: रविवार

​♍ कन्या राशि (Virgo)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: आर्थिक रूप से यह सप्ताह उत्तम लाभ देने वाला है। नौकरीपेशा जातकों और अधिकारियों का दफ्तर में समय बहुत अच्छा बीतेगा। यदि प्रमोशन (पदोन्नति) का समय है, तो शुभ समाचार मिल सकता है। व्यापार में अच्छी बढ़त और मान-सम्मान मिलेगा।
  • परिवार व स्वास्थ्य: भाई-बहनों के साथ खट्टे-मीठे संबंध रहेंगे। संतान से सामान्य सहयोग प्राप्त होगा। आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य स्थिर रहेगा।
  • शुभ दिन व तारीखें: 15, 16 और 17 जून विभिन्न कार्यों को निपटाने के लिए श्रेष्ठ हैं, जबकि 20 और 21 जून को सतर्कता बरतें।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर स्तोत्र' का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

यह भी पढ़ें: Sagar Crime : सनसनीखेज खुलासा; कलयुगी बेटे ने खुद के अपहरण का रचा ड्रामा, गांजा तस्करी के नुकसान की भरपाई के लिए पिता से मांगी 2 लाख की फिरौती


♎ तुला राशि (Libra)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह आपकी कुंडली के राज्य भाव (कर्म भाव) में 'गजकेसरी योग' बन रहा है। इसके प्रभाव से आपको अपने ऑफिस या कार्यक्षेत्र में जबरदस्त मान-प्रतिष्ठा और बॉस की सराहना मिलेगी। भाग्य का पूरा साथ रहेगा और व्यापार में भी मुनाफा होगा।
  • परिवार व धन: धन आगमन के अच्छे योग हैं। जीवनसाथी का स्वास्थ्य बहुत बढ़िया रहेगा। हालांकि, संतान को इस सप्ताह कुछ शारीरिक या मानसिक कष्ट हो सकता है, जिससे उनका सहयोग आपको पूरी तरह नहीं मिल पाएगा।
  • शुभ दिन व तारीखें: आपके लिए 17, 18 और 19 जून विशेष रूप से फलदायी और लाभदायक हैं। बाकी दिन सामान्य रहेंगे।
  • उपाय: प्रतिदिन गौमाता को हरा चारा खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

यह भी पढ़ें: योग शारीरिक व्यायाम नहीं बल्कि जीवन को संतुलित और स्वस्थ बनाने की संपूर्ण पद्धति : योगाचार्य विष्णु आर्य ▪️रानी दुर्गावती स्कूल केंट में योग प्रशिक्षण शिविर आयोजित


♏ वृश्चिक राशि (Scorpio)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह भाग्य पूरी तरह आपके पक्ष में खड़ा है। शत्रुओं और विरोधियों को परास्त करने के लिए यह सबसे उत्तम समय है, आपके थोड़े से प्रयास से ही दुश्मन घुटने टेक देंगे। व्यापार और धन के मामले सामान्य रहेंगे।
  • स्वास्थ्य व कोर्ट-कचहरी: आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य दुरुस्त रहेगा। संतान से मामूली मदद की उम्मीद रख सकते हैं। कोर्ट-कचहरी के मामलों में बेहद सजग रहें, आपकी छोटी सी लापरवाही काम बिगाड़ सकती है।
  • शुभ दिन व तारीखें: आपके लिए 19, 20 और 21 जून बेहतरीन परिणाम देने वाले हैं, जबकि 15, 16 और 17 जून को कोई भी बड़ा कार्य करने से पहले पूरी सावधानी रखें।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का कच्चे दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: रविवार

​♐ धनु राशि (Sagittarius)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए बेहद शानदार है। उनकी मानसिक स्थिति बहुत मजबूत रहेगी और आत्मविश्वास में बढ़ोतरी होगी। आपका व्यापार भी गति पकड़ेगा और धन की आवक सामान्य रूप से बनी रहेगी।
  • शिक्षा व परिवार: छात्रों के लिए पढ़ाई-लिखाई का माहौल अच्छा रहेगा। संतान पक्ष से सहयोग मिल सकता है। हालांकि, भाई-बहनों के साथ वैचारिक मतभेद या संबंध खराब होने की आशंका है। अदालती कार्यों में लापरवाही न बरतें।
  • शुभ दिन व तारीखें: 15, 16 और 17 जून की दोपहर तक का समय कार्यों के लिए सबसे उपयुक्त है। इसके विपरीत, 17 की दोपहर के बाद से 18 और 19 जून तक विशेष सचेत रहें।
  • उपाय: प्रतिदिन काले या चितकबरे कुत्ते को तंदूर की बनी रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: सोमवार

--------------

यह भी पढ़ें: Sagar News: नामांतरण के बदले 10 हजार की रिश्वत लेते पटवारी को रंगे हाथों पकड़ा लोकायुक्त पुलिस सागर ने


♑ मकर राशि (Capricorn)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह आपके सप्तम भाव (विवाह व साझीदारी) में 'गजकेसरी योग' का निर्माण हो रहा है। इसके प्रभाव से प्रेम संबंधों में मधुरता आएगी और पुराने संबंध प्रगाढ़ होंगे। यदि आप अविवाहित हैं, तो विवाह के नए और सुंदर प्रस्ताव आ सकते हैं।
  • व्यापार व शत्रु: पारिवारिक स्थिति सुखद रहेगी और जीवनसाथी का पूरा सहयोग मिलेगा। व्यापार ठीक चलेगा। आपके शत्रु इस सप्ताह पूरी तरह शांत रहेंगे और थोड़े प्रयास से वे समाप्त भी हो सकते हैं। कार्यक्षेत्र में प्रतिष्ठा मिलेगी।
  • शुभ दिन व तारीखें: 17 जून की दोपहर के बाद से लेकर 18 और 19 जून की दोपहर तक का समय कार्यों के लिए सर्वश्रेष्ठ है। शेष दिनों में सावधानी रखें।
  • उपाय: प्रतिदिन काली उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर जाकर शनिदेव का विधि-विधान से पूजन करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

​♒ कुंभ राशि (Aquarius)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: इस सप्ताह भाई-बहनों के साथ आपके रिश्ते बहुत मजबूत और सहयोगात्मक रहेंगे। संतान के दृष्टिकोण से भी यह समय उत्तम है। व्यापार में वृद्धि होगी और धन लाभ के अच्छे योग हैं, हालांकि धन सही और गलत दोनों रास्तों से आ सकता है, इसलिए विवेक से काम लें।
  • शत्रु व भाग्य: इस सप्ताह आपको अपने छिपे हुए शत्रुओं, विशेषकर महिला विरोधियों से बेहद सावधान रहने की जरूरत है। भाग्य से इस सप्ताह कोई बहुत बड़ी उम्मीद न रखें, सब कुछ कर्म से ही हासिल होगा।
  • शुभ दिन व तारीखें: 19 जून की दोपहर के बाद से 20 और 21 जून का समय आपके लिए परम लाभप्रद है। 17 की दोपहर से लेकर 18 और 19 की दोपहर तक का समय संकटों से सचेत रहने का है।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की बनी रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: शनिवार

​♓ मीन राशि (Pisces)

  • साप्ताहिक विश्लेषण: आर्थिक रूप से यह सप्ताह आपके लिए समृद्ध रहने वाला है, धन का अच्छा आगमन होगा। आपकी सामाजिक प्रतिष्ठा बढ़ेगी और व्यापार की स्थिति मजबूत होगी। संतान को करियर या व्यक्तिगत जीवन में बड़ा लाभ मिल सकता है, जिससे आपको भी खुशी और सहयोग मिलेगा।
  • शिक्षा व स्वास्थ्य: विद्यार्थियों की पढ़ाई उत्तम दिशा में चलेगी और उन्हें प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता हासिल होगी। भाग्य का पूरा साथ मिलेगा, जिससे कई रुके हुए काम आसानी से बन जाएंगे। स्वास्थ्य सामान्यतः ठीक रहेगा, लेकिन गर्दन या कमर दर्द की समस्या परेशान कर सकती है।
  • शुभ दिन व तारीखें: आपके लिए 15, 16 और 17 जून का समय बेहद प्रभावशाली है, जबकि 19, 20 और 21 जून को आपको हर कदम सतर्कता से उठाना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन नियमपूर्वक 'गायत्री मंत्र' का श्रद्धा से जाप करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार
  • विशेष नोट: यह एक सामान्य ग्रह गोचर आधारित साप्ताहिक भविष्यवाणी है। यदि आप अपने जीवन की किसी विशेष समस्या का समाधान, सटीक और व्यक्तिगत कुंडली विश्लेषण, प्रश्न कुंडली या वास्तु शास्त्र से संबंधित परामर्श चाहते हैं, तो सीधे मुझसे दूरभाष या व्यक्तिगत रूप से मिलकर संपर्क कर सकते हैं।


    मां शारदा से यही प्रार्थना है कि आप सभी सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

    जय मां शारदा!

    निवेदक:

    पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय

    • ​सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता
    • ​प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ
    • पता: साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश), पिन कोड:- 470004
    • मोबाइल नंबर: 
    • 8959594400
  • -----------



    ---------

    एडिटर : विनोद आर्य

    ________

    +91 94244 37885

    तीनबत्ती न्यूज़. कॉम की खबरे पढ़ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म  फेसबुक पेज ,यूट्यूब, इंस्टाग्राम और X से जुड़ने  लाईक / फॉलो करे
     -----------------------

    ---------------
    --------------------
    ------------------------


    --------------

    इंस्टाग्राम : teenbattinews
    ---------------

    ---------------

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive