सागर: रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय में शुरू होंगे विधि ( LAW)पाठ्यक्रम, BCI से मिली मंजूरी
तीनबत्ती न्यूज : 11 जून, 2026
सागर। रानी अवंतीबाई लोधी विश्वविद्यालय, सागर में इसी सत्र (2026-27) से कानून (विधि) की पढ़ाई शुरू होने जा रही है। बार काउंसिल ऑफ इंडिया (BCI) ने विश्वविद्यालय को तीन वर्षीय एलएल.बी. (LL.B.) और पांच वर्षीय बी.ए.एलएल.बी. (B.A. LL.B.) पाठ्यक्रम संचालित करने की आधिकारिक अनुमति प्रदान कर दी है। दोनों में क्रमशः 60 और 120 सीट्स अलाट हुई है। इस फैसले के बाद छात्र वर्तमान सत्र से ही इन पाठ्यक्रमों में प्रवेश ले सकेंगे।
मुख्यमंत्री की घोषणा के बाद युद्धस्तर पर हुई तैयारी
विवि के कुलगुर डॉ विनोद कुमार मिश्रा ने आज मीडिया को बताया कि यह कदम मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा की गई घोषणा के अनुपालन में उठाया गया है। विश्वविद्यालय प्रशासन ने छात्र हित को ध्यान में रखते हुए व्यापक स्तर पर तैयारियां की थीं और बार काउंसिल ऑफ इंडिया में आवेदन किया था।
ऑनलाइन निरीक्षण के बाद मिली हरी झंडी
उन्होंने बताया कि आवेदन के बाद बार काउंसिल ऑफ इंडिया की तीन सदस्यीय समिति ने 11 मई को विश्वविद्यालय का ऑनलाइन निरीक्षण किया था। समिति ने विश्वविद्यालय द्वारा विधि पाठ्यक्रम के लिए तैयार की गई आवश्यक पात्रता, संसाधन, पुस्तकालय और संकाय सदस्यों (फैकल्टी) की प्रस्तुति पर पूर्ण संतोष जताया। इसके बाद 10 जून को पत्र भेजकर पाठ्यक्रम शुरू करने की अनुमति दे दी गई।
बुंदेलखंड के छात्रों को मिलेगा बड़ा फायदा
इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रोफेसर डॉ. विनोद कुमार मिश्रा ने कहा कि "सागर के केंद्रीय विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय स्तर की कड़ी प्रतिस्पर्धा के कारण बुंदेलखंड के स्थानीय विद्यार्थियों को विधि पाठ्यक्रमों में प्रवेश लेने में काफी कठिनाई होती थी। अब इस राज्य विश्वविद्यालय में पाठ्यक्रम शुरू होने से सागर सहित पूरे बुंदेलखंड के छात्र न सिर्फ कानूनी रूप से जागरूक होंगे, बल्कि उन्हें विधि के क्षेत्र में रोजगार के बेहतरीन अवसर भी मिलेंगे।"
वहीं, कुलसचिव प्रोफेसर डॉ. शक्ति जैन ने इसे विश्वविद्यालय की उन्नति का एक महत्वपूर्ण सोपान बताया। उन्होंने कहा कि इन पाठ्यक्रमों के माध्यम से छात्रों को एडवोकैट, जज और लीगल एडवाइजर जैसे समाज में सम्मानजनक पदों पर सेवा करने का अवसर प्राप्त होगा।
आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में विश्वविद्यालय के सहायक कुलसचिव पंचम सनोडिया ने प्रवेश और परीक्षा से जुड़ी नवीनतम जानकारियां साझा कीं। इसके साथ ही, विधि विभाग के विभागाध्यक्ष आनंद सिंह ने प्रवेश प्रक्रिया और पाठ्यक्रम संचालन के संबंध में आवश्यक नियम व जानकारियां प्रस्तुत कीं।सत्र 2026-27 के लिए दाखिले जल्द ही शुरू किए जाएंगे।
------------
---------
एडिटर : विनोद आर्य
________
---------------









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें