Sagar News : नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में और विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव पारित किया नगरनिगम परिषद ने
तीनबत्ती न्यूज: 18 अप्रैल 2026
सागर : नगर निगम परिषद का विशेष सम्मेलन को निगमाध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार की अध्यक्षता में आयोजित हुआ। बैठक में महापौर संगीता सुशील तिवारी और निगमायुक्त राजकुमार खत्री सहित पार्षद एवं अधिकारी उपस्थित रहे। परिषद ने नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में प्रस्ताव पारित कर इसे शासन को भेजने का निर्णय लिया, वहीं अधिनियम का विरोध करने वाले कांग्रेस सहित अन्य विपक्षी दलों के खिलाफ निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया।
बैठक में महापौर तिवारी ने कहा कि नारी शक्ति वंदन अधिनियम महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण की दिशा में ऐतिहासिक कदम है। यह कानून महिलाओं को लोकसभा और विधानसभा में 33 प्रतिशत आरक्षण देकर निर्णय प्रक्रिया में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने का प्रयास करता है। उन्होंने कहा कि महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से लोकतंत्र और अधिक मजबूत होगा तथा समाज के सभी वर्गों की समस्याओं का बेहतर समाधान संभव होगा।
महापौर ने केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में लगातार प्रयास हो रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई कि भविष्य में महिलाओं को उनका पूर्ण अधिकार अवश्य मिलेगा।
निगमाध्यक्ष वृन्दावन अहिरवार ने सभी भाजपा पार्षदों से कहा कि प्रधानमंत्री मान.श्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम के माध्यम से महिला सशक्तिकरण हेतु लोकसभा एवं विधानसभाओं में महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित करने के लिये संसद में बिल पेश किया था जिसका कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों द्वारा विरोध किया गया। उन्होंने कहा कि बिल के समर्थन में सभी पार्षद चर्चा में भाग लेकर अपने सुझाव प्रस्तुत करें। चर्चा उपरांत निर्णय लिया गया कि नगर निगम परिषद द्वारा नारी वंदन अधिनियम के समर्थन का प्रस्ताव पारित किया जाता है तथा कांग्रेस एवं अन्य विपक्षी दलों द्वारा विरोध करने पर निंदा प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजा जावे।
बैठक में विभिन्न पार्षदों रेखा नरेश यादव, पूजा सोनी,रूबी कृष्ण कुमार पटेल ,मेघा दुबे ,धर्मेंद्र खटीक, देवेंद्र अहिरवार,ने भी अधिनियम का समर्थन करते हुए कहा कि यह महिलाओं को राजनीतिक रूप से सशक्त बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कुछ पार्षदों ने विपक्षी दलों पर महिलाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और उनके विरोध की निंदा की।
बैठक के अंत में परिषद ने सर्वसम्मति से अधिनियम के समर्थन का प्रस्ताव पारित कर शासन को भेजने का निर्णय लिया। साथ ही, विपक्षी दलों द्वारा विरोध किए जाने पर निंदा प्रस्ताव भी पारित किया गया। इस दौरान डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें