Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश

सागर में पटाखा दुकानों का सघन निरीक्षण, सुरक्षा मानकों के पालन के निर्देश 


तीनबत्ती न्यूज:  22 अक्टूबर 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर दीपावली पर्व को देखते हुए जिले में पटाखा दुकानों एवं गोदामों का निरीक्षण अभियान शुरू किया गया है। इसी क्रम में सागर एसडीएम (राजस्व) श्री रोहित वर्मा ने राजस्व एवं पुलिस दल के साथ पटाखा गोदामों और थोक विक्रेताओं की दुकानों का औचक निरीक्षण किया।

एसडीएम ने वैरायटी पटाखा स्टोर, रमेश ताला थोक विक्रेता के गोदाम तथा बनवारी लाल पटाखा स्टोर का निरीक्षण किया। इस दौरान दुकान के रजिस्टर, उपलब्ध स्टॉक और लाइसेंस की जांच की गई।

निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने पटाखा विक्रेताओं को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने दुकानों पर अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टियां और पानी की पर्याप्त व्यवस्था रखने को कहा। साथ ही बिना लाइसेंस पटाखों का विक्रय नहीं करने तथा आबादी क्षेत्र से बाहर निर्धारित खुले स्थान पर ही पटाखों की बिक्री करने के निर्देश दिए।

एसडीएम ने बताया कि कलेक्टर के निर्देशानुसार सागर शहर में खेल परिसर के बाजू वाले मैदान में पटाखा दुकानें लगाई जाएंगी।

मालथौन और बरोदियाकला में भी अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए स्थल निरीक्षण

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देशानुसार एसडीएम मालथौन सुश्री मोना दांगी ने विद्युत विभाग, नगर परिषद एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ मालथौन एवं बरोदियाकला में दीपावली पर लगने वाली अस्थायी पटाखा दुकानों के लिए प्रस्तावित स्थलों का निरीक्षण किया।

एसडीएम ने निर्देश दिए कि अस्थायी पटाखा दुकानें आबादी से दूर खुले और सुरक्षित स्थानों पर ही लगाई जाएं। दुकानों के बीच पर्याप्त दूरी रखी जाए तथा प्रत्येक दुकान पर अग्निशमन यंत्र, बालू से भरी बाल्टी और पानी की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि बिना वैध लाइसेंस किसी भी दुकानदार को पटाखों की बिक्री की अनुमति नहीं दी जाए। अधिकारियों को सुरक्षा मानकों की निगरानी और नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive