Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर में 23 डेयरी संचालकों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, FIR भी दर्ज कराएगा नगर निगम

सागर में 23 डेयरी संचालकों पर होगी दंडात्मक कार्रवाई, FIR भी दर्ज कराएगा नगर निगम

हफसिली में भूखंड मिलने के बाद भी नहीं किया डेयरियों को शिफ्ट; 53 संचालकों को शिविर लगाकर आवंटित होंगे भूखंड


तीनबत्ती न्यूज: 22 अक्टूबर, 2026

सागर। शहर में डेयरियों के व्यवस्थित विस्थापन को लेकर नगर निगम ने सख्ती शुरू कर दी है। डेयरी विस्थापन परियोजना रतौना/हफसिली में भूखंड आवंटित होने के बावजूद डेयरियां शिफ्ट नहीं करने वाले 23 संचालकों के खिलाफ जुर्माना लगाने, एफआईआर दर्ज कराने और अन्य दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी। नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने संबंधित अधिकारियों को इस संबंध में निर्देश दिए हैं।

निगमायुक्त के अनुसार, शहर में संचालित डेयरियों के कारण स्वच्छता, जनस्वास्थ्य, यातायात और नागरिक सुरक्षा से जुड़ी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है। इसे देखते हुए नगर निगम क्षेत्र में पांच या उससे अधिक पशुओं वाली डेयरियों की जांच और भौतिक सत्यापन कराया गया।

जांच में मिलीं 76 डेयरियां

नगर निगम की गठित टीम ने मौके पर पहुंचकर डेयरियों का निरीक्षण किया और पंचनामा तैयार किए। जांच में पांच या उससे अधिक पशुओं वाली कुल 76 डेयरियां संचालित पाई गईं। इनमें से 23 संचालकों को रतौना/हफसिली में भूखंड आवंटित किए जा चुके हैं, जबकि 53 संचालकों को अभी भूखंड आवंटित नहीं हुए हैं।

भूखंड मिलने के बावजूद 23 संचालकों ने न तो आवंटित स्थल पर शेड का निर्माण किया और न ही अपने पशुओं को वहां स्थानांतरित किया। इस स्थिति को देखते हुए नगर निगम अब संबंधित संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में है।

जुर्माना, एफआईआर और डेयरियों का विस्थापन

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि भूखंड आवंटित होने के बाद भी डेयरी शिफ्ट नहीं करने वालों पर नियमानुसार जुर्माना लगाया जाए। साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और नगरपालिक निगम अधिनियम, 1956 की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई करते हुए पुलिस में एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाए।

उन्होंने निर्देश दिए कि संबंधित डेयरियों को नगर निगम क्षेत्र से बाहर निर्धारित विस्थापन स्थल पर स्थानांतरित कराया जाए। निगमायुक्त ने स्पष्ट किया कि शहर की स्वच्छता, जनस्वास्थ्य और नागरिक सुरक्षा से जुड़े मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

53 डेयरी संचालकों को शिविर में मिलेंगे भूखंड

नगर निगम द्वारा उन 53 डेयरी संचालकों को भी राहत देने की तैयारी की जा रही है, जिन्हें अभी तक भूखंड आवंटित नहीं हुए हैं। इनके लिए शीघ्र शिविर आयोजित कर भूखंड आवंटित किए जाएंगे, ताकि वे अपनी डेयरियों को निर्धारित स्थल पर स्थानांतरित कर सकें।

नगर निगम का उद्देश्य डेयरियों को व्यवस्थित रूप से शहर से बाहर निर्धारित स्थल पर संचालित कराना और सागर को स्वच्छ, सुरक्षित तथा व्यवस्थित बनाना है। इसके लिए भूखंड आवंटन के साथ-साथ डेयरियों को निर्धारित स्थल पर शिफ्ट कराने की कार्रवाई भी की जाएगी।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive