Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर जिले में दीपावली पर कुम्हारों को बड़ी राहत: हाट बाजारों में मिलेगा उचित स्थान, कर वसूली पर रोक

दीपावली पर कुम्हारों को हाट बाजारों में मिलेगा उचित स्थान, कर वसूली पर रोक

• कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश, मिट्टी के दीये और सजावटी उत्पादों की बिक्री को दिया जाएगा प्रोत्साहन



तीनबत्ती न्यूज:13 अक्टूबर 2026

सागर। दीपावली पर्व को देखते हुए कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी प्रतिभा पाल ने कुम्हार समुदाय के पारंपरिक शिल्पियों को हाट बाजारों में उचित स्थान उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही इन शिल्पियों से किसी भी प्रकार की कर वसूली नहीं करने के निर्देश दिए गए हैं।

दीपावली के अवसर पर नगरीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में कुम्हार समुदाय के पारंपरिक शिल्पी मिट्टी की मूर्तियां, दीपक, खिलौने एवं विभिन्न प्रकार के सजावटी उत्पाद तैयार कर उनका विक्रय करते हैं। इन पारंपरिक उत्पादों की बिक्री ही अनेक कुम्हार परिवारों की आजीविका का प्रमुख आधार है।

यह भी पढ़ें: Sagar News: लोक सेवा गारंटी अधिनियम में लापरवाही, नायब तहसीलदार सहित 4 पर जुर्माना

कलेक्टर के निर्देशानुसार स्थानीय निकायों एवं ग्रामीण क्षेत्रों में लगने वाले हाट बाजारों में कुम्हारों को बिक्री के लिए उचित स्थान उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि वे बिना किसी परेशानी के अपने उत्पादों का विक्रय कर सकें।

इसके साथ ही मिट्टी के दीपकों, मूर्तियों, खिलौनों एवं अन्य सजावटी सामान के उपयोग को बढ़ावा देने के लिए लोगों को प्रोत्साहित किया जाएगा। कुम्हारों से इन उत्पादों की बिक्री के लिए किसी भी प्रकार की कर वसूली नहीं की जाएगी।

प्रशासन का उद्देश्य दीपावली के अवसर पर पारंपरिक मिट्टी के उत्पादों को बढ़ावा देने के साथ-साथ कुम्हार समुदाय के शिल्पियों को उनकी आजीविका के लिए बेहतर बाजार उपलब्ध कराना है।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive