Editor: Vinod Arya | 94244 37885

स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर नगर निगम को मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार, 11 नवंबर को दिल्ली में होगा सम्मान

स्वच्छ सर्वेक्षण में सागर नगर निगम को मिलेगा राष्ट्रपति पुरस्कार, 11 नवंबर को दिल्ली में होगा सम्मान

तीनबत्ती न्यूज: 07 नवंबर, 2026

सागर। स्वच्छता के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्यों के लिए सागर नगर निगम को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। स्वच्छ भारत मिशन के अंतर्गत आयोजित स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता 2025-26 में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए नगर निगम सागर को राष्ट्रपति पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।



आगामी 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित भव्य समारोह में महामहिम राष्ट्रपति द्वारा नगर निगम सागर को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा।


इस उपलब्धि के साथ सागर नगर निगम को स्वच्छता के क्षेत्र में किए गए कार्यों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलेगी।


Share:

घाटे के बावजूद पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सहेज रखी है अपने शहर की सिनेमा विरासत, नई पीढ़ी के लिए चला रहे श्री गणेश टॉकीज

घाटे के बावजूद पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव ने सहेज रखी है अपने शहर की सिनेमा विरासत, नई पीढ़ी के लिए चला रहे श्री गणेश टॉकीज

• धनतेरस की रात गढ़ाकोटा के श्री गणेश सिनेमा में पहुंचे पूर्व मंत्री, मुंबई से मंगवाई नई स्क्रीन, साउंड सिस्टम और व्यवस्थाओं का कराया नवीनीकरण; टॉकीज से जुड़ी हैं पारिवारिक और भावनात्मक स्मृतियां


तीनबत्ती न्यूज: 07 नवंबर, 2026

Edited By: Vinod Arya

सागर/गढ़ाकोटा। राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले नौ बार के विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव का एक अलग ही अंदाज सामने आया है। अपने गृह नगर गढ़ाकोटा में स्थित पारिवारिक सिनेमा घर 'श्री गणेश सिनेमा' से उनका लगाव आज भी बरकरार है। यही वजह है कि बदलते दौर में सिनेमा व्यवसाय के सामने चुनौतियों और घाटे के बावजूद वे इस टॉकीज को बंद करने के बजाय इसे संवारने में जुटे हैं। मल्टीप्लेक्स, ओटीटी प्लेटफार्म आदि के चलते परम्परागत सिनेमा घर शॉपिंग कॉम्लेक्स में बदलते नजर आ रहे है।


धनतेरस पर पहुंचे भार्गव

धनतेरस के अवसर पर गोपाल भार्गव ने देर रात तक श्री गणेश सिनेमा में मौजूद रहकर उसके नवीनीकरण के कार्यों की निगरानी की। उन्होंने मुंबई से नई सिनेमा स्क्रीन मंगवाई और अपनी मौजूदगी में उसे लगवाने की व्यवस्था देखी। इसके साथ ही साउंड सिस्टम और सिनेमा हॉल की अन्य व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त कराया जा रहा है।



फेसबुक पोस्ट की शेयर

इससे जुड़ी तस्वीरें और अपनी भावनाएं उन्होंने सोशल मीडिया पर साझा की हैं। पोस्ट में भार्गव ने लिखा कि समय के साथ मनोरंजन के साधन और लोगों की रुचियां भले ही बदल गई हों, लेकिन श्री गणेश सिनेमा से उनका जुड़ाव और लगाव आज भी उतना ही गहरा है। यह केवल उनका व्यवसाय नहीं, बल्कि पारिवारिक विरासत, वर्षों की स्मृतियों और आत्मीयता से जुड़ा महत्वपूर्ण हिस्सा है।

नई पीढ़ी के लिए बचाकर रखना चाहते हैं सिनेमा की पहचान

सागर जिले की रहली गढ़ाकोटा विधानसभा सीट से लगातार नौवीं जीत दर्ज करने वाले गोपाल भार्गव ने अपनी पोस्ट में एक बेहद भावुक बात लिखी। उन्होंने कहा कि वे इतने घाटे के बावजूद इस सिनेमा को इसलिए चला रहे हैं, ताकि आने वाली नई पीढ़ियां यह न कहें कि 'हमारे नगर में भी कभी एक सिनेमा हुआ करता था।'

उनके इस कथन से स्पष्ट है कि श्री गणेश सिनेमा उनके लिए महज कारोबार नहीं, बल्कि गढ़ाकोटा की सांस्कृतिक पहचान और अपनी निजी स्मृतियों को सहेजने का माध्यम भी है।



टिकट घर से लेकर सिनेमा हॉल तक रहा है जुड़ाव

गोपाल भार्गव का इस सिनेमा से रिश्ता केवल मालिकाना हक तक सीमित नहीं रहा है। वे कई मौकों पर खुद टिकट घर पर बैठे नजर आए हैं। बतौर मंत्री भी वे आम दर्शकों की तरह सिनेमा हॉल में फिल्म देखते दिखाई दिए। उनकी ये तस्वीरें पहले भी चर्चा में रही हैं।राजनीति की व्यस्तताओं के बीच अपने पारंपरिक व्यवसाय के लिए समय निकालना और उसके छोटे-बड़े कामों में व्यक्तिगत रुचि लेना उनके इस जुड़ाव को दर्शाता है।


डिजिटल मनोरंजन, ओटीटी प्लेटफॉर्म और मल्टीप्लेक्स के दौर में छोटे शहरों के पुराने सिनेमा घरों का अस्तित्व बचाना आसान नहीं है। ऐसे समय में गढ़ाकोटा के श्री गणेश सिनेमा को नई स्क्रीन और बेहतर साउंड सिस्टम के साथ संवारने की गोपाल भार्गव की पहल एक अलग संदेश भी देती है कि कुछ विरासतें केवल मुनाफे के लिए नहीं, बल्कि यादों और भावनाओं के लिए भी सहेजी जाती हैं।

Share:

सागर के 70 खिलाड़ी राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में लेंगे हिस्सा

राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता में सागर के 70 खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम, विधायक शैलेंद्र जैन ने वितरित किए ट्रैक सूट

• अहमदाबाद में 12 से 18 नवंबर तक होगा आयोजन, मध्य प्रदेश की टीम में सागर के खिलाड़ियों को मिला मौका


तीनबत्ती न्यूज: 06 नवंबर, 2026

सागर। गुजरात के अहमदाबाद में 12 से 18 नवंबर 2026 तक आयोजित होने वाली 17वीं राष्ट्रीय कूडो प्रतियोगिता, 18वें अक्षय कुमार इंटरनेशनल कूडो टूर्नामेंट एवं 7वें कूडो फेडरेशन कप में सागर के 70 खिलाड़ी मध्य प्रदेश का प्रतिनिधित्व करेंगे। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिए खिलाड़ियों ने तैयारियां पूरी कर ली हैं।

प्रतियोगिता के लिए रवाना होने से पूर्व सागर नगर विधायक एवं कूडो एसोसिएशन ऑफ मध्य प्रदेश के चेयरमैन शैलेंद्र कुमार जैन ने खेल परिसर पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने मध्य प्रदेश टीम के आधिकारिक ट्रैक सूट वितरित कर खिलाड़ियों को सम्मानित किया।



इस अवसर पर विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि सागर और मध्य प्रदेश के प्रतिभावान खिलाड़ियों पर सभी को गर्व है। खेल केवल शारीरिक और मानसिक विकास का माध्यम नहीं हैं, बल्कि अनुशासन, आत्मविश्वास और समर्पण की भावना भी विकसित करते हैं। खिलाड़ियों ने कठिन परिश्रम और नियमित अभ्यास से राष्ट्रीय प्रतियोगिता में जगह बनाई है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों से पूरे आत्मविश्वास के साथ सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने और पदक जीतकर प्रदेश का नाम रोशन करने का आह्वान किया।

विधायक ने खिलाड़ियों के आवागमन, ठहरने और अन्य व्यवस्थाओं की भी समीक्षा की। उन्होंने आश्वस्त किया कि खिलाड़ियों की सुविधाओं में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।


वरिष्ठ भाजपा नेता शैलेश केशरवानी ने कहा कि सागर के युवा राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रहे हैं। कूडो जैसी चुनौतीपूर्ण मार्शल आर्ट प्रतियोगिता में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिनिधित्व करना बड़ी उपलब्धि है। 

मध्य प्रदेश कूडो संघ के अध्यक्ष डॉ. मोहम्मद ऐजाज खान ने प्रतियोगिता की तैयारियों और खिलाड़ियों के चयन की जानकारी देते हुए बताया कि इस बार मध्य प्रदेश की टीम संतुलित और मजबूत है। खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन और पदक की उम्मीद है।

कार्यक्रम में मध्य प्रदेश कूडो एसोसिएशन के कोषाध्यक्ष नीरज यादव, सचिव हरिकांत तिवारी, मध्य प्रदेश टीम के मुख्य कोच शुभम राठौर एवं मेघा भोजक, करन पटेल, अंतरराष्ट्रीय कूडो पदक विजेता सोहिल खान, कबड्डी कोच संगीता भदौरिया सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, खिलाड़ी और उनके अभिभावक उपस्थित रहे।



Share:

खुरई में स्वामित्व योजना: पाली और आलखेड़ी ने हासिल किया लक्ष्य : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने बांटी रजिस्ट्री

स्वामित्व योजना से गरीबों को मिला संपत्ति का कानूनी अधिकार, पाली और आलखेड़ी ने हासिल किया शत-प्रतिशत लक्ष्य

• पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह बोले– निःशुल्क रजिस्ट्री गरीब, किसान और मजदूर के स्वाभिमान व आर्थिक आजादी का दस्तावेज


तीनबत्ती न्यूज: 06 नवंबर, 2026

सागर/खुरई। मुख्यमंत्री स्वामित्व योजना के तहत ग्रामीण परिवारों को उनकी आवासीय संपत्तियों का निःशुल्क कानूनी मालिकाना हक दिया जा रहा है। यह दस्तावेज गरीब, किसान और मजदूर के स्वाभिमान तथा आर्थिक आजादी का प्रतीक है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में सरकार ने ग्रामीणों को उनकी संपत्ति का अधिकार दिलाने के लिए लगभग 4 हजार करोड़ रुपये खर्च किए हैं। हितग्राहियों से रजिस्ट्री के लिए एक रुपया भी नहीं लिया गया है।

यह बात पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मालथौन विकासखंड के पाली और खुरई विकासखंड के आलखेड़ी गांव में आयोजित कार्यक्रमों में कही। इन कार्यक्रमों में हितग्राहियों को स्वामित्व योजना के ऑनलाइन रजिस्ट्री दस्तावेज वितरित किए गए। पाली और आलखेड़ी ने योजना के निर्धारित लक्ष्य को शत-प्रतिशत हासिल किया है।


रजिस्ट्री से संपत्ति का बढ़ेगा आर्थिक मूल्य

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि वर्षों से ग्रामीण परिवार अपने मकानों और आबादी की जमीन पर रह रहे थे, लेकिन उनके पास मालिकाना हक का कानूनी दस्तावेज नहीं था। अब रजिस्ट्री मिलने से उनकी संपत्ति को कानूनी पहचान और आर्थिक मूल्य मिला है। ग्रामीण अपनी संपत्ति के आधार पर बैंक से ऋण ले सकेंगे, बच्चों की शिक्षा और रोजगार के लिए संसाधन जुटा सकेंगे। संपत्ति का क्रय-विक्रय, बैंक गारंटी और उत्तराधिकार नामांतरण भी आसान होगा।

डेढ़ हजार पुराने रिकॉर्ड निकलवाकर कराए कंप्यूटरीकृत

विधायक ने बताया कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में पहले ऐसे अनेक परिवार थे, जिनके पास पट्टे होने के बावजूद राजस्व अभिलेखों में उचित रिकॉर्ड उपलब्ध नहीं था। अभियान चलाकर लगभग डेढ़ हजार लोगों के पुराने रिकॉर्ड निकलवाए गए और उनके मालिकाना अधिकारों का कंप्यूटरीकरण कराया गया। मालथौन ब्लॉक में अभी भी लगभग डेढ़ से दो हजार लोग ऐसे हैं, जिनके पट्टों का रिकॉर्ड कंप्यूटरीकरण नहीं हो पाया है। उनके दस्तावेज निकलवाकर राजस्व अभिलेखों में नाम दर्ज कराने के प्रयास जारी रहेंगे।


उन्होंने कहा कि स्वामित्व योजना से संपत्ति संबंधी पारिवारिक विवाद कम होंगे और ग्रामीण परिवार अपनी संपत्ति का उपयोग बैंक ऋण से लेकर स्वरोजगार तक के लिए कर सकेंगे। खुरई, मालथौन और बांदरी में विकास के साथ जमीन और मकानों की बाजार कीमतों में भी वृद्धि हुई है।

सात हजार रजिस्ट्रियां अभी शेष

भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में स्वामित्व योजना के तहत अभी लगभग सात हजार लोगों की रजिस्ट्रियां शेष हैं। इन्हें भी जल्द पूरा कराने का प्रयास किया जाएगा। शेष हितग्राहियों को एक साथ कार्यक्रम आयोजित कर स्वामित्व अधिकार पत्र वितरित किए जाएंगे। उन्होंने राजस्व और पंचायत विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों की सराहना करते हुए कहा कि त्योहार और अवकाश के दिनों में भी कर्मचारी दिन-रात काम कर लक्ष्य पूरा करने में जुटे हैं।

खुरई, मालथौन और बांदरी में रजिस्ट्री की स्थिति

खुरई तहसीलदार रितु राय ने बताया कि खुरई तहसील के 167 गांवों में 32,179 हितग्राहियों के 21,150 प्लॉट रजिस्ट्री के लिए शामिल किए गए हैं। इनमें से अब तक 6,608 रजिस्ट्रियां निष्पादित हो चुकी हैं।

एसडीएम मोना दांगी ने पाली में आयोजित कार्यक्रम में बताया कि मालथौन ब्लॉक में योजना के कुल 18,002 हितग्राही हैं। इनमें से अब तक 4,771 प्लॉट की निःशुल्क रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है।इसी प्रकार बांदरी तहसील के 6,561 हितग्राहियों में से 2,297 की रजिस्ट्री पूर्ण की जा चुकी हैं।


दोनों कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में हितग्राही शामिल


आलखेड़ी में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष नन्नीबाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष राहुल चौधरी, भाजपा जिला मंत्री हरिशंकर कुशवाहा, धनौरा मंडल अध्यक्ष राजपाल राजपूत, ग्रामीण मंडल अध्यक्ष रवींद्र सिंह, माधव सिंह सिलौधा, पार्षद मदन पटेल सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता और लाभार्थी उपस्थित रहे।पाली के कार्यक्रम में नगर परिषद अध्यक्ष प्रतिनिधि विश्वनाथ सिंह, सरपंच रेखा चढ़ार, भाजपा मंडल अध्यक्ष अनिल पाराशर, एसडीएम मोना दांगी, तहसीलदार कुलदीप सिंह, जनपद सीईओ मीना कश्यप, जनपद उपाध्यक्ष बलबीर सिंह सहित पंचायत प्रतिनिधि, अधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में हितग्राही मौजूद रहे।



Share:

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी की 29 सीटें बढ़ीं, कुल संख्या 110 हुई; डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में 50 सीटों का इजाफा

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी की 29 सीटें बढ़ीं, कुल संख्या 110 हुई

• डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में अब तक 50 सीटों का इजाफा, 19 विभागों में उपलब्ध हैं पीजी की सीटें


तीनबत्ती न्यूज:6 नवंबर 2026

सागर। बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी), सागर के लिए चिकित्सा शिक्षा के क्षेत्र में बड़ी उपलब्धि सामने आई है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में कॉलेज की पोस्ट ग्रेजुएट (पीजी) सीटों में 29 सीटों की वृद्धि हुई है। इसके साथ ही पीजी सीटों की कुल संख्या 81 से बढ़कर 110 हो गई है। डीन डॉ. पीएस ठाकुर के कार्यकाल में अब तक पीजी की कुल 50 सीटों की वृद्धि हुई है।

मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों का विस्तार होने से अब मेडिकल विद्यार्थियों को विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा के अधिक अवसर मिलेंगे। खास बात यह है कि रेडियोलॉजी विभाग में पहली बार 2 पीजी सीटें उपलब्ध हुई हैं। वहीं पैथोलॉजी विभाग में सबसे अधिक 7 सीटों की वृद्धि की गई है।

19 विभागों में पीजी सीटों की स्थिति

कॉलेज से प्राप्त विभागवार जानकारी के अनुसार सत्र 2025-26 में 19 विभागों में कुल 81 पीजी सीटें थीं, जो सत्र 2026-27 में बढ़कर 110 हो गई हैं। विभागवार सीटों की स्थिति इस प्रकार है।

  1. एनाटॉमी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
  2. फिजियोलॉजी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
  3. बायोकेमिस्ट्री: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
  4. फार्माकोलॉजी: 3 से बढ़कर 5 सीटें, 2 की वृद्धि।
  5. माइक्रोबायोलॉजी: 7 सीटें यथावत।
  6. कम्युनिटी मेडिसिन: 4 से बढ़कर 7 सीटें, 3 की वृद्धि।
  7. पीडियाट्रिक्स: 4 से बढ़कर 5 सीटें, 1 की वृद्धि।
  8. ऑर्थोपेडिक्स: 5 सीटें यथावत।
  9. ईएनटी: 5 सीटें यथावत।
  10. ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी: 7 से बढ़कर 8 सीटें, 1 की वृद्धि।
  11. एनेस्थीसियोलॉजी: 7 सीटें यथावत।
  12. पैथोलॉजी: 2 से बढ़कर 9 सीटें, 7 की वृद्धि।
  13. फॉरेंसिक मेडिसिन: 3 सीटें यथावत।
  14. जनरल मेडिसिन: 9 से बढ़कर 11 सीटें, 2 की वृद्धि।
  15. जनरल सर्जरी: 6 से बढ़कर 11 सीटें, 5 की वृद्धि।
  16. ऑप्थेल्मोलॉजी: 5 सीटें यथावत।
  17. इमरजेंसी मेडिसिन: 3 सीटें यथावत।
  18. रेस्पिरेटरी मेडिसिन: 2 सीटें यथावत।
  19. रेडियोलॉजी: शून्य से बढ़कर 2 नई सीटें।

पैथोलॉजी और जनरल सर्जरी में सबसे ज्यादा वृद्धि

विभागवार आंकड़ों में पैथोलॉजी में सबसे अधिक 7 सीटों की वृद्धि हुई है। जनरल सर्जरी में 5 और कम्युनिटी मेडिसिन में 3 सीटें बढ़ाई गई हैं। इसके अलावा एनाटॉमी, फिजियोलॉजी, बायोकेमिस्ट्री और फार्माकोलॉजी में 2-2 सीटों का इजाफा हुआ है। जनरल मेडिसिन में 2 तथा पीडियाट्रिक्स और ऑब्स्टेट्रिक्स एंड गायनेकोलॉजी में 1-1 सीट बढ़ाई गई है।

चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम

बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में पीजी सीटों की संख्या में लगातार हो रही वृद्धि को चिकित्सा शिक्षा के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। इस उपलब्धि में डीन डॉ. पीएस ठाकुर के प्रयासों के साथ उच्चाधिकारियों, कॉलेज प्रशासन और प्रबंधन टीम का योगदान बताया गया है।

पीजी सीटें बढ़ने से बुंदेलखंड क्षेत्र के मेडिकल विद्यार्थियों को अपने ही क्षेत्र में विशेषज्ञ चिकित्सा शिक्षा प्राप्त करने के अधिक अवसर मिलेंगे। साथ ही भविष्य में विभिन्न विशेषज्ञताओं के चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने में भी यह विस्तार सहायक होगा।

Share:

राजस्व मामलों में लापरवाही पर होगी कार्रवाई, दो से पांच साल पुराने प्रकरणों की एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट

राजस्व प्रकरणों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं करेंगे, लंबित मामलों का प्राथमिकता से करें निराकरण : कलेक्टर यादव

• सीएम हेल्पलाइन की कम रेटिंग पर जताई नाराजगी

• राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में सख्त निर्देश, दो से पांच साल पुराने प्रकरणों की एक सप्ताह में मांगी रिपोर्ट


तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026

सागर। कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने राजस्व अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि राजस्व प्रकरणों के निराकरण में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। नामांतरण, बंटवारा और सीमांकन जैसे मामलों को प्राथमिकता से निराकृत करें। आम नागरिकों को अनावश्यक रूप से कार्यालयों के चक्कर न लगवाएं और सभी अधिकारी अपने दायित्वों का शत-प्रतिशत निर्वहन करें।

राजस्व अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कलेक्टर ने एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदारों को निर्देश दिए कि निर्धारित समय-सीमा में राजस्व न्यायालय आयोजित करें। न्यायालयों की तारीख और स्थान की जानकारी आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए पोस्टर लगाकर प्रचार-प्रसार भी किया जाए, ताकि लोगों को सुनवाई की जानकारी मिल सके।

दो से पांच साल पुराने प्रकरणों की एक सप्ताह में रिपोर्ट

कलेक्टर ने अनुविभाग एवं तहसील स्तर पर लंबित राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए दो से पांच वर्ष पुराने मामलों की रिपोर्ट एक सप्ताह में प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आरसीएमएस पोर्टल पर प्रकरणों की जानकारी और आदेश निर्धारित समय में अपलोड किए जाएं। नामांतरण के मामलों में पंजीयन की जानकारी मिलते ही उसी दिन प्रकरण दर्ज किया जाए। वहीं फौती नामांतरण में पटवारी की रिपोर्ट 15 दिन के भीतर प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा। देरी होने पर संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।

लापरवाही पर होगी कार्रवाई


कलेक्टर ने नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों में देरी पर नाराजगी जताई। उन्होंने शासकीय भूमि से जुड़े मामलों का तथ्यों एवं उचित कारणों के आधार पर निराकरण करने को कहा। हाईकोर्ट के आदेश प्राप्त होने पर नियमानुसार अपील प्रस्तुत करने और न्यायालयीन प्रकरणों की साप्ताहिक मॉनिटरिंग करने के निर्देश भी दिए।

धनतेरस पर ग्राम पंचायतों में होंगे स्वामित्व योजना के कार्यक्रम


स्वामित्व योजना की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने निर्देश दिए कि धनतेरस पर राजस्व अधिकारी ग्राम पंचायतों के माध्यम से कार्यक्रम आयोजित कराएं। इनमें योजना के लाभ और पंजीयन प्रक्रिया की जानकारी दी जाए। जनप्रतिनिधियों के सहयोग से अधिक से अधिक लोगों को योजना से जोड़ा जाए।


बैठक में प्राकृतिक प्रकोप राहत प्रकरणों, फार्मर रजिस्ट्री, भू-अर्जन अधिनियम के लंबित मामलों और विकास प्राधिकरण के कार्यों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने भू-अर्जन से प्रभावित लोगों को नियमानुसार लाभ दिलाने और उनकी समस्याओं का संवेदनशीलता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

सीएम हेल्पलाइन की कम रेटिंग पर जताई नाराजगी


सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान विभिन्न ब्लॉकों की कम रेटिंग पर कलेक्टर ने नाराजगी जताई। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करें और आवेदकों की समस्याओं का समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करें।


बैठक में अपर कलेक्टर अविनाश रावत, संयुक्त कलेक्टर रवीश श्रीवास्तव, आरती यादव, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेष द्विवेदी सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार उपस्थित रहे।

Share:

पूर्व CM अर्जुन सिंह की जयंती पर शहर सेवादल परिवार ने किया स्मरण

पूर्व CM अर्जुन सिंह की जयंती पर शहर सेवादल परिवार ने किया स्मरण


तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं भारत सरकार के पूर्व कैबिनेट मंत्री स्वर्गीय अर्जुन सिंह की जन्म जयंती पर शहर सेवादल परिवार द्वारा उन्हें श्रद्धापूर्वक याद किया गया। इस अवसर पर उनके छायाचित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उनके व्यक्तित्व और जनसेवा के योगदान का स्मरण किया गया।

कार्यक्रम में प्रदेश सेवादल महासचिव विजय साहू ने कहा कि अर्जुन सिंह ऐसी शख्सियत थे, जिन्होंने अपनी उदारता और संवेदनशीलता से न केवल मध्यप्रदेश बल्कि पूरे देश में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई। 

कार्यक्रम के आयोजक एवं शहर सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे ने कहा कि गरीब और जरूरतमंद लोगों के लिए काम करना अर्जुन सिंह की राजनीतिक प्राथमिकताओं में सबसे ऊपर था। यही कारण था कि इंदिरा गांधी और राजीव गांधी जैसे शीर्ष नेता भी महत्वपूर्ण निर्णयों में उनकी सलाह को गंभीरता से लेते थे। सदन में उनके वक्तव्यों को भी पूरी गंभीरता से सुना जाता था।उन्होंने कहा कि अर्जुन सिंह प्रतिपक्ष को पूरा सम्मान देते थे। विचारधारा अलग होने के बावजूद उनके मन में राजनीतिक कटुता नहीं रहती थी। 

इनकी रही उपस्थिति

कार्यक्रम में वरिष्ठ कांग्रेस नेता पप्पू गुप्ता, ब्लॉक अध्यक्ष कल्लू पटेल, अंकुर यादव, अन्नू घोसी, परख शुक्ला, लल्ला यादव, रवि जैन, तरुण सैनी, राकेश जैन, रिंपी गर्ग, बबलू रंगरेज, प्रकाश जाटव, अजय कोष्टी, लखन पटेल, प्रवीण यादव, किशोरीलाल पटेल, मनोज दुबे सहित अन्य जन उपस्थित रहे।

Share:

खुरई के चार नगरीय निकायों को 15 करोड़ रुपये स्वीकृत

खुरई विधानसभा क्षेत्र के चार नगरीय निकायों को 15 करोड़ रुपये स्वीकृत

• पूर्व गृहमंत्री एवं विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर मिली मंजूरी



तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026

खुरई। पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह के प्रस्ताव पर मध्यप्रदेश शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने खुरई विधानसभा क्षेत्र के चार नगरीय निकायों में विभिन्न विकास कार्यों के लिए कुल 15 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत की है।

स्वीकृत राशि के तहत खुरई नगर पालिका को 6 करोड़ रुपये, नगर परिषद बरोदिया कलां को 3 करोड़ रुपये, नगर परिषद बांदरी को 3 करोड़ रुपये तथा नगर परिषद मालथौन को 3 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं।

इस प्रकार चारों नगरीय निकायों को कुल 15 करोड़ रुपये की राशि मिलेगी। इससे संबंधित क्षेत्रों में विभिन्न विकास कार्य कराए जाएंगे।

राशि स्वीकृत किए जाने पर पूर्व गृहमंत्री एवं विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय के प्रति आभार व्यक्त किया है।

Share:

बीना में मां-बेटी को आग लगाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार; एक की मौत

बीना में मां-बेटी को आग लगाने की वारदात का खुलासा, रिश्ते की देवरानी गिरफ्तार; एक की मौत


तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026

सागर/बीना। सागर जिले के बीना थाना क्षेत्र के ग्राम गोदना में मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर आग लगाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस मामले में रिश्ते की देवरानी काजल गोस्वामी (28) को गिरफ्तार किया है। आरोपी की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल स्टील की डोलची, उसके कपड़े, जूते और माचिस सहित महत्वपूर्ण साक्ष्य जब्त किए गए हैं।

घटना में गंभीर रूप से झुलसी 35 वर्षीय गिरजा की उपचार के दौरान बीएमसी सागर में मौत हो गई, जबकि दूसरी पीड़िता का हमीदिया अस्पताल भोपाल में उपचार जारी है। महिला की मौत के बाद पुलिस ने प्रकरण में हत्या की धारा 103(1) बीएनएस जोड़ने की कार्रवाई शुरू कर दी है।

पति और पीड़िता के कथित संबंधों को लेकर थी रंजिश

पुलिस के अनुसार 2 नवंबर 2026 को शाम करीब 7:30 बजे ग्राम गोदना में आरोपी काजल गोस्वामी पेट्रोल से भरी स्टील की डोलची लेकर पीड़िताओं के घर पहुंची। वहां कहासुनी के बाद उसने मां-बेटी पर पेट्रोल डालकर माचिस से आग लगा दी और फरार हो गई।

घायल बालिका द्वारा हमीदिया अस्पताल भोपाल में दर्ज कराई गई रिपोर्ट के अनुसार आरोपी काजल उसकी मां की रिश्ते की देवरानी है। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसके पति आकाश और पीड़िता गिरजा के बीच कथित मैत्री संबंधों को लेकर उसके मन में रंजिश थी। इसी के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया।

पहले से बनाई थी आग लगाने की योजना

पुलिस के मुताबिक आरोपी ने घटना से एक दिन पहले अपनी स्कूटी से पेट्रोल निकालकर रख लिया था। वारदात के दिन सीसीटीवी कैमरों से बचने के लिए वह घर के पीछे के रास्ते से पेट्रोल लेकर पीड़िताओं के घर पहुंची। कमरे में मां-बेटी को देखकर उन पर पेट्रोल डाला और माचिस से आग लगा दी।

वारदात के बाद आरोपी पेट्रोल की डोलची मौके पर फेंककर दीवार पार करते हुए अपने घर के पिछले दरवाजे से निकल गई। उसने घटना के समय पहने कपड़े पन्नी में रखकर स्कूटी से किर्रवदा बायपास के पास फेंक दिए थे।

सीसीटीवी और मरणासन्न कथनों से खुला राज

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। दोनों पीड़िताओं के कार्यपालिक मजिस्ट्रेट के समक्ष मरणासन्न कथन दर्ज कराए गए। इनमें आरोपी द्वारा पेट्रोल डालकर आग लगाने की बात सामने आई। गांव में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच में भी आरोपी घटना के समय पीड़िताओं के घर की ओर जाती दिखाई दी। पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर पूछताछ की, जिसमें आरोपी ने वारदात करना स्वीकार किया।

डोलची, कपड़े, जूते और माचिस जब्त


आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्टील की डोलची और उसका ढक्कन, घटना के समय पहने कपड़े, जूते और माचिस जब्त की है। इसके अलावा घटनास्थल से पीड़िताओं के अधजले कपड़े और अधजला मोबाइल फोन भी जब्त किया गया है।

पुलिस ने आरोपी काजल गोस्वामी पति आकाश दांगी, उम्र 28 वर्ष, निवासी ग्राम गोदना को गिरफ्तार कर मेडिकल परीक्षण कराया है। उसे न्यायालय में पेश किया जा रहा है।

प्रकरण में पहले धारा 109(1) बीएनएस के तहत हत्या के प्रयास का मामला दर्ज किया गया था। गिरजा की उपचार के दौरान मृत्यु होने के बाद अब धारा 103(1) बीएनएस के तहत हत्या का अपराध भी जोड़ा जा रहा है। दूसरी पीड़िता का उपचार जारी है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं एसडीओपी बीना अजय सनकत के मार्गदर्शन में कार्रवाई की गई। इस मामले का खुलासा करने में थाना प्रभारी निरीक्षक अनूप यादव, उप निरीक्षक लखन राज, कस्तूरी अहिरवार, निशांत भगत, एएसआई प्रीति थापा सहित थाना बीना के पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।



Share:

सागर में यात्री बसों की चेकिंग : अधिक किराया वसूली, ओवरलोडिंग पर तीन बसो पर जुर्माना

सागर में यात्री बसों की चेकिंग : अधिक किराया वसूली, ओवरलोडिंग पर तीन बसो पर जुर्माना


तीनबत्ती न्यूज:  5 नवंबर 2026

सागर। दीपावली के त्योहारी सीजन में यात्री बसों में अधिक किराया वसूली, क्षमता से अधिक यात्रियों को बैठाने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सघन चेकिंग अभियान शुरू किया है। इसी क्रम में 4 नवंबर की रात भोपाल रोड पर की गई जांच में तीन यात्री बसों में ओवरलोडिंग पाए जाने पर कार्रवाई करते हुए कुल 13 हजार रुपए का जुर्माना वसूल किया गया।

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी, सागर ने प्रवर्तन अमले के साथ रात 8 बजे से 11 बजे तक यात्री वाहनों की जांच की। इस दौरान कुल 8 यात्री वाहनों की चेकिंग की गई। जांच में तीन बसों में निर्धारित क्षमता से अधिक यात्री बैठे पाए गए। इसके अलावा कुछ वाहनों में किराया सूची चस्पा नहीं थी, कुछ के आवश्यक दस्तावेज मौके पर उपलब्ध नहीं थे तथा कुछ बसों में निर्धारित मानक के अनुसार अग्निशमन यंत्र भी नहीं मिले।इन अनियमितताओं पर मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत चालानी कार्रवाई करते हुए 13 हजार रुपए शमन शुल्क वसूल किया गया।

बस संचालकों को सुरक्षा संबंधी निर्देश

दीपावली के दौरान यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग ने सभी यात्री बस संचालकों और सागर जिला बस ऑपरेटर एसोसिएशन के पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।


* बसों में पटाखे, आतिशबाजी, पेट्रोल, डीजल, गैस सिलेंडर और केरोसिन जैसे ज्वलनशील पदार्थों का परिवहन प्रतिबंधित रहेगा।

* प्रत्येक बस में अग्निशमन यंत्र, प्राथमिक उपचार बॉक्स और इमरजेंसी एग्जिट कार्यशील स्थिति में होना चाहिए।

* बस के आगे और अंदर ज्वलनशील पदार्थ ले जाना सख्त मना है, यह स्पष्ट रूप से लिखा होना चाहिए।

* निर्धारित बैठक क्षमता से अधिक यात्रियों को नहीं बैठाया जाए।

* यात्रियों से निर्धारित किराया ही लिया जाए और किराया सूची बस में चस्पा की जाए।

* चालक और परिचालक यात्रा से पहले यात्रियों के सामान की जांच सुनिश्चित करें।


परमिट और फिटनेस निरस्त करने की चेतावनी

क्षेत्रीय परिवहन अधिकारी ने स्पष्ट किया है कि निर्देशों का उल्लंघन पाए जाने पर मोटरयान अधिनियम के तहत चालान, परमिट एवं फिटनेस निरस्त करने के साथ बस जप्त करने की कार्रवाई भी की जाएगी। उन्होंने वाहन स्वामियों को निर्देश दिए हैं कि बसों में बीमा, फिटनेस, परमिट, पंजीयन कार्ड, चालक का हैवी ड्राइविंग लाइसेंस, टैक्स प्रमाण पत्र और प्रदूषण प्रमाण पत्र सहित सभी आवश्यक दस्तावेज अनिवार्य रूप से उपलब्ध रखें।

Share:

हफसिली में 125 फीट का गोवर्धन पर्वत, 9 नवंबर को सामूहिक पूजा

डेयरी परियोजना स्थल हफसिली में 125 फीट परिधि और 11 फीट ऊंचा बनेगा विशाल गोवर्धन पर्वत, 9 नवंबर को होगा सामूहिक पूजन


तीनबत्ती न्यूज: 04 नवंबर, 2026

सागर। हफसिली ग्राम स्थित डेयरी विस्थापन परियोजना स्थल पर इस वर्ष सामूहिक गोवर्धन पूजा को भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। पशु मेला क्षेत्र में गोबर और मिट्टी से लगभग 125 फीट परिधि तथा 11 फीट ऊंचाई वाला विशाल गोवर्धन पर्वत तैयार किया जा रहा है। आगामी 9 नवंबर 2026, सोमवार को यहां सामूहिक गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट महोत्सव आयोजित होगा।

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने गुरुवार को हफसिली पहुंचकर आयोजन की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने गोवर्धन पर्वत के निर्माण में गोबर के साथ उचित मात्रा में मिट्टी का उपयोग कर गिरिराज पर्वत का अस्थायी स्वरूप तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि कलाकार इसे आकर्षक रूप दे सकें।

कलाकारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का भी ध्यान


पशु मेला क्षेत्र में फैली मिट्टी, पत्थरों और खरपतवार को आधुनिक मशीनों से साफ कराया गया है। मैदान की लेवलिंग कर उसे स्वच्छ एवं सुविधाजनक बनाया गया है। इसका उद्देश्य आयोजन में पहुंचने वाले श्रद्धालुओं के साथ कलाकारों को भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना है। विशेष रूप से मोनिया व्रत धारण कर नंगे पैर नृत्य करने वाले लोक कलाकारों और श्रद्धालुओं की सुरक्षा का ध्यान रखा जा रहा है।

गोवर्धन पर्वत के चारों ओर बनेगा परिक्रमा मार्ग


पशु मेला क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉली और डंपरों से मिट्टी तथा स्थानीय पशुपालकों से गोबर एकत्र कर पर्वत का निर्माण किया जा रहा है। मैदान में लगे पेड़ को केंद्र मानकर करीब 125 फीट परिधि में 11 फीट ऊंचा गोवर्धन पर्वत बनाया गया है। इसके चारों ओर परिक्रमा मार्ग और पूजन स्थल तैयार किया जाएगा।

परिक्रमा मार्ग में भगवान श्रीकृष्ण और उनकी गौओं की प्रतिमाएं तथा आकर्षक झांकियां सजाई जाएंगी। रंगोली के रंगों से पर्वत और आसपास के क्षेत्र को भी सजाया जाएगा।

56 भोग, लोकनृत्य और आतिशबाजी होंगे आकर्षण


9 नवंबर को आयोजित अन्नकूट महोत्सव में श्रद्धालुओं को विशाल गोवर्धन पर्वत के दर्शन और पूजन का अवसर मिलेगा। आयोजन में स्थानीय व्यंजनों सहित 56 भोग प्रसादी, विभिन्न पारंपरिक लोकनृत्य, भव्य आतिशबाजी और रंग-बिरंगे आभूषणों से सजी गौओं एवं अन्य पशुधन की चहलकदमी आकर्षण का केंद्र रहेगी। मेले की तर्ज पर दुकानें भी लगाई जाएंगी। आसपास के गांवों सहित सागर शहर से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है।

डेयरी विस्थापन परियोजना को बढ़ावा देने की पहल

पशुपालन संघ और नगर पालिक निगम द्वारा इस सांस्कृतिक आयोजन की तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं। इसका उद्देश्य सागर के पशुपालकों को प्रोत्साहित करने के साथ डेयरी विस्थापन परियोजना को सफल बनाना भी है।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में गोवर्धन पूजा को हफसिली की पहचान बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। इसके माध्यम से धार्मिक एवं सांस्कृतिक परंपराओं को बढ़ावा देने के साथ नागरिकों में शहर के विकास, स्वच्छता और सुंदरता के प्रति जिम्मेदारी का भाव जागृत करने तथा पशुपालकों को हफसिली में डेयरी स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है।

Share:

डॉ. गौर विवि और BHU के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेंद्र पाल सिंह को प्रतिष्ठित ‘एपीक्यूएन क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड’

डॉ. गौर विवि और BHU के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेंद्र पाल सिंह को प्रतिष्ठित ‘एपीक्यूएन क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड’


तीनबत्ती न्यूज: 04 नवंबर, 2026

वाराणसी। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर और बनारस हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेंद्र पाल सिंह को उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान के लिए प्रतिष्ठित ‘एपीक्यूएन क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया है। यह सम्मान एशिया-पैसिफिक क्वालिटी नेटवर्क (APQN) द्वारा प्रदान किया गया है।

प्रो. सिंह को यह सम्मान उच्च शिक्षा में गुणवत्ता संवर्धन, शैक्षणिक मानकों के विकास और संस्थागत उत्कृष्टता को बढ़ावा देने के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

प्रो. धीरेंद्र पाल सिंह शिक्षा और उच्च शिक्षा प्रशासन के क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। वे विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (UGC) के अध्यक्ष, राष्ट्रीय मूल्यांकन एवं प्रत्यायन परिषद (NAAC) के निदेशक तथा टाटा इंस्टीट्यूट ऑफ सोशल साइंसेज के कुलाधिपति के रूप में अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

---------

फेसबुक पर पढ़ने क्लिक करे

डॉ. गौर विवि और BHU के पूर्व कुलपति प्रो. धीरेंद्र पाल सिंह को प्रतिष्ठित ‘एपीक्यूएन क्वालिटी चैंपियन अवॉर्ड’

-------

इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए उनका चयन पुणे में आयोजित अंतरराष्ट्रीय निर्णायक मंडल की संस्तुति तथा एशिया-पैसिफिक क्वालिटी नेटवर्क के बोर्ड की स्वीकृति के बाद किया गया।

प्रो. सिंह को मिले इस अंतरराष्ट्रीय सम्मान से उच्च शिक्षा जगत में हर्ष का माहौल है। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय, सागर के पूर्व कुलपति के रूप में भी उनकी उपलब्धि को विश्वविद्यालय के लिए गौरवपूर्ण माना जा रहा है।

Share:

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी से सौजन्य भेंट की महापौर संगीता तिवारी ने: सागर के विकास कार्यों की दी जानकारी

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल और संगठन महामंत्री चंद्रशेखर तिवारी से सौजन्य भेंट की महापौर संगीता तिवारी ने: सागर के विकास कार्यों की दी जानकारी


तीनबत्ती न्यूज: 05 नवंबर, 2026

सागर। महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने भोपाल प्रवास के दौरान भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री चंद्रशेखर तिवारी से सौजन्य भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस अवसर पर महापौर ने वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी तथा भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट श्री रिशांक तिवारी के साथ पुष्पगुच्छ भेंटकर दोनों नेताओं का आत्मीय स्वागत किया।

मुलाकात के दौरान महापौर श्रीमती तिवारी ने सागर नगर में नगर निगम द्वारा कराए जा रहे विभिन्न विकास एवं जनहितकारी कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि शहर में आधारभूत ढांचे को मजबूत बनाने, नागरिक सुविधाओं के विस्तार, स्वच्छता व्यवस्था में सुधार, यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने और शहर के सौंदर्यीकरण के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। इन प्रयासों का उद्देश्य सागर को स्वच्छ, सुंदर, सुव्यवस्थित एवं विकसित शहर बनाना है।

इस दौरान राजनीतिक एवं संगठनात्मक विषयों पर भी चर्चा हुई। महापौर ने पार्टी संगठन को मजबूत बनाने, कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने तथा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों से अवगत कराया।

सौहार्दपूर्ण वातावरण में हुई इस मुलाकात में सागर के विकास, जनहित के कार्यों और संगठनात्मक गतिविधियों को अधिक प्रभावी बनाने के संबंध में सकारात्मक विचार-विमर्श हुआ।

Share:

सांसद लता वानखेड़े ने उठाईं 37 रेल मांगें, सागर से पुणे ट्रेन और नई रेल लाइन का प्रस्ताव

सागर लोकसभा में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए सांसद लता वानखेड़े ने उठाईं 37 मांगें, नई रेल लाइनों और ट्रेनों के ठहराव पर दिया जोर


तीनबत्ती न्यूज: 4 नवंबर,  2026 

सागर : सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार और बेहतर रेल कनेक्टिविटी के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने भोपाल में आयोजित पश्चिम मध्य रेलवे की मंडल एवं जोनल बैठक में क्षेत्र की रेल संबंधी समस्याओं और आवश्यकताओं को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने रेलवे अधिकारियों के समक्ष कुल 37 मांगें एवं प्रस्ताव रखते हुए इनके निराकरण के लिए समय-सीमा निर्धारित करने का आग्रह किया।

यह भी पढ़ें: सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं रेल सुविधाओं की मांगें, महामना एक्सप्रेस रानी कमलापति तक चलाने का प्रस्ताव

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बैठक में भोपाल–सागर–छतरपुर–खजुराहो नई रेल लाइन की डीपीआर शीघ्र तैयार करने तथा सिरोंज–शमशाबाद–लटेरी–कुरवाई रेल लाइन का सर्वे शुरू कराने की मांग की। इसके अलावा सागर से पुणे के लिए सीधी रेल सेवा शुरू करने का प्रस्ताव भी रखा।

मंडी बामोरा और बीना स्टेशन के विकास पर जोर


सांसद ने मंडी बामोरा रेलवे स्टेशन के व्यापक पुनर्विकास और यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग की। उन्होंने इंदौर–प्रयागराज एवं पातालकोट एक्सप्रेस के ठहराव के साथ दक्षिण भारत की ओर जाने वाली ट्रेन को भी मंडी बामोरा में स्टॉपेज देने का प्रस्ताव रखा।

वहीं बीना जंक्शन पर अमृत भारत योजना के तहत चल रहे विकास कार्यों में तेजी लाने तथा प्रीमियम सहित अन्य प्रमुख ट्रेनों के ठहराव की मांग की।

छोटे स्टेशनों पर बढ़ें यात्री सुविधाएं और ट्रेनों के ठहराव

ग्रामीण क्षेत्र के यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए सांसद ने नरयावली, कुरवाई-कैथोरा, सेमरखेड़ी, महादेवखेड़ी, बरेठ, कुल्हार और कंजिया रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं का विकास करने की मांग रखी।

उन्होंने इन स्टेशनों पर पैसेंजर एवं मेमू ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने के साथ बिलासपुर–भोपाल एक्सप्रेस का बरेठ एवं कुरवाई-कैथोरा स्टेशन पर ठहराव सुनिश्चित करने और बीना–कोटा मेमू ट्रेन का सागर तक विस्तार करने का प्रस्ताव भी दिया।

पुणे, बेंगलुरु और रामेश्वरम के लिए सीधी कनेक्टिविटी की मांग

सागर को देश के प्रमुख शहरों से जोड़ने के लिए सांसद ने रीवा–पुणे ट्रेन को सागर मार्ग से संचालित करने, बेंगलुरु एवं रामेश्वरम के लिए सीधी रेल कनेक्टिविटी विकसित करने तथा जबलपुर–बेंगलुरु ट्रेन को सागर मार्ग से चलाने की मांग उठाई।

इसके अलावा गोरखपुर हमसफर ट्रेन की आवृत्ति बढ़ाने, रीवा–चार्लापल्ली ट्रेन का नियमित संचालन शुरू करने, हजरत निजामुद्दीन–अंबिकापुर ट्रेन के फेरे बढ़ाने और शिप्रा एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाने का प्रस्ताव रखा। सांसद ने राज्यरानी एक्सप्रेस का नरयावली स्टेशन पर ठहराव देने और ट्रेन का उज्जैन तक विस्तार करने की मांग भी रेलवे अधिकारियों के समक्ष रखी।

मांगों पर समय-सीमा तय करने का आग्रह

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने रेलवे अधिकारियों से आग्रह किया कि सागर लोकसभा क्षेत्र से संबंधित प्रत्येक मांग पर कार्रवाई के लिए स्पष्ट समय-सीमा निर्धारित की जाए। साथ ही संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए कार्यों की प्रगति की लिखित जानकारी भी उपलब्ध कराई जाए।



Share:

सागर वेस्टर्न बायपास का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, 688 करोड़ की परियोजना में तेजी के निर्देश

सागर वेस्टर्न बायपास निर्माण स्थल पहुंचे कलेक्टर, 20.19 किमी लंबे मार्ग का किया निरीक्षण

• 688 करोड़ रुपये से अधिक की लागत से बन रहा बायपास, मुआवजा वितरण में पारदर्शिता और राजस्व मामलों के त्वरित निराकरण के निर्देश

तीनबत्ती न्यूज:04 नवंबर, 2026

सागर। शहर को भारी वाहनों के यातायात दबाव से राहत दिलाने और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से सीधे जोड़ने के उद्देश्य से निर्माणाधीन वेस्टर्न बायपास (NH-146) के काम में तेजी लाने के लिए कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने बुधवार को निर्माण स्थल पहुंचकर कार्यों का निरीक्षण किया। लेहदरा से बरखेड़ी गुरु तक प्रस्तावित 20.19 किलोमीटर लंबे बायपास के निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्माण की प्रगति, भूमि अधिग्रहण और मुआवजा वितरण की स्थिति की समीक्षा की।

कलेक्टर ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण तरीके से पूरा किया जाए। साथ ही प्रभावित किसानों और भू-स्वामियों को मुआवजा वितरण में किसी भी प्रकार की विसंगति या त्रुटि नहीं होनी चाहिए।

किसानों से किया सीधा संवाद, राजस्व प्रकरण जल्द निपटाने के निर्देश


निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने बायपास का लेआउट देखा और प्रस्तावित फ्लाईओवर, रैंप तथा अधिग्रहित भूमि की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित गांवों के किसानों एवं भू-स्वामियों से सीधे बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं।

कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि फौती, नामांतरण, भूमि सीमांकन, नक्शा सुधार और सिंचित-असिंचित भूमि से संबंधित मामलों का प्राथमिकता से निराकरण किया जाए। मुआवजा राशि की गणना और वितरण में पूरी पारदर्शिता रखी जाए। जिन मृतक भू-स्वामियों के मृत्यु प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं हैं, उनकी सूची तत्काल प्रस्तुत करने को कहा गया। आपसी सहमति वाले लंबित प्रकरणों का भी शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।

वन क्षेत्र में बाउंड्री वॉल और फेंसिंग बनाने के निर्देश


कलेक्टर ने बायपास को सुरक्षित और सर्वसुविधायुक्त बनाने पर जोर देते हुए वन क्षेत्र से गुजरने वाले हिस्से के दोनों ओर बाउंड्री वॉल एवं जालीदार फेंसिंग लगाने के निर्देश दिए। आवश्यकता के अनुसार रिटेनिंग वॉल का निर्माण भी कराया जाएगा।

उन्होंने मुख्य सड़क क्रॉसिंग पर भविष्य के यातायात दबाव को ध्यान में रखते हुए पर्याप्त साइनेज और ट्रैफिक कंट्रोल संरचनाएं विकसित करने को कहा। पीएचई, राजस्व और नेशनल हाईवे सहित संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से काम करने के निर्देश भी दिए।


688.31 करोड़ रुपये की लागत से बन रहा है बायपास

उल्लेखनीय है कि 20.19 किलोमीटर लंबे सागर वेस्टर्न बायपास का निर्माण 688.31 करोड़ रुपये की लागत से एमएस आर्केन्स इन्फ्रास्ट्रक्चर एंड कंस्ट्रक्शन प्राइवेट लिमिटेड द्वारा किया जा रहा है। इस परियोजना का प्रमुख उद्देश्य सागर शहर को भारी यातायात के दबाव से मुक्त करना और नॉर्थ-साउथ कॉरिडोर से सीधा संपर्क उपलब्ध कराना है।

निरीक्षण के दौरान पीडी एनएचएआई मृदुल राकेश मिश्रा, एसडीएम सागर रोहित वर्मा, एसडीएम जैसीनगर नवीन सिंह ठाकुर सहित नेशनल हाईवे अथॉरिटी और निर्माण कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।


Share:

सागर संभाग में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

सागर संभाग में नशे में वाहन चलाने वालों पर कार्रवाई, 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित

सागर में सबसे अधिक 265 चालकों के लाइसेंस निलंबित, कमिश्नर दिलीप कुमार ने कार्रवाई जारी रखने के दिए निर्देश


तीनबत्ती न्यूज: 4 नवंबर 2026

सागर: सागर संभाग में नशे की हालत में वाहन चलाने वालों के खिलाफ परिवहन विभाग ने कार्रवाई करते हुए इस वर्ष अब तक 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए हैं। इनमें सबसे अधिक 265 लाइसेंस सागर जिले के हैं। कमिश्नर सागर संभाग दिलीप कुमार ने नशे में वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रखने के निर्देश दिए हैं।

कमिश्नर दिलीप कुमार की अध्यक्षता में बुधवार को कमिश्नर कार्यालय में परिवहन विभाग की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारियों से पिछले तीन माह में वाहनों की जांच और उनके विरुद्ध की गई कार्रवाई की जानकारी ली गई।

बैठक में बताया गया कि नशे में वाहन चलाने के मामलों में अब तक सागर संभाग में कुल 501 ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित किए गए हैं। जिलेवार आंकड़ों के अनुसार सागर में 265, छतरपुर में 121, दमोह में 87, पन्ना में 21 और टीकमगढ़ में 7 लाइसेंस निलंबित किए गए हैं।

पुलिस कार्रवाई के आधार पर लाइसेंस होंगे निलंबित

कमिश्नर ने निर्देश दिए कि नशे में वाहन चलाने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के आधार पर उनके ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।

स्कूली बसों और पुराने वाहनों की होगी जांच

कमिश्नर ने स्कूली बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए स्कूली बसों सहित अन्य वाहनों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए। दमोह में हाल ही में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए वाहनों की सघन जांच करने तथा 15 वर्ष से अधिक पुराने वाहनों के मालिकों को नोटिस जारी करने को कहा।

उन्होंने ऐसे पुराने वाहनों को बदलने, परमिट निरस्त करने तथा नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए। वाहन जांच के दौरान फिटनेस प्रमाण-पत्र, परमिट, प्रदूषण प्रमाण-पत्र सहित अन्य आवश्यक दस्तावेजों की जांच करने और नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन संचालकों के विरुद्ध कार्रवाई करने को कहा।

बकाया कर वसूली और राजस्व संग्रहण की समीक्षा

बैठक में कमिश्नर ने परिवहन विभाग के राजस्व संग्रहण की भी समीक्षा की। उन्होंने चेक पोस्ट के माध्यम से राजस्व वसूली सुनिश्चित करने तथा निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप कार्रवाई करने के निर्देश दिए। बकाया कर की वसूली के लिए नोटिस जारी करने और आवश्यकतानुसार वाहन पंजीयन निरस्त करने की कार्रवाई करने को भी कहा।बैठक में सागर संभाग के सभी जिलों के जिला परिवहन अधिकारी एवं परिवहन विभाग के संबंधित अधिकारी उपस्थित थे।


Share:

बीना विधायक निर्मला सप्रे के दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट सख्त, विधानसभा अध्यक्ष को 2 महीने में फैसला लेने के निर्देश

दलबदल मामला: सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला, बीना विधायक निर्मला सप्रे पर MP विधानसभा अध्यक्ष को 2 महीने में फैसला लेने का निर्देश



तीनबत्ती न्यूज: 04 नवंबर, 2026

भोपाल/नई दिल्ली:मध्य प्रदेश के सागर जिले की बीना विधानसभा सीट से कांग्रेस टिकट पर चुनाव जीतने वाली विधायक निर्मला सप्रे के खिलाफ दलबदल मामले में सुप्रीम कोर्ट ने सख्त रुख अपनाया है। सुप्रीम कोर्ट ने एमपी विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को इस मामले में जुलाई 2024 से लंबित याचिका पर दो महीने के भीतर अंतिम फैसला लेने का निर्देश दिया है।

क्या है पूरा मामला?

निर्मला सप्रे ने वर्ष 2023 के मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव में बीना सीट से कांग्रेस के टिकट पर जीत हासिल की थी। आरोप है कि चुनाव जीतने के बाद उन्होंने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) का समर्थन करना शुरू कर दिया और पार्टी के पक्ष में प्रचार भी किया।

लोकसभा चुनाव के दौरान 5 मई 2024 को निर्मला सप्रे सागर जिले के राहतगढ़ में आयोजित एक कार्यक्रम में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मंच पर पहुंचीं और भाजपा में शामिल होने का औपचारिक ऐलान किया।

यह भी पढ़ें: सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं रेल सुविधाओं की मांगें, महामना एक्सप्रेस रानी कमलापति तक चलाने का प्रस्ताव

विधानसभा अध्यक्ष से सदस्यता रद्द करने की मांग

निर्मला सप्रे द्वारा पाला बदलने के बाद 30 जून 2024 को मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर को आवेदन सौंपा था। उन्होंने संविधान की दसवीं अनुसूची (दलबदल विरोधी कानून) के तहत निर्मला सप्रे की विधानसभा सदस्यता खत्म करने और उनके निर्वाचन को शून्य घोषित करने की मांग की थी।

कांग्रेस का आरोप था कि 90 दिनों का समय बीत जाने के बाद भी विधानसभा अध्यक्ष की ओर से इस याचिका पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई, जिसके कारण पार्टी को न्याय के लिए अदालत का दरवाजा खटखटाना पड़ा।

सुप्रीम कोर्ट की टिप्पणी

सुप्रीम कोर्ट में सुनवाई के दौरान वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने याचिकाकर्ता का पक्ष रखा। कोर्ट ने स्पष्ट किया कि संविधान की दसवीं अनुसूची से जुड़े मामलों का निपटारा बिना किसी देरी के जल्द से जल्द होना चाहिए। शीर्ष अदालत ने यह भी कहा कि ऐसे मामलों में जल्द कार्रवाई तब भी आवश्यक है, जब हाईकोर्ट को मामले में कोई तत्काल जरूरत नजर न आई हो।

इस निर्देश के बाद अब विधानसभा अध्यक्ष को अगले दो महीनों के भीतर दलबदल याचिका पर फैसला सुनाना होगा। कानूनी जानकारों और मीडिया प्लेटफॉर्म 'बार एंड बेंच' द्वारा साझा की गई इस जानकारी को वरिष्ठ अधिवक्ता विवेक तन्खा ने भी री-पोस्ट कर पुष्टि की है।

Share:

सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं रेल सुविधाओं की मांगें, महामना एक्सप्रेस रानी कमलापति तक चलाने का प्रस्ताव

भोपाल मण्डल के सांसदों के साथ पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक: सांसद रजनीश कुमार अग्रवाल ने उठाए  रेल से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे


तीनबत्ती न्यूज:04 नवंबर, 2026

भोपाल। पश्चिम मध्य रेलवे के महाप्रबंधक एवं अन्य वरिष्ठ अधिकारियों के साथ सांसदगण की बैठक में राज्यसभा सांसद श्री रजनीश कुमार अग्रवाल ने भोपाल रेल मंडल से संबंधित यात्री सुविधाओं, रेल कनेक्टिविटी और स्टेशनों के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे उठाए।

यह भी पढ़ें: सागर-बुंदेलखंड में रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल ने उठाईं प्रमुख मांगें • सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन, नागपुर के लिए सीधी ट्रेन और वंदे भारत एवं अमृत भारत नेटवर्क से सागर को जोड़ने की मांग

सांसद श्री अग्रवाल ने प्रमुख रूप से निम्न मांगें रखीं—

1. बीना रेलवे स्टेशन के समीप RLDA के माध्यम से PPP मॉडल पर बड़े अस्पताल की स्थापना।

2. मंडी बामोरा स्टेशन पर प्रयागराज, इटारसी एवं पातालकोट एक्सप्रेस का ठहराव।

3. भोपाल या रानी कमलापति स्टेशन से अयोध्या के लिए प्रतिदिन सीधी ट्रेन, जिसका ठहराव विदिशा, गंजबासौदा, मंडी बामोरा एवं बीना में हो।

4. मंडी बामोरा स्टेशन को अमृत भारत स्टेशन योजना में शामिल कर विकास तथा प्रधानमंत्री गति शक्ति कार्गो टर्मिनल की स्थापना।

5. बीना मालखेड़ी स्टेशन को पुनः भोपाल मंडल में शामिल करने तथा झांसी एवं कटनी लाइन से संबंधित रेलवे सीमाओं का पुनर्निर्धारण।

6. बीना स्टेशन पर अन्य निर्माण के साथ ही तत्काल जरूरी सुविधाएं,   ट्रेनों के ठहराव,बीना-सागर रेलवे अंडरब्रिज एवं मालगोदाम तक पहुंच मार्ग का निर्माण।

7. विंध्याचल एक्सप्रेस को भोपाल से शाम 6:20 के स्थान पर 7:50 बजे संचालित करना।

8. भोपाल-जोधपुर ट्रेन का महादेव खेड़ी स्टेशन पर ठहराव तथा महादेव खेड़ी, समरखेड़ी एवं कंजिया स्टेशनों तक पहुंच मार्ग का निर्माण।

9. महामना एक्सप्रेस का विस्तार रानी कमलापति रेलवे स्टेशन तक करना।

स्वच्छता और यात्री सुरक्षा पर विशेष जोर

सांसद ने रेलवे स्टेशनों पर नियमित एवं प्रभावी साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय, पर्याप्त शुद्ध पेयजल और पेयजल की नियमित गुणवत्ता जांच सुनिश्चित करने की मांग की। साथ ही स्टेशन परिसरों में आवारा पशुओं के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए बाउंड्री, प्रवेश द्वार और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने पर जोर दिया । श्री अग्रवाल ने कहा कि रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को स्वच्छ, सुरक्षित एवं सुविधाजनक वातावरण मिलना चाहिए। छोटे शहरों और कस्बों के स्टेशनों का विकास भी बड़े स्टेशनों की तरह प्राथमिकता से होना आवश्यक है।

उन्होंने रेलवे के महाप्रबंधक एवं वरिष्ठ अधिकारियों से सभी मांगों पर गंभीरता से विचार कर आवश्यक कार्रवाई करने का आग्रह किया।

Share:

खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या के विरोध में सागर में कांग्रेस की मानव श्रृंखला: कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि

खातेगांव थाना प्रभारी की हत्या के विरोध में सागर में कांग्रेस की मानव श्रृंखला: कैंडल मार्च निकालकर दी श्रद्धांजलि


तीनबत्ती न्यूज: 03 नवंबर, 2026

सागर। मध्यप्रदेश के खातेगांव थाना प्रभारी दिलीप पुरी गोस्वामी की शराब माफिया द्वारा ट्रक से कुचलकर की गई हत्या के विरोध में मंगलवार को जिला शहर कांग्रेस कमेटी सागर ने मानव श्रृंखला बनाकर विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेसजनों ने कैंडल मार्च निकालकर दिवंगत पुलिस अधिकारी को श्रद्धांजलि अर्पित की और माफिया के खिलाफ नारेबाजी की।

-----

लिस्ट देखने क्लिक करे

मध्यप्रदेश में युवक कांग्रेस के कई पदाधिकारी/जिलाध्यक्ष निलंबित

_________

जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव के नेतृत्व में गौर मूर्ति, तीन बत्ती चौराहे पर यह कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने हाथों में हाथ डालकर मानव श्रृंखला बनाई और घटना के विरोध में प्रदर्शन किया।जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने कहा कि यह घटना अत्यंत दुखद और शर्मनाक है। एक कर्तव्यनिष्ठ पुलिस अधिकारी की शराब माफिया द्वारा हत्या कर दिया जाना प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है। उन्होंने कहा कि जब गृह विभाग मुख्यमंत्री के पास है, इसके बावजूद पुलिस अधिकारी सुरक्षित नहीं हैं तो आम जनता की सुरक्षा का क्या होगा।


उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में शराब, खनन और भू-माफिया बेलगाम हैं तथा शासन-प्रशासन का खौफ खत्म हो गया है। कांग्रेस ने मांग की कि हत्याकांड की उच्च स्तरीय जांच कराई जाए, दोषी माफियाओं और उनके संरक्षकों पर सख्त कार्रवाई हो।पूर्व विधायक सुनील जैन ने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में मध्यप्रदेश माफियाओं की शरणस्थली बन गया है। पुलिस का मनोबल टूट रहा है और ईमानदार अधिकारियों पर हमले हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह मानव श्रृंखला सरकार को जगाने के लिए बनाई गई है। कांग्रेस पार्टी दिवंगत थाना प्रभारी के परिवार के साथ खड़ी है और न्याय मिलने तक उसकी लड़ाई जारी रहेगी।

ये कांग्रेसजन रहे उपस्थित

कार्यक्रम में रमाकांत यादव, संगठन मंत्री रामकुमार पचौरी, शरद पुरोहित, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष वीरेंद्र राजे, नरेंद्र मिश्रा, सेवादल अध्यक्ष कटारे, आनंद हेला, अक्षत कोठारी, सुरेंद्र सुहाने, लीलाधर सूर्यवंशी, हीरालाल चौधरी, गंगाराम अहिरवार, नीलश अहिरवार, नरेश संकनत, वीरू चौधरी, मयंक ठक्कर, कुंजीलाल लडिया, संजय सराफ, रजिया खान, रेखा सोनी, ज्योति मलैया, मीना पटेल, पवन पटेल, दीनदयाल तिवारी, प्रभात भंडारी, बंटी कोरी, आफताब कुरैशी, फिरदौस कुरैशी, जयदीप तिवारी, श्रीदास रैकवार, कार्तिकेय रोहन, साजिद राईन, ताहिर खान, संजीव अहिरवार, अंकुर यादव, पप्पू यादव और लल्ला यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसजन उपस्थित रहे।



Share:

फिल्म हनुमान अंश के गायक सुनील लोधी का स्वास्थ्य और नेत्र परीक्षण, कलेक्टर दिलीप यादव से मिले

मुख्यमंत्री डॉ. यादव की मंशानुरूप बुंदेली गायक सुनील लोधी का कराया गया स्वास्थ्य एवं नेत्र परीक्षण

• कलेक्टर दिलीप कुमार यादव से मिले ‘हनुमान अंश’ फिल्म के गायक, भजन गाकर सुनाया


तीनबत्ती न्यूज : 03 नवंबर 2026

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की मंशानुरूप फिल्म ‘हनुमान अंश’ के बुंदेली गीत से लोकप्रिय हुए सागर के युवा गायक सुनील लोधी का बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य एवं विस्तृत नेत्र परीक्षण कराया गया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विगत दिनों सुनील लोधी से मुलाकात के दौरान उनकी संगीत शिक्षा के साथ-साथ समुचित इलाज के निर्देश दिए थे।

मुख्यमंत्री के निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर दिलीप कुमार यादव की विशेष पहल पर बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज में सुनील लोधी का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। साथ ही उनकी आंखों की विस्तृत जांच कर आवश्यक चिकित्सकीय सहायता उपलब्ध कराने की प्रक्रिया भी की गई।

कलेक्टर से की सौजन्य भेंट

बीएमसी में स्वास्थ्य परीक्षण के बाद सुनील लोधी ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव से सौजन्य भेंट की। कलेक्टर ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया।

इस दौरान सुनील लोधी ने अपनी भावपूर्ण प्रस्तुति देते हुए भजन भी गाकर सुनाया। कलेक्टर श्री यादव ने उनकी गायन प्रतिभा और कला के क्षेत्र में किए जा रहे उत्कृष्ट योगदान की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।

मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान...’ गीत हुआ लोकप्रिय

उल्लेखनीय है कि सागर के सुनील लोधी ने हाल ही में रिलीज हुई फिल्म ‘हनुमान अंश’ के लिए बुंदेली गीत गाया है। उनका गीत ‘मैंने तेरे ही भरोसे हनुमान, सागर में नैया डार दई’ सोशल मीडिया सहित विभिन्न माध्यमों पर तेजी से लोकप्रिय हुआ है।

बुंदेली भाषा और स्थानीय लोक संस्कृति से जुड़े इस गीत ने सुनील लोधी को व्यापक पहचान दिलाई है।


Share:

खुरई में 2.77 लाख के अवैध पटाखे जब्त, घनी आबादी में बिना लाइसेंस हो रहा था भंडारण

खुरई में घनी आबादी वाले क्षेत्र से 2.77 लाख के अवैध पटाखे जब्त, मामला दर्ज


तीनबत्ती न्यूज: 03 नवंबर, 2026

खुरई। आगामी त्योहारों को देखते हुए सागर पुलिस द्वारा अवैध पटाखों के भंडारण और विक्रय के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खुरई शहर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने घनी आबादी वाले रिहायशी क्षेत्र में बिना वैध लाइसेंस के भंडारित किए गए करीब 2 लाख 77 हजार 209 रुपये कीमत के पटाखे जब्त किए हैं।

पुलिस के अनुसार थाना खुरई शहर पुलिस को सूचना मिली थी कि शहर के रिहायशी क्षेत्र में अवैध रूप से बड़ी मात्रा में पटाखों का भंडारण किया गया है। सूचना पर पुलिस टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर जांच की।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने सुतली बम, बुलेट बम, चकरी, रॉकेट, अनारदाना, लड़ी सहित विभिन्न प्रकार की आतिशबाजी सामग्री जब्त की। जब्त पटाखों की अनुमानित कीमत 2,77,209 रुपये बताई गई है।

आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज

पुलिस ने अवैध रूप से पटाखों का भंडारण करने के आरोप में अभिषेक पिता स्वर्गीय कैलाश यादव (28), निवासी चंद्रशेखर आजाद वार्ड, नगर पालिका के सामने, पठार, खुरई के विरुद्ध थाना खुरई शहर में अपराध क्रमांक 322/26 दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ धारा 5(9) विस्फोटक अधिनियम एवं धारा 288 भारतीय न्याय संहिता के तहत कार्रवाई की गई है।

इनकी रही महत्वपूर्ण भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी खुरई शहर योगेंद्र सिंह दांगी, उप निरीक्षक अशोक उपाध्याय, प्रधान आरक्षक बी.डी. शिवहरे तथा आरक्षक देवेंद्र यादव, धीरेन्द्र सिंह राजावत, प्रीतम शाक्य, आशीष दुबे और भानू गुर्जर का विशेष योगदान रहा।



Share:

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सागर शहर के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

कलेक्टर दिलीप कुमार यादव ने सागर शहर के विकास कार्यों का किया निरीक्षण

• तिली चौराहा ऑडिटोरियम, कनेरादेव कॉलोनी, प्रमुख चौराहों और छोटी झील घाट का लिया जायजा


तीनबत्ती न्यूज : 03 नवंबर 2026

सागर। कलेक्टर श्री दिलीप कुमार यादव ने मंगलवार सुबह नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री एवं नगर निगम की टीम के साथ शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माणाधीन परियोजनाओं, यातायात व्यवस्था, आवासीय कॉलोनी और पार्कों सहित छोटी झील किनारे विकसित किए जा रहे कार्यों का जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

तिली चौराहा ऑडिटोरियम का निरीक्षण

कलेक्टर ने तिली चौराहा स्थित निर्माणाधीन ऑडिटोरियम का निरीक्षण किया। उन्होंने ऑडिटोरियम की कुल बैठक क्षमता, कमरों एवं हॉल, टॉयलेट, पेयजल और पार्किंग सहित अन्य सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने मेप के माध्यम से भवन की ड्राइंग एवं डिजाइन की भी समीक्षा की।

उन्होंने निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि भीड़ प्रबंधन को ध्यान में रखते हुए ऑडिटोरियम में प्रवेश और निकास के रास्ते अलग-अलग रखे जाएं। भवन का निर्माण इस तरह किया जाए कि भविष्य में उसका रखरखाव आसान हो।

कलेक्टर ने भवन के खुले हिस्सों और खिड़कियों को ग्लास एवं जाली आदि से व्यवस्थित रूप से ढकने के निर्देश दिए, ताकि पक्षियों के कारण होने वाली गंदगी को रोका जा सके। उन्होंने परिसर में मौजूद पेड़-पौधों को सुरक्षित रखने और निर्माण के दौरान उन्हें काटने की आवश्यकता न पड़े, इस तरह कार्य करने के निर्देश दिए।

चौराहों पर यातायात व्यवस्था सुधारने के निर्देश

कलेक्टर ने तिली चौराहा, राजघाट तिराहा सहित शहर के विभिन्न प्रमुख चौराहों का निरीक्षण किया। उन्होंने शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के लिए यातायात विशेषज्ञ से ट्रैफिक फ्लो का सर्वे कराने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार रोटरी विकसित कर चौराहों को सुंदर बनाने के साथ यातायात को भी व्यवस्थित किया जाए। सभी प्रमुख चौराहों पर लेफ्ट टर्न को व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए गए।


कनेरादेव आवासीय कॉलोनी का निरीक्षण

कलेक्टर ने कनेरादेव आवासीय कॉलोनी का भी निरीक्षण किया। उन्होंने कॉलोनी में निर्मित ब्लॉकों, आवंटित भवनों और निर्माणाधीन भवनों की जानकारी ली तथा पूरे परिसर का भ्रमण किया।

उन्होंने बिजली व्यवस्था के लिए स्थापित डीपी, सड़कों और पेयजल आपूर्ति के लिए पानी की टंकी सहित अन्य मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने स्थानीय निवासियों से संवाद कर उनकी समस्याएं और आवश्यकताएं भी जानीं।

कलेक्टर ने इंजीनियर्स को स्थानीय निवासियों की मांग के अनुसार मूलभूत सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कॉलोनी के बेहतर रखरखाव के लिए यहां के निवासियों की सोसाइटी गठित की जाए और कॉलोनी की देखरेख एवं रखरखाव की जिम्मेदारी सोसाइटी को सौंपी जाए, जिससे नियमित रूप से रखरखाव सुनिश्चित हो सके।

पार्कों और छोटी झील घाट का निरीक्षण

कलेक्टर ने वीरांगना झलकारी बाई पार्क, कला मंच और छोटी झील किनारे नवनिर्मित घाट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी पार्कों में नियमित रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि समय पर घास की कटाई और पेड़ों की छंटाई होने से पार्कों की सुंदरता एवं स्वच्छता बेहतर होती है। व्यवस्थित रखरखाव वाले पार्क नागरिकों के लिए ‘हैप्पी प्लेस’ के रूप में विकसित होते हैं, जहां लोग चहलकदमी के साथ बेहतर हरियाली और स्वस्थ वातावरण का लाभ ले सकते हैं।

उन्होंने पार्कों में स्थापित प्रतिमाओं से जुड़े इतिहास की जानकारी नागरिकों को उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्था करने के निर्देश दिए, ताकि यहां आने वाले लोग उनके ऐतिहासिक महत्व से परिचित हो सकें।

छोटी झील किनारे नवनिर्मित घाट के निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कबाड़ से जुगाड़ के माध्यम से बनाए गए गदा के आकार सहित अन्य कलाकृतियों को देखा और उनकी जानकारी ली। उन्होंने सागर में 3R—रिसाइकल, रियूज और रिड्यूस को बढ़ावा देने के लिए संचालित 3R सेंटर तथा अन्य गतिविधियों की भी जानकारी प्राप्त की।

Share:

50 साल से काबिज ग्रामीणों की जमीन इंजीनियरिंग कॉलेज के नाम दर्ज, भू-स्वामी हक की मांग

सागर: दशकों पुराने पट्टों पर उठा विवाद, ग्रामीणों ने की भू-स्वामी हक की मांग


तीनबत्ती न्यूज: 03 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले के ग्राम बहेरिया गदगद के दर्जनों निवासियों ने आज अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को एक ज्ञापन सौंपकर अपनी जमीनों पर भू-स्वामी अधिकार दर्ज करने की मांग की है। ग्रामीणों का आरोप है कि जिस भूमि पर वे पिछले करीब 50 वर्षों से रह रहे हैं, उसे अब तकनीकी शिक्षा विभाग (शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज) के नाम पर दर्ज कर दिया गया है।

क्या है पूरा मामला?

ज्ञापन के अनुसार, लगभग 50 ग्रामीण आवेदकों ने बताया कि उनके पूर्वजों को वर्ष 1975-76 में तत्कालीन नायब तहसीलदार द्वारा 'ग्रामीण आवास योजना' के तहत आवासीय भूखंड आवंटित किए गए थे। तब से वे इन जमीनों पर मकान बनाकर रह रहे हैं और उनके पास इसके पट्टे भी मौजूद हैं।

विवाद की वजह

ग्रामीणों का कहना है कि राजस्व रिकॉर्ड में यह भूमि पहले 'शासकीय मद' में दर्ज थी। लेकिन वर्ष 2021-22 में इसे शासकीय तकनीकी शिक्षा विभाग (शासकीय इंजीनियरिंग कॉलेज, सागर) के नाम पर दर्ज कर दिया गया है।

ग्रामीणों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा है कि इस बदलाव से पहले उन्हें न तो कोई सूचना दी गई और ना ही उनकी बात सुनने का कोई अवसर दिया गया, जो प्राकृतिक न्याय के सिद्धांतों के खिलाफ है।

ग्रामीणों की मांग

ज्ञापन में ग्रामीणों ने मांग की है कि चूंकि वे लंबे समय से यहां रह रहे हैं और उनके पास आवंटन के दस्तावेज हैं, इसलिए मध्य प्रदेश दखलकार अधिनियम और 'स्वामित्व योजना' के प्रावधानों के तहत उन्हें इन भूखंडों का भू-स्वामी अधिकार दिया जाए और राजस्व रिकॉर्ड में उनके नाम दर्ज किए जाएं।

ज्ञापन देने वालों में कंचन चड़ार, रामदास पटेल, शिवलाल पटेल, गयाप्रसाद शर्मा, रामकली पटेल, संतोष रैकवार और राहुल रैकवार सहित कई अन्य ग्रामीण शामिल हैं।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive