Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर नगर निगम कमिश्नर की पहल: भीतर बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण कचरा गाड़ी को देंगे कचरा

सागर नगर निगम कमिश्नर की पहल: भीतर बाजार के व्यापारियों ने स्वेच्छा से हटाएंगे अतिक्रमण  कचरा गाड़ी को देंगे कचरा



तीनबत्ती न्यूज: 25 अक्टूबर, 2026

सागर। सागर शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाने और बाजार क्षेत्र को स्वच्छ एवं व्यवस्थित रखने की दिशा में नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री की पहल का सकारात्मक असर सामने आया है। भीतर बाजार व्यापारी संघ ने दुकानों के सामने सड़क पर किए गए टीनशेड सहित अन्य अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटाने तथा दुकानों से निकलने वाले कचरे को कचरा गाड़ी में ही देने का निर्णय लिया है। नगर निगम ने तीन दिन पहले कटरा क्षेत्र में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया था। 

यह भी पढ़ें: डेयरी विस्थापन: प्लाट मिला फिर भी नहीं हटाई डेयरी ,पांच संचालकों पर कार्रवाई : दो दिन में दस डेयरी संचालकों पर कार्रवाई

दुकानदारों ने दी कमिश्नर को जानकारी दी

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने रविवार को कटरा बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया। इस दौरान भीतर बाजार व्यापारी संघ ने उन्हें शहर हित में लिए गए निर्णय की जानकारी दी। इससे पहले शुक्रवार सुबह निगमायुक्त ने ऑटो रिक्शा में बैठकर भीतर बाजार क्षेत्र का निरीक्षण किया था। उन्होंने दुकानदारों से चर्चा कर दुकानों के सामने सड़क पर करीब 10 फीट तक किए गए अतिक्रमण को हटाने की अपील की थी, ताकि बाजार में यातायात सुचारू रहे और नागरिकों को आवागमन में परेशानी न हो।



निगमायुक्त की अपील पर भीतर बाजार व्यापारी संघ ने सकारात्मक रुख अपनाते हुए अतिक्रमण हटाने पर सहमति जताई है। संघ के महामंत्री विकास केशरवानी ने बताया कि दीपावली सहित आगामी त्योहारों में बाजार में बड़ी संख्या में लोग खरीदारी के लिए पहुंचेंगे। नागरिकों की सुविधा और सुगम यातायात को देखते हुए सभी व्यापारी सदस्यों ने दुकानों के सामने से टीनशेड एवं अन्य अतिक्रमण हटाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि रविवार शाम तक सभी दुकानों के सामने से टीनशेड हटाकर जगह खाली कर दी जाएगी। इस मौके पर संघ के मुकेश साहू सहित अनेक लोग मौजूद रहे। 

व्यापारी संघ ने बाजार में स्वच्छता बनाए रखने के लिए भी निर्णय लिया है। सभी व्यापारी अपनी दुकानों से निकलने वाला कचरा कचरा गाड़ी में ही देंगे। जिन स्थानों पर कचरा गाड़ी नहीं पहुंचती, वहां निर्धारित स्थान पर कचरा एकत्रित कर कचरा गाड़ी को सूचना देकर उठवाया जाएगा। इससे दुकानों के सामने सड़क पर कचरा फैलने की समस्या पर भी रोक लगेगी।

निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने व्यापारी संघ की इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि शहर को व्यवस्थित, स्वच्छ और सुंदर बनाने के लिए नगर निगम के प्रयासों के साथ नागरिकों और व्यापारियों का सहयोग भी जरूरी है। भीतर बाजार व्यापारी संघ ने स्वेच्छा से अतिक्रमण हटाने और कचरे के उचित प्रबंधन का निर्णय लेकर शहर हित में सराहनीय पहल की है।

उन्होंने कहा कि इस तरह के सहयोगात्मक प्रयासों से अन्य बाजारों के व्यापारियों को भी प्रेरणा मिलेगी। जनसहयोग और आपसी समन्वय से शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता को बेहतर बनाया जा सकता है। नगर निगम का उद्देश्य बाजारों को व्यवस्थित बनाना, नागरिकों को सुगम आवागमन उपलब्ध कराना और सागर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखना है।


Share:

www.Teenbattinews.com

Archive