रिटायर्ड राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के अनुभव आज भी उपयोगी : पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह
• सेवानिवृत्त अधिकारियों के अनुभव का वर्तमान पुलिस व्यवस्था और नशामुक्ति अभियान में लिया जा सकता है लाभ
सागर। सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों के अनुभव का लाभ वर्तमान पुलिस अधिकारियों के साथ-साथ नशे के विरुद्ध अभियान सहित विभिन्न सामाजिक सेवा प्रकल्पों में लिया जा सकता है। इसके लिए एक व्यवस्थित मैकेनिज्म बनाए जाने की आवश्यकता है। इस संबंध में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से चर्चा करूंगा। यह बात पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने इंटीग्रेटेड सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी संघ द्वारा आयोजित वर्कशॉप को संबोधित करते हुए कही।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में विभिन्न पदों और स्तरों पर कार्य करते हुए व्यापक अनुभव अर्जित किया है। इन अनुभवों का लाभ नवागत पुलिस अधिकारियों को दिया जाए तो उनकी कार्यप्रणाली को अधिक दक्ष बनाया जा सकता है और समाजहित में सेवानिवृत्त अधिकारियों की रचनात्मक भूमिका भी सुनिश्चित होगी।
उन्होंने कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारी जिन जिलों में रहे हैं, वहां आवश्यकता के अनुसार महीने में एक या अधिक बार वर्तमान पुलिस अधिकारियों से मेलजोल कर अपने अनुभव साझा कर सकते हैं। पुलिसिंग के साथ-साथ समाज में बढ़ती नशे की समस्या की प्रभावी रोकथाम में भी सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों का अनुभव और जानकारी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।
पूर्व गृहमंत्री ने कहा कि सेवा नियमों के अनुसार सेवानिवृत्ति के बाद पुलिस अधिकारियों की भूमिका भले ही बदल जाती है, लेकिन उनकी सक्रियता और अनुभव समाज के लिए उपयोगी बने रह सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा संचालित सेवा प्रकल्पों में भी मार्गदर्शन के लिए सेवानिवृत्त अधिकारियों को समय-समय पर आमंत्रित किया जाएगा।
भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि महाकौशल, विंध्य और बुंदेलखंड क्षेत्र में निवासरत सेवानिवृत्त पुलिस अधिकारियों को एकजुट एवं सक्रिय रखने के उद्देश्य से संघ की शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि इस मेलजोल और सक्रियता से समाज एवं प्रदेश के हित में महत्वपूर्ण सुझाव सामने आ सकते हैं। उन्होंने अपने गृहमंत्री कार्यकाल को याद करते हुए कहा कि उनमें से अधिकांश अधिकारियों के कार्यों और उपलब्धियों से वे परिचित रहे हैं और सभी ने समाज के लिए महत्वपूर्ण योगदान दिया है।
सक्रिय और आनंदपूर्ण जीवन जीने का आह्वान
सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी संघ के अध्यक्ष एवं डीआईजी एमएस वर्मा ने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित सभी अधिकारी सार्वजनिक जीवन में उत्कृष्ट पुलिस अधिकारी रहे हैं। उन्होंने समाज को सेवा, त्याग और प्रेम दिया है। यदि समाज में उनकी कोई रचनात्मक भूमिका हो सकती है तो संघ के सभी सदस्य इसके लिए तैयार हैं।
उन्होंने बताया कि संघ के 100 से अधिक सक्रिय सदस्य बन चुके हैं। सेवानिवृत्ति के बाद जीवन एकाकी, उपेक्षित और रिक्तता भरा होने के बजाय सक्रिय और आनंदपूर्ण होना चाहिए।
कार्यक्रम का आभार सेवानिवृत्त डीएसपी वीरेन्द्र बहादुर सिंह ने व्यक्त किया, जबकि संचालन रिटायर्ड डीएसपी राकेश पांडे ने किया।
ये रहे शामिल
कार्यक्रम में पूर्व सांसद राजबहादुर सिंह, आईजी मिथलेश शुक्ला, डीआईजी एमएस वर्मा, डीआईजी तिलक सिंह, एडीएसपी तिलक सिंह, एडीएसपी राजेश तिवारी, एसपी गोपाल खन्डेल, एडीएसपी सुरेन्द्र सिंह, एडीएसपी मनोज वर्मा सहित बड़ी संख्या में सेवानिवृत्त राजपत्रित पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें