हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव: भक्ति, ब्रज संस्कृति और उल्लास से सराबोर हुआ सागर
तीनबत्ती न्यूज: 16 अगस्त, 2026
सागर। धर्मश्री स्थित विधायक निवास में अंतरराष्ट्रीय कथा वाचक पूज्य पं. श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर “हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव” का भव्य आयोजन श्रद्धा, भक्ति और हर्षोल्लास के साथ किया गया। बड़ी संख्या में मातृशक्ति एवं श्रद्धालुओं ने आयोजन में शामिल होकर ब्रज की भक्ति, सनातन संस्कृति और तीज की पारंपरिक उमंग का आनंद लिया।
कार्यक्रम में सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े एवं सागर विधायक शैलेन्द्र जैन सहित बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। वृंदावन से विशेष रूप से पधारे भजन गायक हर्ष भैया ने मधुर एवं आनंदमय भजनों की प्रस्तुति देकर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
भजन-कीर्तन के बीच हिंडोले में विराजमान श्रीजी के मनोहारी दर्शन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण रहे। वहीं फूलों की होली ने आयोजन में ब्रज की प्रेम और भक्ति की अनूठी छटा बिखेर दी। उपस्थित महिलाओं ने भजनों पर नृत्य कर उत्सव का आनंद लिया।
हरियाली तीज भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति : लता वानखेड़े
सागर सांसद श्रीमती लता वानखेड़े ने कहा कि हरियाली तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और नारी शक्ति की सुंदर अभिव्यक्ति हैं। ऐसे आयोजन महिलाओं को अपनी परंपराओं से जोड़ने के साथ समाज में प्रेम, सौहार्द और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि श्रीजी के हिंडोला उत्सव में शामिल होकर उन्हें अत्यंत आनंद और आध्यात्मिक अनुभूति हुई। सांसद ने कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती अनुश्री जैन एवं उपस्थित मातृशक्ति को हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
सनातन परंपराएं सामाजिक एकता की पहचान : शैलेन्द्र जैन
सागर विधायक शैलेन्द्र जैन ने कहा कि ब्रज की भक्ति, श्रीजी का हिंडोला, मधुर भजन और फूलों की होली ने आयोजन को विशेष बना दिया। उन्होंने कहा कि हमारी सनातन परंपराएं केवल धार्मिक आस्था का विषय नहीं हैं, बल्कि हमारी संस्कृति और सामाजिक एकता की पहचान भी हैं।उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों के माध्यम से हमारी सांस्कृतिक परंपराएं नई पीढ़ी तक पहुंचती हैं।
मातृशक्ति को ब्रज की भक्ति और सनातन संस्कृति से जोड़ना उद्देश्य : अनुश्री जैन
कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती अनुश्री शैलेन्द्र जैन ने कहा कि पूज्य पं. श्री इंद्रेश उपाध्याय जी महाराज के जन्मोत्सव के पावन अवसर पर हरियाली तीज एवं श्रीजी का हिंडोला उत्सव आयोजित करना उनके लिए सौभाग्य और आत्मिक आनंद का विषय है।उन्होंने कहा कि आयोजन के माध्यम से सागर की मातृशक्ति को ब्रज की भक्ति, सनातन संस्कृति और तीज की पारंपरिक उमंग से जोड़ने का प्रयास किया गया। वृंदावन से आए हर्ष भैया के भजनों, श्रीजी के हिंडोला दर्शन और फूलों की होली ने उत्सव को अविस्मरणीय बना दिया।उन्होंने आयोजन में शामिल सभी मातृशक्ति, सखियों और श्रद्धालुओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने पारंपरिक उत्साह के साथ हरियाली तीज का पर्व मनाया। भक्ति संगीत, नृत्य, फूलों की होली और श्रीजी के हिंडोला दर्शन से पूरा परिसर भक्तिमय एवं आनंदमय बना रहा।
ये रही शामिल
इस अवसर पर जसवीर सोढ़ी, श्रीमती अमृता आनंद, निधि जैन, रितु तिवारी, मनीषा मिश्रा, रेखा मुखरया, गुरविंदर चावला, सरवीन चड्ढा, नम्रता पिंपलापुरे, तनुश्री भाटिया, नीलिमा पिंपलापुरे, मेघा दुबे, रितु सिंह, प्रीति शर्मा, प्रीति सिंह, वैशाली सोनी, मधु दरे, ज्योति सराफ, ममता जैन, माधुरी राजपूत, स्वाति हलवे, निशा शिंदे, वर्षा ठाकुर, रूप राज, श्वेता सराफ, कल्पना सोनी, मंजुश्री चौरसिया, सुनीता रैकवार, दीपाली राठौर, तृप्ति राठौर, मीरा चौबे, विनीता केशरवानी, श्वेता नेमा, रितु बघेल और रिमी राजौरिया सहित बड़ी संख्या में सामाजिक महिलाएं शामिल रहीं।






