Editor: Vinod Arya | 94244 37885

बुलेट ट्रेन को एक लाख करोड़ और बुंदेलखंड में रेलों को पांच फीसदी भी नहीं : रघु ठाकुर ▪️राज्यसभा सांसद संजय सिंह बोले - भारत - अमरीका व्यापार समझौता किसानों का डेथ वारंट ▪️बुंदेलखंड सर्वदलीय संघर्ष मोर्चा ने जंतर-मंतर दिल्ली में दिया धरना

बुलेट ट्रेन को एक लाख करोड़ और बुंदेलखंड में रेलों को पांच फीसदी भी नहीं  : रघु ठाकुर 

▪️राज्यसभा सांसद संजय सिंह बोले - भारत - अमरीका व्यापार समझौता किसानों का डेथ वारंट 

▪️बुंदेलखंड सर्वदलीय संघर्ष मोर्चा ने जंतर-मंतर दिल्ली में दिया धरना 


तीनबत्ती न्यूज: 13 फरवरी, 2026

दिल्ली।' सरकार यदि आबादी के हिसाब से  बजट आवंटित करे तो बुंदेलखंड जैसे अंचलों का पिछड़ापन , बेरोजगारी और ग़रीबी दूर हो सकती है, लेकिन सरकार एक ओर बुलेट ट्रेन पर एक लाख करोड़ खर्च कर सकती है लेकिन बुंदेलखंड को उसकी जरूरत के मुताबिक रेल लाइन के लिए पांच हजार करोड़ भी नहीं देना चाहती। सही नीति से इसे ठीक किया जा सकता है।' सुप्रसिद्ध सोशलिस्ट चिंतक व जननेता रघु ठाकुर ने आज दिल्ली के जंतर-मंतर पर बुंदेलखंड सर्वदलीय नागरिक संघर्ष मोर्चा के धरना में बोलते हुए यह बात कही। उन्होंने आह्वान किया कि सरकार की  भेदभावपूर्ण नीति का प्रतीकात्मक विरोध आने वाली होली से शुरू किया जाये।इस धरने में शामिल होने व समर्थन देने बुंदेलखंड सहित छत्तीसगढ़ व विदर्भ से भी लोग आये थे। रघु ठाकुर की अगुवाई में साल 2009 से यह धरना हर साल जाड़ों में होता है। इस साल धरने के तहत भारतीय हॉकी के गौरव मेजर ध्यानचंद व सागर विश्वविद्यालय के संस्थापक हरिसिंह गौर को भारतरत्न से अलंकृत करने, बुंदेलखंड को रेल सेवाओं से जोड़ने व अंचल में पर्यटन परिपथ विकसित करने की मांग मुख्य रूप से शामिल है। जिन मार्गों पर रेल सेवा शुरू करने की मांग की गई है उनमें भिंड- बांदा - महोबा, ललितपुर - सागर, सागर - छिंदवाड़ा, छतरपुर - सागर, झांसी - शिवपुरी और ललितपुर - चंदेरी मार्ग शामिल हैं।

धरने के बाद प्रधानमंत्री, रेलमंत्री व वनमंत्री को ज्ञापन सौंपा गया।धरने को राज्यसभा सदस्य व आम आदमी पार्टी के नेता संजय सिंह सहित अनेक गणमान्य लोगों ने संबोधित किया।

संजय सिंह ने अपने भाषण में केन्द्र सरकार की नीतियों की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि लगातार जनविरोधी और किसान-विरोधी फैसले लिए जा रहे हैं। हाल का भारत - अमरीका व्यापार समझौता इसका ताजा प्रमाण है जिसमें अमरीका तो भारतीय माल पर मनमाना आयात कर लगा रहा है लेकिन भारत में अमरीकी माल आने की पूरी छूट का इंतजाम कर दिया गया है। यह समझौता नहीं बल्कि किसानों के ' डेथ वारंट ' पर दस्तखत हैं जिसके चलते भारत के किसान बर्बाद होंगे और अमरीका के उन किसान मुनाफा कमायेंगे जिन्हें वहां की सरकार अच्छी खासी सब्सिडी देती है।

संजय सिंह ने भारतीय जनता पार्टी की सरकार को 'भारतीय जुमला पार्टी ' बताते हुए कहा कि हर साल दो करोड़ नौकरी, फसल का दाम दोगुना करने , हर खाते में पंद्रह लाख रुपए आने जैसे वादे तो पूरे किए नहीं, उल्टे देशभर में एक लाख स्कूल बंद कर दिए गए, प्रति व्यक्ति आय घटती चली गई और देश तरक्की के मामले में 142 वें नंबर पर चला गया। संजय सिंह ने इन नीतियों के विरोध में सड़क से संसद तक संघर्ष करने की जरूरत बताई।

रघु ठाकुर ने इस अवसर कहा कि विभिन्न अंचल के जनप्रतिनिधि बंधुआ मजदूर जैसा व्यवहार कर रहे हैं। उन्हें लगातार अंचल के हित में मांग करनी चाहिए, लेकिन वे चुप रहते हैं। दूसरी ओर विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री राजे रजवाड़ों के अंदाज में लोकलुभावन घोषणाएं कर रहे हैं, जबकि हर क्षेत्र को उसकी जनसंख्या के हिसाब से बजट मिलना चाहिए। आखिर जनता की गाढ़ी कमाई का पैसा है।

रघु ठाकुर ने योजना के लागू होने में विलम्ब का विषय उठाते हुए याद दिलाया कि अटल विहारी वाजपेई के प्रधानमंत्री काल में छतरपुर में केन - वेतवा परियोजना की घोषणा की थी जिसे अमली जामा पहनाने में दो दशक से ज्यादा लग गये।

ये हुए शामिल

धरने में आये लोगों को   कांग्रेसी पूर्व विधायक तरवर सिंह,आम आदमी पार्टी की नेत्री  श्री  मति अनीता सिंह लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष शंभूदयाल बघेल , उपाध्यक्ष श्यामसुंदर यादव व मुकेश चंद्रा, जावेद लोसपा महासचिव, मध्यप्रदेश के अध्यक्ष विन्ध्येश्वरी पटेल, श्री हरपाल सिंह जयंत तोमर, सतीश भारतिय ब्रिज किशोरजेन( ललितपुर)अनूप सिंह ( छिंदवाड़ा) , अशोक पंडा ( छत्तीसगढ़) ,  प्रवीण पांडे फतेहपुर दया शंकर शर्मा  मसौढ़ी से  धीरेन्द्र पासवान, निसार  कुरेशी  ,हकीम असगर खान शिव नेताम ( धमतरी, छत्तीसगढ़) , डॉ शिवा श्रीवास्तव आप के श्री  सर्वेश मिश्रा आदि ने संबोधित किया। रामकुमार पचौरी ने संचालन किया.

Share:

सागर में भगवान शिव की 71 फीट की प्रतिमा : नीचे 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन

सागर में भगवान शिव की 71 फीट की प्रतिमा :  नीचे 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन


तीनबत्ती न्यूज:  13 फरवरी 2026

सागर : बुंदेलखंड के सागर में भी एक ऐसा ही अद्भुत स्थान श्री शिव शक्ति धाम है जहां 71 फीट ऊंचे भगवान शिव की प्रतिमा है और प्रतिमा के नीचे गुफा बनी हुई है जिसमें 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूप विराजमान हैं। यहां पर भोलेनाथ की पूजा अर्चना करने और उनके दर्शन करने के लिए रोजाना सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं तीज त्योहार पर विशेष आयोजन यहां पर होते हैं जिसमें हजारों की संख्या में लोग धाम पर पहुंच कर ज्योतिर्लिंग स्वरूप के दर्शन करते हैं। गुफा में दर्शन के लिए सैकड़ो की संख्या में श्रद्धालुओं की लाइन लगती है जहां पर श्रद्धालु खड़े होते हैं वहां अलग-अलग ज्योतिर्लिंग का अलग-अलग वर्णन फ्लैक्स एवं फोटो के माध्यम से जैप है जिन्हें लोग पढ़कर इनका महत्व समझ सकते हैं। इसके बाद गुफा के अंदर प्रवेश करते ही सबसे पहले सोमनाथ फिर मल्लिकार्जुन, जैसे-जैसे आगे बढ़ते जाते हैं तो ओंकारेश्वर, बैद्यनाथ, भीम शंकर, रामेश्वर, नागेश्वर, विश्वनाथ, त्र्यंबकेश्वर, केदारनाथ, घुश्मेश्वर के दर्शन होते जाते हैं और दूसरी तरफ से गुफा से बाहर निकल आते हैं।

शिवशक्ति धाम की स्थापना

इस संसार में सबसे जल्दी प्रसन्न होने वाले देवाधिदेव महादेव के 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूप के सुबह शाम स्मरण करने मात्र से मनुष्य के सात जन्मों के पाप नष्ट हो जाते हैं और अगर इन स्वरूप के एक साथ दर्शन हो तो लोगों के निश्चित ही भाग्य बदल जाते है। जहां बाबा भोलेनाथ के शिवलिंग के सामने बैठने पर मन को अनूठी शांति मिलती है शिवशक्ति धाम की महिमा अपरंपार है। इस धाम में प्रतिवर्ष शिवरात्रि के पावन सुअवसर पर शिवशक्ति जागरण का भव्य कार्यक्रम होता आया है।




धाम की स्थापना की कहानी बहुत मनोरंजक एवं भाव-विभोर कर देने वाली है। शिवशक्ति धाम मंदिर की आधारशिला साल 1968 में देवों के देव महादेव ने रखा था। एक साधारण दम्पति दिल्ली में रहते थे, बड़े ही दयालु शिव भगत अपना जीवन यापन कर रहे थे। इस परिवार को व्यापार के काम से साल 2004 में सागर (म.प्र) आना हुआ। इस परिवार ने सागर में व्यापार करने के लिए साल 2006 में जमीन खरीदी। तब यहां पीपल का पेड़ और पीपल के पेड़ के पास शिव मंदिर स्थापित था। परिवार को अनुभूति हुई कि देवों के देव महादेव ने जैसे उन्हें आदेश दिया हैं, कि यहाँ एक सुन्दर मंदिर की स्थापना हो तब कर्नाटक के मूर्तिकारों के द्वारा भगवान शिव की विशाल मूर्ति को आकार दिया गया।

महाशिवरात्रि का आयोजन

महाशिवरात्रि के दिन यहां पर 50 हजार से 1 लाख लोग दर्शन करने आते हैं। जितने भी लोग यहां आते हैं वे यहां के भंडारे में जरूर प्रसाद ग्रहण करते हैं। यज्ञ, हवन, आरती, रुद्राभिषेक, भजन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ देर रात तक मंदिर में पूजा-अर्चना की जाती है। शिव शक्ति धाम बहेरिया के सेवा धारी बाबू सिंह राजपूत ने कहा कि भगवान भोलेनाथ की प्रेरणा से दिल्ली के पवन जिंदल साहब ने यह स्थान बनवाने के लिए बुंदेलखंड को चुना यह हम सबके लिए हर्ष की बात है। साल 2007 में इस मंदिर का निर्माण शुरू हुआ था। 71 फीट ऊंची शिव प्रतिमा और उसके नीचे 12 ज्योतिर्लिंग स्वरूप में भगवान विराजमान है, 2009 से यहां श्रद्धालुओं को दर्शन करने का लाभ मिल रहा है। यह मंदिर परिसर करीब पौने दो एकड़ की जगह में फैला हुआ है। जो भी भक्त सच्चे मन से श्रद्धा भाव से आकर भगवान के दर्शन करता है




Share:

Sagar: प्रश्न-पत्र परीक्षा केन्द्र पर देरी से पहुंचा : कलेक्टर प्रतिनिधि पटवारी सस्पेंड

Sagar: प्रश्न-पत्र परीक्षा केन्द्र पर देरी से पहुंचा : कलेक्टर प्रतिनिधि पटवारी सस्पेंड 


तीनबत्ती न्यूज:  13 फरवरी 2026

सागर: कलेक्टर संदीप जी आर के निर्देश पर पटवारी तहसील शाहगढ़ एवं कलेक्टर प्रतिनिधि प्रमोद यादव को पुलिस थाना शाहगढ़ से विलंब से प्रश्न पत्र निकालने एवं परीक्षा केन्द्र शासकीय उ०मा० विद्यालय, तारपोह, विकासखण्ड शाहगढ़ पर प्रश्न पत्रों के विलंब से पहुंचाने पर अनुविभागीय अधिकारी बण्डा ने तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

अनुविभागीय अधिकारी बण्डा कार्यालय से जारी निलंबन आदेश के अनुसार कलेक्टर प्रतिनिधि प्रमोद यादव द्वारा प्रातः 07ः40 बजे पर प्रश्न-पत्र पुलिस थाने से निकाले गये, एवं दिनांक 13.02.2026 को भी कलेक्टर प्रतिनिधि पटवारी पुलिस थाना शाहगढ़ में प्रातः 08ः05 पर उपस्थित हुये। परीक्षा केन्द्र शा०उ०मा० विद्यालय तारपोह की दूरी पुलिस थाना शाहगढ़ से 15 कि०मी० है, जिससे प्रश्न-पत्र समय पर परीक्षा केन्द्र पर पहुंचने मे विलम्ब हुआ और परीक्षा प्रभावित हुई। ज्ञातव्य हो कि कलेक्टर प्रतिनिधि  प्रमोद यादव पटवारी तहसील शाहगढ़ को पहले ही अवगत करा दिया गया था कि मंडल द्वारा आयोजित परीक्षा के प्रश्न पत्र को पुलिस थाना से निकालने का समय प्रातः 6 बजे से 7 बजे तक निर्धारित किया गया हैं फिर भी कलेक्टर प्रतिनिधि पटवारी ने लापरवाही बरतते हुए प्रश्न पत्रों को विलंब से निकाला।


प्रमोद यादव, पटवारी, तहसील शाहगढ़ द्वारा शासकीय कार्य में गम्भीर लापरवाही बरती जा रही है एवं इनके द्वारा किया गया उक्त कृत्य अपने पदीय दायित्वों के निर्वहन के प्रति घोर लापरवाही, अनुशासनहीनता व स्वेछाचारिता का द्योतक है जिस पर पटवारी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।

Share:

मंत्री क्रिकेट महाकुंभ के रोमांचक फाइनल मैंच सीहोरा रही विजेता असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है जो खिलाडी को विजेता बनाती है : मंत्री गोविंद राजपूत

मंत्री क्रिकेट महाकुंभ के रोमांचक फाइनल मैंच सीहोरा रही विजेता 

▪️असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है जो खिलाडी को विजेता बनाती है : मंत्री गोविंद राजपूत 


तीनबत्ती न्यूज: 12 फरवरी ,2026

सागर :  युवा शक्ति संगठन के तत्वाधान में प्रतिभा को मंच देने का काम किया जा रहा है यह एक सराहनीय पहल है। इस तरह के आयोजन ग्रामीण प्रतिभावान खिलाड़ियों के लिए संजीवनी साबित होते हैं। यह बात खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने क्रिकेट महाकुंभ सीहोरा मंडल के फाइनल मुकाबला के दौरान कहीं। मंत्री श्री राजपूत ने कहा कि सुरखी विधानसभा क्षेत्र में ऊर्जावान युवाओं की कमी नहीं है हमें उनकी ऊर्जा को सही दिशा देने का कार्य करना है जो की युवा शक्ति संगठन द्वारा किया जा रहा है हमारा हर खिलाड़ी भविष्य की उम्मीद है जो सुरखी सहित हम सब का नाम रोशन करेगा। श्री राजपूत ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उत्साहवर्धन किया एवं विजेता उपविजेता टीम को ट्रॉफी व उपहार वितरित करते हुए कहा कि जीती हुई टीम के खिलाड़ियों को उनकी मेहनत का परिणाम जीत के रूप में मिला, वहीं उपविजेता टीम के खिलाड़ियों को हार से निराश नहीं होना है हार जीवन में जीत की शुरुआत मानी जाती है, असफलता सफलता की पहली सीढ़ी है जो खिलाडी को विजेता बनाती है। एक बार फिर मेहनत करें और जीत की ओर पूरी ऊर्जा से आगे बड़े। प्रतियोगिता के दूसरे चरण में सीहोरा मंडल का बहुप्रतीक्षित फाइनल मुकाबला सिहोरा एवं महुआखेड़ा पेगवार की टीमों के बीच खेला गया। कड़े संघर्ष और शानदार प्रदर्शन के बाद सिहोरा टीम ने जीत दर्ज करते हुए चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया।


सभी खिलाडियों को पुरूस्कारों से नवाजा गया

विजेता एवं उपविजेता टीम के सभी खिलाडियों को मंत्री श्री राजपूत द्वारा उपहार दिये गये जिसमें फ्रिज टीव्ही सामिल हैं। व्यक्तिगत पुरस्कारों में बेहतरीन गेंदबाजी के लिए हेमंत को बेस्ट बॉलर चुना गया। आक्रामक और प्रभावी बल्लेबाजी के लिए सौरभ ढगरानिया को बेस्ट बल्लेबाज का खिताब मिला। मैच में निर्णायक भूमिका निभाने पर सुरेंद्र को प्लेयर ऑफ द मैच तथा पूरे टूर्नामेंट में लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए जितेंद्र पीपरा को प्लेयर ऑफ द सीरीज घोषित किया गया। 

ये रहे मौजूद

इस अवसर पर सुधीर गुरहा खुरई, दुर्गाषंकर पजनारी, रणबहादुर सिंह छुट्टू भैया, अरूण प्रताप सिंह कनु राजा, अनिल श्रीवास्तव, लोकमान लोधी (मंडल अध्यक्ष),बलराम तिवारी, भगवतशरण ठाकुर, सरपंच उदय लोधी, रघुराज ठाकुर, रवि मंगोलिया,राजा राजपूत,टीकम सिंह, भगवान सिंह ठाकुर, कालू पटेल, भूपेंद्र ठाकुर (मंडल उपाध्यक्ष), दरयाव ठाकुर, ब्रंदावन राय (जनपद सदस्य), जितेंद्र राय, ललित अहिरवार, आनंदी अहिरवार, नीरज ठाकुर (नायखेड़ा क्षत्रिय समाज अध्यक्ष), संदीप ठाकुर,गोलू पठारिया, प्रद्युम्न ठाकुर, चंद्रेष टीला, राघवेन्द्र ठाकुर, बसंत यादव, आषीष तिवारी, रविषंकर लोधी, आकाष पाठक, यागेष लोधी, देवेन्द्र ठाकुर, कमलेष लोधी, निषीकांत यादव, यषवंत ठाकुर, मिललेष रावत, नरेन्द्र ठाकुर, दीपक तिवारी, विनोद तिवारी, धमेन्द्र आदिवासी सहित हजारों की संख्या क्षेत्रवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, खेल प्रेमी और बड़ी संख्या में युवा उपस्थित रहे। सभी ने मैच का आनंद लिया और खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। क्रिकेट महाकुंभ का तीसरा और अंतिम चरण जैसीनगर के ऐतिहासिक गोविंद स्टेडियम में आयोजित होगा, जहां क्षेत्र की सर्वश्रेष्ठ टीमें आमने-सामने होंगी। 

Share:

Sagar: "सम्भल कर चले, बड्डे , शहर में हैं बड़े-बड़े गड्डे " ▪️गड्ढों से परेशान लोगों का पोस्टर जागरूकता अभियान

 Sagar: "सम्भल कर चलें बड्डे , शहर में हैं बड़े-बड़े गड्डे " 

▪️गड्ढों से परेशान लोगों का पोस्टर जागरूकता अभियान



तीनबत्ती न्यूज : 12 फरवरी ,2026

सागर। शहर में इन दिनों सड़कों की हालत गंभीर चिंता का विषय बनी हुई है। जगह-जगह बने गड्ढे आमजन के लिए परेशानी और खतरे का कारण बन रहे हैं। खासकर प्राइवेट बस स्टैंड के पास मेन रोड पर बना बड़ा गड्ढा कई दिनों से दुर्घटनाओं को आमंत्रण दे रहा है। यह मार्ग शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में से एक है, जहां दिनभर बसों, ऑटो, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद सड़क पर बना गहरा गड्ढा अभी तक नहीं भरा गया है। रात के अंधेरे में यह गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे वाहन चालकों के लिए खतरा और बढ़ जाता है। स्थानीय लोगों के अनुसार यहां कई बार वाहन चालक असंतुलित होकर गिर चुके हैं। 


पोस्टर जागरूकता अभियान शुरू

सड़कों की इसी बदहाल स्थिति को देखते हुए जागरूक नागरिकों ने जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की है। शहर के विभिन्न स्थानों पर चेतावनी संदेश वाले बैनर लगाए जा रहे हैं, जिन पर लिखा है "  सम्भल कर चलें, बड्डे शहर में हैं बड़े-बड़े गड्डे "


इस पहल में पार्षद शिव शंकर यादव, पुष्पेन्द्र सिंह राजपूत, दीपक स्वामी एवं सादिक अली सहित समस्त जागरूक नागरिक शामिल हैं। उनका कहना है कि जब तक सड़कों की मरम्मत नहीं हो जाती, तब तक लोगों को सचेत करना जरूरी है ताकि दुर्घटनाओं को रोका जा सके।

नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि प्राइवेट बस स्टैंड के पास बने गड्ढे सहित शहर की अन्य क्षतिग्रस्त सड़कों का तत्काल सर्वे कर मरम्मत कराई जाए। उनका कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है।शहरवासियों को उम्मीद है कि इस पहल के बाद जिम्मेदार विभाग जल्द ही संज्ञान लेकर सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए ठोस कदम उठाएगा।



Share:

खुरई की सड़कों के उन्नयन व सुदृढ़ीकरण हेतु पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण को लिखा पत्र

खुरई की सड़कों के उन्नयन व सुदृढ़ीकरण हेतु पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने मप्र ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण को लिखा पत्र


तीनबत्ती न्यूज: 12 फरवरी। 2026

सागर। सागर जिले की खुरई विधानसभा क्षेत्र में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत निर्मित 9 क्षतिग्रस्त सड़कों के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन कराए जाने को लेकर पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने मप्र ग्राम सड़क विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को पत्र लिखा है। इनमंश से अधिकतर मार्ग बड़ी और लंबी सड़कों से कनेक्टिविटी हो जाने के कारण भारी वाहनों के आवागमन से क्षतिग्रस्त हुए हैं।


पूर्व गृहमंत्री, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने मप्र ग्राम सड़क विकास प्राधिकरण के मुख्य कार्यपालन अधिकारी को लिखे पत्र में कहा है कि खुरई और मालथौन विकासखण्डों में प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना से निर्मित मार्गों और पीडब्ल्यूडी विभाग की सड़कों से लंबे रूट निर्मित हो गये हैं। इन पर से भारी वाहनों के आवागमन हो जाने से 9 सड़कें क्षतिग्रस्त हो गई हैं जिससे क्षेत्र के नागरिकों को असुविधा और दुर्घटनाओं का सामना करना पड़ रहा है। पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने लिखा है कि इन 9 सड़कों को शीघ्र मजबूतीकरण और उन्नयन की आवश्यकता है।




अपने पत्र में पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने जिन मार्गों के सुदृढ़ीकरण और उन्नयन की मांग की है उनमें मालथौन विकासखण्ड के 7 मार्ग शामिल हैं तथा खुरई विकासखण्ड के 2 मार्ग शामिल हैं। इनमें मालथौन विकासखण्ड के एनएच 44-उप्र सीमा से किशनगढ़-माहुलखास-भटनोरा-सीपुरखास-कुंवरपुरा-बेसरातिराहा-दुगाहांकला-दुगाहाखर्दसे नरेन नदी मार्ग, एनएच 26 से बरोदियाकलां से मड़ावनपायक-मड़ावनगौरी-परसोन मार्ग, इमलिया-आसोली मार्ग उन्नयनीकरण,दुगाहांकलां-झौलसी मार्ग उन्नयनीकरण, झींकनी-चंद्रापुर मार्ग उन्नयनीकरण, रजवांस-हड़ली मार्ग उन्नयनीकरण, एनएच 26-अटाटीला मार्ग पर पुल निर्माण तथा खुरई विकासखण्ड के बांदरी-जरुआखेड़ा मार्ग से बूधौन-कुमरोल-धनौरा मार्ग और एनएच 934 से टीहर-रुसल्ला-सिलारपुर-सिलगांव मार्ग (जिससे बीना एवं विदिशा तक सीधा संपर्क निर्मित होगा) शामिल हैं।



Share:

डॉ गौर विवि के: इतिहास विभाग के सात छात्रों का यूजीसी नेट परीक्षा में चयन

डॉ गौर विवि के: इतिहास विभाग के सात छात्रों का यूजीसी नेट परीक्षा में चयन


तीनबत्ती न्यूज: 12 फरवरी ,2026

सागर,: डॉ गौर विवि के: इतिहास विभाग  के सात छात्रों का यूजीसी नेट परीक्षा में चयन हुआ है। विभागाध्यक्ष प्रो. अशोक अहिरवार ने एक बड़ी उपलब्धि मानते हुए सभी यूजीसी नेट पास किए गए छात्रों को विभागीय शिक्षकों के साथ मिलकर छात्रों को प्रोत्साहित करते हुए मिठाई खिलाई और प्रसन्नता व्यक्त की


इनका हुआ चयन

चयनित छात्रों में खुशबू जैन, मनीष पटैल, दुर्गेश सिह, पृथ्वी राज, हर्ष कोरी, कुमारी प्रियंका, राखी जैन  है। इस उपलब्धि पर डॉ अहिरवार ने कहा कि यह विभाग के एम.ए. में अध्ययनरत छात्रों की बहुआयामी प्रतिभा एवं अपने परिवेश के परिपेक्ष को समझने का ही परिणाम है कि उन्होंने यह उपलब्धि हासिल की है । इससे अन्य छात्रों को प्रेरणा प्राप्त होगी। इस अवसर पर विभाग के शिक्षक प्रो. बी. के. श्रीवास्तव, डॉ. संजय बरोलिया, डॉ. पंकज सिंह एवं शोधार्थी भूपेन्द्र अहिरवार, पल्लवी सिंह, अंबुज श्रीवास्तव, अतुल सिंह चंदेल, आशु अहिरवार, मोनाली यादव, शिवानी प्रजापति, प्रवीण्या श्रीवास्तव, करूणा राजपूत, विजय प्रकाश, विशेष जोठे, अभय सिंह चौहान, शुभम राज अहिरवार, श्रावस्ती मिश्रा एवं अन्य छात्र उपस्थित रहे।

Share:

आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल का का 11वां शिविर में सम्पन्न

आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल का  का 11वां शिविर में सम्पन्न


तीनबत्ती न्यूज : 11 फरवरी 2026

सागर,: नगर निगम सागर द्वारा नागरिकों की मूलभूत समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु संचालित जनहितकारी पहल “आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल” के अंतर्गत राजीवनगर एवं रविशंकर वार्ड का 11वां शिविर पं दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर श्रद्धासुमन अर्पित कर महाकवि पद्माकर सभागार में प्रारंभ किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में वार्डवासियों ने उपस्थित होकर अपनी समस्याएँ दर्ज कराईं, जिनमें से अनेक का निराकरण मौके पर ही किया गया तथा शेष आवेदनों पर त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए गए।


शिविर में महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी, वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी, एम.आई.सी. सदस्य  विनोद तिवारी,शैलेन्द्र ठाकुर, ,  पार्षद प्रतिनिधि नरेश यादव,श्रीमती कंचन सोमेश जड़िया, वार्ड पार्षद प्रहलाद पटेल, सूरज घोसी,श्रीमती रुबी कृष्ण कुमार पटेल एवं संकल्प फाउंडेशन के अध्यक्ष रिशांक तिवारी की उपस्थिति में नागरिकों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया।

____________

वीडियो देखने क्लिक करे : 

सागर: शिवसेना ने #वैलेंटाइन डे के खिलाफ मोर्चा खोला : #लट्ठों में चमेली और सरसों का तेल पिलाकर पूजन किया

_____________


महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने कहा कि आज पं दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि है उनकी सोच थी कि समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति को लाभान्वित कर उन्हें समाज की मुख्यधारा में लाना चाहिए उनकी मंशानुरूप शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं से वंचित पात्र नागरिकों को लाभान्वित करना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है, यह उनके लिए सच्ची श्रद्धांजलि होगी।उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शहर का कोई भी पात्र हितग्राही शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। महापौर ने कहा कि इस अभियान का उद्देश्य नागरिकों को छोटी-बड़ी समस्याओं के समाधान के लिए नगर निगम कार्यालय के चक्कर लगाने से राहत दिलाना है। इस अवसर पर 

महापौर ने नागरिकों से अपने वार्ड की स्वच्छता बनाए रखने तथा स्वच्छ सर्वेक्षण प्रतियोगिता में सागर को बेहतर रैंक दिलाने हेतु सक्रिय सहभागिता करने की अपील भी की।


वरिष्ठ भाजपा नेता एवं महापौर प्रतिनिधि डॉ. सुशील तिवारी ने कहा कि नगर निगम की यह अभिनव पहल अत्यंत सकारात्मक परिणाम दे रही है। इससे विशेष रूप से निम्न एवं मध्यम वर्ग के नागरिकों को राहत मिली है, जो सामान्यतः निगम कार्यालय नहीं पहुंच पाते। उन्होंने बताया कि महापौर के निर्देश पर वार्ड स्तर पर शिविर लगाकर समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। उन्होंने वार्ड पार्षद सूरज घोसी एवं प्रहलाद पटेल की सक्रियता की सराहना करते हुए कहा कि वे निरंतर जनता की समस्याओं को निगम स्तर पर उठाते रहते हैं तथा उनका निराकरण करवाते हैं।

एम आई सी सदस्य शैलेन्द्र ठाकुर ने कहा कि महापौर जी द्वारा पहली बार इस प्रकार के  शिविर आयोजित कर नागरिकों की समस्याओं के त्वरित निराकरण कराने की पहल की है साथ ही जो लोग शासकीय योजनाओं का लाभ नहीं ले पाते हैं उनको उनके ही वार्ड में लाभान्वित करने की कार्रवाई की जा रही है। 

शिविर में पार्षद प्रतिनिधि सोमेश जडिया ने भी आपकी महापौर आपके द्वार एवं जनचौपाल शिविर की सराहना करते हुए महापौर जी को धन्यवाद देते हुए कहा कि इस पहल का नागरिकों को आसानी से लाभ मिल रहा है। 

शिविर में वृद्धावस्था पेंशन, कल्याणी पेंशन, संबल कार्ड, समग्र आईडी, राशन पर्ची, प्रधानमंत्री आवास योजना, स्ट्रीट लाइट, प्रकाश व्यवस्था, अतिक्रमण, लोक निर्माण, स्वास्थ्य संबंधी समस्याएँ तथा राजस्व विभाग अंतर्गत संपत्तिकर, जलकर एवं कचरा प्रबंधन शुल्क से संबंधित प्रकरणों पर कार्यवाही की गई। अनेक नागरिकों द्वारा मौके पर कर एवं शुल्क की राशि भी जमा की गई। प्राप्त आवेदनों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

महापौर ने सड़क एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया


शिविर के दौरान महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने पार्षदों एवं अधिकारियों के साथ राजीव नगर वार्ड में सड़क चौड़ीकरण एवं नाली निर्माण कार्य का निरीक्षण किया और कार्य को गुणवत्ता पूर्ण समय सीमा में करने के निर्देश दिए।

ये भी रहे शामिल

इस अवसर पर शैलेष जैन शेरा, मिंटू महाराज दीक्षित, उपायुक्त एस एस बघेल,कार्यपालन यंत्री संजय तिवारी, राजस्व अधिकारी बृजेश तिवारी, उपयंत्री दिनकर शर्मा,जया श्रीवास्तव, श्रीमती  नीता श्रीवास्तव,उपयंत्री आयुष शुक्ला, संयम चतुर्वेदी, प्रकाश प्रभारी आसिमा तिर्की, विक्रम जैन, सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive