Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागरवासियों सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस: सांसद डॉ. लता वानखेड़े

सागरवासियों  सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस:  सांसद डॉ. लता वानखेड़े 


सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र के यात्रियों, व्यापारियों और छात्र-छात्राओं के लिए एक बेहद राहत भरी खबर है। सांसद डॉ. लता वानखेड़े द्वारा रेल सुविधाओं के विस्तार के लिए किए जा रहे लगातार प्रयासों को एक और बड़ी सफलता मिली है। रेलवे बोर्ड ने गाड़ी संख्या 22407/22408 अंबिकापुर–हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस के फेरे (फ्रीक्वेंसी) बढ़ा दिए हैं। अब यह ट्रेन साप्ताहिक (हफ्ते में 1 दिन) के बजाय सप्ताह में दो दिन संचालित की जाएगी।

--------------

फेसबुक पर पढ़ने क्लिक करे

सागरवासियों को सौगात: अब सप्ताह में 2 दिन चलेगी हजरत निजामुद्दीन - अंबिकापुर एक्सप्रेस: सांसद डॉ. लता वानखेड़े

-------+---

रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के सामने प्रमुखता से उठाई थी मांग

​सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बताया कि सागर क्षेत्र के व्यापारियों, विद्यार्थियों, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं और नौकरीपेशा लोगों की सुविधा के लिए उन्होंने इस मांग को रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष प्रमुखता से रखा था। रेल मंत्रालय द्वारा इस जनहितकारी मांग को स्वीकार करना पूरे सागर संभाग के लिए एक बड़ी उपलब्धि है।

दिल्ली जाने वाले व्यापारियों को मिलेगी बड़ी राहत, समय की होगी बचत

​सांसद डॉ. वानखेड़े ने इस ट्रेन की उपयोगिता बताते हुए कहा कि यह ट्रेन सागर के यात्रियों के लिए समय के लिहाज से सबसे उत्तम है। दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से रात लगभग 11 बजे चलकर यह अगले दिन सुबह 8:30 बजे सागर पहुंच जाती है। इससे यात्रियों का पूरा दिन बचता है और वे रातभर में आरामदायक सफर तय कर सुबह अपने काम पर लग सकते हैं।"

उन्होंने आगे कहा कि अब तक दिल्ली जाने के लिए सागर के व्यापारी मुख्य रूप से गोंडवाना एक्सप्रेस पर निर्भर थे, जिसके लिए उन्हें दोपहर 3 बजे ही स्टेशन निकलना पड़ता था। इससे उनका पूरा कार्यदिवस प्रभावित होता था। अब इस ट्रेन के दो दिन चलने से व्यापारियों के समय की बचत होगी और क्षेत्र के व्यापार-व्यवसाय को गति मिलेगी।

इन क्षेत्रों के यात्रियों को सीधा फायदा

​इस निर्णय से न केवल सागर, बल्कि दमोह, कटनी और आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को देश की राजधानी दिल्ली और छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर आने-जाने में बड़ी सहूलियत होगी।

इन प्रमुख स्टेशनों से गुजरेगी ट्रेन:

​यह ट्रेन अपनी यात्रा के दौरान दोनों दिशाओं में इन प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी:

  • ​हज़रत निज़ामुद्दीन (NZM)
  • ​मथुरा जंक्शन (MTJ)
  • ​आगरा कैंट (AGC)
  • ​ग्वालियर जंक्शन (GWL)
  • ​वीरांगना लक्ष्मीबाई झाँसी जंक्शन (VGLJ)
  • सागर (SGO)
  • दमोह (DMO)
  • कटनी मुड़वारा (KMZ)
  • ​उमरिया (UMR)
  • ​शहडोल (SDL)
  • ​अनूपपुर जंक्शन (APR)
  • ​कोतमा (KTMA)
  • ​बिजुरी (BJRI)
  • ​बैकुंठपुर रोड (BRH)
  • ​सूरजपुर रोड (SJQ)
  • ​अंबिकापुर (ABKP)

पीएम मोदी और रेल मंत्री का जताया आभार

​इस महत्वपूर्ण सौगात के लिए सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव का हृदय से आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार निरंतर जनभावनाओं के अनुरूप काम कर रही है और वे सागर लोकसभा क्षेत्र के विकास और जनता की सुविधाओं के लिए आगे भी इसी तरह पूरी प्रतिबद्धता से प्रयास करती रहेंगी।

Share:

कलेक्टर का सख्त निर्देशः बारिश के पूर्व पूर्ण करें सीमांकन का शत-प्रतिशत कार्य, उर्वरक और सम्मान निधि के लिए किसानों की फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य ▪️जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने किया SDM कार्यालय का निरीक्षण

कलेक्टर का सख्त निर्देशः बारिश के पूर्व पूर्ण करें सीमांकन का शत-प्रतिशत कार्य, उर्वरक और सम्मान निधि के लिए किसानों की फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य

▪️जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने किया SDM कार्यालय का निरीक्षण 

तीनबत्ती न्यूज: 23 जून 2026

सागर: कलेक्टर  प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई के उपरांत जनसुनवाई स्थल पर उपस्थित समस्त ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, ब्लॉक अधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को फॉर्मर आइडी, राजस्व एवं जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के शीघ्रता से निराकरण के संबंध में निर्देश दिए।

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य से जुड़े सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराया जाए। जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों की बारीकी से स्क्रूटनी कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण फार्मर आईडी बनवाने का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें और शेष बचे सभी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्देशित किया कि वीबी जी रामजी (मनरेगा) योजना के तहत किए गए कार्यों का शेष भुगतान आगामी 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करा लिया जाए। इसके साथ ही, संबल योजना के सभी पात्र हितधारकों के ई-श्रम कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं क्षेत्र के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना से जोड़ा जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौड़ सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



विशेष जनसुनवाई: समय, पैसों की बचत के साथ त्वरित हो रहा है निराकरण

कलेक्टर श प्रतिभा पाल द्वारा आयोजित जनसुनवाई जिले के आम नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई में आवेदनकर्ताओं, शिकायतकर्ताओं और योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई के आयोजन से जहां एक ओर आमजन के समय और पैसे की बचत हो रही है वहीं दूसरी ओर लोगों को अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो रहा है जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा है।

आमजन से लिए आवेदन, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर राहतगढ़ में आयोजित विशेष जनसुनवाई में व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर ही अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराया। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जलापूर्ति और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों को सुना गया। अधिकांश आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरणों को निराकरण किया गया तथा अन्य आवेदनों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।।



कलेक्टर ने किया राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय निरीक्षण



राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय पर नागरिकों को सुविधाओं का लाभ समय पर सुगमता से मिले। न्यायालय में प्रकरणों के संबंध में नियमित सुनवाई हो। राजस्व प्रकारणों का निराकरण शीघ्रता से किया जाए, कार्यालय परिसर को साफ एवं स्वच्छ बनाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।

कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश देते हुए कहा कि राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के संबंध में नियमित रूप से सुनवाई आयोजित की जाए और लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से करते हुए उनकी संख्या में तेजी से कमी लाई जाए। इस दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय, रिकॉर्ड रूम, नकल शाखा, वेटिंग रूम सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया एवं प्रकरणों के संबंध में जनकारी ली। 

निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार कोर्ट में नामांतरण, बंटवारा आदि के प्रकरण समसीमा से अधिक लंबित न रहे। उन्हें शीघ्रता से देखें और निराकृत करें। कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में सभी आवश्यक फाइलों और दस्तावेजों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकरण की जानकारी तुरंत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने संपूर्ण कार्यालय परिसर को पूरी तरह साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देशित किया कि दूर-दराज से आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए कार्यालय में बैठने की उत्तम व्यवस्था, ठंडे पेयजल की उपलब्धता और सुलभ शौचालय की समुचित व्यवस्था रखी जाए।





Share:

सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस

सागर: पुलिस की गजब घेराबंदी : हाथ ठेला पर निकाला आरोपी का जुलूस


तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026

सागर। सागर जिले की गोपालगंज थाना पुलिस ने एक शातिर और फरार बदमाश को पकड़ने के लिए फिल्मी अंदाज में अनोखी कार्रवाई की है। कई संगीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी को दबोचने के लिए पुलिस की टीम हाथ ठेला लेकर उसके इलाके में पहुंची और नाटक कर रहे बदमाश का पर्दाफाश करते हुए उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की यह सूझबूझ भरी कार्रवाई अब पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।

वीडियो देखने क्लिक करे

बीमारी का नाटक कर बच रहा था आरोपी

​मामला गोपालगंज थाना क्षेत्र के शनिचरी इलाके का है। पुलिस को लंबे समय से मारपीट और लूट जैसे गंभीर मामलों में फरार चल रहे आरोपी अंकित उर्फ मगरा की तलाश थी। गिरफ्तारी से बचने के लिए आरोपी खुद को घायल बताकर बीमारी का नाटक कर रहा था। इतना ही नहीं, वह पुलिस को चकमा देने के लिए नाम बदल-बदल कर अलग-अलग जगहों पर अपना इलाज भी करवा रहा था।

यह भी पढ़ेंसागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे

कटर मारकर लूट करने का है मामला

​गोपालगंज थाना प्रभारी घनश्याम मगरा ने मामले का खुलासा करते हुए बताया कि बीती 11 फरवरी को पीड़ित भास्कर श्रीवास्तव ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी अंकित उर्फ मगरा ने उनके साथ कटर मारकर मारपीट की और लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस घटना के बाद से ही आरोपी लगातार फरार चल रहा था।"थाना प्रभारी के मुताबिक, आरोपी अंकित बेहद शातिर है और उस पर पहले से ही चार गंभीर मामले दर्ज हैं।


सूचना मिलते ही पुलिस ने बदला भेष

​आज पुलिस को मुखबिर से पक्की सूचना मिली कि आरोपी अंकित अपने घर पर ही छिपा हुआ है। आरोपी दोबारा भाग न पाए और उसे पुलिस की मौजूदगी का शक न हो, इसलिए टीम ने अपनी रणनीति बदली। पुलिसकर्मी हाथ ठेला लेकर आम लोगों की तरह उसके इलाके में दाखिल हुए।

​जैसे ही पुलिस टीम आरोपी के घर पहुंची, उसका बीमारी का नाटक धरा का धरा रह गया। पुलिस ने मुस्तैदी दिखाते हुए उसे धर दबोचा।

होगी जिला बदर की कार्रवाई

थाना प्रभारी के मुताबिक बदमाश की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उस पर शिकंजा और कसने की तैयारी में है। थाना प्रभारी ने साफ किया है कि इस शातिर अपराधी के खिलाफ जिला बदर जैसी सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी, ताकि क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनी रहे।

Share:

नगर निगम कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, दो माह के वेतन भुगतान सहित कई मुद्दे उठाए

सागर नगर निगम कर्मचारियों ने विभिन्न मांगों को लेकर किया धरना प्रदर्शन, दो माह के वेतन भुगतान सहित कई मुद्दे उठाए


तीनबत्ती न्यूज: 22 जून,2026

सागर। नगर निगम कर्मचारियों की लंबित मांगों के निराकरण एवं निगम प्रशासन द्वारा पूर्व में किए गए समझौतों के पालन नहीं किए जाने के विरोध में सोमवार को नगर निगम कार्यालय परिसर में कर्मचारियों ने धरना प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में विभिन्न कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में शामिल हुए और कर्मचारियों की समस्याओं एवं मांगों को लेकर अपनी आवाज बुलंद की।

धरना स्थल पर आयोजित बैठक को संबोधित करते हुए नगर निगम नगर पालिका कर्मचारी संघ के प्रांतीय सचिव एवं सागर संभाग प्रभारी राजेश सिंह राजपूत तथा कर्मचारी कल्याण मोर्चा के अध्यक्ष हरेंद्र खटीक ने कहा कि निगम प्रशासन द्वारा कई बार कर्मचारियों की समस्याओं के समाधान और मांगों की पूर्ति के लिए आश्वासन दिए गए, लेकिन अब तक उन पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे कर्मचारियों में गहरा असंतोष व्याप्त है।

उन्होंने बताया कि नगर निगम कर्मचारियों को पिछले दो माह से वेतन का भुगतान नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों और उनके परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट की स्थिति निर्मित हो गई है। कर्मचारियों को दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

कर्मचारी नेताओं ने कहा कि वेतन भुगतान के अलावा पदोन्नति, समयमान वेतनमान का लाभ, लंबित एरियर भुगतान, स्थायी एवं दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों का रिक्त पदों पर नियमितीकरण जैसी महत्वपूर्ण मांगें भी लंबे समय से लंबित हैं। इन मांगों के संबंध में कई बार निगम प्रशासन को ज्ञापन और आवेदन दिए गए, लेकिन अब तक कोई सकारात्मक पहल नहीं की गई।

धरना प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और अधिक व्यापक रूप दिया जाएगा, जिसकी समस्त जिम्मेदारी निगम प्रशासन की होगी।

इस अवसर पर नगर निगम नगर पालिका कर्मचारी संघ के जिला अध्यक्ष शहीद उद्दीन कुरैशी, सुदेश सनकत, सूरज मछन्दर, राजेंद्र सनकत, राजेश नापित, आयुष शुक्ला, आनंद मंगल गुरु, शकुंतला गोस्वामी, माधव चढ़ार, राजेंद्र मलैया, जया श्रीवास्तव, चंद्रविजय गौर, विकास गुरु, प्रशन्न तिवारी, राजेश जाटव, शरद सिंह ठाकुर, आकाश मांझी, अनिरुद्ध चांचोदिया, मुन्नालाल रैकवार, जगदीश विश्वकर्मा, बृजेश नापित, गुड्डा यादव, नदीम खान, रिजवान, सविता दुबे, आशी सहित विभिन्न शाखाओं के कर्मचारी एवं कर्मचारी संगठनों के पदाधिकारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।


Share:

Sagar: डायल-112 ने 40 फीट गहरे कुएं में गिरे कुत्ते की बचाई जान

Sagar: डायल-112 ने  40 फीट गहरे कुएं में गिरे कुत्ते की बचाई जान



तीनबत्ती न्यूज : 22 जून 2026


सागर : पुलिस कंट्रोल रूम सागर की डायल-112 सेवा ने एक बार फिर मानवीय संवेदनशीलता का परिचय देते हुए 40 फीट गहरे कुएं में गिरे एक कुत्ते का सफल रेस्क्यू कर उसकी जान बचाई।

जानकारी के अनुसार डायल-112 में सूचना प्राप्त हुई कि ठाकुर बाबा मंदिर के सामने, चैरिटी कान्वेंट स्कूल के पास स्थित एक गहरे कुएं में एक कुत्ता गिर गया है। सूचना मिलते ही पुलिस कंट्रोल रूम ने तत्काल नजदीकी एफआरवी एवं थाना पुलिस को मौके पर रवाना किया।

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने स्थिति का आकलन कर रस्सी की सहायता से सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान चलाया। कड़ी मशक्कत के बाद लगभग 40 फीट गहरे कुएं में फंसे कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।

इस सराहनीय कार्य में एफआरवी पायलट साजिद खान, डायल-112 स्टाफ आरक्षक अभय तथा थाना स्टाफ आरक्षक अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही। मौके पर मौजूद सूचना देने वाली रिन्सी एवं स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई और मानवीय दृष्टिकोण की जमकर सराहना की।

पुलिस कंट्रोल रूम सागर ने इस घटना के माध्यम से यह संदेश दिया कि डायल-112 सेवा केवल अपराध और आपातकालीन स्थितियों के लिए ही नहीं, बल्कि बेजुबान जीवों की सुरक्षा और सहायता के लिए भी हमेशा तत्पर है।




Share:

एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का सम्मान

एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का सम्मान 

तीनबत्ती न्यूज: 22 जून 2026

सागर : अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर एकता समिति द्वारा वयोवृद्ध योगगुरु विष्णु आर्य का शाल श्रीफल से सम्मान किया गया। 93 वर्षीय योगगुरु विष्णु आर्य 70
साल से देश भर में योग की अलख जगाएं हुए हैं।

श्री आर्य ने कहा कि हजारों साल पहले ऋषि मुनियों ने योग पर अनुसंधान किए और यह स्वस्थ जीवनशैली की एक कला है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से मानव स्वस्थ लंबी आयु प्राप्त कर सकता है। उन्होंने कहा कि आज परिवार में अच्छे संस्कारों का अभाव दिखाई दे रहा है।  खराब जीवनशैली होने से लोग अनेक बीमारियों से परेशान हैं। इसलिए नियमित योगाभ्यास कर अनेक समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि 1968 में योग निकेतन केन्द्र की स्थापना की गई, तब से निरंतर केंद्र संचालित है, हजारों व्यक्ति  लाभ उठा रहे हैं।समिति ने योग के क्षेत्र में योगगुरु श्री आर्य के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें पद्म श्री से सम्मानित करने की मांग की। 

 इस अवसर पर अब्दुल रशीद भाई, सुधीर जैन, शरद गुप्ता, प्रदीप समैया, कमल जैन, राजेन्द्र सोनी, नीलेश समैया, संजय शास्त्री, नीरज सेठ , अजीत जैन , नरेंद्र जैन, प्रमोद आर्य उपस्थित थे।

Share:

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ के हमले को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व क्षेत्र में बाघ  के हमले को लेकर वन विभाग ने ग्रामीणों को किया अलर्ट


तीनबत्ती न्यूज:  22 जून 2026
सागर: वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व के मोहली परिक्षेत्र अंतर्गत पटना मोहली गांव में 32 वर्षीय श्री सुदामा यादव पर 22 जून की सुबह लगभग 6 बजे उनके खेत में बाघ ने हमला कर दिया, जिससे वे घायल हो गए। श्री सुदामा के शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और आवाजें लगाईं, जिससे बाघ जंगल की ओर भाग गया। घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय बीट गार्ड एवं अन्य वनकर्मी तत्काल मौके पर पहुंचे और घायल सुदामा को रहली शासकीय अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है। हमले में श्री सुदामा के हाथ एवं कमर में चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर उपचार हेतु सागर जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है

वन विभाग ने किया अलर्ट जारी

वन विभाग द्वारा पटना मोहली गांव में मुनादी कराकर ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा आवश्यक सावधानियां बरतने की समझाइश दी जा रही है।

Share:

सागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे

सागर पुलिस को बड़ी सफलता: मोतीनगर हत्याकांड के 10-10 हजार के दो इनामी आरोपी गिरफ्तार, मुख्य आरोपी के पास से कट्टा बरामद : अब तक कुल 07 आरोपी सलाखों के पीछे



तीनबत्ती न्यूज: 21 जून 2026

सागर : वरिष्ठ अधिकारियों एवं नगर पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में थाना मोतीनगर पुलिस ने शहर के चर्चित हत्याकांड में चौतरफा कार्रवाई करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने मामले के मुख्य आरोपी यश सोनी सहित 10-10 हजार रुपये के दो इनामी बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अब तक कुल 7 आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं, जबकि एक आरोपी अभी भी फरार है। पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया ने आज मीडिया के सामने पूरा खुलासा किया 

पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग, एक की हुई थी मौत

​घटना पिछले महीने 21 मई 2026 की रात करीब 10:30 बजे की है। मोतीनगर थाना क्षेत्र के विवेकानंद वार्ड, मछरयाई स्थित गोंड बब्बा चबूतरा के पास पुरानी रंजिश को लेकर आरोपियों ने फरियादी ओम साहू और उसके भाई मयंक साहू के साथ गाली-गलौज और विवाद किया था।

​विवाद के दौरान आरोपियों ने अवैध हथियार से अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें मयंक साहू गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं, ओम साहू पर चाकू से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया था। पुलिस ने इस मामले में अपराध क्रमांक 556/2026 के तहत बीएनएस (BNS) की विभिन्न धाराओं और आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया था। घटना के 24 घंटे के भीतर ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए 5 आरोपियों को जेल भेज दिया था।



चार राज्यों में काटी फरारी, पुलिस ने घोषित किया था इनाम

​हत्याकांड के बाद से फरार तीन मुख्य आरोपी मनु सोनी, यश सोनी और ओम अहिरवार पुलिस को चकमा देने के लिए लगातार अपने ठिकाने बदल रहे थे। ये आरोपी गुजरात, आंध्र प्रदेश, दिल्ली और मध्य प्रदेश के पीथमपुर, अशोकनगर, इंदौर व कटनी में छिपकर फरारी काट रहे थे। आरोपियों की धरपकड़ के लिए पुलिस अधीक्षक सागर द्वारा तीनों पर 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

रेलवे आउटर पर घेराबंदी: पुल से कूदा आरोपी, एमडी ड्रग्स के साथ पकड़ाया

19 जून 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी सागर में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने और अपने परिजनों की जमानत के लिए पैसों का इंतजाम करने ट्रेन से आ रहे हैं।

​19-20 जून की दरमियानी रात बम्हौरी रेंगुवा रेलवे आउटर पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस को देखकर आरोपी भागने लगे। इसी दौरान आरोपी मनु सोनी निर्माणाधीन रेलवे ब्रिज से नीचे कूद गया और पकड़ा गया, जबकि उसके दो साथी अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकले। पुलिस ने जब मनु सोनी की तलाशी ली, तो उसके पास से 20 ग्राम अवैध मादक पदार्थ (MD ड्रग्स) बरामद हुआ। मनु सोनी पर पहले से ही मोतीनगर थाने में एनडीपीएस (NDPS) का एक अन्य मामला दर्ज था। उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।

मुख्य आरोपी यश सोनी उत्तर प्रदेश के ललितपुर से गिरफ्तार

​मनु सोनी से मिले इनपुट के बाद पुलिस की टीमों ने दबिश तेज कर दी। आज 21 जून 2026 को पुलिस ने हत्याकांड के मुख्य आरोपी यश सोनी को ललितपुर (उत्तर प्रदेश) से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अभिरक्षा में पूछताछ के बाद आरोपी के मेमोरेंडम के आधार पर घटना में इस्तेमाल किया गया देशी कट्टा भी बरामद कर लिया गया है।

फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए सोशल मीडिया पर फैलाई थी दहशत

​आरोपियों की फरारी के दौरान सोशल मीडिया पर एक अन्य व्यक्ति को जान से मारने की धमकी भरा मैसेज वायरल हुआ था, जिससे शहर में दहशत का माहौल बन गया था। पुलिस जांच में बड़ा खुलासा हुआ कि इस धमकी के पीछे आरोपियों का हाथ नहीं, बल्कि एक विधि विरुद्ध बालक (नाबालिग) का हाथ था। उस नाबालिग का आरोपियों से कोई संपर्क नहीं था; उसने केवल सोशल मीडिया पर अपनी फैन फॉलोइंग बढ़ाने के लिए यह झूठी अफवाह फैलाई थी।

आरोपियों का लंबा आपराधिक रिकॉर्ड

​पकड़े गए दोनों आरोपी शातिर अपराधी हैं।

  • मनु सोनी: इसके खिलाफ हत्या, हत्या का प्रयास, लूट और मारपीट जैसे लगभग 25 आपराधिक मामले दर्ज हैं।
  • यश सोनी: मुख्य आरोपी यश सोनी के खिलाफ भी करीब 08 आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

​पुलिस के अनुसार, मामले का एक और आरोपी ओम अहिरवार अभी भी फरार है, जिसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही हैं।

सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम

​इस बड़ी कामयाबी में मोतीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, उप निरीक्षक शशिकांत गुर्जर, उप निरीक्षक पी.डी. ठाकुर, प्रधान आरक्षक वीरेंद्र शर्मा, सौरभ रैकवार, सुनील चौबे, दिनेश यादव, जानकी मिश्रा और आरक्षक श्रीकांत, आशीष यादव, आशीष सिंह, मनीष तिवारी, प्रदीप शर्मा, अमन स्वामी, सत्येंद्र सिंह, अनुराग वैद्य, गुड्डू शर्मा, आंचल सेन, चंदन बिल्थारे, सोमवीर सिंह, कुलदीप ठाकुर, दीपक अहिरवार, मुकेश अहिरवार एवं हेमेंद्र ठाकुर की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive