आपातकाल की बरसी पर सागर में संगोष्ठी : डिप्टी सीएम राजेन्द्र शुक्ल करेंगे लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान : जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने की जिला प्रभारी मंत्री से की भेंट
तीनबत्ती न्यूज: 23 जून,2026
सागर। भारतीय जनता पार्टी के जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने मंगलवार को भोपाल पहुंचकर मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिले में आयोजित संगठनात्मक गतिविधियों, जनसंपर्क अभियानों एवं विभिन्न कार्यक्रमों की जानकारी साझा करते हुए समसामयिक विषयों पर विस्तार से चर्चा की।
भेंट के दौरान जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने उपमुख्यमंत्री डॉ. राजेन्द्र शुक्ल को आगामी 25 जून को आपातकाल की 51वीं बरसी के अवसर पर सागर में आयोजित होने वाली विशेष संगोष्ठी में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने हेतु आमंत्रित किया। उपमुख्यमंत्री डॉ. शुक्ल ने आमंत्रण स्वीकार करते हुए कार्यक्रम में सहभागिता की सहमति प्रदान की।
जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि 25 जून 1975 को लगाया गया आपातकाल भारतीय लोकतंत्र के इतिहास का सबसे काला अध्याय माना जाता है। इस अवसर पर आयोजित संगोष्ठी में लोकतंत्र की रक्षा के लिए संघर्ष करने वाले लोकतंत्र सेनानियों, वरिष्ठ कार्यकर्ताओं एवं प्रबुद्ध नागरिकों का सम्मान किया जाएगा तथा उस दौर के संघर्ष, त्याग और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा के लिए किए गए योगदान को स्मरण किया जाएगा।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने बताया कि "आपातकाल के काले दिवस" के अवसर पर 25 जून को आयोजित होने वाले कार्यक्रम के सफल एवं प्रभावी संचालन हेतु जिला स्तरीय टोली का गठन किया गया है। इसमें जिला उपाध्यक्ष विक्रम सोनी को संयोजक तथा जिला महामंत्री सुमित यादव एवं जिला मंत्री सविता साहू को सहसंयोजक बनाया गया है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें