कलेक्टर का सख्त निर्देशः बारिश के पूर्व पूर्ण करें सीमांकन का शत-प्रतिशत कार्य, उर्वरक और सम्मान निधि के लिए किसानों की फार्मर आईडी बनाना अनिवार्य
▪️जनसुनवाई के बाद कलेक्टर ने किया SDM कार्यालय का निरीक्षण
तीनबत्ती न्यूज: 23 जून 2026
सागर: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई के उपरांत जनसुनवाई स्थल पर उपस्थित समस्त ग्राम पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, ब्लॉक अधिकारियों, तहसीलदारों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को फॉर्मर आइडी, राजस्व एवं जनसुनवाई में प्राप्त आवेदनों के शीघ्रता से निराकरण के संबंध में निर्देश दिए।
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्पष्ट किया कि जनसामान्य से जुड़े सभी कार्यों को सर्वाेच्च प्राथमिकता के साथ तेजी से पूर्ण कराया जाए। जनसुनवाई में प्राप्त होने वाले आवेदनों की बारीकी से स्क्रूटनी कर उनका त्वरित निराकरण किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि किसानों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण फार्मर आईडी बनवाने का कार्य शीघ्रता से पूर्ण करें और शेष बचे सभी किसानों का एग्रीस्टेक पोर्टल पर अनिवार्य रूप से पंजीयन कराएं।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने श्रमिकों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्देशित किया कि वीबी जी रामजी (मनरेगा) योजना के तहत किए गए कार्यों का शेष भुगतान आगामी 30 जून तक हर हाल में पूर्ण करा लिया जाए। इसके साथ ही, संबल योजना के सभी पात्र हितधारकों के ई-श्रम कार्ड प्राथमिकता के आधार पर बनवाए जाएं क्षेत्र के अधिक से अधिक पात्र श्रमिकों को प्रधानमंत्री श्रमयोगी मानधन योजना से जोड़ा जाए। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौड़ सहित अन्य ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।
विशेष जनसुनवाई: समय, पैसों की बचत के साथ त्वरित हो रहा है निराकरण
कलेक्टर श प्रतिभा पाल द्वारा आयोजित जनसुनवाई जिले के आम नागरिकों के लिए वरदान साबित हो रही है। आज राहतगढ़ में आयोजित जनसुनवाई में आवेदनकर्ताओं, शिकायतकर्ताओं और योजनाओं के पात्र हितग्राहियों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण किया गया। विकासखंड स्तरीय जनसुनवाई के आयोजन से जहां एक ओर आमजन के समय और पैसे की बचत हो रही है वहीं दूसरी ओर लोगों को अपनी समस्याओं का त्वरित समाधान प्राप्त हो रहा है जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और बढ़ा है।
आमजन से लिए आवेदन, दिए त्वरित निराकरण के निर्देश
कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल के निर्देश पर राहतगढ़ में आयोजित विशेष जनसुनवाई में व्यक्तियों की समस्याओं का मौके पर ही अधिकारियों के माध्यम से निराकरण कराया। जनसुनवाई में पहुंचे ग्रामीणों, किसानों, महिलाओं और युवाओं ने विभिन्न विभागों से जुड़ी समस्याएं रखीं, जिनमें राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, खाद्य, राशन कार्ड, पेंशन, आवास योजना, जलापूर्ति और अन्य कल्याणकारी योजनाओं से संबंधित आवेदनों को सुना गया। अधिकांश आवेदनों पर त्वरित कार्यवाही करते हुए प्रकरणों को निराकरण किया गया तथा अन्य आवेदनों के निराकरण के लिए समय सीमा निर्धारित की गई।।
कलेक्टर ने किया राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय निरीक्षण
राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय पर नागरिकों को सुविधाओं का लाभ समय पर सुगमता से मिले। न्यायालय में प्रकरणों के संबंध में नियमित सुनवाई हो। राजस्व प्रकारणों का निराकरण शीघ्रता से किया जाए, कार्यालय परिसर को साफ एवं स्वच्छ बनाएं। उक्त निर्देश कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने आज राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय के निरीक्षण के दौरान संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ श्री विवेक केवी, एसडीएम श्री रोहित वर्मा, तहसीलदार श्री निर्मल सिंह राठौर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
कलेक्टर श्रीमती पाल ने निर्देश देते हुए कहा कि राहतगढ़ एसडीएम और तहसील कार्यालय में आने वाले आम नागरिकों को किसी भी प्रकार की असुविधा नहीं होनी चाहिए। राजस्व न्यायालयों में प्रकरणों के संबंध में नियमित रूप से सुनवाई आयोजित की जाए और लंबित राजस्व प्रकरणों का निराकरण शीघ्रता से करते हुए उनकी संख्या में तेजी से कमी लाई जाए। इस दौरान उन्होंने राजस्व न्यायालय, रिकॉर्ड रूम, नकल शाखा, वेटिंग रूम सहित अन्य शाखाओं का निरीक्षण किया एवं प्रकरणों के संबंध में जनकारी ली।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने निर्देश दिए कि एसडीएम, तहसीलदार और नायब तहसीलदार कोर्ट में नामांतरण, बंटवारा आदि के प्रकरण समसीमा से अधिक लंबित न रहे। उन्हें शीघ्रता से देखें और निराकृत करें। कार्यालय के रिकॉर्ड रूम में सभी आवश्यक फाइलों और दस्तावेजों का व्यवस्थित रिकॉर्ड संधारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी प्रकरण की जानकारी तुरंत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने संपूर्ण कार्यालय परिसर को पूरी तरह साफ एवं स्वच्छ बनाए रखने की हिदायत दी। उन्होंने निर्देशित किया कि दूर-दराज से आने वाले नागरिकों की सुविधा के लिए कार्यालय में बैठने की उत्तम व्यवस्था, ठंडे पेयजल की उपलब्धता और सुलभ शौचालय की समुचित व्यवस्था रखी जाए।









0 comments:
एक टिप्पणी भेजें