Editor: Vinod Arya | 94244 37885

इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का सागर में प्रथम चरण संपन्न

इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' का सागर में प्रथम चरण संपन्न


तीनबत्ती न्यूज: 21 जून, 2026

सागर:  पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के खिलाफ किए जा रहे दुष्प्रचार का पुरजोर जवाब देने और महात्मा गांधी के 'रामराज्य' के सपने को साकार करने के उद्देश्य से 'सम्यक अभियान' द्वारा संचालित 'इंदिरा ज्योति यात्रा' और 'चलें रामराज्य की ओर संकल्प यात्रा' के प्रथम चरण का आज सागर में भव्य समापन हो गया। सम्यक अभियान के प्रमुख, सुप्रसिद्ध लेखक व विचारक गुरुदेव भास्कर राव रोकड़े ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 12 जुलाई 2024 को 'संविधान हत्या दिवस' की अधिसूचना जारी होने के बाद, इंदिरा जी के कार्यों, विचारों और देशहित में लिए गए क्रांतिकारी निर्णयों को जन-जन तक पहुँचाने के लिए इस चार वर्षीय अभियान की नींव रखी गई। इसी क्रम में, भोपाल के रवींद्र भवन में आयोजित इंदिरा जी के 108वें जयंती समारोह में एआईसीसी मीडिया विभाग के अध्यक्ष पवन खेड़ा की उपस्थिति में 'चलें रामराज्य की ओर' अभियान का भी शिलान्यास किया गया था।

श्री रोकड़े ने ऐतिहासिक संदर्भों को रेखांकित करते हुए बताया कि महात्मा गांधी ने 11 सितंबर 1929 को भोपाल प्रवास के दौरान भय, भ्रष्टाचार और भेदभाव से मुक्त जिस 'रामराज्य' की परिकल्पना की थी, उसे पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने ही सन् 1969 में 'रामचरितमानस चतुष्शताब्दी अंतरराष्ट्रीय समिति' का गठन कर वैश्विक स्तर पर प्रचारित किया। उस दौर में स्कूलों में बालसभाओं, गांवों में मानस मंडलियों और जिला मुख्यालयों में मानस भवनों के निर्माण के जरिए रामराज्य की अवधारणा को धरातल पर उतारा गया था। वर्तमान में इसी व्यवस्था को पुनः स्थापित करने के लिए यह देशव्यापी आंदोलन चलाया जा रहा है।

संगठनात्मक रूप से यह अभियान फिलहाल मध्य प्रदेश (6 प्रांत), छत्तीसगढ़ (3 प्रांत) और राजस्थान (6 प्रांत) में पूरी ताकत के साथ संचालित हो रहा है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देशों के बाद मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी (PCC) द्वारा पूर्व मंत्री पी.सी. शर्मा को अभियान का प्रदेश प्रभारी और पूर्व सांसद सुरेंद्र सिंह ठाकुर की अध्यक्षता में 11 सदस्यीय प्रदेश आयोजन समिति का गठन किया गया है। इसके साथ ही, समाज के सभी वर्गों और धर्मों को जोड़ते हुए एडवोकेट सैयद साजिद अली को 'चलें रामराज्य की ओर' अभियान का केंद्रीय समन्वयक नियुक्त किया गया है।

यह आंदोलन केवल वैचारिक नहीं, बल्कि युवाओं और किसानों के हक की लड़ाई भी है। रीवा से 2 मई 2022 को शुरू हुआ सम्यक अभियान शिक्षित बेरोजगार युवाओं को सम्मानजनक अवसर दिलाने, आउटसोर्सिंग प्रणाली पर पाबंदी लगाने, निजी क्षेत्र के कर्मचारियों को शोषण से मुक्ति दिलाने, कृषि क्रांति के लिए 'इंडस्ट्री सेंट्रिक कम्युनिटी फार्मिंग सिस्टम' अपनाने और पूर्व राजा-महाराजाओं की अकूत संपत्ति को सरकारी घोषित कर उस धन से युवाओं का भविष्य संवारने जैसे 9 सूत्रीय न्यायसंगत मुद्दों पर केंद्रित है। यही कारण है कि आज म.प्र. में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और प्रगतिशील किसान इस अभियान से जुड़ चुके हैं।

महात्मा गांधी के ऐतिहासिक असहयोग आंदोलन की स्मृति में छिंदवाड़ा के चिटनिस गंज से 6 जनवरी 2026 को शुरू हुई यह यात्रा महाकौशल, मालवांचल, चंबल, विंध्य और बुंदेलखंड के सभी जिलों से होकर आज सागर पहुँची है। प्रथम चरण के इस सफल समापन के बाद, अब आगामी रणनीति के तहत तीनों राज्यों के सभी जिलों में व्यापक स्तर पर 'जिलाव्यापी यात्राएं' शुरू की जाएंगी, ताकि अगले तीन वर्षों के भीतर हर घर और हर द्वार तक इंदिरा जी के क्रांतिकारी निर्णयों तथा रामराज्य के पावन संदेश को पहुँचाया जा सके।

पत्रकार वार्ता में प्रमुख रूप से जिला कांग्रेस कमेटी ग्रामीण अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह मुहासा,जिला कांग्रेस कमेटी सागर शहर अध्यक्ष महेश जाटव, पूर्व मंत्री हर्ष यादव,जगदीश यादव, शैलेन्द्र श्रीवास्तव, प्रदेश प्रवक्ता डाँ संदीप सबलोक, जिला उपाध्यक्ष अभिषेक गौर,जिला प्रवक्ता सूर्या शुक्ला डाँ दिनेश पटेरिया मनोज पवार मौजूद रहे।पत्रकार वार्ता का संचालन जिला कांग्रेस ग्रामीण संगठन महामंत्री आशीष ज्योतिषी ने किया.

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive