Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर: मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने किया कांग्रेस सेवादल के ध्वजवंदन कार्यक्रम में ध्वजारोहण, छात्र आंदोलन की सफलता पर दिया संदेश

कांग्रेस सेवादल का मासिक ध्वजवंदन: मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने किया ध्वजारोहण, छात्र आंदोलन की सफलता को बताया शिक्षा के अधिकार की जीत


तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। शहर कांग्रेस सेवादल के जुलाई माह के अंतिम रविवार को आयोजित मासिक ध्वजवंदन कार्यक्रम में इस बार हायर सेकेंडरी की मेधावी छात्रा सृष्टि सोनी ने ध्वजारोहण किया। कार्यक्रम राजीव गांधी भवन स्थित जिला शहर कांग्रेस कार्यालय के सामने आयोजित किया गया। आयोजन जिला शहर कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष सिंटू कटारे के नेतृत्व में हुआ, जबकि संचालन द्वारका चौधरी ने किया। कार्यक्रम में प्रदेश कांग्रेस सेवादल के महासचिव विजय साहू मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

मुख्य अतिथि सृष्टि सोनी ने कहा कि शिक्षा प्रत्येक भारतीय का संवैधानिक अधिकार है और यह अधिकार समाज के हर वर्ग को समान रूप से प्राप्त है। उन्होंने कहा कि जंतर-मंतर पर हुए छात्र आंदोलन की सफलता यह दर्शाती है कि नई पीढ़ी शिक्षा के प्रति गंभीर और जागरूक है। उन्होंने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी द्वारा छात्र आंदोलन को दिए गए समर्थन के लिए उनका आभार भी व्यक्त किया।

इस अवसर पर पूर्व मंत्री सुरेंद्र चौधरी ने कहा कि छात्र आंदोलन को राहुल गांधी ने नई ऊर्जा प्रदान की। उन्होंने आंदोलन के दौरान कांग्रेस सेवादल के स्वयंसेवकों द्वारा की गई सेवा और सहयोग की सराहना करते हुए सभी को आंदोलन की सफलता के लिए बधाई दी।

कार्यक्रम के अंत में पूर्व पार्षद मदन बाबा यादव की माताजी, पूर्व सांसद रामेश्वर नीखरा के छोटे भाई, नरेंद्र कोष्ठी की माता, वरिष्ठ पत्रकार विष्णु पारासर, पत्रकार दीपेश शर्मा तथा नीट परीक्षा लीक प्रकरण के बाद दिवंगत हुए छात्रों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई।

ये शामिल हुए

कार्यक्रम में सृष्टि सोनी, पुरुषोत्तम (मुन्ना) चौबे, राकेश राय, जितेंद्र रोहण, बी.डी. पटेल, राहुल चौबे, सागर साहू, दीनदयाल तिवारी, रजिया खान, आकांक्षा सोनी, आर्या पचौरी, समीर खान, प्रेमनारायण विश्वकर्मा, ऋषभ जैन, हरिश्चंद्र सोनवार, राजा सेन, शरद पुरोहित, नितिन पचौरी, कल्लू पटेल, वसीम खान, गोपीलाल यादव, उमेश यादव, राकेश छावड़ा, मानसिंह चौधरी, रामशंकर सेन, गफ्फार भाई, महेश अहिरवार, लल्ला यादव, परख शुक्ला, अंकुर यादव, हरिदयाल पटेल, हरिओम पटेल, दिनेश पटेल, विक्की रैकवार, मोहनलाल सेन, मोहित मछंदर, मजहर हाश्मी आदि शामिल रहे। 


Share:

सागर में 29 जुलाई को मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान, रावतपुरा सरकार ट्रस्ट की तैयारियां तेज

सागर में रावतपुरा सरकार का चातुर्मास व्रत-संकल्प संपन्न, 29 जुलाई को होगा मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान



तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026

सागर। संत शिरोमणि श्री रविशंकर जी रावतपुरा सरकार का चातुर्मास व्रत एवं संकल्प कार्यक्रम रविवार को सागर के पंतनगर वार्ड स्थित वेदांती आश्रम परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार, पूजन-अर्चन एवं धार्मिक अनुष्ठानों के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम के पश्चात श्रद्धालुओं की उपस्थिति में मंच से संगीतमय सुंदरकांड का पाठ भी आयोजित किया गया।

आश्रम में प्रतिदिन सुबह 8 बजे एवं शाम 6 बजे आस्था मंच से प्रार्थना का आयोजन किया जा रहा है। वहीं दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक वेदांती आश्रम परिसर में श्री शशि शेखर शास्त्री के श्रीमुख से संगीतमय श्रीराम कथा का वाचन किया जा रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हो रहे हैं।



इधर, 29 जुलाई को श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री सागर में आयोजित होने वाले मां राजराजेश्वरी कोटी हरिद्रा कुंकुमार्चन महाअनुष्ठान की तैयारियां भी तेज हो गई हैं। आयोजन को लेकर विभिन्न स्थानों से पहुंचे करीब 1100 पंडित, गुरु भाई-बहन एवं शिष्य सेवा कार्य और व्यवस्थाओं में जुटे हुए हैं।

आयोजकों के अनुसार गुरु पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित होने वाला यह महाअनुष्ठान रोग, कष्ट एवं पीड़ा निवारण के साथ धन-वैभव, सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए विशेष महत्व रखता है। इसमें शामिल होने के लिए किसी प्रकार का शुल्क नहीं रखा गया है तथा सभी श्रद्धालुओं को परिवार और इष्ट-मित्रों सहित सादर आमंत्रित किया गया है।

आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से भारतीय पारंपरिक परिधान में शामिल होने की अपील की है। पुरुषों के लिए धोती-कुर्ता या कुर्ता-पायजामा तथा महिलाओं के लिए साड़ी अथवा सलवार-सूट निर्धारित किया गया है।

महाअनुष्ठान का आयोजन श्री मनसा पूरण बालाजी मंदिर परिसर, धर्मश्री, सागर (मध्य प्रदेश) में श्री रावतपुरा सरकार लोक कल्याण ट्रस्ट द्वारा किया जाएगा।


Share:

साप्ताहिक राशिफल 27 जुलाई–2 अगस्त 2026: जानें सभी 12 राशियों का भविष्यफल, शुभ दिन और उपाय • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल (27 जुलाई से 2 अगस्त 2026): जानिए कैसा रहेगा आपके लिए यह सप्ताह और क्या कहते हैं आपके सितारे
• पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज: 26 जुलाई, 2026
साप्ताहिक ज्योतिष विश्लेषण: 27 जुलाई से 2 अगस्त 2026 का यह सप्ताह ग्रह-गोचर और नक्षत्रों की चाल के लिहाज से बेहद महत्वपूर्ण रहने वाला है। प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य, प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ पंडित अनिल कुमार पाण्डेय के अनुसार, इस सप्ताह ग्रहों की स्थिति में बड़े बदलाव देखने को मिलेंगे जो सभी 12 राशियों के जीवन पर सीधा प्रभाव डालेंगे।
आइए सबसे पहले जानते हैं इस सप्ताह के मुख्य ग्रह-गोचर और धार्मिक मान्यता के बारे में, और फिर देखते हैं सभी राशियों का विस्तृत राशिफल।
इस सप्ताह के मुख्य ग्रह-गोचर
  • सूर्य और गुरु: कर्क राशि में विराजमान रहेंगे।
  • मंगल: वृष राशि में गोचर करेंगे।
  • बुध: मिथुन राशि में रहेंगे।
  • राहु: कुंभ राशि में स्थिति बनाएंगे।
  • शुक्र: सप्ताह के प्रारंभ में सिंह राशि में रहेंगे और 1 अगस्त को प्रातः 5:54 बजे कन्या राशि में प्रवेश करेंगे।
  • शनि: प्रारंभ में मीन राशि में मार्गी रहेंगे, लेकिन 27 जुलाई को सुबह 11:29 बजे से वक्री (उल्टी चाल) हो जाएंगे।
यह भी पढ़ें: 

साप्ताहिक राशिफल एवं विशेष उपाय
1. मेष राशि
  • प्रभाव: इस सप्ताह आपकी प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी और जनप्रतिनिधियों के लिए समय उत्तम रहेगा। भाई-बहनों से सहयोग मिलेगा और रिश्ते बेहतर होंगे। हालांकि, संतान पक्ष से विशेष मदद नहीं मिल पाएगी।
  • सावधानी: नौकरीपेशा लोग, अधिकारी और कचहरी के कार्यों से जुड़े जातक पूरी सावधानी से काम लें। रविवार दोपहर के बाद विशेष सतर्कता बरतें।
  • शुभ दिन: 29 और 30 जुलाई आपके लिए बेहद अनुकूल हैं। सप्ताह का शुभ दिन बृहस्पतिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'आदित्य हृदय स्तोत्र' का पाठ करें।
2. वृष राशि
  • प्रभाव: व्यापारियों के लिए यह सप्ताह शानदार रहेगा, धन लाभ के अच्छे योग हैं। जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। किस्मत के भरोसे बैठने के बजाय कर्म पर भरोसा रखें।
  • सावधानी: अपनी साख और प्रतिष्ठा के प्रति सजग रहें, अन्यथा मान-हानि हो सकती है। स्वास्थ्य में मामूली उतार-चढ़ाव संभव है। 27 और 28 जुलाई को सतर्क रहें।
  • शुभ दिन: 31 जुलाई, 1 और 2 अगस्त कार्यों के लिए उत्तम हैं। सप्ताह का शुभ दिन शुक्रवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
3. मिथुन राशि
  • प्रभाव: आपका और जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। धन आगमन की पूरी संभावना है और व्यापारियों को बड़ा लाभ हो सकता है।
  • सावधानी: कचहरी के मामलों में थोड़ी सी लापरवाही नुकसान करा सकती है। भाग्य का सहयोग कम मिलेगा और भाई-बहनों से वैचारिक मतभेद हो सकते हैं। 29 और 30 जुलाई को विशेष सावधान रहें।
  • शुभ दिन: 27, 28 जुलाई और 2 अगस्त लाभदायक रहेंगे। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन चावल का दान करें और शुक्रवार को किसी मंदिर में गरीबों को सफेद वस्त्र दान करें।
4. कर्क राशि
  • प्रभाव: आत्मविश्वास भरपूर रहेगा, जिससे कई अटके काम बन जाएंगे। संतान पक्ष से शुभ समाचार मिलेगा। विद्यार्थियों को परीक्षा में सफलता मिलेगी और भाग्य का पूरा साथ मिलेगा।
  • सावधानी: यदि आप जीवनसाथी की तलाश में हैं तो सप्ताह के मध्य का समय अनुकूल है। हालांकि, सप्ताह के बाकी दिनों में सामान्य सतर्कता बनाए रखें।
  • शुभ दिन: 29 और 30 जुलाई आपके लिए सबसे उत्तम हैं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
5. सिंह राशि
  • प्रभाव: व्यापार में लाभ और धन प्राप्ति के योग हैं। अविवाहितों के लिए विवाह के नए प्रस्ताव आ सकते हैं। समाज में मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। संतान और छात्रों के लिए समय अनुकूल है।
  • सावधानी: कचहरी के कार्यों में अत्यधिक परिश्रम करना पड़ेगा। अधिकारी वर्ग को संभलकर काम करना होगा। 29, 30 जुलाई और 2 अगस्त दोपहर के बाद सावधान रहें।
  • शुभ दिन: 31 जुलाई, 1 अगस्त और 2 अगस्त की दोपहर तक का समय शुभ है। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
6. कन्या राशि
  • प्रभाव: धन आगमन का सुंदर योग बना हुआ है। व्यापारियों के लिए यह समय भुनाने वाला है। अविवाहितों के लिए रिश्ते आ सकते हैं। भाई-बहनों से रिश्ते मधुर रहेंगे।
  • सावधानी: संतान को थोड़ा कष्ट हो सकता है और उनसे अपेक्षित सहयोग नहीं मिल पाएगा। कचहरी के मामलों में लापरवाही न बरतें। 31 जुलाई से 2 अगस्त दोपहर तक सजग रहें।
  • शुभ दिन: 27, 28 जुलाई और 2 अगस्त दोपहर के बाद का समय सफलता देने वाला है। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन हनुमान चालीसा का पाठ करें और मंगलवार को हनुमान मंदिर जाकर 3 बार पाठ करें।
7. तुला राशि
  • प्रभाव: नौकरीपेशा लोगों और अधिकारियों के लिए यह सप्ताह बेहतरीन है। कार्यस्थल पर सम्मान मिलेगा। भाग्य का साथ मिलेगा, व्यापार अच्छा चलेगा और शत्रु शांत रहेंगे।
  • सावधानी: भाई-बहनों के साथ संबंधों में थोड़ी खटास आ सकती है। संतान के स्वास्थ्य का ध्यान रखें। 2 अगस्त दोपहर के बाद विशेष सावधानी बरतें।
  • शुभ दिन: 29 और 30 जुलाई विभिन्न कार्यों के लिए बेहद शुभ हैं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'रुद्राष्टक' का पाठ करें।
8. वृश्चिक राशि
  • प्रभाव: इस सप्ताह किस्मत का भरपूर सहयोग मिलेगा। भाग्य के कारण रुके हुए काम पूरे होंगे। आपका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा।
  • सावधानी: भाई-बहनों से विवाद की स्थिति से बचें। नौकरीपेशा लोग और अधिकारी अपने काम में किसी तरह की लापरवाही न करें।
  • शुभ दिन: 31 जुलाई, 1 अगस्त और 2 अगस्त दोपहर तक का समय लाभप्रद है। सप्ताह का शुभ दिन रविवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'राम रक्षा स्तोत्र' का पाठ करें।
9. धनु राशि
  • प्रभाव: व्यापारियों के लिए यह समय मुनाफे वाला है। पति-पत्नी दोनों का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। कम प्रयास में भी शत्रुओं पर विजय प्राप्त होगी।
  • सावधानी: सेहत के लिहाज से रक्त से संबंधित (Blood-related) समस्याओं से बचकर रहें। कोर्ट-कचहरी के मामलों में थोड़ी सावधानी जरूरी है। भाग्य से सामान्य सहयोग ही मिलेगा।
  • शुभ दिन: 27, 28 जुलाई और 2 अगस्त दोपहर के बाद का समय असरदार रहेगा। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर मंत्र' का जाप करें।
10. मकर राशि
  • प्रभाव: यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए बहुत शुभ है। उनका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा और उनके माध्यम से धन लाभ/व्यापारिक लाभ के योग हैं।
  • सावधानी: संतान से सहयोग कम मिलेगा। वाहन चलाते समय या यात्रा के दौरान दुर्घटनाओं से सावधान रहें। 27 और 28 जुलाई को विशेष सजगता रखें।
  • शुभ दिन: 29 और 30 जुलाई आपके लिए अनुकूल हैं। सप्ताह का शुभ दिन बुधवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'शिव पंचाक्षर स्तोत्र' का पाठ करें।
11. कुंभ राशि
  • प्रभाव: संतान पक्ष और छात्रों के लिए सप्ताह श्रेष्ठ है। पढ़ाई में मन लगेगा और परीक्षाओं में सफलता मिलेगी। अधिकारी और कर्मचारियों के लिए समय सामान्य से बेहतर रहेगा।
  • सावधानी: आपका या आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य थोड़ा बिगड़ सकता है। अपनी सामाजिक छवि और प्रतिष्ठा के प्रति सतर्क रहें, कुछ लोग इसे नुकसान पहुंचाने का प्रयास कर सकते हैं। 29 और 30 जुलाई को सावधान रहें।
  • शुभ दिन: 31 जुलाई, 1 और 2 अगस्त की दोपहर तक का समय सफलता दिलाने वाला है। सप्ताह का शुभ दिन शनिवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'गणेश अथर्वशीर्ष' का पाठ करें।
12. मीन राशि
  • प्रभाव: समाज में मान-प्रतिष्ठा बढ़ेगी। संतान से पूरा सहयोग मिलेगा और छात्रों को सफलता मिलेगी। माता-पिता का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। अधिकारियों के लिए समय अनुकूल है और शत्रुओं पर आसानी से विजय मिलेगी।
  • सावधानी: भाई-बहनों के साथ मनमुटाव से बचें। 31 जुलाई, 1 और 2 अगस्त को किसी भी काम में सफलता के लिए अधिक कड़ा परिश्रम करना पड़ेगा।
  • शुभ दिन: 27 और 28 जुलाई का समय मददगार साबित होगा। सप्ताह का शुभ दिन मंगलवार है।
  • उपाय: प्रतिदिन 'विष्णु सहस्रनाम' का पाठ करें।
विशेष नोट: यह एक सामान्य राशिफल और गोचर आधारित गणना है। व्यक्तिगत और सटीक ज्योतिषीय परामर्श या अपनी जन्मकुंडली/प्रश्न कुंडली के विस्तृत विश्लेषण के लिए आप प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य से संपर्क कर सकते हैं।
ज्योतिषीय परामर्श हेतु संपर्क विवरण:
  • ज्योतिषाचार्य: पंडित अनिल कुमार पाण्डेय (सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता, प्रश्न कुंडली एवं वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ)
  • पता: साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया, सागर (मध्य प्रदेश) - 470004
  • संपर्क सूत्र: 8959594400
Share:

सागर में प्रशासनिक फेरबदल: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बदले एसडीएम, रोहित वर्मा बने एसडीएम सागर

सागर में प्रशासनिक फेरबदल: कलेक्टर प्रतिभा पाल ने बदले कई एसडीएम, आरती यादव को शाहगढ़ का अतिरिक्त प्रभार


तीनबत्ती न्यूज, 25 जुलाई 2026

सागर। प्रशासनिक सुविधा की दृष्टि से सागर कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों की जिम्मेदारियों में फेरबदल करते हुए नवीन पदस्थापना आदेश जारी किए हैं। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिए गए हैं।

जारी आदेश के अनुसार, संयुक्त कलेक्टर श्रीमती आरती यादव को एसडीएम बण्डा के पद पर यथावत रखते हुए अनुविभाग शाहगढ़ का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।

वहीं, डिप्टी कलेक्टर श्री रोहित वर्मा को एसडीएम सागर नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें अनुविभाग राहतगढ़ का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।

इसी क्रम में डिप्टी कलेक्टर श्री नवीन सिंह ठाकुर को एसडीएम जैसीनगर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।

कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे तत्काल नवीन पदस्थापना स्थल पर कार्यभार ग्रहण करें।

Share:

सागर: पत्रकार भूपेंद्र शर्मा की हत्या का आरोपी गिरफ्तार: हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद

सागर: पत्रकार भूपेंद्र शर्मा की हत्या का आरोपी गिरफ्तार:  हत्या में इस्तेमाल लोहे का पाइप बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 25 जुलाई, 2026

सागर। सागर जिले के सुरखी थाना क्षेत्र में वेयरहाउस में हुए विवाद के बाद पत्रकार भूपेंद्र शर्मा की हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी को घटना के 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप भी बरामद कर लिया है। न्यायालय में पेशी के बाद आरोपी को जेल भेज दिया गया।

पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सोलंकी तथा एसडीओपी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन में सुरखी थाना पुलिस ने इस मामले का खुलासा किया।

पुलिस के अनुसार, 22 जुलाई 2026 को फरियादी पप्पू उर्फ पवन अहिरवार ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 20 जुलाई की रात करीब 10:30 बजे शासकीय वेयरहाउस बम्होरी के कार्यालय में  पार्टी के दौरान भूरे उर्फ कृष्णकुमार शर्मा और भूपेंद्र शर्मा के बीच विवाद हो गया।  मौजूद लोगों ने दोनों को अलग कर दिया, लेकिन कुछ देर बाद आरोपी लोहे का पाइप लेकर आया और पीछे से भूपेंद्र शर्मा के सिर पर वार कर दिया।

गंभीर रूप से घायल भूपेंद्र शर्मा को पहले स्थानीय अस्पताल और बाद में बेहतर इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल, भोपाल रेफर किया गया, जहां 23 जुलाई को उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

इस मामले में सुरखी थाना पुलिस ने अपराध क्रमांक 249/2026 दर्ज कर विवेचना शुरू की। मृत्यु के बाद प्रकरण में हत्या की धाराएं भी जोड़ दी गईं।



पुलिस ने आरोपी भूरे उर्फ कृष्णकुमार उर्फ कृष्ण स्वरूप शर्मा (32 वर्ष), निवासी ग्राम खुरई थावरी, थाना सुरखी को 24 जुलाई को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी की निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल किया गया लोहे का पाइप बरामद कर जब्त किया गया।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी के खिलाफ वर्ष 2022 से मारपीट सहित अन्य आपराधिक मामले पहले से दर्ज हैं।

इनकी रही सराहनीय भूमिका

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी महेंद्र सिंह भदौरिया, उपनिरीक्षक रामअवतार धाकड़, प्रधान आरक्षक महेंद्र प्रभाकर, नौवत कुमार, आरक्षक कर्मवीर, कामता, चालक विकास मिश्रा, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार (सायबर सेल) सहित थाना सुरखी पुलिस की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Share:

सागर में भीषण सड़क हादसा: कार-बाइक की जोरदार टक्कर, 2 युवकों की मौत, युवती गंभीर घायल

सागर में भीषण सड़क हादसा: कार और बाइक की जोरदार भिड़ंत, 2 युवकों की मौत, एक युवती गंभीर रूप से घायल


तीनबत्ती न्यूज: 25 जुलाई, 2026

सागर : सागर के गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाने के ठीक सामने शनिवार शाम एक भीषण सड़क हादसा हो गया। कार और बाइक की टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार उछलकर थाने की रेलिंग तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा गिरे। इस दर्दनाक हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई है।

गढ़ाकोटा रोड पर थाने के सामने हुई भिड़ंत

मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार शाम गढ़ाकोटा रोड पर बहेरिया थाने के सामने कार और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर बहेरिया थाने की रेलिंग तोड़ते हुए परिसर के अंदर जा गिरे और कार भी अनियंत्रित होकर टकरा गई। हादसा देखते ही पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सभी घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद दो युवकों को मृत घोषित कर दिया।

मृतकों एवं घायलों की पहचान

हादसे में जान गंवाने वाले और घायल लोगों की पहचान प्राथमिक जांच में इस प्रकार हुई है:

  • रामचरण अहिरवार (28 वर्ष): निवासी बरायठा (मृतक)
  • सुनील अहिरवार (23 वर्ष): निवासी बराज (मृतक)
  • खुशबू अहिरवार (20 वर्ष): निवासी बमहोरी बीका (गंभीर रूप से घायल)

वहीं, कार में सवार दो युवकों को मामूली चोटें आई हैं और वे सुरक्षित हैं। कार सवारों में से एक की पहचान अमित यादव के रूप में हुई है।

युवती की होने वाली थी शादी

गंभीर रूप से घायल युवती खुशबू ने बताया कि उसकी शादी मृतक सुनील के साथ होने वाली थी। हालांकि, पुलिस का कहना है कि परिजनों के आने के बाद ही पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस का बयान

मामले की जानकारी देते हुए बहेरिया थाना प्रभारी शशिकांत गुर्जर ने बताया:

"कार और बाइक की टक्कर में दो लोगों की मौत हुई है। मृतक कहाँ जा रहे थे, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। मृतकों के परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है, मामला दर्ज कर घटना के कारणों की जांच की जा रही है।"

Share:

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री का निरीक्षण: संजय ड्राइव ब्रिज डिवाइडर पर होगा फैसला, एलीवेटेड कॉरिडोर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री का निरीक्षण: संजय ड्राइव ब्रिज डिवाइडर पर होगा फैसला, एलीवेटेड कॉरिडोर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज, 25 जुलाई, 2026 

सागर। नगर निगम आयुक्त एवं सागर स्मार्ट सिटी के कार्यकारी निदेशक राजकुमार खत्री ने शनिवार को शहर के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को सड़क सुरक्षा, स्वच्छता और सौंदर्यीकरण से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश दिए। उन्होंने संजय ड्राइव रोड स्थित ब्रिज के डिवाइडर के संबंध में सड़क सुरक्षा समिति से अभिमत लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही एलीवेटेड कॉरिडोर पर अंतिम छोर तक सुरक्षा जालियां लगाने और शहर में विशेष स्वच्छता अभियान को प्रभावी बनाने पर जोर दिया।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने संजय ड्राइव रोड ब्रिज की ड्राइंग और डिजाइन का अवलोकन करते हुए इंजीनियरों से तकनीकी जानकारी ली। उन्होंने कहा कि ब्रिज निर्माण के समय बनाए गए डिवाइडर और सुरक्षा दीवार की वर्तमान उपयोगिता का सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से परीक्षण कराया जाए। यदि तकनीकी रूप से संभव हो और ब्रिज की संरचना पर कोई प्रभाव न पड़े, तो डिवाइडर हटाने की प्रक्रिया पूरी की जाए।

देखे वीडियो क्लिक करे

नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री का निरीक्षण: संजय ड्राइव ब्रिज डिवाइडर पर होगा फैसला, एलीवेटेड कॉरिडोर की सुरक्षा बढ़ाने के निर्देश

स्वच्छता अभियान में चौराहों पर विशेष ध्यान

आयुक्त ने चैतन्य हॉस्पिटल तिराहा सहित कई प्रमुख स्थानों का निरीक्षण कर सफाई मित्रों को निर्देश दिए कि "सफाई अपनाओ, बीमारी भगाओ" अभियान के तहत शहर के चौराहों, तिराहों, सड़कों और नालियों की नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि वर्षा जल निकासी के लिए नालों और नालियों की सफाई प्राथमिकता से की जाए, ताकि जलभराव की स्थिति न बने।

महाराणा प्रताप प्रतिमा स्थल होगा आकर्षक

सिटी स्टेडियम के सामने स्थापित होने वाली लगभग 20 फीट ऊंची वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप की प्रतिमा के निर्माण कार्य का भी निरीक्षण किया गया। आयुक्त ने निर्देश दिए कि प्रतिमा का फाउंडेशन ऐसा बनाया जाए जिससे वह दूर से ही स्पष्ट दिखाई दे। साथ ही प्रतिमा स्थल के आसपास लैंडस्केपिंग कर इसे आकर्षक स्वरूप दिया जाए।

एलीवेटेड कॉरिडोर पर बढ़ेगी सुरक्षा

निरीक्षण के दौरान एलीवेटेड कॉरिडोर पर सुरक्षा व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए आयुक्त ने निर्देश दिए कि सुरक्षा जालियों को अंतिम छोर तक लगाया जाए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना या दुर्घटना की संभावना समाप्त हो सके।


Share:

एमपी ट्रांसको के आउटसोर्स कर्मचारियों ने बचाई साथी की जान, सर्पदंश के बाद समय पर अस्पताल पहुंचाकर कराया उपचार


एमपी ट्रांसको के आउटसोर्स कर्मचारियों ने बचाई साथी की जान, सर्पदंश के बाद समय पर अस्पताल पहुंचाकर कराया उपचार

तीनबत्ती न्यूज: 25 जुलाई, 2026

सागर/टीकमगढ़। मध्य प्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) के 220 केवी सबस्टेशन, टीकमगढ़ में कार्यरत आउटसोर्स सुरक्षा सैनिक की जान साथी कर्मचारियों की तत्परता और सूझबूझ से बच गई। ड्यूटी के दौरान जहरीले सर्प के काटने के बाद सहकर्मियों ने बिना समय गंवाए उन्हें जिला चिकित्सालय पहुंचाकर उपचार शुरू कराया, जिससे समय रहते उनकी जान बचाई जा सकी।

जानकारी के अनुसार, 220 केवी सबस्टेशन टीकमगढ़ में कार्यरत आउटसोर्स सुरक्षा सैनिक रामेश्वर यादव को ड्यूटी के दौरान जहरीले सर्प ने काट लिया। स्थिति गंभीर होने पर उनके साथ कार्यरत आउटसोर्स सुरक्षा सैनिक अरविंद चढ़ार और आउटसोर्स मेंटेनेंस कर्मचारी निवेंद्र यादव ने तत्काल उन्हें अपनी मोटरसाइकिल से जिला चिकित्सालय, टीकमगढ़ पहुंचाया।

दोनों कर्मचारियों ने अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकीय टीम से समन्वय स्थापित कर उपचार शीघ्र शुरू कराया। समय पर चिकित्सा मिलने से रामेश्वर यादव की जान बचाई जा सकी।



प्रबंध संचालक ने की सराहना

एमपी ट्रांसको के प्रबंध संचालक सुनील तिवारी ने अरविंद चढ़ार और निवेंद्र यादव की सराहना करते हुए कहा कि विषम परिस्थितियों में उनकी तत्परता, मानवीय संवेदनशीलता और कर्तव्यनिष्ठा प्रेरणादायक है। उन्होंने दोनों कर्मचारियों के प्रयासों को सहकर्मियों के प्रति जिम्मेदारी और सहयोग का उत्कृष्ट उदाहरण बताया।

चिकित्सकीय टीम का भी जताया आभार

प्रबंध संचालक ने जिला चिकित्सालय, टीकमगढ़ के चिकित्सकों एवं नर्सिंग स्टाफ का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि सर्पदंश जैसी गंभीर स्थिति में चिकित्सकीय टीम ने त्वरित उपचार देकर एक अमूल्य जीवन की रक्षा की, जो सराहनीय है।

एमपी ट्रांसको के परीक्षण संभाग टीकमगढ़ के कार्यपालन अभियंता बिजक प्रिये एवं टीम ट्रांसको ने प्रबंध संचालक की ओर से जिला चिकित्सालय के सिविल सर्जन डॉ. अमित शुक्ला और उनकी चिकित्सकीय टीम को पुष्पगुच्छ भेंट कर धन्यवाद एवं आभार व्यक्त किया।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive