Editor: Vinod Arya | 94244 37885

दिनचर्या और कार्यशैली में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करे : आत्मनिर्भर अभियान को बढ़ाए: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल

दिनचर्या और कार्यशैली में स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग करे : आत्मनिर्भर अभियान को बढ़ाए: डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल


तीनबत्ती न्यूज: 16 अक्टूबर ,2025

सागर।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हम सब यह महसूस कर रहे हैं भारत बहुत तेजी के साथ अपनी अर्थ व्यवस्था को मजबूत कर रहा है। जब नरेंद्र मोदी जी प्रधानमंत्री बने थे तब भारत की अर्थव्यवस्था 11 वें नंबर पर थी जो अब चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है, जापान को भी पीछे करने में हमने सफलता प्राप्त की है और अब जर्मनी अमेरिका और चाइना हमसे आगे है और जल्द ही जर्मनी को भी आर्थिक मोर्चे पर पीछे छोड़कर तीसरे नंबर पर पहुंचेंगे और 2047 में भारत आर्थिक महाशक्ति बनकर विश्व गुरु के रूप में स्थापित होकर दुनिया का नेतृत्व करेगा। तभी दुनिया में शांति की स्थापना हो सकेगी और सही दिशा में दुनिया आगे बढ़ेगी। इस सोच को पूरा करने के लिये बहुत तेजी के साथ हम अपने लक्ष्य के करीब पहुंच रहे है यह बात मध्यप्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिला प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने सागर में आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए कही।

पत्रकार वार्ता में जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी,सांसद लता वानखेड़े,विधायक शैलेंद्र कुमार जैन,इंजी प्रदीप लारिया,जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, महापौर संगीता तिवारी,नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, कार्यक्रम जिला टोली संयोजक निकेश गुप्ता उपस्थित रहें।

यह भी पढ़ेडाक्टर समय का पालन कर: इमरजेंसी कक्ष में डॉक्टर की उपस्थिति हमेशा सुनिश्चित रखें ▪️प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ल ने जिला चिकित्सालय का किया निरीक्षण ▪️राहतगढ़ सहित प्रदेश के अस्पतालों में डॉक्टर, पैरामेडिकल की कमी दूर होगी

पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए उप मुख्यमंत्री एवं सागर जिला प्रभारी मंत्री राजेंद्र शुक्ला ने कहा कि ऐसे समय में जब हम विकसित भारत बनाना चाहते है तो भारत को आत्मनिर्भर बनाना पड़ेगा और आत्म निर्भर भारत यदि बनाना है तो स्वदेशी संकल्प का जागरण करना पड़ेगा हर घर स्वदेशी घर घर स्वदेशी इसके लिए निरंतर आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन, आत्म निर्भर भारत संकल्प यात्राओं व अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है कि हम अपने देश में बने हुए उत्पादों का उपयोग करें जिसमें हमारे देश के नागरिकों का पसीना लगा हुआ है एवं हमारे देश की मिट्टी की सुगंध आ रही हो। ऐसी चीजों को अपनाने की आदत हम सभी को डालनी है। स्वतंत्रता के बाद यह बात सही है कि अंग्रेजो के जाने के बाद भी हम पाश्चात सभ्यता को छोड़ नहीं पाये उस समय भी हमारी विचारधारा के लोगों स्वदेशी का मंत्र फूंका और इस अभियान को बुलंद किया। और समय-समय पर स्वदेशी जागरण मंच भी अपने कार्यक्रम करता रहा और हमें स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग के लिये हमें प्रेरित करता रहा। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में जब भारत आत्मनिर्भर हो रहा है तो कोई कल्पना नहीं कर सकता था कि भारत इतना सक्षम हो सकेगा।

कोविड महामारी के समय 120 करोड़ देश वासियों को डबल डोस वैक्सीनेसन कराकर उनके जीवन को बचाने का काम करने के साथ-साथ दुनिया के 100 देशों को कोविड की वैक्सीन निर्यात भी करेगा। तेजस जैसा लड़ाकू विमान का निर्यात हम लाखों करोड़ो रूपयों का कर पाएंगे यह कभी किसी ने नहीं सोचा था। ब्रह्मोस मिसाइल आज पराक्रम का प्रतीक बन गई है जो हमारे देश में निर्मित हो रही है। मोबाईल मेन्यूफेक्चरिंग में भी आज बड़ा हिस्सा भारत का है दवाईयों के निर्यातक के रूप में भी आज हम अपना एक मजबूत स्थान बना चुके है। हमारे देश के लोगों में कला और योग्यता की कमी कभी नहीं रही आवश्यकता है केवल उनके प्रोत्साहन की उनके द्वारा बनाए गए उत्पादों के उपयोग की। जिसके लिये यह एक अभियान शुरू हुआ है जिसके अंतर्गत आज इस पत्रकार वार्ता का आयोजन किया गया है साथ ही अन्य कार्यक्रमों के माध्यम से भी स्वदेशी अपनाओं और राष्ट्र भक्त कहलाओं का नारा हम बुलंद कर रहे है। दुकानों में जाकर हम लोग व्यापारियों को स्वदेशी वस्तुओं के विक्रय एवं ग्राहको को इनके उपयोग के लिये प्रेरित करते हुये एक ऐसा वातावरण बनाने का प्रयास कर रहे है। जैसा बंगाल विभाजन के समय और महात्मा गांधी जी के नेतृत्व में खादी को अपनाने के लिये बनाया गया था। 

आज आवश्यकता है कि हम हर स्वदेशी उत्पादों का प्रचार-प्रसार जन आंदोलन बनाकर करें और जिससे हम लोगों के अंदर भारत को आत्मनिर्भर बनाने भावना पैदा कर सकें। उन्होंने कहा कि विभिन्न संगठनों के माध्यम से स्वदेशी और आत्मनिर्भरता बढ़ाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे है।इनमें सरकार और भाजपा और संबद्ध संगठन भरपूर मेहनत कर रहे है। हम सभी अपनी दिनचर्या और कार्यशैली में इनको अपना रहे है और सभी से अपनाने की अपील करते है।

पत्रकार वार्ता का संचालन जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन एवं आभार जिला सह मीडिया प्रभारी आलोक केसरवानी ने व्यक्त किया।

आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान के अंतर्गत सागर विधानसभा में प्रबुद्धजन सम्मेलन संपन्न



भारतीय जनता पार्टी द्वारा संचालित “आत्मनिर्भर भारत संकल्प अभियान” के अंतर्गत सागर विधानसभा में प्रबुद्धजन सम्मेलन का आयोजन किया गया। भाजपा कार्यालय, अम्बेडकर वार्ड, धर्मश्री में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री राजेन्द्र शुक्ल जी मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती एवं भारत माता के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्ज्वलन के साथ किया गया। इस अवसर पर भाजपा पदाधिकारी, प्रबुद्धजन, व्यापारी वर्ग एवं गणमान्य नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने कहा कि “आज पूरा भारत निरंतर प्रगति की राह पर अग्रसर है। पूरा विश्व जानता है कि भारत बहुत जल्द तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक महाशक्ति बनने जा रहा है। हम जापान को पीछे छोड़ चौथे नंबर पर आ चुके हैं और शीघ्र ही जर्मनी को भी पीछे छोड़ देंगे। इसके बाद हम सिर्फ अमेरिका और चीन से पीछे रहेंगे”। उन्होंने आगे कहा कि भारत अब न केवल आर्थिक रूप से बल्कि रक्षा क्षेत्र में भी आत्मनिर्भर बन रहा है। “ऑपरेशन सिंदूर के माध्यम से भारत ने न केवल युद्ध में पाकिस्तान को पराजित किया, बल्कि अपने स्वदेशी हथियारों की क्षमता का प्रदर्शन कर पूरी दुनिया को दिखा दिया कि भारत आज रक्षा निर्माण में भी अग्रणी राष्ट्र है। आज भारतीय हथियारों की विश्वभर में मांग बढ़ रही है।”

अध्यक्षता कर रहे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन ने कहा कि भारत आज आत्मनिर्भरता की दिशा में निरंतर आगे बढ़ रहा है,“वर्ष 2014 में जब माननीय नरेंद्र मोदी जी ने प्रधानमंत्री पद संभाला था, तब भारत रक्षा और आर्थिक दोनों क्षेत्रों में विश्व में 11वें स्थान पर था। आज हम चौथे स्थान पर हैं — यह परिवर्तन स्वदेशी भावना और आत्मनिर्भर भारत की नीति के कारण संभव हुआ है।”

उन्होंने कहा कि भारत विश्व का सबसे बड़ा उत्पादक और उपभोक्ता देश है“यदि हम अपने ही बनाए उत्पादों का उपभोग करने लगें, तो हमें किसी अन्य देश पर निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं होगी। अमेरिका या कोई भी देश टैरिफ लगा ले, भारत अपनी क्षमता से आगे बढ़ेगा। यही आत्मनिर्भर भारत का वास्तविक स्वरूप है।”

भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान देश के विकास की आत्मा है।उन्होंने कहा कि प्रबुद्ध वर्ग समाज के नीति निर्धारण में अहम भूमिका निभाता है, और ऐसे वर्ग की सहभागिता से ही यह अभियान जन-जन तक पहुंचेगा।

इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार, भाजपा प्रदेश कार्यसमिति सदस्य शैलेश केशरवानी, मंडल अध्यक्ष मेघा दुबे, अमित बैसाखिया, नीलम अहिरवार, नीरज यादव, नगर निगम की सभापति संगीता तिवारी, निकेश गुप्ता, श्रीकांत जैन,मनीष चौबे, नितिन सोनी, प्रदीप पाठक सहित बड़ी संख्या में व्यापारी वर्ग, समाजसेवी एवं प्रबुद्धजन उपस्थित रहे।कार्यक्रम का संचालन नीरज यादव ने किया एवं आभार मेघा दुबे ने किया।

प्रभारी मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल का महापौर ने स्वागत किया


सागर प्रवास पर पधारे मध्यप्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. राजेंद्र शुक्ल का महापौर श्रीमती संगीता सुशील तिवारी ने धर्मश्री स्थित भाजपा कार्यालय में स्वागत किया। इस अवसर पर रिशांक तिवारी , सूर्यांश तिवारी  सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं की गणमान्य उपस्थिति रही।

उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल का विधायक शैलेंद्र जैन के निवास पर हुआ स्वागत


उपमुख्यमंत्री एवं सागर जिले के पालक मंत्री राजेन्द्र शुक्ल गुरुवार को सागर प्रवास पर पहुंचे। इस अवसर पर वे विधायक शैलेंद्र कुमार जैन के निवास पर पहुंचे, जहां श्रीमती अनुश्री जैन एवं विधायक जैन ने उनका पारंपरिक बुंदेली परंपरा के अनुसार स्वागत किया। उपमुख्यमंत्री श्री शुक्ल ने बुंदेली व्यंजनों का स्वाद लिया और सागर की समृद्ध सांस्कृतिक परंपरा की सराहना की। इस मौके पर सांसद डॉ. (श्रीमती) लता वानखेड़े, भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष हीरा सिंह राजपूत, तथा नगर निगम अध्यक्ष वृंदावन अहिरवार सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive