सागर पुलिस ने अवैध हथियार बनाने वाली फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 3 आरोपी गिरफ्तार
• देशी कट्टा, रिवाल्वर और पिस्टल सहित 3 जिंदा कारतूस बरामद, हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री भी जब्त
तीनबत्ती न्यूज: 11 अगस्त, 2026
सागर। जिले में अवैध हथियारों के निर्माण, सप्लाई और इनके जरिए दहशत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों के खिलाफ सागर पुलिस द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में थाना कैंट पुलिस ने अवैध हथियार निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक देशी कट्टा, एक देशी रिवाल्वर, एक देशी पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके साथ ही अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और सामग्री भी जब्त की गई है।
मामले का खुलासा एडिशनल एसपी द्वारा आयोजित प्रेसवार्ता में किया गया।
कजलीवन मैदान के पास कट्टा लेकर घूम रहा था आरोपी
पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा जिले में अवैध हथियार रखने, उनका उपयोग कर दहशत फैलाने तथा कानून-व्यवस्था एवं आम शांति को प्रभावित करने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
इसी के तहत थाना कैंट पुलिस द्वारा मुखबिर तंत्र को सक्रिय कर संदिग्ध व्यक्तियों और अवैध हथियारों से जुड़ी गतिविधियों पर लगातार निगरानी रखी जा रही थी।
इसी दौरान पुलिस को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली कि कजलीवन मैदान के पास एक व्यक्ति अवैध देशी कट्टा और कारतूस लेकर घूम रहा है। सूचना पर कैंट पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश देकर एक संदिग्ध युवक को पकड़ा।
पूछताछ और तलाशी में उसकी पहचान अनुज सेन पिता स्व. केदार सेन, उम्र 24 वर्ष, निवासी लक्ष्मीपुरा वार्ड, थाना कोतवाली, जिला सागर के रूप में हुई। उसके कब्जे से एक .315 बोर का देशी कट्टा और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
पूछताछ में सामने आई हथियार निर्माण और सप्लाई की कड़ी
पुलिस के अनुसार अनुज सेन से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उक्त देशी कट्टा उसे साहिल अहिरवार पिता शिवप्रसाद अहिरवार, उम्र 24 वर्ष, निवासी भीम वार्ड, थाना बीना, जिला सागर से प्राप्त हुआ था।
अनुज से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने साहिल अहिरवार के निवास पर दबिश दी। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक .38 बोर की देशी रिवाल्वर और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
इसके अलावा पुलिस को उसके पास से अवैध हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले कई उपकरण और सामग्री भी मिली। इनमें ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, तीन कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां सहित अन्य सामग्री शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, बरामद सामग्री से अवैध हथियारों के निर्माण से जुड़े नेटवर्क की महत्वपूर्ण जानकारी सामने आई है।
तीसरे आरोपी तक भी पहुंची पुलिस
साहिल अहिरवार से पूछताछ के दौरान पुलिस को तीसरे आरोपी के संबंध में जानकारी मिली। पूछताछ में साहिल ने पुलिस को बताया कि उसने एक देशी पिस्टल सूरज अहिरवार पिता हेमराज अहिरवार, उम्र 23 वर्ष, निवासी आवासीय कॉलोनी, थाना मोतीनगर, जिला सागर को दी थी। पुलिस टीम ने सूरज अहिरवार की तलाश कर उसे गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक .32 बोर की देशी पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया।
तीन आरोपी गिरफ्तार, हथियार और निर्माण सामग्री जब्त
इस कार्रवाई में थाना कैंट पुलिस ने अवैध हथियार रखने, निर्माण करने और सप्लाई से जुड़े तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से कुल—
- 01 नग .315 बोर का देशी कट्टा
- 01 नग .38 बोर की देशी रिवाल्वर
- 01 नग .32 बोर की देशी पिस्टल
- 03 जिंदा कारतूस
- अवैध हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले विभिन्न उपकरण और सामग्री बरामद की है।
बरामद हथियार निर्माण सामग्री
पुलिस द्वारा जब्त सामग्री में ड्रिल मशीन, पेचकस, पाना, हथौड़ा, लोहे की रॉड, पाइप, स्प्रिंग, 03 कटी हुई नाल, स्क्रू, लकड़ी के गुटके, स्प्रिंग लॉक, कैंची, रापी और लोहे की पत्तियां सहित अन्य सामग्री शामिल है।
पुलिस की इस कार्रवाई से सागर में अवैध हथियारों के निर्माण और सप्लाई से जुड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। पुलिस द्वारा आरोपियों से पूछताछ कर इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और अवैध हथियारों की सप्लाई के संबंध में भी जानकारी जुटाई जा रही है।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें