Editor: Vinod Arya | 94244 37885

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग

सागर रेल कनेक्टिविटी को लेकर सांसद लता वानखेड़े ने रेल मंत्री से की मुलाकात, नई रेल लाइन के सर्वे और आरओबी कार्यों में तेजी की मांग


तीनबत्ती न्यूज, 11 अगस्त 2026

सागर। सागर लोकसभा क्षेत्र में रेल कनेक्टिविटी को मजबूत करने और रेलवे से जुड़ी लंबित परियोजनाओं को गति देने के लिए सांसद डॉ. लता गुड्डू वानखेड़े ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की विभिन्न रेलवे परियोजनाओं और यात्री सुविधाओं से जुड़ी मांगों को लेकर रेल मंत्री को मांग पत्र सौंपा।

सांसद ने मुख्य रूप से सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज (आरओबी) के कार्यों में तेजी लाने, नई रेल लाइनों के सर्वे के आदेश जल्द जारी करने, महत्वपूर्ण स्टेशनों पर ट्रेनों के ठहराव बढ़ाने तथा रेलवे स्टेशनों पर यात्री सुविधाओं एवं आधारभूत संरचना के विकास की मांग रखी।

बीना-कुरवाई-पठारिया-सिरोंज-आरोन-लटेरी-ब्यावरा-भोपाल रेल लाइन के सर्वे की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने बीना, कुरवाई, पठारिया, सिरोंज, आरोन, लटेरी, सुठालिया, ब्यावरा और भोपाल को जोड़ने वाली प्रस्तावित नई रेल लाइन के सर्वे के लिए जल्द आदेश जारी करने का अनुरोध किया।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित रेल मार्ग सागर लोकसभा क्षेत्र के साथ-साथ विदिशा, राजगढ़, गुना और भोपाल से जुड़े ऐसे अनेक क्षेत्रों को रेल नेटवर्क से जोड़ सकता है, जो वर्तमान में रेल सुविधा से वंचित हैं।

कुरवाई, सिरोंज, लटेरी, सुठालिया, आरोन और आसपास के क्षेत्रों को रेल कनेक्टिविटी मिलने से लाखों लोगों को लाभ मिलने की संभावना है। इससे रोजगार, व्यापार, आवागमन और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिल सकती है।

निर्माणाधीन आरओबी के कार्यों में तेजी की मांग

सांसद ने रेल मंत्री को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज की सूची, राज्य सरकार द्वारा बनाए जा रहे सर्विस रोड की स्थिति और रेलवे की ओर से किए जा रहे कार्यों की प्रगति की जानकारी दी।

उन्होंने कहा कि आरओबी परियोजनाएं यातायात व्यवस्था को सुगम बनाने के साथ ही रेलवे क्रॉसिंग पर आम नागरिकों को होने वाली परेशानियों से राहत दिलाने के लिए महत्वपूर्ण हैं। लंबे समय से चल रहे इन कार्यों को जल्द पूरा किए जाने की आवश्यकता है।


भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो रेल लाइन की भी मांग

सांसद ने भोपाल-रायसेन-सागर-छतरपुर-खजुराहो नई रेल लाइन की मांग भी रेल मंत्री के समक्ष रखी। प्रस्तावित रेल लाइन की लंबाई लगभग 320 किलोमीटर बताई गई है और इसके सर्वेक्षण के लिए रेलवे द्वारा बजट स्वीकृत किए जाने की जानकारी दी गई।

सांसद ने कहा कि इस रेल लाइन के निर्माण से भोपाल, रायसेन, सागर, छतरपुर और खजुराहो के बीच रेल संपर्क मजबूत होगा। इससे पर्यटन, उद्योग, व्यापार, कृषि, शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में भी नए अवसर विकसित होने की संभावना है।


खुरई स्टेशन पर इन ट्रेनों के ठहराव की मांग

सांसद डॉ. लता वानखेड़े ने सागर लोकसभा क्षेत्र के खुरई रेलवे स्टेशन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव की मांग भी रखी। इनमें—

- गोरखपुर-अहमदाबाद एक्सप्रेस

- हजरत निजामुद्दीन-दुर्ग एक्सप्रेस

- जबलपुर-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- दुर्ग-उधमपुर एक्सप्रेस

- दुर्ग-हजरत निजामुद्दीन एक्सप्रेस

- जबलपुर एक्सप्रेस

शामिल हैं।

इसके साथ ही खुरई रेलवे स्टेशन पर यात्री सुविधाओं और आधारभूत संरचना के विकास की मांग भी की गई।



रेल मंत्री ने अधिकारियों को दिए कार्रवाई के निर्देश


सांसद द्वारा रखी गई मांगों पर रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को सागर लोकसभा क्षेत्र में निर्माणाधीन सभी आरओबी के कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्यों की समीक्षा किए जाने का आश्वासन भी दिया।

अन्य मांगों के संबंध में भी रेल मंत्री ने अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। सांसद द्वारा प्रस्तुत मांग पत्रों और प्रस्तावों को संबंधित विभागीय अधिकारियों के पास अग्रिम कार्रवाई के लिए भेजते हुए तत्काल प्रक्रिया सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive