Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Khurai News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Khurai News लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर सख्त, 30 दिन में निपटाने के निर्देश • तहसीलदार बांदरी और मालथौन को नोटिस

राजस्व प्रकरणों के समयबद्ध निराकरण पर कलेक्टर सख्त, 30 दिन में लंबित मामलों के निपटारे के निर्देश

• तहसीलदार बांदरी और मालथौन को नोटिस के निर्देश


तीनबत्ती न्यूज, 14 अगस्त 2026

सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने शुक्रवार को शासकीय सांदीपनि उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बांदरी में खंडस्तरीय समीक्षा बैठक लेकर राजस्व प्रकरणों, कार्यालयीन अनुशासन और जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने नामांतरण, फौती, सीमांकन, बंटवारा सहित सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का निर्धारित समय-सीमा में निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री विवेक केवी, खुरई एसडीएम श्री सतीश वर्मा सहित विभिन्न विभागों के ब्लॉक स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

तहसीलदार बांदरी और मालथौन को नोटिस के निर्देश

कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा, फौती सहित अन्य राजस्व प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित रखने पर तहसीलदार बांदरी एवं मालथौन को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजस्व संबंधी मामलों का समयबद्ध निराकरण सीधे तौर पर जनहित से जुड़ा है, इसलिए प्रकरणों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखा जाए।

उन्होंने खुरई एसडीएम श्री सतीश वर्मा को तहसील न्यायालय का निरीक्षण करने और लंबित फार्मर रजिस्ट्री के कार्य को प्राथमिकता के साथ पूरा कराने के निर्देश दिए। अनुभाग के सभी लंबित राजस्व प्रकरणों का आगामी 30 दिनों में निराकरण सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही सीएम हेल्पलाइन की लंबित शिकायतों को भी शीघ्र शून्य करने के निर्देश दिए।

कार्यालयों में समय पर उपस्थिति अनिवार्य

कलेक्टर ने कार्यालयीन अनुशासन को लेकर भी अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अनुभाग के सभी शासकीय कार्यालय निर्धारित समय के अनुसार संचालित हों और कार्यालय प्रारंभ होने से लेकर समाप्ति तक स्टाफ की उपस्थिति सुनिश्चित की जाए।

जिन कार्यालयों और विभागों में सार्थक अथवा अन्य उपस्थिति ऐप लागू हैं, वहां सभी कर्मचारियों को अनिवार्य रूप से ऐप के माध्यम से अपनी उपस्थिति दर्ज करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि उपस्थिति ही वेतन का आधार होगी।

किसानों को स्वरोजगार योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश

कृषि एवं संबद्ध क्षेत्रों में स्वरोजगार के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने इच्छुक किसानों का चिन्हांकन कर एक सप्ताह के भीतर आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए। इन आवेदनों को 31 अगस्त तक संबंधित बैंकों में जमा कराने को कहा गया, ताकि पात्र हितग्राहियों को शीघ्र ऋण उपलब्ध कराया जा सके।

जननी सुरक्षा और आयुष्मान कार्ड पर जोर

कलेक्टर ने जननी सुरक्षा योजना के हितग्राहियों को निर्धारित समय-सीमा में राशि का वितरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही अधिक से अधिक पात्र लोगों के आयुष्मान कार्ड बनवाने पर विशेष जोर दिया।

बैठक में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था, स्कूली विद्यार्थियों को साइकिल एवं पुस्तकों के वितरण तथा नल-जल योजनाओं के सुचारू संचालन सहित अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की भी समीक्षा की गई।

Share:

सागर एयरपोर्ट निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन शुरू :पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर विधानसभा में सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी जानकारी

सागर में एयरपोर्ट निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हांकन की प्रक्रिया शुरू: पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह के प्रश्न पर विधानसभा में सीएम डॉ. मोहन यादव ने दी जानकारी




तीनबत्ती न्यूज: 21 जुलाई, 2026

सागर। मध्यप्रदेश विधानसभा में खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाए गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी है कि सागर संभागीय मुख्यालय में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है। मुख्यमंत्री ने अपने लिखित उत्तर में बताया कि एयरपोर्ट निर्माण का कार्य मुख्यतः केंद्र सरकार की एजेंसियों के अधिकार क्षेत्र में आता है। वर्तमान परिस्थितियों को देखते हुए सागर के आसपास विमानतल निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि के चिन्हांकन हेतु जिला कलेक्टर को पत्र भेजा गया है, जिससे आगामी प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा सके।

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से सागर संभागीय मुख्यालय पर एयरपोर्ट निर्माण के संबंध में सरकार द्वारा की जा रही कार्रवाई तथा केंद्र सरकार को प्रस्ताव भेजे जाने की स्थिति की जानकारी मांगी थी।

यह भी पढ़ें: मध्यप्रदेश UCC विधेयक 2026 विधानसभा में पारित, राष्ट्रपति की मंजूरी के बाद होगा लागू

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने अपने उत्तर में स्पष्ट किया कि सागर में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में आवश्यक प्रशासनिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है। उपयुक्त भूमि का चयन होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

विधानसभा में इस महत्वपूर्ण विषय को उठाते हुए विधायक भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि सागर संभाग जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र के लिए एयरपोर्ट की स्थापना अत्यंत आवश्यक है। इससे न केवल क्षेत्र के उद्योग, व्यापार, निवेश और पर्यटन को नई गति मिलेगी, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य तथा प्रशासनिक दृष्टि से भी पूरे संभाग को दीर्घकालीन लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने इस विषय पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए शीघ्र आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की।

विधानसभा में मुख्यमंत्री द्वारा दिए गए उत्तर से स्पष्ट हुआ है कि सागर में एयरपोर्ट निर्माण की दिशा में प्रशासनिक स्तर पर प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है और इसके लिए उपयुक्त भूमि चिन्हांकन का कार्य आगे बढ़ाया जा रहा है। इससे क्षेत्रवासियों की लंबे समय से चली आ रही एयरपोर्ट की मांग को गति मिलने की उम्मीद बढ़ी है।

 सिविल न्यायालय प्रश्न पर विधानसभा में दिया गया उत्तर

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह द्वारा उठाए गए प्रश्न पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जानकारी दी है कि खुरई स्थित सिविल न्यायालय के नवीन भवन निर्माण के संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्रित की जा रही है। जानकारी प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक निर्णय एवं आगे की कार्रवाई की जाएगी। यह जानकारी मुख्यमंत्री ने विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह द्वारा विधानसभा में पूछे गए प्रश्न के लिखित उत्तर में दी।

खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में प्रश्न के माध्यम से खुरई स्थित सिविल न्यायालय भवन की वर्तमान स्थिति, नवीन न्यायालय भवन की स्वीकृति की समय-सीमा तथा वर्तमान भवन में न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं न्यायालय आने वाले नागरिकों को हो रही असुविधाओं का मुद्दा प्रमुखता से उठाया।


विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने अपने प्रश्न में उल्लेख किया कि खुरई का वर्तमान सिविल न्यायालय भवन वर्ष 1964-65 में निर्मित हुआ था और अब लंबे समय से उपयोग में होने के कारण नवीन न्यायालय भवन की आवश्यकता महसूस की जा रही है। उन्होंने सरकार से पूछा कि नए भवन की स्वीकृति कब तक प्रदान की जाएगी तथा क्या वर्तमान भवन में न्यायिक कार्यों के संचालन के दौरान माननीय न्यायाधीशों, अधिवक्ताओं एवं आम नागरिकों को स्थानाभाव और अन्य असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा है।


मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विधानसभा में दिए गए लिखित उत्तर में बताया कि इस संबंध में आवश्यक जानकारी एकत्रित की जा रही है। जानकारी प्राप्त होने के बाद विषय पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।


खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह ने कहा कि न्यायिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने के लिए आधुनिक सुविधाओं से युक्त नवीन न्यायालय भवन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही है। उन्होंने विधानसभा के माध्यम से इस महत्वपूर्ण जनहित के विषय को उठाकर शासन का ध्यान आकर्षित किया है, ताकि खुरई क्षेत्र के अधिवक्ताओं, न्यायिक अधिकारियों एवं आम नागरिकों को बेहतर न्यायिक अधोसंरचना उपलब्ध हो सके।

Share:

खुरई में कृषि महाविद्यालय भवन के लिए 15 करोड़ जारी, नए आईटीआई और खाद उपलब्धता का मुद्दा भी विधानसभा में उठा

खुरई में कृषि महाविद्यालय भवन के लिए 15 करोड़ जारी, नए आईटीआई और खाद उपलब्धता का मुद्दा भी विधानसभा में उठा



तीनबत्ती न्यूज: 20 जुलाई, 2026

सागर। मध्यप्रदेश विधानसभा में खुरई विधानसभा क्षेत्र से जुड़े महत्वपूर्ण विकास कार्यों को लेकर सरकार ने अहम जानकारी दी। किसान कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री ऐदल सिंह कंसाना ने बताया कि पंडित अटल बिहारी वाजपेयी कृषि महाविद्यालय, खुरई के नवीन भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए शासन द्वारा प्रथम किश्त के रूप में 15 करोड़ रुपये जारी कर दिए गए हैं।

मंत्री ने विधानसभा में दिए लिखित उत्तर में बताया कि महाविद्यालय भवन के प्रथम चरण और छात्रावास निर्माण के लिए वर्तमान में निविदा आमंत्रित करने की प्रक्रिया जारी है। निविदा स्वीकृत होने के बाद निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा तथा कार्य पूर्ण होने पर विद्यार्थियों को आधुनिक शैक्षणिक एवं छात्रावास सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

यह भी पढ़ें: सागर नगर निगम में 8 एल्डरमैन नियुक्त, शासन ने जारी की सूची

यह प्रश्न खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में उठाया था। उन्होंने महाविद्यालय भवन, छात्रावास एवं अन्य आधारभूत सुविधाओं के निर्माण की प्रगति और समय-सीमा की जानकारी मांगी थी। सरकार के जवाब से स्पष्ट हुआ कि परियोजना को वित्तीय स्वीकृति मिल चुकी है और निर्माण प्रक्रिया आगे बढ़ रही है।

खुरई नए शासकीय आईटीआई की प्राथमिकता सूची में शामिल

कौशल विकास एवं रोजगार मंत्री गौतम टेटवाल ने विधानसभा में बताया कि विभाग की नीति के अनुसार प्रत्येक विकासखंड में एक शासकीय आईटीआई स्थापित करना सरकार की प्राथमिकता है और खुरई विकासखंड भी इस प्राथमिकता सूची में शामिल है।

विधायक भूपेन्द्र सिंह ने खुरई में नए शासकीय आईटीआई की स्वीकृति तथा मालथौन आईटीआई भवन के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा उठाया था।

मंत्री ने बताया कि मालथौन आईटीआई भवन का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा कराया जाना है। फिलहाल परियोजना निविदा स्तर पर है। निविदा स्वीकृत होने, कार्यादेश जारी होने और अनुबंध प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्माण कार्य प्रारंभ होगा।

सरकार ने स्पष्ट किया कि जिन विकासखंडों में अभी तक शासकीय आईटीआई नहीं हैं, वहां चरणबद्ध तरीके से संस्थान स्थापित किए जाएंगे।


खाद उपलब्धता को लेकर भी विधानसभा में उठा सवाल

खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने विधानसभा में किसानों को डीएपी, यूरिया एवं सुपर फॉस्फेट की उपलब्धता का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया।

उन्होंने सरकार से पूछा कि खुरई विधानसभा क्षेत्र में इन उर्वरकों की वर्तमान उपलब्धता क्या है, मांग के अनुरूप आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए क्या कदम उठाए गए हैं, कितने किसानों को टोकन जारी किए गए हैं और कितनी मात्रा में खाद वितरित की गई है।

विधायक ने कहा कि खेती के मौसम में किसानों को समय पर खाद मिलना अत्यंत आवश्यक है। इसी उद्देश्य से उन्होंने सरकार का ध्यान क्षेत्र के किसानों की समस्याओं की ओर आकर्षित करते हुए वस्तुस्थिति स्पष्ट करने की मांग की।


Share:

खुरई में 18 जुलाई को लगेगा एक लाख पौधों का महाअभियान, भूपेन्द्र सिंह ने की तैयारियों की समीक्षा

खुरई में 18 जुलाई को लगेगा एक लाख पौधों का महाअभियान, तैयारियों में जुटा प्रशासन

▪️पूर्व गृहमंत्री भूपेन्द्र सिंह ने ली समीक्षा बैठक, 15 जुलाई को गढ़ौला जागीर सांदीपनि स्कूल का लोकार्पण और कृषि महाविद्यालय भवनों का होगा भूमिपूजन


तीनबत्ती न्यूज: 13 जुलाई, 2026

खुरई। खुरई विधानसभा क्षेत्र में 18 जुलाई को "एक पेड़ मां के नाम" अभियान के तहत एक ही दिन में एक लाख पौधे रोपित कर नया कीर्तिमान स्थापित किया जाएगा। इस महाअभियान की तैयारियों को लेकर पूर्व गृहमंत्री एवं खुरई विधायक भूपेन्द्र सिंह ने अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की समीक्षा बैठक लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

बैठक को संबोधित करते हुए श्री सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि जीवन की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा शुरू किए गए "एक पेड़ मां के नाम" अभियान को मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेश में नई गति दी है। पिछले वर्ष खुरई विधानसभा क्षेत्र में एक दिन में 65 हजार पौधे लगाकर रिकॉर्ड बनाया गया था, जिसके लिए चारों नगरीय निकायों को राज्य शासन ने सम्मानित किया था।

उन्होंने कहा कि इस बार एक लाख पौधे रोपित कर नया इतिहास रचा जाएगा। इसके लिए प्रत्येक परिवार की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ पर्यावरण और शुद्ध हवा आने वाली पीढ़ियों के लिए सबसे बड़ी धरोहर है और इसे केवल अधिक से अधिक वृक्ष लगाकर ही सुरक्षित रखा जा सकता है।



निशुल्क मिलेंगे फलदार पौधे

पूर्व मंत्री श्री सिंह ने बताया कि 18 जुलाई को आयोजित वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम के लिए नगर पालिका और जनपद पंचायत कार्यालयों के माध्यम से लोगों को निशुल्क फलदार पौधे उपलब्ध कराए जाएंगे। वृक्षारोपण स्थलों का चयन कर वहां गड्ढे और आवश्यक सामग्री की व्यवस्था भी की जा चुकी है। इच्छुक लोग पौधे लगाने के साथ अपने पूर्वजों के नाम की पट्टिका भी लगा सकेंगे।

उन्होंने लोगों से पौधारोपण की फोटो और वीडियो सोशल मीडिया तथा निर्धारित व्हाट्सएप नंबर पर साझा करने की अपील की।

15 जुलाई को होंगे दो बड़े कार्यक्रम

बैठक में श्री भूपेन्द्र सिंह ने जानकारी दी कि मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुरूप मालथौन में विशाल गौशाला एवं गौ अभ्यारण्य के लिए लगभग 110 एकड़ भूमि आवंटित कर दी गई है।

इसके अलावा खुरई कृषि महाविद्यालय के प्रशासनिक भवन एवं छात्रावास निर्माण के लिए सिविल अस्पताल के निकट लगभग 11.5 एकड़ भूमि आवंटित की गई है, जिसका भूमिपूजन 15 जुलाई को किया जाएगा। इसी दिन गढ़ौला जागीर में करीब 38 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित सांदीपनि विद्यालय का लोकार्पण भी होगा।

जनचौपाल में सुनीं लोगों की समस्याएं

सोमवार को आयोजित जनचौपाल में पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह ने आमजन की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को त्वरित निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों से लिखित आवेदन के साथ आने का आग्रह किया, जिससे समस्याओं के समाधान में सुविधा हो सके।

जनपद सीईओ श्रीमती मीना कश्यप ने खुरई तथा मालथौन जनपद पंचायत अंतर्गत वृक्षारोपण हेतु चयनित क्षेत्र व निर्धारित संख्या की जानकारी दी। तहसीलदार ऋतु राय ने वृक्षारोपण में लगाए गए वृक्षों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में अपनी भूमिका स्पष्ट करते हुए कहा कि पौधों की देखभाल और उनको क्षति पहुंचाने की सूचनाओं पर उनकी ओर से प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। एसडीएम मनोज चैरसिया ने कहा कि नवीन एसडीएम कार्यालयों में भी रिक्त स्थानों पर वृक्षारोपण कराएंगे। उन्होंने वृक्षों की सुरक्षा और देखभाल में जान लगा देने की अपील की और बताया कि अपने सरकारी आवास में 2022 में लगाए गए दो आम के वृक्षों ने इस वर्ष फल देना शुरू कर दिया है। यह देखभाल और सुरक्षा से ही संभव हुआ। बैठक के अंत में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार ने सभी का आभार व्यक्त किया।

इस कार्यक्रम में किशन यादव, पार्षद रविकांत, पार्षद रविन्द्र चैरसिया ओमकार पटेल, डाॅ. सौरभ शर्मा, डाॅ. दीपेश शर्मा बरोदिया नौनगर, मनीष जैन खुरई ने पूर्व गृहमंत्री खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह का पुष्प मालाओं के स्थान पर स्कूल बैग, कापी पेन रजिस्टर, वाटर बाटल आदि विद्यार्थियों के लिए उपयोगी सामग्री भेंट कर स्वागत किया।

कार्यक्रम में एसडीएम मनोज चौरसिया, एसडीओपी प्रवीण अस्थाना, तहसीलदार ऋतु राय, जनपद सीईओ मीना कश्यप, नगर पालिका सीएमओ राजेश मेहतेल सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी और बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

जनप्रतिनिधियों में भाजपा के तीनों मंडल अध्यक्ष राहुल चैधरी नगर मंडल अध्यक्ष, रवीन्द्र सिंह राजपूत ग्रामीण मंडल अध्यक्ष, राजपाल सिंह धनौरा मंडल अध्यक्ष, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती नन्हींबाई अहिरवार, जनपद अध्यक्ष जमना प्रसाद अहिरवार, जनपद उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह नगदा तथा जिला भाजपा उपाध्यक्ष हरीशंकर कुशवाहा मंच पर उपस्थित रहे। बैठक में सभी जनप्रतिनिधि और सभी विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहे।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive