Editor: Vinod Arya | 94244 37885

डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय का प्रयास जारी, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल : कुलपति प्रो. नागेश दुबे • 20 से 26 नवंबर तक मनाया जाएगा गौर उत्सव-2026 • स्वीडिश मिशन स्कूल के पास स्थित गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

डॉ. हरिसिंह गौर को भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय का प्रयास जारी, प्रधानमंत्री और गृह मंत्री से मिलेगा प्रतिनिधिमंडल : कुलपति प्रो. नागेश दुबे

• 20 से 26 नवंबर तक मनाया जाएगा गौर उत्सव-2026

• स्वीडिश मिशन स्कूल के पास स्थित गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

• सिंगल गर्ल चाइल्ड और दिव्यांग वर्ग के मेधावी विद्यार्थियों को मिलेगी 15 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि

तीनबत्ती न्यूज: 19 नवंबर, 2026

सागर। डॉ. हरिसिंह गौर विश्वविद्यालय के संस्थापक, महान शिक्षाविद्, प्रख्यात विधिवेत्ता और संविधान सभा के सदस्य डॉ. सर हरिसिंह गौर की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में 20 से 26 नवंबर तक गौर उत्सव-2026 का आयोजन किया जाएगा। सात दिवसीय इस उत्सव के दौरान विश्वविद्यालय में विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक, साहित्यिक, खेलकूद और सामाजिक गतिविधियां आयोजित होंगी। गौर जयंती का मुख्य समारोह 26 नवंबर को विश्वविद्यालय परिसर स्थित गौर प्रांगण में होगा।

भारत रत्न दिलाने व्यापक मुहिम

गौर उत्सव के आयोजन को लेकर विश्वविद्यालय के अतिथि गृह के सम्मेलन कक्ष में आयोजित पत्रकार वार्ता में कुलपति प्रो. नागेश दुबे ने कहा कि डॉ. गौर को देश का सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न दिलाने के लिए विश्वविद्यालय लगातार प्रयास कर रहा है। इस दिशा में विश्वविद्यालय का एक प्रतिनिधिमंडल जल्द ही प्रधानमंत्री, केंद्रीय गृह मंत्री और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री से मुलाकात करेगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सामूहिक प्रयासों से डॉ. गौर को भारत रत्न दिलाने में हम अवश्य सफल होंगे। उन्होंने पत्रकारों से भी अपील की कि डॉ. गौर के योगदान, व्यक्तित्व और कृतित्व को लगातार प्रचारित करें, ताकि इस दिशा में व्यापक जनजागरण और मुहिम खड़ी हो सके। कुलपति ने कहा कि डॉ. गौर का योगदान केवल विश्वविद्यालय तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे सागर संभाग और बुंदेलखंड के लिए उनका जीवन और कार्य प्रेरणास्रोत है। उनके संकल्पों और सपनों को साकार करना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस बार गौर जयंती को लेकर शहरवासियों, पूर्व विद्यार्थियों और विश्वविद्यालय परिवार में विशेष उत्साह है। पूरा सागर मिलकर गौर सप्ताह को उत्सव के रूप में मनाएगा। उन्होंने शहरवासियों और पत्रकारों से सभी आयोजनों में सहभागिता की अपील की।

26 नवंबर को निकलेगी गौर शोभायात्रा

गौर उत्सव के मुख्य समन्वयक प्रो. आशीष वर्मा ने सात दिवसीय कार्यक्रमों की रूपरेखा प्रस्तुत की। उन्होंने बताया कि परंपरा के अनुसार इस वर्ष भी गौर जयंती पर भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। 26 नवंबर को सुबह 8:30 बजे तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति पर कुलपति द्वारा माल्यार्पण और उद्बोधन होगा। इसके बाद सुबह 8:40 बजे गौर मूर्ति तीनबत्ती से विश्वविद्यालय परिसर तक शोभायात्रा निकाली जाएगी। सुबह 10:30 बजे गौर समाधि प्रांगण में मुख्य जयंती समारोह आयोजित होगा।

मुख्य समारोह में खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत मुख्य अतिथि होंगे। विशिष्ट अतिथियों में सांसद डॉ. लता वानखेड़े, राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल, पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं रहली विधायक पं. गोपाल भार्गव, खुरई विधायक भूपेंद्र सिंह ठाकुर, सागर विधायक शैलेंद्र जैन, नरयावली विधायक प्रदीप लारिया और महापौर संगीता तिवारी शामिल होंगे। जीवाजी विश्वविद्यालय ग्वालियर के कुलपति प्रो. दिवाकर सिंह राजपूत भी उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता विश्वविद्यालय के कुलाधिपति कन्हैयालाल बेरवाल करेंगे तथा सारस्वत उद्बोधन कुलपति प्रो. नागेश दुबे का होगा। इसी दिन शाम 6 बजे गौर समाधि प्रांगण में सांस्कृतिक संध्या आयोजित की जाएगी, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थी और आमंत्रित कलाकार प्रस्तुतियां देंगे।

मेधावी छात्राओं और दिव्यांग विद्यार्थियों को मिलेगी आर्थिक सहायता

गौर उत्सव के अवसर पर गौर पीठ के माध्यम से विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करने की पहल भी की गई है। विश्वविद्यालय प्रशासन के अनुसार पिछले वर्ष शुरू की गई गौर पीठ प्रोत्साहन राशि योजना के तहत इस वर्ष से स्नातक और स्नातकोत्तर प्रथम वर्ष के सिंगल गर्ल चाइल्ड तथा दिव्यांग श्रेणी के एक-एक मेधावी विद्यार्थी को अध्ययन जारी रखने के लिए 15-15 हजार रुपये की एकमुश्त आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह राशि गौर पीठ को प्राप्त दान से प्रदान की जाएगी।

खेल, साहित्य और संस्कृति के रंग में रंगेगा विश्वविद्यालय

सांस्कृतिक परिषद के समन्वयक डॉ. राकेश सोनी ने बताया कि गौर जयंती के अवसर पर विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। मध्यप्रदेश शासन और भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के सहयोग से भी कई कार्यक्रम होंगे। विश्वविद्यालय के अलग-अलग सभागारों में शास्त्रीय संगीत, नृत्य, कवि सम्मेलन और अन्य सांस्कृतिक प्रस्तुतियां होंगी। समन्वयक प्रो. उमेश कुमार पाटिल ने कहा कि गौर उत्सव केवल विश्वविद्यालय का कार्यक्रम नहीं, बल्कि पूरे सागर शहर का उत्सव है। इसमें शहर और विश्वविद्यालय से जुड़े प्रत्येक नागरिक की सहभागिता अपेक्षित है। उन्होंने मीडिया से डॉ. गौर के विचारों, कार्यों और सपनों को जन-जन तक पहुंचाने की अपील की।

स्वीडिश मिशन स्कूल के पास की गौर प्रतिमा को विवि कैंपस में ले जाने का प्रस्ताव

डॉ गौर की सिविल लाइन स्थित प्रतिमा को मिशन स्कूल के पास स्थापित किया गया था। विवि प्रशासन प्रतिमा को वेली कैंपस में ले जाने की दिशा में काम कर रहा है। प्रशासन का मानना है कि वहां पर चाय पान के टपरों के बीच प्रतिमा छिप जाती है। उसकी देखरेख को लेकर प्रशासन प्रतिमा को अपने कैंपस में ले जाना चाहता है। प्रभारी कुलपति के मुताबिक निगम प्रशाशन और मूर्ति स्थापना से जुड़े लोगों से चर्चा हो चुकी है। कलेक्टर से भी चर्चा होगी। 

विवि की रैंकिंग को लेकर कुलपति ने बताया कि रैंकिंग सुधारने की दिशा में लगातार अकादमिक गतिविधियों और रैंकिंग के नियमों के अनुरूप कार्य हो रहा है। आने वाले समय में अनुकूल परिणाम सामने आयेंगे। उन्होंने स्थानीय विद्यार्थियों को प्रवेश में आरक्षण को लेकर कहा कि स्थानीय विद्यार्थियों को प्रवेश में आरक्षण मिले इसके लिए केंद्रीय अथारिटी के समक्ष पुनः प्रस्ताव रखेंगे ताकि बुंदेलखंड और विवि के कर्मचारियों के बच्चों को प्रवेश मिल सके। उन्होंने बताया कि दिसंबर में दीक्षांत समारोह होगा 

कार्यक्रम का संचालन मीडिया अधिकारी डॉ. विवेक जायसवाल ने किया। आभार प्रो. उमेश कुमार पाटिल ने माना। इस अवसर पर कुलसचिव डॉ. एस.पी. उपाध्याय, डॉ. पंकज तिवारी, प्रो. राजेंद्र यादव, डॉ. राकेश सोनी, प्रवीण राठौर, समर्थ दीक्षित सहित शहर के पत्रकार उपस्थित रहे।

गौर उत्सव-2026 : सात दिवसीय कार्यक्रमों की पूरी रूपरेखा

20 से 23 नवंबर

- सुबह 9 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में टी-20 मैत्री क्रिकेट प्रतियोगिता।

21 नवंबर

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में विद्यार्थियों के लिए भारतीय खेल प्रतियोगिताएं।

- सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक गौर जन्मस्थली शनिचरी में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर।

- सुबह 11 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में विश्वविद्यालय के संबद्ध महाविद्यालयों के विद्यार्थियों का शुभारंभ कार्यक्रम।

21 एवं 22 नवंबर

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में विश्वविद्यालय के शिक्षक, अधिकारियों और कर्मचारियों की टेबल टेनिस प्रतियोगिता।

22 एवं 23 नवंबर

- दोपहर 2:30 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में छात्राओं एवं महिलाओं के लिए मनोरंजक खेलकूद प्रतियोगिताएं।

23 नवंबर

- सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक अभिमंच सभागार में विशाल रक्तदान शिविर।

- शाम 6 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में शास्त्रीय गायन, वादन एवं नृत्य कार्यक्रम।

24 नवंबर

- सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक राजघाट रोड स्थित तिली वृद्धाश्रम में स्वास्थ्य परीक्षण शिविर।

- सुबह 11 बजे से अब्दुल गनी खान स्टेडियम में छात्राओं का मैत्री क्रिकेट मैच।

- दोपहर 3 बजे से अभिमंच सभागार में राष्ट्रीय कवि सम्मेलन।

25 नवंबर

- सुबह 10 बजे से स्वर्ण जयंती सभागार में केंद्रीय विद्यालय क्रमांक-4 के विद्यार्थियों द्वारा विद्यालयीन सांस्कृतिक कार्यक्रम 'उमंग'।

- दोपहर 3 बजे से अभिमंच सभागार में विश्वविद्यालय परिवार का काव्यांजलि कार्यक्रम।

- शाम 6 बजे गौर मूर्ति पर कुलपति, विश्वविद्यालय परिवार और शहरवासियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन।

- शाम 6:30 बजे डॉ. गौर की जीवनी पर आधारित कुलपति प्रो. नागेश दुबे के उद्बोधन का प्रसारण।

26 नवंबर : गौर जयंती का मुख्य दिवस

- सुबह 8:30 बजे तीनबत्ती स्थित गौर मूर्ति पर माल्यार्पण एवं कुलपति का उद्बोधन।

- सुबह 8:40 बजे तीनबत्ती से विश्वविद्यालय परिसर तक गौर शोभायात्रा।

- सुबह 10:30 बजे गौर समाधि प्रांगण में मुख्य जयंती समारोह।

- शाम 6 बजे गौर समाधि प्रांगण में सांस्कृतिक संध्या, जिसमें विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और आमंत्रित कलाकारों की प्रस्तुतियां होंगी।

विश्वविद्यालय प्रशासन ने सागर के नागरिकों, विद्यार्थियों, पूर्व छात्रों और सभी सामाजिक संगठनों से गौर उत्सव के आयोजनों में शामिल होकर डॉ. हरिसिंह गौर के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करने की अपील की है।


Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive