Editor: Vinod Arya | 94244 37885

मैहर संगीत समारोह में सागर की डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा की कथक प्रस्तुति ने जीता दिल

मैहर के उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह में सागर की डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा ने बिखेरी कथक की छटा, शानदार प्रस्तुति से जीता दर्शकों का दिल

• तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय संगीत समारोह में टीम के साथ प्रस्तुत की नृत्य नाटिका ‘मैत्री महत्वम’, मैहर में शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न से हुआ सम्मान


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। मैहर में आयोजित प्रतिष्ठित तीन दिवसीय उस्ताद अलाउद्दीन खां संगीत समारोह 2026 में अंतरराष्ट्रीय ख्याति प्राप्त कथक नृत्यांगना, गुरु एवं कला-लेखिका डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनकी टीम ने अपनी अद्भुत प्रस्तुति से दर्शकों का मन मोह लिया। भारतीय शास्त्रीय नृत्य, संगीत और साहित्य के अनूठे संगम ने समारोह में विशेष आकर्षण पैदा किया।



कार्यक्रम की शुरुआत मां शारदा की स्तुति वाचन से हुई। इसके पश्चात डॉ. शाम्भवी ने 'गिरिजा शंकर स्तुति' प्रस्तुत की, जिसमें भगवान शिव और शक्ति के विभिन्न स्वरूपों का मनोहारी चित्रण किया गया। कथक के शुद्ध नृत्य पक्ष में जयपुर घराने की प्रसिद्ध बंदिशों को तीनताल में प्रस्तुत कर डॉ. शाम्भवी और उनके समूह ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।



प्रस्तुति का विशेष आकर्षण डॉ. शाम्भवी द्वारा गहन अध्ययन और कलात्मक सूक्ष्मता के साथ प्रस्तुत नृत्य नाटिका 'मैत्री महत्वम' रही। इसमें बनारस घराने के विख्यात गायक श्री बृजेश मिश्र के भावपूर्ण गायन और सुमधुर संगीत निर्देशन ने कवि नरोत्तम दास एवं सूरदास की रचनाओं को जीवंत कर दिया।


नृत्य नाटिका में कृष्ण की भूमिका कथक रत्न डॉ. शाम्भवी ने निभाई। रानी रुक्मणी, सुदामा की पत्नी एवं कालिया नाग के पात्रों को कु. वंदिता ने, सुदामा की भूमिका कु. प्रियंका कपिल ने तथा सूत्रधार और संतरी के पात्रों को गुरु शाम्भवी के शिष्य ऋषभ शुक्ला ने प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया।



शॉल, श्रीफल और स्मृति चिह्न देकर किया सम्मानित

शानदार प्रस्तुति के बाद अकादमी के निदेशक श्री प्रकाश सिंह ठाकुर, मैहर कलेक्टर श्रीमती बिदिशा मुखर्जी एवं मैहर महारानी कवितेश्वरी देवी ने डॉ. शाम्भवी शुक्ला मिश्रा और उनकी टीम को शॉल, श्रीफल एवं स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया।

सागर की इस प्रतिभाशाली कलाकार की उपलब्धि पर नगर के संगीत एवं साहित्य प्रेमियों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।


Share:

Sagar News: शराब दुकानों के आसपास पुलिस की सख्त नजर : नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई; जमीन में गड़ा महुआ लहान भी बरामद

Sagar News: शराब दुकानों के आसपास पुलिस की सख्त नजर : नशे में वाहन चलाने वालों पर होगी कार्रवाई; जमीन में गड़ा महुआ लहान भी बरामद



तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में शराब से हुई मौतों के बाद पुलिस प्रशासन अलर्ट मोड में है।पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा के निर्देश पर जिले की सभी शराब दुकानों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। वहीं, दूसरी ओर मालथौन पुलिस ने ग्राम धोरईखास में जमीन के अंदर गाड़कर छिपाया गया महुआ लहान का जखीरा बरामद किया है। 

शराब दुकानों के सामने पुलिस तैनात, जगह-जगह वाहन चेकिंग

पुलिस अधीक्षक संजीव सिंहा ने जिले की समस्त शराब दुकानों के आसपास कानून व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक गतिविधियों पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत शराब दुकानों के सामने पुलिस बल तैनात किया गया है। दुकानों के आसपास संचालित अंडा, नमकीन, नाश्ता और पान-गुटखा की दुकानों पर अनावश्यक जमावड़ा लगाकर शराब पीने तथा सार्वजनिक स्थानों पर हुड़दंग करने वालों पर निगरानी रखी जा रही है।



पुलिस के मुताबिक, शराब खरीदने के बाद कुछ लोग आसपास की दुकानों और सार्वजनिक स्थानों पर शराब का सेवन करते हैं और फिर दोपहिया एवं चारपहिया वाहन लेकर सड़कों पर निकल जाते हैं। इससे सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ता है और आम नागरिकों की सुरक्षा प्रभावित होती है।

इसी को देखते हुए जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। ब्रीथ एनालाइजर से वाहन चालकों की जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाते पाए जाने वालों के विरुद्ध धारा 185 मोटरयान अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया एवं नरेंद्र सोलंकी के निर्देशन में सभी एसडीओपी और थाना प्रभारी अपने-अपने क्षेत्रों में व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं।



धोरईखास में जमीन खोदकर निकाला महुआ लहान

अवैध शराब के निर्माण और संग्रहण के खिलाफ कार्रवाई करते हुए मालथौन पुलिस ने ग्राम धोरईखास में छह अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। थाना प्रभारी दिनेश भोजक को मिली सूचना और पुलिस की पतासाजी के आधार पर यह कार्रवाई की गई।

पुलिस टीम ने तलाश के दौरान जमीन के अंदर गाड़कर छिपाई गई 15 से 16 लीटर क्षमता की कुल 20 प्लास्टिक कुप्पियां बरामद कीं। इनमें अवैध शराब बनाने के लिए महुआ लहान भरा हुआ था।

इस मामले में ग्राम धोरईखास निवासी शीला पति शीला बंजारा (40 वर्ष) के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर वैधानिक कार्रवाई की गई है। कार्रवाई में थाना प्रभारी दिनेश भोजक के नेतृत्व में प्रधान आरक्षक रघुवीर तिवारी, महिला प्रधान आरक्षक दीपा, आरक्षक भानु, स्वदेश, हर्ष यादव एवं अभिषेक की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


Share:

शराब दुकान हटाने सड़क पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन • कांग्रेस का सरकार पर हमला, महेश जाटव ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात; पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी और रेखा चौधरी ने उठाए सवाल

शराब दुकान हटाने सड़क पर उतरीं महिलाएं, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

• कांग्रेस का सरकार पर हमला, महेश जाटव ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात; पूर्व अध्यक्ष राजकुमार पचौरी और रेखा चौधरी ने उठाए सवाल

तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले में शराब से हो रही मौत को लेकर महिलाएं शराब दुकानों के खिलाफ प्रदर्शन कर रही है।उधर कांग्रेस ने इसके खिलाफ मोर्चा खोला है। कल शनिवार को सागर के मछरयाई शराब दुकान पर एक युवक की शराब पीने से मौत हो गई।वही दूसरे युवक  को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए भर्ती कराया गया है। दो महीने पहले बंडा में जहरीली शराब से 20 से अधिक मौतें हुई थी। 

रविवार को मछरयाई क्षेत्र की महिलाओं ने शराब दुकान के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए सड़क पर उतरकर विरोध प्रदर्शन किया और क्षेत्र से शराब दुकान हटाने की मांग की। प्रदर्शनकारी महिलाओं का कहना था कि रहवासी इलाके में शराब दुकान संचालित होने से क्षेत्र का माहौल खराब हो रहा है। शराब पीने वाले देर रात तक उत्पात मचाते हैं और जुआ खेलते हैं। इसके कारण महिलाओं और युवतियों को रास्ते से निकलने में भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। महिलाओं ने कहा कि क्षेत्र में शराब दुकान होने से बच्चों और परिवारों पर भी इसका गलत प्रभाव पड़ रहा है।प्रदर्शन की सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने महिलाओं को समझाइश दी और उनकी मांगों को सुना। इस दौरान महिलाओं ने अधिकारियों को ज्ञापन सौंपते हुए शराब दुकान हटाने की मांग दोहराई। महिलाओं ने चेतावनी दी कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो वे आगे आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगी।

कांग्रेसजनों ने मृतक के परिजनों से की मुलाकात

सरकारी शराब दुकान के पास शराब पीने के बाद एक युवक की मौत और दूसरे युवक की गंभीर हालत के मामले ने शहर की राजनीति गरमा दी है। घटना को लेकर कांग्रेस ने प्रदेश सरकार, जिला प्रशासन और आबकारी विभाग के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जिला शहर कांग्रेस अध्यक्ष महेश जाटव ने मृतक विष्णु पिता राजाराम खटीक (35) के परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदनाएं व्यक्त कीं।महेश जाटव ने आरोप लगाया कि यह सामान्य मौत नहीं, बल्कि प्रशासन की लापरवाही का परिणाम है। उन्होंने कहा कि पिछले 4-5 दिनों से जिले में जहरीली शराब से मौतों और लोगों की तबीयत बिगड़ने की घटनाएं सामने आ रही हैं। बंडा, जैतपुर और ईश्वरवारा सहित अलग-अलग क्षेत्रों में घटनाओं के बावजूद प्रशासन और आबकारी विभाग प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं । उन्होंने कहा कि कांग्रेस लगातार ज्ञापन, जुलूस और अन्य माध्यमों से प्रशासन को आगाह कर रही है, लेकिन पुलिस और आबकारी विभाग की सक्रियता दिखाई नहीं दे रही है। जाटव ने मांग की कि संबंधित शराब दुकान पर तत्काल कार्रवाई की जाए, शराब के नमूने लेकर उनकी जांच कराई जाए तथा मामले में दोषी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो। उन्होंने मृतक के परिवार को एक करोड़ रुपये मुआवजा देने की मांग भी की। साथ ही आम लोगों से शराब और नशे से दूर रहने की अपील की।

यह भी पढ़ें: सागर में शराब पीने के बाद दो युवकों की बिगड़ी तबीयत, एक की मौत, दूसरा गंभीर

इस दौरान जितेंद्र रोहण, राहुल चौबे, वीरेंद्र राज, हेमराज रजक, जितेंद्र चौधरी, सुनील ठाकुर, इंजीनियर मनीष सिंह, सागर साहू, आनंद हेला, नीलेश अहिरवार, संजू अहिरवार, महेश अहिरवार और शुभम सोनी सहित कांग्रेसजन मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें: सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त: शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

राजकुमार पचौरी ने उठाया 2650 पेटी शराब के बैच का सवाल

कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष राजकुमार पचौरी ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि सागर में जहरीली शराब से हो रही घटनाओं ने बंडा कांड की याद ताजा कर दी है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन और आबकारी विभाग अवैध एवं मिलावटी शराब पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहे हैं।

पचौरी ने सवाल उठाया कि 2650 पेटी शराब वाले बैच की लगभग 50 प्रतिशत शराब बिक कैसे गई और इसकी जिम्मेदारी कौन लेगा? उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने, बिसरा रिपोर्ट सार्वजनिक करने, दोषियों को सजा देने तथा मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही घायल युवक के इलाज की पूरी व्यवस्था सरकार से करने को कहा। उन्होंने अवैध शराब के कारोबार को भाजपा का संरक्षण मिलने का आरोप लगाते हुए भाजपा पर तीखा राजनीतिक हमला भी बोला।

रेखा चौधरी ने जहरीली शराब के साथ दूध की महंगाई पर भी सरकार को घेरा


मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी की महासचिव एवं सागर जिला शहर कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष रेखा चौधरी ने जहरीली शराब से हो रही मौतों के साथ सांची डेयरी और मदर डेयरी द्वारा दूध की कीमतों में की गई बढ़ोतरी को लेकर सरकार पर निशाना साधा।

उन्होंने कहा कि प्रदेश में एक तरफ अवैध और जहरीली शराब लोगों की जान ले रही है, वहीं दूसरी ओर दूध के दामों में चार रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी से आम आदमी का घरेलू बजट बिगड़ रहा है। दूध महंगा होने का असर दही, घी, पनीर और मिठाई जैसे उत्पादों पर भी पड़ रहा है।

रेखा चौधरी ने कहा कि महंगाई और जहरीली शराब की दोहरी मार का सबसे ज्यादा असर गरीब, मजदूर और मध्यमवर्गीय परिवारों पर पड़ रहा है। जहरीली शराब से परिवारों के मुखिया की जान जा रही है और दूसरी ओर दूध महंगा होने से माताओं के सामने बच्चों के पोषण का संकट खड़ा हो रहा है। उन्होंने सागर जिले के बंडा, गौरझामर और शहरी क्षेत्रों सहित दमोह तथा प्रदेश के अन्य हिस्सों में अवैध शराब के कारोबार पर चिंता जताई। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के नेतृत्व में पीड़ित परिवारों को न्याय दिलाने और सरकार पर दबाव बनाने के लिए कांग्रेस के संघर्ष का उल्लेख करते हुए उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अवैध शराब के कारोबार पर रोक नहीं लगी और दूध की बढ़ी कीमतें वापस नहीं ली गईं तो कांग्रेस सड़क से सदन तक आंदोलन करेगी।

Share:

सिंचाई विभाग की मनमानी से बर्बाद हो रही किसानों की फसलें, जालंधर बांध की नहर से जानबूझकर पानी छोड़ा जा रहा: रघु ठाकुर

सिंचाई विभाग की मनमानी से बर्बाद हो रही किसानों की फसलें, जालंधर बांध की नहर से जानबूझकर पानी  छोड़ा जा रहा: रघु ठाकुर

• किसानों के खेत सूखने से रबी की बोवनी पर संकट, अधिकारियों को दी आंदोलन की चेतावनी

तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। सागर जिले के ग्राम जालंधर में सिंचाई विभाग द्वारा बांध की नहर से पानी नहीं छोड़े जाने का मामला सामने आया है। इससे किसानों के खेत सूख रहे हैं और रबी की फसल की बोवनी प्रभावित होने का खतरा पैदा हो गया है। इस मामले में लोकतांत्रिक समाजवादी पार्टी के संरक्षक रघु ठाकुर ने सिंचाई विभाग के अधिकारियों पर मनमानी और जानबूझकर पानी छोड़ने में विलंब करने का आरोप लगाया है। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि किसानों की फसलें बर्बाद हुईं तो अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

रघु ठाकुर ने 14 नवंबर को जारी बयान में बताया कि ग्राम जालंधर के किसानों ने उन्हें फोन कर जानकारी दी थी कि बांध की नहर से अभी तक पानी नहीं छोड़ा गया है। पानी नहीं मिलने से खेत सूख रहे हैं और ऐसी स्थिति बन रही है कि किसान रबी की फसल की बोवनी भी नहीं कर पा रहे हैं।

उन्होंने बताया कि बाहर होने के बावजूद उन्होंने किसानों की समस्या से सिंचाई विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया और तत्काल नहर में पानी छोड़ने का अनुरोध किया था। इसके बावजूद दो-तीन दिन तक कोई कार्रवाई नहीं हुई।

नहर में पानी होने के बावजूद किसानों को नहीं मिल रहा लाभ

रघु ठाकुर के अनुसार जालंधर बांध की नहर आसपास के गांवों के किसानों के लिए बनाई गई है। इसका पानी किसी दूसरे क्षेत्र में नहीं जाता है। उन्होंने नहर में अत्यधिक सीपेज (पानी का रिसाव) होने की समस्या भी उठाई। इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री और सिंचाई मंत्री को पत्र लिखकर नहर के तल में कंक्रीट या पत्थर लगाने जैसे उपाय करने का सुझाव दिया था, जिससे पानी का रिसाव कम हो और किसानों को पर्याप्त पानी मिल सके।

अधिकारियों के जवाब पर उठाए सवाल

रघु ठाकुर ने बताया कि जब उन्होंने स्वयं सिंचाई विभाग के अधिकारियों से फोन पर बात की तो कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला। अधिकारियों ने कहा कि विभाग केवल रबी की फसलों के लिए पानी देता है। इस पर उन्होंने सवाल उठाया कि जब खेत सूख जाएंगे और किसान रबी की फसल की बोवनी ही नहीं कर पाएंगे, तब पानी देने का क्या औचित्य रह जाएगा।

उन्होंने कहा कि बांध और नहर बनने के बाद से लगातार किसानों को पानी दिया जाता रहा है, लेकिन इस बार अनावश्यक बाधा पैदा की जा रही है।

किसानों में आक्रोश, आंदोलन की चेतावनी

रघु ठाकुर ने कहा कि किसानों में भारी गुस्सा और बेचैनी है। यदि अधिकारियों की मनमानी से किसानों की फसलें बर्बाद करने का प्रयास किया गया तो किसान इसे बर्दाश्त नहीं करेंगे। उन्होंने सिंचाई विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों से तत्काल हस्तक्षेप कर नहर में पानी छुड़वाने और जिम्मेदार अधिकारियों की मनमानी पर रोक लगाने की मांग की है।

उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि किसानों को समय पर पानी नहीं मिला और उनकी फसलें बर्बाद हुईं तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ आंदोलन किया जाएगा।

Share:

सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त: शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

सागर में सफाई व्यवस्था को लेकर निगमायुक्त सख्त:  शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना, टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का अल्टीमेटम

• राजघाट चौराहे से मोतीनगर तक निगमायुक्त राजकुमार खत्री ने किया निरीक्षण


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

सागर। शहर की सफाई व्यवस्था और सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण को लेकर नगर निगम आयुक्त एवं स्मार्ट सिटी के सीईओ राजकुमार खत्री ने रविवार सुबह सख्त रुख अपनाया। उन्होंने राजघाट चौराहे से मोतीनगर चौराहे तक भ्रमण कर सफाई व्यवस्था, सड़क निर्माण और विभिन्न विकास कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी मिलने पर संचालक के खिलाफ 10 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई कराई गई।



टायर और रेत-गिट्टी दुकानदारों को दो दिन का नोटिस

निगमायुक्त ने बाघराज वार्ड के सोमनाथपुरम के पास मुख्य मार्ग पर टायर का व्यवसाय करने वाले दुकानदारों द्वारा सड़क पर टायर और अन्य सामग्री रखने पर नाराजगी जताई। वहीं खाली प्लॉटों में रेत और गिट्टी का व्यवसाय करने वालों द्वारा सार्वजनिक स्थानों पर सामग्री रखने से आवागमन प्रभावित होने पर संबंधित दुकानदारों को दो दिन का नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय में अतिक्रमण नहीं हटाने पर नगर निगम सामग्री जब्त करने के साथ नियमानुसार चालानी कार्रवाई करेगा।

शराब दुकान पर 10 हजार का जुर्माना

धर्मश्री स्थित शराब दुकान परिसर में गंदगी और सफाई का अभाव मिलने पर निगमायुक्त ने तत्काल दुकान संचालक पर 10 हजार रुपए का जुर्माना लगवाया। उन्होंने कहा कि सभी व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के संचालकों की जिम्मेदारी है कि वे अपने प्रतिष्ठान के साथ आसपास के क्षेत्र में भी नियमित साफ-सफाई रखें। सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जाएगी।

मोतीनगर चौपाटी व्यवस्थित करने और फाउंटेन चालू करने के निर्देश

निगमायुक्त ने मोतीनगर चौराहे पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने चौराहे पर लगने वाले सभी ठेले व्यवस्थित रूप से निर्धारित चौपाटी स्थल पर लगाने को कहा। साथ ही मोतीनगर चौराहे पर बने फाउंटेन को चालू कराने के निर्देश भी दिए।

सड़क निर्माण कार्य का भी लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त ने स्मार्ट सिटी द्वारा सोमनाथपुरम-धर्मश्री रोड पर कराए जा रहे सड़क निर्माण कार्य का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित ठेकेदार को निर्धारित गुणवत्ता मानकों का पालन करते हुए निर्माण कार्य समय-सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए।

निगमायुक्त ने कहा कि सागर को स्वच्छ, सुंदर और व्यवस्थित बनाना नगर निगम के साथ प्रत्येक नागरिक और व्यवसायी की भी जिम्मेदारी है। दुकानदार अपने प्रतिष्ठानों के सामने स्वच्छता बनाए रखें और सड़क अथवा सार्वजनिक स्थलों पर सामग्री रखकर आवागमन बाधित न करें। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण के दौरान दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित कराएं तथा लापरवाही मिलने पर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई करें।

Share:

साप्ताहिक राशिफल : 16 से 22 नवंबर 2026: सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर से बदलेगा इन 12 राशियों का भाग्य, जानिए अपना राशिफल • पंडित अनिल पाण्डेय

साप्ताहिक राशिफल : 16 से 22 नवंबर 2026: सूर्य के वृश्चिक राशि में गोचर से बदलेगा इन 12 राशियों का भाग्य, जानिए अपना राशिफल

• पंडित अनिल पाण्डेय


तीनबत्ती न्यूज: 15 नवंबर, 2026

जय श्री राम

हम भारतवंशियों के अंदर प्रकृति प्रेम कूट-कूट कर भरा है। अपने इसी प्रेम के कारण हमने प्रकृति के बहुत सारे रहस्यों पर से पर्दा उठाया है। अगर प्रकृति में हम पशुओं और पक्षियों के बीच में सामंजस्य की बात करें तो इसका एक बड़ा उदाहरण मगरमच्छ और इजिप्शियन प्लोवर नाम के पक्षी के बीच की वाइंडिंग है। इजिप्शियन प्लोवर को क्रोकोडाइल बर्ड भी कहा जाता है। धूप सेकते समय जब मगरमच्छ अपना मुँह खोलकर नदी किनारे बैठता है, तब यह छोटा पक्षी उसके मुँह के अंदर जाकर दाँतों में फंसे मांस के रेशे और जोंक (leeches) साफ करता है। इससे मगरमच्छ के दाँतों और मसूड़ों में संक्रमण नहीं होता है।

आश्चर्य यह है की इतना बड़ा मगरमच्छ जिससे पानी के सभी प्राणी डरते हैं अपने मुंह के अंदर एक छोटे से पक्षी को जाने देता है। वह छोटा सा पंछी केवल अंदर जाता ही नहीं है वरन मगरमच्छ के तकलीफ को ढूंढता है और ढूंढ कर तकलीफ को दूर करता है। प्रकृति के इन्हीं नियमों को तलाशते हुए हमारे ऋषि मुनियों ने ग्रह और नक्षत्र के बारे में खोज किया और ज्योतिष शास्त्र की रचना की। आज मैं पंडित अनिल पाण्डेय मनुष्य द्वारा दिए गए ज्योतिष ज्ञान के बल पर 16 नवंबर से 22 नवंबर 2026 तक के सप्ताह का साप्ताहिक राशिफल बताने जा रहा हूं। आपकी राशि का राशिफल आपके लिए कम से कम 80% सही निकलेगा।

ग्रहों का विचरण

राशिफल की इस यात्रा के प्रथम पड़ाव पर सबसे पहले ग्रहों के विचरण की चर्चा करते हैं:

  • मंगल और गुरु: सिंह राशि में
  • बुध: तुला राशि में
  • शुक्र: कन्या राशि में
  • वक्री शनि: मीन राशि में
  • राहु: कुंभ राशि में
  • सूर्य: प्रारंभ में तुला राशि में रहेंगे तथा 17 तारीख के 08:03 बजे से वृश्चिक राशि में प्रवेश करेंगे। तुला राशि में सूर्य नीच के होते हैं तथा वृश्चिक राशि उनके मित्र मंगल की राशि है। इस कारण सूर्य के इस गोचर का काफी बड़ा प्रभाव आप सभी पर पड़ेगा। इसके लिए एक अलग से वीडियो बनाया जा रहा है।

राशिवार राशिफल (Weekly Horoscope)

♈ 1. मेष राशि (Aries)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपको अपने संतान से बहुत अच्छा सहयोग प्राप्त हो सकता है। परीक्षाओं में सफलता प्राप्त होगी। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी। व्यापारियों के व्यापार में वृद्धि होगी। शत्रु शांत रहेंगे। अगर कोई दुर्घटना होती है तो आपको कोई नुकसान नहीं होगा।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों के लिए परिणाम दायक हैं। 20 और 21 तारीख को आपके कार्यों को सावधानी पूर्वक करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन राम रक्षा स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♉ 2. वृष राशि (Taurus)

  • फलकथन: यह सप्ताह जनप्रतिनिधियों के लिए काफी उत्तम रहेगा। प्रतिष्ठा में वृद्धि होगी। व्यापार आपका अच्छा चलेगा। आपके जीवनसाथी का आत्मविश्वास बहुत अच्छा रहेगा। उनका स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। छात्रों की पढ़ाई में बाधा पड़ सकती है, पढ़ाई के प्रति छात्र सावधान रहें। धन प्राप्त होने की उम्मीद है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17, 18 और 19 तारीख सफलता दायक हैं। 22 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन लाल मसूर की दाल का दान करें और मंगलवार को हनुमान जी के मंदिर में जाकर कम से कम तीन बार हनुमान चालीसा का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♊ 3. मिथुन राशि (Gemini)

  • फलकथन: इस सप्ताह आप थोड़े से प्रयासों से अपने शत्रुओं को आसानी से पराजित कर सकते हैं। भाग्य के स्थान पर इस सप्ताह आपको अपने कर्म पर विश्वास करना चाहिए। कर्मचारियों अधिकारियों के लिए यह सप्ताह सामान्य से बेहतर रहेगा। इस सप्ताह आपको संतान से सहयोग प्राप्त होगा। जनप्रतिनिधियों के लिए सप्ताह थोड़ा कम अच्छा है। आपका और आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य उत्तम रहेगा। धन प्राप्त होने की उम्मीद है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख उपयोगी हैं। 16 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन काले कुत्ते को तंदूर की रोटी खिलाएं।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♋ 4. कर्क राशि (Cancer)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। भाई बहनों के साथ अगर आपके संबंध पहले से कुछ खराब है तो इस सप्ताह उनके ठीक होने की संभावना बन सकती है, थोड़ा सा आपको प्रयास करना पड़ेगा। जनप्रतिनिधियों के लिए यह सप्ताह अच्छा रहेगा, उनके प्रतिष्ठा में वृद्धि संभव है। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त हो सकता है। छात्रों की पढ़ाई अच्छी चलेगी।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार के कार्यों में लाभदायक है। 17, 18 और 19 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन काले उड़द की दाल का दान करें और शनिवार को शनि मंदिर में जाकर शनि देव का पूजन करें।
  • शुभ दिन: सोमवार

♌ 5. सिंह राशि (Leo)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। आपके बहुत सारे कार्य आपके कम प्रयास से भी सफल हो सकते हैं। भाई बहनों के साथ आपका संबंध अच्छा रहेगा। धन आने की मात्रा में थोड़ी कमी हो सकती है, धन के मामले में सावधानी बरतें। जनप्रतिनिधियों का कार्य अच्छा चलेगा, उनको जनता में प्रतिष्ठा प्राप्त हो सकती है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17 तारीख की दोपहर से लेकर 18 और 19 तारीख फलदायक है। सप्ताह के बाकी दिनों में सचेत रहकर कार्य करने की आवश्यकता है।
  • उपाय: प्रतिदिन भगवान शिव का दूध और जल से अभिषेक करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♍ 6. कन्या राशि (Virgo)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में भी अगर आप सावधानी पूर्वक कार्य करेंगे तो आपको सफलता प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध अच्छे रहेंगे। आपके जीवनसाथी का स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। इस सप्ताह आपको भाग्य के स्थान पर अपने कर्म पर विश्वास करना चाहिए। जैसा आप कर्म करेंगे उसी के अनुसार आपको फल की प्राप्ति होगी, भाग्य पर भरोसा करके कहीं भी कोई कार्य न करें।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख विभिन्न प्रकार से अनुकूल है। 17 तारीख की दोपहर से लेकर 18, 19 और 22 तारीख को आपको सचेत रहना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन सफेद चावल का दान दें और शुक्रवार को मंदिर में जाकर पुजारी जी को सफेद वस्त्रों का दान करें।
  • शुभ दिन: शुक्रवार

♎ 7. तुला राशि (Libra)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके व्यापार में वृद्धि हो सकती है, मगर उसके लिए आपको प्रयास करने पड़ेंगे। व्यापार से धन लाभ होगा। व्यापारियों के अलावा बाकी लोगों को भी धन लाभ होने की उम्मीद है। कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त हो सकती है परंतु विशेष प्रयास आवश्यक हैं। इस सप्ताह आपको अपने संतान से सहयोग प्राप्त नहीं हो पाएगा। छात्रों को पढ़ाई में ज्यादा ध्यान देना चाहिए, पढ़ाई में बाधा पड़ सकती है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख विभिन्न प्रकार से शुभ है। 20 और 21 तारीख को आपको होशियारी से अपने कार्यों को निपटाना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन आदित्य हृदय स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♏ 8. वृश्चिक राशि (Scorpio)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपका आत्मविश्वास अत्यंत उच्च स्तर पर रहेगा। बहुत दिनों बाद आपके आत्मविश्वास में वृद्धि होगी। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह बहुत अच्छा रहेगा, उनको सफलताएं प्राप्त होंगी। धन लाभ में थोड़ी कमी हो सकती है परंतु उसके लिए बहुत चिंता ना करें, शेयर या अन्य किसी रिस्क वाली जगह पर धन न लगाएं।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17, 18 और 19 तारीख लाभप्रद है। 22 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन रुद्राष्टक का पाठ करें।
  • शुभ दिन: मंगलवार

♐ 9. धनु राशि (Sagittarius)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपको कचहरी के कार्यों में सफलता प्राप्त होगी। व्यापार में धन लाभ होगा। अगर आप पर किसी तरह का कोई कर्ज है तो उसमें कमी आएगी। कर्मचारी और अधिकारियों को बड़े सोच समझकर कार्य करना चाहिए, उनको सावधान रहना चाहिए। इस सप्ताह आपको अपने भाग्य से भी मदद प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे। पिताजी के स्वास्थ्य के प्रति थोड़ा ध्यान दें।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख विभिन्न प्रकार से परिणाम मूलक हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन विष्णु सहस्त्रनाम का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बृहस्पतिवार

♑ 10. मकर राशि (Capricorn)

  • फलकथन: इस सप्ताह आपके पास धन आने की अच्छी उम्मीद है, थोड़ा प्रयास करें अधिक धन की प्राप्ति होगी। भाग्य भी इस सप्ताह आपकी मदद करेगा। शेयर बाजार तथा लॉटरी में धन लगा सकते हैं। किसी भी तरह के दुर्घटनाओं में आपको कोई नुकसान नहीं होगा। गलत रास्ते से भी धन आने का योग है। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 16 और 22 तारीख प्रभावशाली हैं। सप्ताह के बाकी दिन भी ठीक-ठाक हैं।
  • उपाय: प्रतिदिन गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ करें।
  • शुभ दिन: शनिवार

♒ 11. कुंभ राशि (Aquarius)

  • फलकथन: यह सप्ताह आपके जीवनसाथी के लिए काफी अच्छा रहेगा। उनका स्वास्थ्य अच्छा रहेगा। आपके व्यापार में वृद्धि होगी, व्यापार में आपको मदद प्राप्त हो सकती है। यात्रा का योग भी बन सकता है। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए सप्ताह काफी अच्छा है। भाग्य से आपको मदद प्राप्त होगी। भाई बहनों के साथ संबंध सामान्य रहेंगे।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 17 की दोपहर से लेकर 18 और 19 तारीख श्रेष्ठ हैं। 16 और 17 की दोपहर तक आपको सावधानी से अपने कार्यों को निपटाना चाहिए।
  • उपाय: शिव पंचाक्षर स्त्रोत का पाठ करें।
  • शुभ दिन: बुधवार

♓ 12. मीन राशि (Pisces)

  • फलकथन: अविवाहित जातकों के लिए सप्ताह अच्छा हो सकता है। उनके विवाह के अच्छे प्रस्ताव आ सकते हैं, परंतु उन प्रस्तावों पर बड़ी सावधानी पूर्वक कार्य करना चाहिए। भाग्य से भी इस सप्ताह आपको मदद मिलेगी। व्यापार सामान्य रहेगा। आप अपने शत्रुओं को इस सप्ताह बड़े आसानी से पराजित कर सकते हैं। कर्मचारी और अधिकारियों के लिए भी यह सप्ताह ठीक-ठाक है।
  • विशेष तिथियां: आपके लिए 20 और 21 तारीख कार्यों को करने के लिए उपयुक्त हैं। 17, 18 और 19 तारीख को आपको सावधानी पूर्वक सचेत रहकर अपने कार्यों को करना चाहिए।
  • उपाय: प्रतिदिन गायत्री मंत्र का जाप करें।
  • शुभ दिन: रविवार

समापन टिप्पणी

ध्यान दें कि यह सामान्य भविष्यवाणी है। अगर आप व्यक्तिगत और सटीक भविष्यवाणी जानना चाहते हैं तो आपको मुझसे दूरभाष पर या व्यक्तिगत रूप से संपर्क कर अपनी कुंडली का विश्लेषण करवाना चाहिए।

मां शारदा से प्रार्थना है कि आप सदैव स्वस्थ, सुखी और संपन्न रहें।

जय मां शारदा।

निवेदक:- पण्डित अनिल कुमार पाण्डेय सेवानिवृत्त मुख्य अभियंता प्रश्न कुंडली और वास्तु शास्त्र विशेषज्ञ साकेत धाम कॉलोनी, मकरोनिया

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive