सागर में अवैध शराब तस्करी पर केसली पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 3.63 लाख की शराब और वाहन जब्त
तीनबत्ती न्यूज: 02 नवंबर, 2026
सागर। सागर जिले की केसली पुलिस ने भौरयाऊ घाटी, वनदेवी रोड पर घेराबंदी कर शराब से भरी टाटा सूमो गोल्ड कार पकड़ी। वाहन से 544 पाव यानी 97.92 बल्क लीटर अवैध देशी शराब बरामद की गई। शराब और परिवहन में प्रयुक्त वाहन सहित कुल 3 लाख 63 हजार 400 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है।
पुलिस ने मौके से नीरज उर्फ गनेश साहू (45), निवासी सहजपुर, थाना केसली को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में अवैध शराब परिवहन से जुड़े तीन अन्य व्यक्तियों की भूमिका भी सामने आई है।
मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी
पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक (कार्यवाहक) माधव सिंह ठाकुर पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त पर थे। इसी दौरान सहजपुर तिगड्डा पर मुखबिर से सूचना मिली कि सियरमऊ-टड़ा मार्ग से सफेद रंग की टाटा सूमो गोल्ड क्रमांक MP 15 DA 1008 में अवैध देशी शराब भरकर केसली-सहजपुर क्षेत्र में लाई जा रही है।
सूचना पर पुलिस टीम ने भौरयाऊ घाटी, वनदेवी रोड पर नाकाबंदी कर वाहन चेकिंग शुरू की। कुछ देर बाद संदिग्ध टाटा सूमो दिखाई दी। पुलिस द्वारा रोकने का प्रयास किए जाने पर चालक अंधेरे का फायदा उठाकर जंगल की ओर भागने लगा, लेकिन पुलिस ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
11 पेटियों में मिली 544 पाव शराब
वाहन की तलाशी में पिछली सीट के नीचे 11 खाकी कार्टून मिले। इनमें
- मसाला देशी मदिरा: 9 पेटियों में 450 पाव
- प्लेन देशी मदिरा: 2 पेटियों में 94 पाव
कुल 544 पाव (97.92 बल्क लीटर) अवैध देशी शराब बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 63,400 रुपये बताई गई है। शराब परिवहन में प्रयुक्त टाटा सूमो गोल्ड की अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये है। इस प्रकार कुल 3 लाख 63 हजार 400 रुपये का मशरूका जब्त किया गया।
कम कीमत पर शराब खरीदकर सहजपुर में खपाने की थी योजना
पूछताछ में आरोपी ने पुलिस को बताया कि वह सहजपुर निवासी सच्चू पाण्डे और गबराल लोधी के कहने पर रायसेन जिले के सियरमऊ स्थित शराब ठेके से कम कीमत पर शराब खरीदकर लाता था। इसके बदले उसे वाहन किराया और कमीशन दिया जाता था। बरामद शराब को सहजपुर क्षेत्र में खपाने की योजना थी।
पुलिस ने मामले में थाना केसली के अपराध क्रमांक 0251/2026 के तहत धारा 34(2) मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 में प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। मामले में नीरज उर्फ गनेश साहू के अलावा सच्चू पाण्डे, गबराल लोधी और सियरमऊ शराब ठेका गद्दीदार को नामजद किया गया है।
पुलिस टीम की रही महत्वपूर्ण भूमिका
कार्रवाई थाना प्रभारी केसली धर्मराज सिंह बघेल के नेतृत्व में की गई। इसमें उपनिरीक्षक (कार्यवाहक) माधव सिंह ठाकुर, प्रधान आरक्षक दिनेश, प्रधान आरक्षक खिलान, आरक्षक उदित शर्मा तथा प्रधान आरक्षक अहफाज अख्तर की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें