मोबाइल गोदाम में 3 लाख की चोरी का खुलासा, दो कर्मचारी गिरफ्तार
• गोदाम में काम करने वाले कर्मचारियों ने ही दिया था वारदात को अंजाम
तीनबत्ती न्यूज : 2 नवंबर 2026
सागर। सागर के ग्राम पटकुई स्थित मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में हुई करीब 3 लाख रुपये की चोरी का कैंट पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर बड़ी संख्या में चोरी किए गए इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद बरामद किए हैं। दोनों आरोपी इसी गोदाम में काम करते थे और उन्होंने आपसी मिलीभगत से चोरी की वारदात को अंजाम दिया था।
स्टॉक मिलान और सीसीटीवी से सामने आई चोरी
फरियादी आकाश फब्बानी, निवासी सिविल लाइन सागर की अदिति गैस एजेंसी के पास मोबाइल की थोक दुकान है। उनका ग्राम पटकुई में मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान का गोदाम भी संचालित है। गोदाम की देखरेख और काम के लिए उन्होंने आकाश रजक और शुभम शिल्पी को नियुक्त किया था।
पुलिस के मुताबिक 28 सितंबर से 18 अक्टूबर 2026 के बीच दोनों कर्मचारियों ने आपसी मिलीभगत से गोदाम में रखे मोबाइल एवं इलेक्ट्रॉनिक सामान की चोरी की। स्टॉक का मिलान करने और सीसीटीवी फुटेज की जांच के बाद दोनों कर्मचारियों की संलिप्तता सामने आई। इसके बाद दोनों काम छोड़कर फरार हो गए।
चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 3 लाख रुपये बताई गई थी।
घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा
फरियादी की रिपोर्ट पर थाना कैंट में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने मुखबिर तंत्र, सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की। घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी—
- आकाश पिता सीताराम रजक, उम्र 22 वर्ष, निवासी एसपी बंगला के पास, थाना कैंट, सागर।
- शुभम पिता मदनलाल शिल्पी, उम्र 26 वर्ष, निवासी ग्राम पटकुई, थाना कैंट, सागर।
- 2.34 लाख रुपये का इलेक्ट्रॉनिक सामान बरामद
पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ और उनकी निशानदेही पर चोरी का निम्न सामान बरामद किया—
- 360 नग स्पीकर — करीब ₹36,000
- 200 नग एमोनीज एयरपॉड्स — करीब ₹28,000
- 945 नग CMF ईयरबड्स — करीब ₹1,70,100
इस प्रकार पुलिस ने कुल ₹2,34,100 मूल्य का सामान बरामद किया है। शेष चोरी गए सामान के संबंध में पुलिस की विवेचना जारी है। दोनों आरोपियों को न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका
कार्रवाई में थाना प्रभारी कैंट रोहित डोंगरे के नेतृत्व में उप निरीक्षक संजय बामनिया, प्रधान आरक्षक सौरभ रैकवार, नीरज बांगर, रविशंकर, देवेन्द्र, आरक्षक प्रदीप शर्मा, आशीष यादव, देवेन्द्र रावत, सृजन तिवारी, सौरभ गुप्ता, शुभम दुबे तथा सहायक उप निरीक्षक पदमहंस मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें