मध्यप्रदेश माफियाओं का प्रदेश बन गया है, शराब माफिया ने TI की हत्या कर दी : रघु ठाकुर
• आदिवासी समाज की स्थिति पर जताई चिंता, भगवान बिरसा मुंडा की स्मृतियों को स्थायी करने के फैसलों का किया स्वागत; माफियाओं के सरगनाओं और उनकी संपत्ति पर कार्रवाई की मांग
तीनबत्ती न्यूज:13 नवंबर, 2026
सागर। वरिष्ठ समाजवादी चिंतक रघु ठाकुर ने पत्रकार वार्ता में मध्यप्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली, प्रदेश में बढ़ते माफिया तंत्र, अवैध शराब के कारोबार और आदिवासी समाज की स्थिति को लेकर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार ने भगवान बिरसा मुंडा की स्मृतियों को स्थायी बनाने के लिए जो निर्णय लिए हैं, वे सराहनीय हैं। लेकिन इन प्रयासों का वास्तविक लाभ आदिवासी समाज तक भी पहुंचना चाहिए, क्योंकि आज भी आदिवासी समाज की स्थिति अच्छी नहीं है।
उन्होंने एक उदाहरण देते हुए बताया कि सागर जिले के बंडा के एक आदिवासी व्यक्ति को वर्ष 2001 में वन पट्टा दिया गया था, लेकिन आज तक उसका नाम कंप्यूटर रिकॉर्ड में दर्ज नहीं हुआ। इसके लिए कई जगह आवेदन दिए गए, नेताओं से मुलाकात की गई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। सूचना के अधिकार के तहत जानकारी मांगी गई तो जानकारी भी नहीं मिली और आवेदन खारिज कर दिया गया। उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की कि ऐसी व्यवस्था बनाई जाए, जिससे आदिवासियों को उनके अधिकारों का वास्तविक लाभ मिल सके।
मध्यप्रदेश माफियाओं का प्रदेश बन गया है
रघु ठाकुर ने प्रदेश की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि मध्यप्रदेश आज हास्य का विषय बन गया है। यहां हर तरह का माफिया सक्रिय है। उन्होंने आरोप लगाया कि शराब माफिया ने एक टीआई की हत्या कर दी। प्रदेश में माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई करने की हिम्मत नहीं दिखाई जा रही है।
उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार की स्थिति भी चिंताजनक है। प्रदेश में जिन-जिन क्षेत्रों में माफिया सक्रिय हैं, वहां उनके मुखियाओं और सरगनाओं पर कार्रवाई होनी चाहिए। केवल उन लोगों पर कार्रवाई करना पर्याप्त नहीं है, जो सीधे अपराध में शामिल हैं। माफिया के सरगना बच जाते हैं और छोटे लोग कार्रवाई की जद में आते हैं।
माफियाओं की संपत्ति जब्त हो, राजनीतिक संरक्षण भी उजागर हो
उन्होंने मांग की कि माफियाओं की आय के स्रोतों की जांच कर आय से अधिक संपत्ति जब्त की जाए। उनके राजनीतिक आकाओं और संरक्षण देने वालों के नाम भी सार्वजनिक किए जाएं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार वास्तव में माफिया पर नियंत्रण करना और अपनी छवि सुधारना चाहती है तो उसे माफिया के पूरे नेटवर्क पर कार्रवाई करनी होगी।
मध्यप्रदेश से गुजरात तक अवैध शराब का कारोबार
रघु ठाकुर ने अवैध शराब के कारोबार पर चिंता जताते हुए कहा कि मध्यप्रदेश से गुजरात तक अवैध शराब पहुंच रही है और गुजरात से भी देशभर में शराब जाने की बात सामने आती है। उन्होंने मध्यप्रदेश और गुजरात के बीच अवैध शराब कारोबार के संभावित कनेक्शन की जांच की मांग की।
उन्होंने युवाओं में बढ़ती शराब की लत पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि युवा पीढ़ी का बड़ा हिस्सा शराब की गिरफ्त में आ रहा है। दुनिया के कई देशों में नशे से बचने के प्रयास हो रहे हैं, जबकि भारत में नशे की प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने मोहन भागवत और सरकार से राष्ट्रीय भविष्य को ध्यान में रखकर इस दिशा में गंभीरता से विचार करने की अपील की।
आबादी को लेकर फैलाए जा रहे भ्रम पर भी उठाए सवाल
रघु ठाकुर ने देश की आबादी को लेकर बन रहे विमर्श पर भी अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि आबादी को लेकर कई तरह के भ्रम फैलाए जा रहे हैं। अमेरिका की जनसंख्या वृद्धि दर कम होने और वहां औसत आय लगभग 28 लाख रुपये, जबकि भारत में लगभग एक लाख रुपये होने का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आबादी की चर्चा के साथ आर्थिक स्थिति और प्रति व्यक्ति आय जैसे पहलुओं पर भी ध्यान दिया जाना चाहिए।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें