केसली में कमिश्नर-कलेक्टर का दौरा: स्कूल, स्वास्थ्य केंद्र और निर्माणाधीन पुल का किया निरीक्षण
• मार्च 2027 तक शताब्दी नदी पुल का निर्माण पूरा करने के निर्देश, स्कूल में शत-प्रतिशत अपार आईडी और बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं पर जोर
तीनबत्ती न्यूज: 09 अक्टूबर 2026
सागर। सागर संभागायुक्त दिलीप कुमार एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने केसली क्षेत्र के भ्रमण के दौरान शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तथा शताब्दी नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को व्यवस्थाओं में सुधार और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: कलेक्टर प्रतिभा पाल का सख्त एक्शन, सागर में 13 पटवारी निलंबित और 137 को नोटिस
उत्कृष्ट विद्यालय में शैक्षणिक व्यवस्थाओं का लिया जायजा
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय केसली का निरीक्षण कर कक्षाओं, शिक्षकों की उपलब्धता, विद्यार्थियों की पढ़ाई और कक्षा 10वीं एवं 12वीं के परीक्षा परिणामों की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय में बनाए जा रहे अपार आईडी की प्रगति की भी समीक्षा की और सभी विद्यार्थियों की शत-प्रतिशत अपार आईडी पूर्ण कराने के निर्देश दिए।
विद्यालय में विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए सौर ऊर्जा, चंद्रयान और ट्रांसमिशन लाइन के मॉडल का अवलोकन कर अधिकारियों ने बच्चों की सराहना की। आईटी लैब के निरीक्षण के दौरान स्मार्ट बोर्ड पर पाठ्यक्रम डाउनलोड कर विज्ञान विषय की कक्षाएं प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: सागर कलेक्टर प्रतिभा पाल ने किया नया कार्य विभाजन, अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारियां
इसके साथ ही उन्होंने उल्लास-नव भारत साक्षरता कार्यक्रम के तहत संचालित सामाजिक चेतना केंद्र का निरीक्षण किया तथा शिक्षा प्राप्त कर रहे प्रौढ़ों से संवाद किया।
सेवा संकल्प अभियान के तहत विद्यार्थियों द्वारा बनाई गई वॉल पेंटिंग का अवलोकन करते हुए संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने बच्चों को नशामुक्ति के लिए जागरूक किया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने घर-परिवार और आसपास के लोगों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में सुविधाओं की समीक्षा
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र केसली का निरीक्षण कर मरीजों को उपलब्ध कराई जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं, पैथोलॉजी लैब, बलगम जांच और एक्स-रे सुविधा का जायजा लिया। उन्होंने उपचाररत मरीजों से चर्चा कर स्वास्थ्य सेवाओं की जानकारी ली और अधिकारियों को बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र में साफ-सफाई, पेयजल, आवश्यक दवाइयों की उपलब्धता तथा मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया। पैथोलॉजी लैब और एक्स-रे सुविधा का प्रभावी संचालन सुनिश्चित करने तथा स्वास्थ्य सेवाओं की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत संभागायुक्त दिलीप कुमार एवं कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल ने स्वास्थ्य केंद्र केसली से उपचार ले रहे चार टीबी मरीजों को निक्षय पोषण किट वितरित कीं। उन्होंने मरीजों को नियमित रूप से दवाइयां लेने और पौष्टिक आहार का सेवन करने की सलाह दी।
संभागायुक्त ने कहा कि टीबी को जड़ से समाप्त करने के लिए नियमित दवा के साथ बेहतर पोषण भी जरूरी है। उन्होंने मरीजों को चिकित्सकों की सलाह का पालन करने और निर्धारित अवधि तक दवाइयों का पूरा कोर्स करने के लिए प्रेरित किया।
शताब्दी नदी पर निर्माणाधीन पुल का निरीक्षण
संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने गौरझामर–केसली–टढ़ा–सियरमऊ मार्ग के किलोमीटर 15/6 में शताब्दी नदी पर निर्माणाधीन उच्चस्तरीय पुल, पहुंच मार्ग एवं सुरक्षा कार्यों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की जानकारी लेते हुए संबंधित अधिकारियों एवं निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधियों को आवश्यक निर्देश दिए।
अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिए कि शताब्दी नदी पर निर्माणाधीन पुल का कार्य मार्च 2027 तक हर हाल में पूरा किया जाए। निर्माण में गुणवत्ता और गति से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं करने तथा कार्य में तेजी लाने की सख्त हिदायत दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि वर्षाकाल के कारण वर्तमान में निर्माण कार्य बंद है। इस पर संभागायुक्त एवं कलेक्टर ने 15 अक्टूबर के बाद कार्य को पूरी गति से पुनः प्रारंभ कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से निर्माण स्थल का निरीक्षण कर भौतिक प्रगति की मॉनिटरिंग करने को कहा, ताकि क्षेत्रवासियों को आवागमन की बेहतर सुविधा के लिए पुल समय पर पूर्ण कर समर्पित किया जा सके।











