Editor: Vinod Arya | 94244 37885

वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर में 7 अक्टूबर को दो चीते छोड़ेंगे सीएम डॉ मोहन यादव

7 अक्टूबर को वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व सागर में दो चीतों की दस्तक: सीएम डॉ. मोहन यादव करेंगे रिलीज

• चीतों के आगमन से वन्यजीव पर्यटन को मिलेगी नई उड़ान : गोविंद सिंह राजपूत

तीनबत्ती न्यूज: 5 अक्टूबर 2026

सागर। वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन अवसर पर सागर और बुंदेलखंड के लिए एक ऐतिहासिक अवसर आने वाला है। 7 अक्टूबर को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में दो चीतों को रिलीज करेंगे। चीतों के आगमन से क्षेत्र में वन्यजीव संरक्षण के साथ पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व में चीतों का आना सागर सहित पूरे बुंदेलखंड के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि चीतों की मौजूदगी से क्षेत्र की जैव विविधता को मजबूती मिलेगी और सागर को वन्यजीव पर्यटन के क्षेत्र में नई पहचान मिल सकती है।

439 हेक्टेयर क्षेत्र में चीतों के लिए विशेष व्यवस्था

मंत्री राजपूत ने बताया कि चीतों की सुरक्षा और अनुकूल वातावरण के लिए रिजर्व क्षेत्र में लगभग 439 हेक्टेयर क्षेत्र में विशेष व्यवस्थाएं और सुरक्षित स्थान विकसित किए गए हैं। वन विभाग द्वारा चीतों की सुरक्षा, निगरानी और स्वास्थ्य की नियमित व्यवस्था की जाएगी।

उन्होंने कहा कि यह केवल चीतों को बसाने की योजना नहीं है, बल्कि सागर और बुंदेलखंड में पर्यटन तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति देने का अवसर भी है।


पर्यटन बढ़ा तो स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर

गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि चीतों को देखने के लिए देश के अलग-अलग हिस्सों से पर्यटकों के सागर आने की संभावना है। पर्यटकों की संख्या बढ़ने से होटल, रिसॉर्ट, होम-स्टे, परिवहन, स्थानीय गाइड, वाहन चालकों, छोटे व्यवसायों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को रोजगार एवं आय के नए अवसर मिल सकते हैं।उन्होंने कहा कि इसके साथ ही आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में भी पर्यटन आधारित आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलने की संभावना है।

7 अक्टूबर को होंगे पुरस्कार वितरण सहित अन्य कार्यक्रम

वन्य प्राणी संरक्षण सप्ताह के समापन समारोह में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव वीरांगना दुर्गावती टाइगर रिजर्व पहुंचेंगे और दो चीतों को रिलीज करेंगे। इस अवसर पर वन्यजीव संरक्षण एवं संबंधित गतिविधियों में उल्लेखनीय योगदान देने वाले लोगों को पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे।



Share:

0 comments:

एक टिप्पणी भेजें

www.Teenbattinews.com

Archive