समय सीमा बैठक में कलेक्टर प्रतिभा पाल सख्त : लापरवाही पर वेतन रोकने और पेनल्टी के निर्देश
• जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में देरी पर एकाउंट मैनेजर की सेवा समाप्ति की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश
तीनबत्ती न्यूज:05 अक्टूबर, 2026
सागर। कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल की अध्यक्षता में सोमवार को समय सीमा बैठक आयोजित की गई। बैठक में विभिन्न विभागों के लंबित प्रकरणों, जनशिकायतों, स्वास्थ्य सेवाओं, भू-अर्जन एवं राजस्व मामलों की विस्तृत समीक्षा की गई। कार्य में लापरवाही और अनावश्यक रूप से प्रकरण लंबित रखने पर कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने कहा कि जन विश्वास अभियान शुरू होने से पहले सभी लंबित शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण सुनिश्चित कर उन्हें बंद कराया जाए। बिना उचित कारण शिकायतें लंबित पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए पेनल्टी लगाने के निर्देश दिए गए। एमपीईबी, सामाजिक न्याय विभाग तथा योजना एवं सांख्यिकी विभाग से संबंधित लंबित शिकायतों पर भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
100 दिन से लंबित भू-अर्जन प्रकरणों पर सख्ती
बैठक में बंडा, खुरई, बीना सहित अन्य क्षेत्रों में 100 दिनों से अधिक समय से लंबित भू-अर्जन एवं पट्टे से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा की गई। कलेक्टर ने इन मामलों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
बिना उचित कारण भू-अर्जन प्रकरण लंबित रखने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए। एडीएम को इन मामलों की समीक्षा करने को कहा गया। बंडा तहसीलदार द्वारा भू-अर्जन प्रकरणों में समय पर कार्रवाई नहीं करने पर आगामी आदेश तक वेतन रोकने और नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।
बंडा नगरीय निकाय के कार्यों की जांच के लिए समिति गठित
बंडा नगरीय निकाय में हुए निर्माण कार्यों, नगरीय प्रशासन विभाग की विभिन्न योजनाओं के संचालन एवं क्रियान्वयन तथा हितग्राहियों को लाभ पहुंचाने से संबंधित मामलों की निष्पक्ष जांच के लिए जांच समिति गठित करने के निर्देश दिए गए। समिति को 15 दिनों के भीतर जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
टीबी उन्मूलन कार्यक्रम में लापरवाही पर वेतन रोकने के निर्देश
राष्ट्रीय टीबी उन्मूलन कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान कार्य में लापरवाही पाए जाने पर जिला टीबी अधिकारी डॉ. कुरैशी का आगामी आदेश तक वेतन रोकने के निर्देश दिए गए। इसी प्रकार संबंधित मामलों में खुरई और बीना बीएमओ का वेतन भी होल्ड रखने के निर्देश कलेक्टर ने दिए।
जननी सुरक्षा योजना के भुगतान में देरी पर होगी कार्रवाई
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत जननी सुरक्षा योजना (JSY) के भुगतान की समीक्षा में हितग्राहियों को राशि समय पर नहीं मिलने का मामला सामने आया। कलेक्टर ने भुगतान में देरी और लापरवाही पर संबंधित एकाउंट मैनेजर को कारण बताओ नोटिस जारी कर सेवा से पृथक करने की प्रक्रिया शुरू करने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट किया कि जननी सुरक्षा योजना की राशि समय पर हितग्राहियों के बैंक खातों में पहुंचाना संबंधित खंड चिकित्सा अधिकारी की सीधी जिम्मेदारी है। भुगतान में अनावश्यक देरी पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।
50 दिन से अधिक लंबित शिकायतों पर जताई नाराजगी
बैठक में 50 दिनों से अधिक समय से लंबित शिकायतों की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने शिकायतों का समय-सीमा में निराकरण नहीं करने वाले अधिकारियों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
राजस्व एवं भू-अर्जन से संबंधित मामलों के निराकरण के लिए शिविर आयोजित कर नामांतरण, बंटवारा और खाता सुधार के कार्य पूर्ण कराने को कहा गया। सागर शहर के वेस्टर्न बायपास के लिए आवश्यक भूमि का कब्जा शीघ्र दिलाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित एसडीएम को दिए गए।
भूमि आवंटन और स्वामित्व योजना के कार्य समय पर करने के निर्देश
कलेक्टर ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को निर्देश दिए कि भूमि आवंटन के प्रकरण बिना वजह लंबित नहीं रखे जाएं। स्वामित्व योजना से संबंधित सभी कार्य एमपी ई-सेवा पोर्टल के माध्यम से निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण करने को कहा गया।
नामांतरण, कब्जा और बेदखली से संबंधित प्रकरणों में भी बिना विलंब कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। कब्जे से जुड़े मामलों में एसडीएम को स्वयं फील्ड पर जाकर राजस्व अमले से सत्यापन कराने को कहा गया।
कलेक्टर ने निर्देश दिए कि राजस्व अधिकारी स्वयं मौके पर जाकर पंचनामा तैयार करें तथा प्रभावित अथवा संबंधित पक्ष की उपस्थिति में ही सीमांकन की कार्रवाई पूरी की जाए।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ जगदीश गोमे, नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री, अपर कलेक्टर अविनाश रावत, सिटी मजिस्ट्रेट शैलेश द्विवेदी सहित जिले के सभी एसडीएम और विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे।







0 comments:
एक टिप्पणी भेजें