Editor: Vinod Arya | 94244 37885
Madhya Pradesh Flood लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं
Madhya Pradesh Flood लेबलों वाले संदेश दिखाए जा रहे हैं. सभी संदेश दिखाएं

सीएम डॉ. मोहन यादव पहुंचे सिचुएशन रूम, बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा; 527 लोगों का रेस्क्यू

सीएम डॉ. मोहन यादव पहुंचे सिचुएशन रूम, बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा; 527 लोगों का रेस्क्यू



तीनबत्ती न्यूज: 11 अगस्त, 2026

भोपाल। मध्यप्रदेश में बारिश और बाढ़ की स्थिति को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार, 11 अगस्त को होमगार्ड मुख्यालय पहुंचकर राज्य आपदा प्रबंधन के सिचुएशन रूम से प्रदेश के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की स्थिति का जायजा लिया। मुख्यमंत्री ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों की जानकारी ली और बाढ़ प्रभावित लोगों से सीधे संवाद कर उनका हालचाल जाना।

सिचुएशन रूम में अधिकारियों ने मुख्यमंत्री को बताया कि प्रदेश में अब तक 527 बाढ़ प्रभावित लोगों का रेस्क्यू किया जा चुका है। राहत और बचाव कार्य लगातार जारी है तथा प्रभावित लोगों तक आवश्यक मदद पहुंचाई जा रही है।



मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राहत एवं बचाव कार्य में लगे मैदानी अमले को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और अधिकारियों से बाढ़ की स्थिति तथा रेस्क्यू ऑपरेशन की जानकारी ली।

527 लोगों को सुरक्षित निकाला गया

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मीडिया से चर्चा में कहा कि वर्तमान में बारिश का समय है। इस बार प्रदेश में सामान्य से करीब 15 प्रतिशत कम बारिश हुई है, लेकिन जिन क्षेत्रों में अधिक बारिश हुई है, वहां आम नागरिकों को राहत पहुंचाने का कार्य लगातार किया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की प्रसन्नता है कि राहत एवं बचाव दल ने अभी तक 527 लोगों की जान बचाई है। खंडवा में अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने के कारण बनी स्थिति में 7 कांवड़ियों का भी रेस्क्यू किया गया।

नदी-नालों के किनारे रहने वालों से सावधानी की अपील

मुख्यमंत्री ने कहा कि बारिश के दौरान अचानक नदी और नालों का जलस्तर बढ़ने से खतरे की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। ऐसे में नदी-नालों के किनारे रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

उन्होंने आम नागरिकों से अपील करते हुए कहा कि जरूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाएं और प्रशासन की सलाह का पालन करें। आवश्यकता होने पर पड़ोसी जिलों से भी राहत एवं बचाव के लिए मदद ली जा रही है।

दिन-रात राहत और बचाव में जुटी टीमें

सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि राहत एवं बचाव दल दिन-रात लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए काम कर रहे हैं। उन्होंने होमगार्ड मुख्यालय में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बाढ़ की स्थिति की मॉनिटरिंग की और रेस्क्यू किए गए लोगों से भी बातचीत की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार हर स्तर पर आम नागरिकों की सुविधा और सुरक्षा के लिए काम कर रही है। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य लगातार जारी है और स्थिति पर प्रदेश स्तर से निगरानी रखी जा रही है।

Share:

www.Teenbattinews.com

Archive